Wednesday, 22 Apr 2026 | 03:09 PM

Trending :

EXCLUSIVE

पन्ना में भैंस खेत में घुसने को लेकर विवाद:पड़ोसी ने सिर पर डंडा मारा, बुजुर्ग की मौके पर मौत; आरोपी फरार, तलाश रही पुलिस

पन्ना में भैंस खेत में घुसने को लेकर विवाद:पड़ोसी ने सिर पर डंडा मारा, बुजुर्ग की मौके पर मौत; आरोपी फरार, तलाश रही पुलिस

पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत में सोमवार को खेत में भैंस घुसने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हरदुआ में मामूली कहासुनी के बाद हुए हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भैंस चराने के दौरान हुआ विवाद मृतक की पहचान हरदुआ पटेल निवासी नोनेलाल पटेल (60) के रूप में हुई है। सोमवार को नोनेलाल अपने साथी सिब्बू पटेल के साथ भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी भैंसें पास ही स्थित मगना अहिरवार और देवेंद्र अहिरवार के खेत की मेड़ की ओर चली गईं। खेत में मवेशी घुसने की बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। सिर पर डंडे से किया हमला प्रत्यक्षदर्शी सिब्बू पटेल ने बताया कि बहस के दौरान मगना के पुत्र देवेंद्र अहिरवार ने लकड़ी के डंडे से नोनेलाल के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि नोनेलाल जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही मिनटों में उन्होंने दम तोड़ दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी की तलाश कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही हरदुआ चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी देवेंद्र अहिरवार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गांव में पुलिस बल तैनात हत्या की इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पुलिस गवाहों के बयान दर्ज कर रही है और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद करने की कोशिश कर रही है।

पहले पहाड़ खत्म कराएं, अब पानी बचाने की मुहिम:खंडवा की देशगांव घाटी पर 8 हजार कंटूर ट्रेंच खुदेंगे, कलेक्टर ने चलाई गेंती

पहले पहाड़ खत्म कराएं, अब पानी बचाने की मुहिम:खंडवा की देशगांव घाटी पर 8 हजार कंटूर ट्रेंच खुदेंगे, कलेक्टर ने चलाई गेंती

खंडवा-इंदौर नेशनल हाईवे पर स्थित देशगांव घाटी की जमीन पर अब जल संरक्षण के लिए मुहिम शुरू की गई हैं। यहां सैकड़ों एकड़ जमीन पर 8 हजार कंटूर ट्रेंच खोदे जाने का प्लान जनपद पंचायत छैगांवमाखन ने बनाया हैं। सोमवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने पंडित से भूमिपूजन कराया और खुद गेंती चलाकर भूमिपूजन किया हैं। खंडवा जिले में भूजल संरक्षण के लिए गांव का पानी गांव में अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत छैगांवमाखन जनपद के ग्राम देशगांव में सोमवार को प्रशासन और नेताओं की मौजूदगी में कंटूर ट्रेंच खुदाई के कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कंटूर ट्रेंच खुदाई कार्य के लिए श्रमदान किया, और मौजूद ग्रामीणों, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को जल संग्रहण संबंधी शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, जनपद अध्यक्ष छैगांवमाखन महेंद्र सावनेर, जिला पंचायत सदस्य श्रीराम चौधरी, नानकराम बरवाहे सहित जनपद सदस्य प्रतिनिधि देवेंद्रसिंह गौड़, सीईओ पंकज डाले व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे। कारोबियों ने खत्म कर दी देशगांव घाटी बता दें कि, हाईवे पर मौजूद देशगांव घाटी को 150 फीट तक खोदकर नेशनल हाईवे का फोरलेन रास्ता निकाला गया हैं। एक तरफ जहां एनएचएआई ने रास्ते को सुगम बनाने के लिए पहाड़ी को खोदकर समतल किया हैं। वहीं दूसरी ओर शहर के कारोबियों ने पहाड़ी वाली जमीन खरीदकर बाद में उसे समतल करा लिया और पेट्रोल पंप खोल लिए। इस प्रकिया में कारोबारी ने खनिज विभाग और शासन को एक रूपए की रायल्टी तक जमा नहीं कराई। जबकि कारोबियों ने पहाड़ को पूरी तरह खत्म कर दिया।

