2 सहकारी कर्मचारियों का निलंबन रद्द करने की मांग:बालाघाट में सहकारी कर्मचारियों का सम्मेलन, बोले- छोटे बारदाने से धान खुले में पड़ा

बालाघाट में सहकारी कर्मचारियों ने अपनी रुकी हुई मांगों और समस्याओं को लेकर शनिवार को एक सम्मेलन किया। इस दौरान कर्मचारियों का सस्पेंशन खत्म करने और सोसायटियों में रखे धान को गोदामों तक पहुंचाने जैसी मुख्य मांगें जोर-शोर से उठाई गईं। सहकारी कर्मचारी महासंघ के बैनर तले हुए इस सम्मेलन में जिले भर से 100 से ज्यादा कर्मचारी शामिल हुए। बैठक में दो कर्मचारियों के निलंबन, धान के उठाव में हो रही देरी, कम वेतन और दूसरी बड़ी दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा की गई। निलंबन रद्द करने की मांग महासंघ के अध्यक्ष पी.सी. चौहान ने बताया कि सरकारी निर्देशों के मुताबिक धान खरीदी का अच्छा काम करने के बावजूद लालबर्रा और डोंगरमाली के दो कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। यूनियन ने प्रशासन से मांग की है कि इन कर्मचारियों का निलंबन तुरंत वापस लिया जाए। धान की बर्बादी और शॉर्टेज का डर चौहान ने यह मुद्दा भी उठाया कि खरीदी के वक्त छोटे बारदाने मिलने की वजह से बहुत सारा धान खुले में पड़ा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर धान का समय पर उठाव नहीं होता और धूप में सूखकर वजन कम होता है, तो इसके लिए कर्मचारियों को जिम्मेदार मानकर उन पर कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन की मजबूती पर जोर सम्मेलन के अंत में उन्होंने सभी साथियों से अपील की कि वे अपने हक और अधिकारों की लड़ाई के लिए संगठन के साथ एकजुट रहें। उनका कहना था कि एकता के दम पर ही प्रशासन के सामने अपनी बात मजबूती से रखी जा सकती है।
मंडला में युवक चकोर नदी में डूबा, मौत:पिता के साथ मछली पकड़ते समय पैर फिसलने से हादसा

मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह चकोर नदी में मछली पकड़ने गए 24 साल के युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना शीतला मंदिर के पीछे स्थित नदी क्षेत्र में हुई, जिससे इलाके में शोक है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 1 का निवासी संदीप नंदा अपने पिता मनोज नंदा के साथ सुबह करीब 4 बजे मछली पकड़ने के लिए चकोर नदी गया था। इसी दौरान अचानक संदीप का पैर फिसल गया और वह संतुलन बिगड़ने के कारण गहरे पानी में चला गया। अंधेरा और पानी गहरा होने की वजह से वह खुद को संभाल नहीं पाया और डूब गया। मौके पर ही तोड़ा दम हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों और परिजन ने तुरंत खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद संदीप को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस की कार्रवाई सूचना मिलते ही नैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी बलदेव सिंह मुजाल्दा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का बीम महिला पर गिरा, मौत:बैतूल में पंचायत निधि से बना; दीवार में दरार की आने पर की थी तोड़फोड़

बैतूल में खेड़ी सांवलीगढ़ के नवनिर्मित पंचायती शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में एक बड़ा हादसा हो गया। दीवार तोड़ते समय छत का सीमेंट का बीम गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक महिला की पहचान 45 वर्षीय छाया पति पंजाबराव के रूप में हुई है। हादसे में उनका चेहरा बुरी तरह चोटिल हो गया था। घायल मजदूर 58 वर्षीय डीका शेषराव का इलाज जारी है। दोनों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने छाया को मृत घोषित कर दिया। मृतिका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पंचायत निधि से लगभग छह माह पहले 15 दुकानों के साथ बनाया गया था। दुकान आवंटन के बाद एक दुकानदार ने दुकान में दरार आने की शिकायत की थी। इसी के बाद पंचायत ने मरम्मत कार्य के लिए मजदूरों को लगाया गया था। मरम्मत के दौरान दीवार तोड़ते समय यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दीवार तोड़ते समय दीवार तो कॉम्प्लेक्स के पीछे गिर गई लेकिन बीम महिला मजदूर पर जा गिरा। इस घटना ने कॉम्प्लेक्स के निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह कॉम्प्लेक्स 15 दिन पहले ही तैयार हुआ बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मैहर में भीड़ में फंसा मासूम, पुलिस ने बचाया:चक्कर खाकर गिरे श्रद्धालु को दिया प्राथमिक उपचार; चैत्र नवरात्रि मेले में सुरक्षा बल तैनात

मैहर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में श्रद्धालुओं की मदद की। भारी भीड़ के बीच फंसे एक मासूम बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया, वहीं अचानक अस्वस्थ होकर गिरे एक अन्य श्रद्धालु को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। भीड़ में फंसे बच्चे को सुरक्षित निकाला पहली घटना मंदिर परिसर के मुख्य मार्ग पर हुई, जहां एक महिला का छोटा बच्चा अत्यधिक भीड़ के कारण फंस गया था। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया और बच्चे को सुरक्षित निकालकर उसकी मां के सुपुर्द किया। समय रहते की गई इस कार्रवाई के लिए महिला ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया। चक्कर खाकर जमीन पर गिरा श्रद्धालु इसी दौरान दर्शन के लिए कतार में लगा एक श्रद्धालु अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे संभाला और भीड़ से अलग कर प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। पुलिस की इस संवेदनशीलता के कारण श्रद्धालु को समय पर राहत मिल सकी। श्रद्धालुओं ने की पुलिस की सराहना मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की इन दोनों कार्रवाइयों की स्थानीय नागरिकों और दर्शनार्थियों ने सराहना की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि मेले में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और जवानों को विशेष रूप से बुजुर्गों व बच्चों की सहायता के निर्देश दिए गए हैं।
1,20,000 रुपए कीमत की 10 सोलर बैटरियां ले उड़े चोर:जिला अस्पताल में जाली काटकर की वारदात, 4 बैटरियां छोड़कर भागे

मुरैना के जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में संचालित महिला मेडिकल वार्ड परिसर से शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोर 1 लाख 20 हजार रुपए कीमत की 10 नई सोलर बैटरियां चोरी कर ले गए। चोरों ने जाली काटकर इस वारदात को अंजाम दिया, लेकिन मरीजों के अटेंडरों की आहट सुनकर वे 4 बैटरियां मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए चोरों और चोरी गई बैटरियों की तलाश शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन द्वारा महिला मेडिकल वार्ड का पुराना सोलर ऊर्जा पैनल खराब होने के कारण उसे बदलकर नया पैनल लगवाया जा रहा है। इसी काम के लिए शनिवार शाम को वार्ड परिसर में कुल 14 नई बैटरियां रखवाई गई थीं। दरमियानी रात अज्ञात चोर जाली काटकर परिसर में घुसे और बैटरियां चोरी कर लीं। अटेंडरों की आहट सुनकर 4 बैटरियां छोड़कर भागे चोरी की इस वारदात के दौरान वार्ड में भर्ती मरीजों के अटेंडरों की नींद खुल गई और आहट होने लगी। अटेंडरों के जागने की आहट सुनकर चोर घबरा गए और शेष 4 बैटरियां मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। चोरी गई 10 बैटरियों की कुल कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। सिविल सर्जन बोले- पुलिस को सूचना दे दी गई है जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि, “महिला मेडिकल वार्ड का सोलर ऊर्जा पैनल पुराना हो चुका था इसलिए उसे बदलकर नया सोलर पैनल लगाया जा रहा है इसलिए उसकी नवीन बैटरियों को वही पास में रखवाया गया था जो अज्ञात चोरों के द्वारा चोरी कर ली गई कुछ वही छोड़ भाग गए । पुलिस को सूचना कर दी गई है ।” टीआई ने कहा- टीम मौके पर जाकर जांच करेगी मामले को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने कहा कि, “जिला अस्पताल से बैट्रियां चोरी की सूचना मिली है । पुलिस टीम मौके पर जाकर जांच करेंगी और अज्ञात चोरों को जल्द गिरफ्तार करेंगी।”
सीहोर में बेमौसम बारिश और आंधी से फसल को नुकसान:गेहूं के दाने सफेद पड़ने से किसानों की बढ़ी चिंता