भोजशाला देखने जाएंगे हाईकोर्ट जज, 2 को सुनवाई:याचिकाकर्ताओं की सुनवाई से पहले निरीक्षण करेंगे जस्टिस; सर्वे रिपोर्ट पर मुस्लिम पक्ष की आपत्ति

भोजशाला देखने जाएंगे हाईकोर्ट जज, 2 को सुनवाई:याचिकाकर्ताओं की सुनवाई से पहले निरीक्षण करेंगे जस्टिस; सर्वे रिपोर्ट पर मुस्लिम पक्ष की आपत्ति

मध्य प्रदेश की धार जिले में स्थित भोजशाला मामले में हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सोमवार को सुनवाई हुई। इस दौरान जस्टिस विजय कुमार शुक्ला और आलोक अवस्थी की बेंच ने कहा कि अगली सुनवाई 2 अप्रैल को होगी। वहीं हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने कहा कि इस केस में 2 अप्रैल की सुनवाई से पहले हाईकोर्ट के जस्टिस भोजशाला का निरीक्षण करेंगे। पहले याचिकाकर्ताओं को सुना जाएगा। इसके बाद पक्षकारों की सुनवाई होगी। हालांकि सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष ने सर्वे रिपोर्ट पर आपत्ति ली है। हाईकोर्ट ने कहा कि सुनवाई के दौरान यह बात भी उठी कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस केस की जल्द से जल्द सुनवाई होना है, लेकिन इंटरविनर बनने से सुनवाई में देरी हो सकती है। इसलिए इन्हें सबसे आखिरी में यानी पक्षकारों के बाद सुना जाएगा। सुनवाई के दौरान ये लोग रहे मौजूद सुनवाई के दौरान ASI की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सुनील जैन अदालत में उपस्थित थे। वहीं राज्य सरकार की ओर से एडवोकेट जनरल प्रशांत सिंह पेश हुए। एडवोकेट विष्णुशंकर जैन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यवाही में शामिल हुए। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा मेनन भी अदालत में मौजूद थीं। इसके अतिरिक्त, हिंदू फ्रंट की ओर से याचिकाकर्ता आशीष गोयल और अधिवक्ता विनय जोशी अदालत में उपस्थित थे। इन लोगों ने दायर की हैं याचिकाएं भोजशाला मामले में कई व्यक्तियों ने याचिकाएं दायर की हैं। इनमें काजी जकुल्लाह, अंतर सिंह और अन्य, मौलाना कमालुद्दीन वेलफेयर सोसाइटी (धार) के अब्दुल समद खान, कुलदीप तिवारी और ‘हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस’ की अध्यक्ष रंजना अग्निहोत्री शामिल हैं। 23 फरवरी को प्रस्तुत की जानी थीं दावे-आपत्तियां 23 फरवरी को हुई सुनवाई में हाई कोर्ट ने सभी याचिकाकर्ताओं और प्रतिवादियों को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की सर्वे रिपोर्ट पर दो हफ्ते के भीतर अपनी आपत्तियां और सुझाव देने के निर्देश दिए थे। दाखिल जवाबों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। ASI ने हाईकोर्ट के आदेश पर 22 मार्च 2024 से करीब 100 दिन तक परिसर और उससे 50 मीटर की परिधि में जांच, सर्वे और सीमित उत्खनन किया। टीम में पुरातत्वविद्, अभिलेखविद्, रसायनविद् और अन्य विशेषज्ञ शामिल थे। ASI की रिपोर्ट पहले ही खोली जा चुकी पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि एएसआई की रिपोर्ट पहले ही खोली जा चुकी हैं। उसकी प्रतियां याचिकाकर्ताओं को उपलब्ध करा दी गई हैं। ऐसे में रिपोर्ट को दोबारा कोर्ट के समक्ष अनसील करने की आवश्यकता नहीं है। हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को निर्देशित किया कि वे एएसआई की 98 दिन तक चली वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट पर अपनी लिखित आपत्तियां और सुझाव अगली सुनवाई से पहले दाखिल करें। हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से अधिवक्ता विनय जोशी ने कहा, “कोर्ट के निर्देशानुसार हम दो सप्ताह के भीतर एएसआई रिपोर्ट पर अपनी आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत करेंगे। मामले की अगली सुनवाई 16 मार्च को होगी।” हाईकोर्ट की मुख्य बेंच पर ट्रांसफर हुआ था केस, चीफ जस्टिस ने इंदौर भेजा 22 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने मप्र हाई कोर्ट की इंदौर बेंच को तीन हफ्ते के भीतर सुनवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इससे पहले सर्वे के बाद की कानूनी प्रक्रिया पर कुछ समय के लिए रोक लगी थी। अब वह रोक हट चुकी है। रिपोर्ट पर सुनवाई का रास्ता साफ हो गया है। बता दें कि भोजशाला विवाद मामले को पहले मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ से जबलपुर स्थित प्रिंसिपल बेंच में ट्रांसफर कर दिया गया था। यह मामला पूजा के अधिकार और नमाज की अनुमति से जुड़े संवैधानिक प्रश्नों से संबंधित है। इस प्रकरण पर 18 फरवरी को चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच ने सुनवाई की थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने इस केस को फिर से इंदौर खंडपीठ को वापस ट्रांसफर करने का आदेश दिया। एएसआई की रिपोर्ट में शिलालेखों के प्रमाण मिले रिपोर्ट में 12वीं से 20वीं सदी तक के शिलालेखों के प्रमाण मिले हैं। इनमें संस्कृत-प्राकृत के साथ नागरी लिपि के लेख और अरबी-फारसी में लिखे शिलालेख शामिल हैं। कुछ शिलालेख धार्मिक गतिविधियों का संकेत देते हैं तो कुछ शिक्षण केंद्र होने की संभावना जताते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भोजशाला परिसर में 56 अरबी-फारसी शिलालेख मिले, जिनमें दुआएं, नाम और धार्मिक वाक्य हैं। वहीं, 12वीं–16वीं सदी के संस्कृत-प्राकृत शिलालेख भी मिले, जिनमें पारिजातमंजरी-नाटिका और अवनिकर्मसातम जैसे उल्लेख शामिल हैं। कुछ पत्थरों पर लिखावट मिटाकर दोबारा इस्तेमाल किए जाने के संकेत भी मिले हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह स्थल अलग-अलग कालखंडों में धार्मिक, शैक्षिक और सामाजिक उपयोग में रहा। ब्रिटिश काल से लेकर अब तक इसके संरक्षण के प्रयासों का भी जिक्र है। …………………. यह खबर भी पढ़ें भोजशाला में मिले 11वीं-13वीं शताब्दी में लिखे नाटक मध्य प्रदेश में धार स्थित भोजशाला को लेकर पुरातात्विक सर्वेक्षण रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश की जा चुकी है। रिपोर्ट में परिसर के ऐतिहासिक स्वरूप, स्थापत्य और शिलालेखों से जुड़े कई बड़े खुलासे सामने आए हैं। विशेष रूप से 10वीं से 13वीं शताब्दी के दौरान राजा भोज और राजा अर्जुन वर्मन द्वारा कराए गए निर्माण और सांस्कृतिक कार्यों के सबूत मिले हैं। पढ़ें पूरी खबर…

भोपाल पुलिस ने रेलकर्मियों को पीटा…VIDEO:सड़क पर घूंसे-थप्पड़ मारे, कॉलर पकड़कर खींचते ले गए; बस रोकने पर झूमाझटकी; 30 मिनट ट्रैफिक जाम रहा

भोपाल पुलिस ने रेलकर्मियों को पीटा...VIDEO:सड़क पर घूंसे-थप्पड़ मारे, कॉलर पकड़कर खींचते ले गए; बस रोकने पर झूमाझटकी; 30 मिनट ट्रैफिक जाम रहा