सीहोर जिले में बीती रात 12 बजे के बाद बेमौसम बारिश और तेज आंधी-तूफान ने गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई खेतों में खड़ी फसलें आड़ी पड़ गईं, जबकि कटी हुई फसलें पानी में भीग गईं। इस बेमौसम बारिश से गेहूं के दाने सफेद पड़ गए हैं, जिससे किसानों को उनकी फसल का उचित भाव मिलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। समर्थन मूल्य पर भी ऐसे गेहूं की खरीद में समस्या आने की आशंका है। क्षेत्र के किसान और समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि जिन किसानों के गेहूं के दाने सफेद पड़ गए हैं, उन्हें भी सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदे और किसानों को राहत प्रदान करे। सीहोर जिले के दर्जनों गांवों में रात के समय हुई इस बेमौसम आंधी, तूफान और बरसात से बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचा है।
गलत व्यक्ति पर हुई अवैध परिवहन की कार्रवाई:हाईकोर्ट में याचिका दायर,दोषियों पर 50 हजार का जुर्माना;छिंदवाड़ा कलेक्टर के आदेश को चुनौती

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने छिंदवाड़ा कलेक्टर द्वारा पारित दंड आदेश अनुचित पाते हुए रद्द कर दिया। कोर्ट ने कहा कि कलेक्टर ने तथ्यों की जाँच किए बिना ही खनन अधिकारी की रिपोर्ट को आँख मूंद करके स्वीकार कर लिया और असंबंधित व्यक्ति पर गलत तरीके से दोष मढ़ दिय . छिंदवाड़ा निवासी सारंग रघुवंशी ने छिंदवाड़ा कलेक्टर के जुर्माने के आदेश को चुनौती देते हुए एक याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया कि राजस्व कार्यालय ने वैधानिक प्राधिकरण या आवश्यक दस्तावेज़ों के बिना अवैध रूप से सामग्री परिवहन कर रहे एक ट्रक को जब्त किया। खनन निरीक्षक द्वारा अंतिम रिपोर्ट के साथ एक पंचनामा तैयार किया गया और अभियोग के लिए दस्तावेज कलेक्टर को सौंप दिए गए। याचिकाकर्ता को कारण बताओ नोटिस प्राप्त हुआ और उसने जवाब दाखिल करते हुए कहा कि वह ट्रक का मालिक नहीं है। याचिकाकर्ता के जवाब पर विचार नहीं किया गया और 27 जनवरी, 2025 को ट्रक को जब्त करने का निर्देश पारित किया गया। न्यायालय ने पाया कि खनन अधिकारी ने ट्रक के मालिक का पता लगाने और उसके बयान दर्ज करने का कोई प्रयास नहीं किया, बल्कि ट्रक चालक राजेश के बयान पर भरोसा किया। जस्टिस विवेक रुसिया की कोर्ट ने पाया कि याचिकाकर्ता को गलत तरीके से वाहन का मालिक माना गया और उस पर दायित्व थोपा गया।
अपने ही विभाग को खोखला कर रहा था एकाउंटेंट:शिक्षा विभाग में बड़ा घोटाला,सैलरी के नाम पर निकाल लिए 1 करोड़ 11 लाख;14 पर एफआईआर दर्ज

जबलपुर में शिक्षा विभाग के पनागर विकासखंड में पदस्थ एकाउंटेंट ने शासन को करोड़ों रुपए का चूना लगाकर ना सिर्फ अपने और परिवार की जेब भरी, रिटायर हो चुके कर्मचारियों को कई सालों तक हर माह वेतन भी दिया। खुलासा होने के बाद पनागर थाने में तीन शिक्षा अधिकार . ऐसे हुआ घोटाला उजागर दरअसल कोष लेखा विभाग भोपाल से जबलपुर कलेक्टर को इनपुट मिला कि स्कूल शिक्षा विभाग के पनागर ब्लाक में करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है, जिसमें कि अतिथि शिक्षकों के नाम पर 2018 से वेतन निकाला जा रहा है, जो कि उन लोगों को दिया जा रहा है, जो कि या तो रिटायर हो गए हैं, या फिर कभी नौकरी ही नहीं की हो। यह राशि एकाउंटेंट विजय कुमार भलावी ने लागइन-पासवर्ड से निकाली और फिर अलग-अलग खातों में जमा करवाई। कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा और लेखा विभाग की टीम गठित की और जब विजय कुमार सहित अन्य लोगों के बैंक खाते चेक किए, तो सभी के खातों में लाखों रुपए निकले। शिक्षा विभाग में पदस्थ विजय कुमार के साथ-साथ उनकी पत्नी दो बेटी के खातों में कई लाख रुपए मिले। तीन पूर्व शिक्षा अधिकारी शैलबाला डोंगरे,त्रयंबक गणेश खरे और नरेंद्र तिवारी शामिल के नाम भी इस घोटाले मे सामने आए हैं, इसके अलावा जयंती भलावी, माधुरी भलावी, रागिनी भलावी, रानू भलावी, समीर कोष्ठा, माला कोष्ठा, अंकुश नेमा एवं पूर्व अतिथि शिक्षक सुचित्रा पटेल के बैंक खातों में राशि भेजी गई है, जो कि करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपए हैं। मास्टरमाइंड था एकाउंटेंट जांच के दौरान यह भी पता चला कि विजय कुमार भलावी 2016 से पनागर ब्लाक में पदस्थ था। तभी से उसने यह घोटाला हर माह करना शुरू कर दिया था। 2018 से 2026 के बीच तीन शिक्षा अधिकारी पदस्थ रहे, जिनकी लागइन-पासवर्ड से यह राशि निकाली गई और बाद में फिर अलग-अलग 16 खातों में ट्रांसफर की गई। बीईओ कार्यालय पनागर में पदस्थ अकाउंटेंट विजय कुमार भलावी ब्लॉक के शिक्षकों की सूची में फर्जी तरीके से ऐसे नाम जोड़ देता था, जो कि कहीं शिक्षक हैं ही नहीं। इसके बाद उनके नाम की सैलरी जब आती थी, तो उसे निकालकर अपने और पत्नी, दो बेटियों सहित अन्य साथियों के खातों में डाल लेता था। यह पूरा कारनामा वह बेहद शातिर तरीके से किया गया था, जिसकी विभाग में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी को भनक ही नहीं लगी। हाल ही में जब कोषलेखा विभाग भोपाल में राशि का मिलान नहीं हुआ तब मामला सामने आया और शिकायत कलेक्टर तक पहुंची। बड़े अधिकारी भी शक के घेरे में शिक्षा विभाग से लेकर जिला कोषालय भी शक के दायरे में बताया जाता है कि इस मामले में जहां स्कूल शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारियों पर भी शंका जाहिर की जा रही है, वहीं जिला कोषालय के अधिकारी और कर्मचारी भी निशाने पर हैं। इतना बड़ा मामला बिना सहभागिता के संभव नहीं है। शिक्षा विभाग के पास भी शिक्षकों की सूची होती है और उनमें नए नाम शामिल होने की जानकारी अधिकारियों को नहीं मिल पाई यह चौंकाने वाली बात है। वहीं जिला कोषालय ने भी बिना सत्यापन लगातार सैलरी निकाली, इस पर भी संदेह जताया जा रहा है। बैंक खातों पर रोक लगाई बताया जाता है कि घपले की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर ने बीईओ कार्यालय के बैंक खातों पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही वर्ष 2016 से अभी तक के रिकॉर्ड भी बीईओ कार्यालय से मांगे गए हैं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी सोनम कटारे ने पनागर थाने में प्रतिवेदन देते हुए बताया कि विकासखंड की पूर्व शिक्षा अधिकारी शैलबाला डोंगरे, त्रयंबक गणेश खरे,नरेंद्र कुमार तिवारी, सहायक ग्रेड विजय कुमार भलावी, शिक्षक गणेश प्रसाद शुक्ला,अनिल कुमार ने 2018 से 2025 के बीच कई फर्जी नाम जोड़े और बकायदा उनके खाते में वेतन का भुगतान भी किया गया। 16 खातों में रुपए हुए ट्रांसफर जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एकाउंटेंट विजय कुमार भलावी कई सालों से शिक्षकों की सूची में गड़बड़ी कर रहा था। वह शिक्षकों की सूची में किसी का भी नाम जोड़कर उन्हें शिक्षक बना देता था, और फिर उसके नाम की सैलरी ना सिर्फ अपने खाते बल्कि पत्नी और बेटियों के नाम पर ट्रांसफर करता था। अभी तक 16 खातों की पहचान हो गई है, जिसमें 1 करोड़ से अधिक शासकीय राशि भेजी गई है। विजय कुमार के 4, पत्नी और दो बेटियों के 1-1 खाते के अलावा रिटायर हो चुके शिक्षकों के खाते भी सामने आए हैं। इन पर हुई एफआईआर विकासखंड शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर पनागर थाना पुलिस ने मास्टरमाइंड विजय कुमार भलावी सहित शैलबाला डोंगरे,त्रयंबक गणेश खरे, नरेंद्र तिवारी,जयंती भलावी, माधुरी भलावी, रागिनी भलावी, रानू भलावी, समीर कोष्ठा, माला कोष्ठा, अंकुश नेमा, पूर्व अतिथि शिक्षक सुचित्रा पटेल के बैंक खातों में रुपए ट्रांसफर किए गए हैं, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार का कहना है कि विजय कुमार ने बड़ी ही चालाकी से यह फर्जीवाड़ा किया है। विजय कुमार ने ऐसे लोगों के नाम पर भी वेतन निकाला था, जो कि या तो रिटायर हो चुके थे, या फिर कभी नौकरी ही नहीं की थी।
बालाघाट में मनाया भगवान झूलेलाल का 1076वां जन्मोत्सव:सिंधु भवन से निकली शोभायात्रा; सजीव झांकियां और 'आयोलाल-झूलेलाल' के जयघोष से गूंजा शहर