भोपाल में डी मार्ट के सामने रविवार शाम बस रोकने को लेकर ट्रैफिक पुलिस और रेलकर्मियों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने दो रेलकर्मियों को बीच सड़क पर थप्पड़-घूंसे मारे और कॉलर पकड़कर खींचते हुए ले गए। मामला कोलार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक बस रोकने को लेकर पहले बहस शुरू हुई। इसके बाद सड़क पर ही झूमाझटकी और मारपीट की स्थिति बन गई। इस दौरान रेलकर्मी भी ट्रैफिक आरक्षक की कॉलर पकड़ते हुए दिखाई दिए। हंगामे के कारण करीब 30 से 35 मिनट तक सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। मारपीट और झूमाझटकी के वीडियो भी सामने आए हैं। ट्रैफिक पुलिस और रेलकर्मियों के बीच विवाद की तस्वीरें देखिए आरक्षक से बस रोकने का कारण पूछने के बाद बढ़ा विवाद जानकारी के मुताबिक कोलार स्थित डी मार्ट के सामने ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगी थी। यहां ट्रैफिक आरक्षक सरजीत यादव तैनात थे। रविवार शाम करीब 6:30 बजे उन्होंने एक बस को रोका। बस रुकते ही उसमें सवार कुछ लोग नीचे उतर आए और आरक्षक से बस रोकने का कारण पूछने लगे। बस में सवार लोगों ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताया। आरक्षक ने उन्हें बताया कि शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध है। साथ ही बस पर बैनर लगा होने के कारण नंबर प्लेट भी साफ दिखाई नहीं दे रही थी। इसी बात को लेकर बस में सवार कुछ रेलकर्मी नाराज हो गए और आरक्षक से बहस करने लगे। आरक्षक से झूमाझटकी का आरोप पुलिस के मुताबिक बहस के दौरान कुछ रेलकर्मियों ने आरक्षक सरजीत यादव के साथ झूमाझटकी की और अपशब्द कहे। इसके बाद आरक्षक ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख पास में मौजूद ट्रैफिक के एसआई मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल-112 की टीम भी वहां पहुंची और दो रेलकर्मियों को पकड़कर अपने साथ ले गई। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा होता रहा, जिससे कोलार रोड पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। आरक्षक पर बदसलूकी का आरोप रेलवे कर्मचारियों का आरोप है कि बस रोकने के दौरान आरक्षक ने उनके साथ अभद्रता की, जिसके कारण विवाद बढ़ गया। वहीं आरक्षक का कहना है कि रेलकर्मी बस रोके जाने से नाराज थे और उन्होंने ही पहले झूमाझटकी व मारपीट की। वहीं घटना के वीडियोज सामने आने के बाद डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। …………………………….. यह खबर भी पढ़ें ग्वालियर में दुश्मनों को फंसाने दोस्त के सीने में गोली मारी मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक युवक ने दुश्मनों को हत्या के प्रयास के मामले में फंसाने के लिए अपने ही दोस्त के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही दोस्त खड़ी बाइक पर गिर पड़ा। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। गोली मारने की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मामला गोला का मंदिर थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…

जबलपुर में शराबी ने कार से 4 लोगों को कुचला:3 की हालत गंभीर, सिर-चेहरे और सीने पर चोट; पुलिस ने 1KM दौड़ाकर पकड़ा

जबलपुर में शराबी ने कार से 4 लोगों को कुचला:3 की हालत गंभीर, सिर-चेहरे और सीने पर चोट; पुलिस ने 1KM दौड़ाकर पकड़ा

जबलपुर में रविवार रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में 3 लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक एमपी 20 एक्सबी 7706 का चालक शराब के नशे में था और उसने राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर चालक को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली। आधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे सफेद टाटा नेक्सन कार अमखेरा से बाइपास की ओर जा रही थी। चालक नशे में धुत था। खजरी खिरिया पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान और उनके पते की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल कार जब्त कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

ग्वालियर में छात्र पर गोली चलाने वाला गिरफ्तार:कॉलेज परिसर में स्मोकिंग से रोकने पर मारपीट कर की थी फायरिंग; 3 अब भी फरार