बालाघाट जिले में शुक्रवार को सिंधी समाज ने इष्टदेव भगवान झूलेलाल का 1076वां जन्मोत्सव ‘चेटीचंड’ के रूप में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया। पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के दौरान देर शाम सिंधु भवन से विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन और नगरवासी शामिल हुए। सजीव झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र शोभायात्रा में भगवान झूलेलाल की मनमोहक प्रतिमा के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित सजीव झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। इनमें भगवान शंकर का शिवलिंग, राधा-कृष्ण की रासलीला और भोलेनाथ की लीलाओं के दृश्यों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करती हुई रात को मोती तालाब पहुंची, जहां विशेष पूजन-अर्चन और भजन-कीर्तन के पश्चात बहराणा साहिब का विसर्जन किया गया। 17 मार्च से जारी थे कार्यक्रम सिंधी समाज के जिलाध्यक्ष अमर मंगलानी ने बताया कि जन्मोत्सव की तैयारियां 17 मार्च से ही शुरू हो गई थीं। उत्सव की कड़ी में गुरुवार सुबह सिंधु भवन से एक विशाल स्कूटर रैली निकाली गई थी, जिसने पूरे नगर का भ्रमण कर एकता का संदेश दिया। शुक्रवार सुबह सिंधी मोहल्ला और सिंधु भवन स्थित मंदिर में भगवान झूलेलाल का दूध से अभिषेक और विधिवत हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिसके बाद दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। दूध अभिषेक और विसर्जन के साथ पूर्णाहुति धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शाम को निकली शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। अंत में मोती तालाब के तट पर ज्योत प्रज्वलित कर और आरती के साथ महोत्सव की गरिमापूर्ण पूर्णाहुति हुई। सेवादारों ने दिन भर चले आयोजनों में व्यवस्थाएं संभालीं और सभी आगंतुकों को प्रसादी वितरित की। देखें तस्वीरें…
छतरपुर में कुएं में मिला तेंदुए का शव:बंसिया हार गांव में बदबू फैलने पर पता चला; शनिवार को होगा पोस्टमार्टम

छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंसिया हार में एक बिना मुंडेर के कुएं में तेंदुए का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को बदबू आने के बाद इस घटना का पता चला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, तेंदुए की मौत 5 से 7 दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी ऋषि मिश्र के नेतृत्व में वन विभाग का अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। वन विभाग ने शिकार की आशंका को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। रात होने के कारण शुक्रवार को तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसे अब शनिवार को किया जाएगा। कुएं से बदबू आने पर पता चला जानकारी के अनुसार, बंसिया हार में स्थित यह कुआं बिना मुंडेर का है और इससे लगभग आधा किलोमीटर दूर अग्निहोत्री परिवार रहता है। शुक्रवार को जब उन्हें तेज बदबू महसूस हुई, तो उन्होंने खेत स्थित कुएं में झांककर देखा, जहां तेंदुए का शव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस और वन विभाग को सूचित किया। वन मंडल अधिकारी मिश्रा के साथ एसडीओ स्वामी कार्तिक नायक और रेंजर नीलेश प्रजापति भी वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। तेंदुए के शव को कुएं से बाहर निकालने के लिए खटिया का उपयोग किया गया। पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने रात होने के कारण शव को पैक करके रख दिया है। शनिवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पन्ना टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वायड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत जांच करेगी।