ग्वालियर में छात्र पर गोली चलाने वाला गिरफ्तार:कॉलेज परिसर में स्मोकिंग से रोकने पर मारपीट कर की थी फायरिंग; 3 अब भी फरार

ग्वालियर में चार दिन पहले कॉलेज परिसर में स्मॉकिंग करने से रोकने पर एक युवक ने छात्र से मारपीट कर फायरिंग कर दी थी। घटना बुधवार दोपहर एमएलबी कॉलेज परिसर की थी। घटना की शिकायत कंपू थाना में हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद फायरिंग करने वाले की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार को आरोपी को कोटेश्वर मंदिर के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अभी इस मामले में सौरभ गुर्जर, राघवेन्द्र सिंह यादव व हर्ष गुर्जर फरार हैं। मुरैना के अंबाह निवासी 22 वर्षीय राजपाल सिंह तोमर छात्र है। वह एमएलबी कॉलेज से लॉ की पढ़ाई कर रहा है। बुधवार दोपहर वह अपने साथियों के साथ कॉलेज परिसर में टहल रहा था। वहीं अंकित बघेल स्मोकिंग कर रहा था। इस पर राजपाल ने उसे समझाया कि यहां छात्र पढ़ने आते हैं, इसलिए स्मोकिंग न करे। यदि सिगरेट पीना है तो कॉलेज परिसर से बाहर जाकर पीए। इस बात पर अंकित नाराज हो गया और कुछ देर बाद हिसाब बराबर करने की बात कहकर वहां से चला गया। राजपाल ने उसकी धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। कुछ देर बाद सौरभ गुर्जर, अंकित बघेल, राघवेन्द्र सिंह यादव और हर्ष गुर्जर ने उसे घेर लिया, मारपीट की और उस पर गोली चला दी। फायरिंग करने के बाद हमलावर वहां से भाग गए। घटना के बाद पीड़ित छात्र ने कंपू थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोटेश्वर कॉलोनी में घूमता मिला हमलावर रविवार को कंपू थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग करने वाला बदमाश अंकित बघेल कोटेश्वर कॉलोनी के पास देखा गया है। जिस पर कंपू पुलिस की एक टीम ने आरोपी अंकित की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर अंकित ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कट्टा और फरार साथियों की तलाश जारी कंपू थाना पुलिस का कहना है कि एक आरोपी को पकड़ा गया है। अब उससे पूछताछ की जा रही है कि उसके अन्य साथी कहां हैं?। साथ ही जिस कट्टे से फायरिंग की गई थी, वह किसके पास है।

आगर में महिलाओं ने निकाली गणगौर यात्रा:अग्रवाल और ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने सिर पर प्रतिमा रख की पूजा

आगर में महिलाओं ने निकाली गणगौर यात्रा:अग्रवाल और ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने सिर पर प्रतिमा रख की पूजा

आगर मालवा में रविवार शाम गणगौर पर्व के मौके पर महिलाओं ने शहर में पारंपरिक चल समारोह निकाले। इस दौरान महिलाएं सिर पर गणगौर माता की प्रतिमाएं रखकर और लोक गीतों पर नाचती हुई नजर आईं। अग्रवाल समाज महिला मंडल की ओर से गांधी उपवन से यात्रा शुरू की गई। पारंपरिक कपड़ों में सजी महिलाएं माता की प्रतिमाएं लेकर छावनी क्षेत्र के मुख्य रास्तों से होती हुई अग्रवाल धर्मशाला पहुंचीं। यहां विधि-विधान से पूजा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया। ब्राह्मण समाज का आयोजन इसी तरह ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने भी विश्वेश्वर महादेव मंदिर से चल समारोह निकाला। यह यात्रा विवेकानंद कॉलोनी के रास्तों से होते हुए पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पहुंची। पूरी यात्रा के दौरान महिलाएं गणगौर के गीत गाती और नृत्य करती रहीं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। गणगौर उत्सव को लेकर शहर में काफी उत्साह और भक्ति का माहौल रहा।

भाईके इलाज के लिए ढाई लाख में गिरवी रखे गहने:ब्याज सहित 7.20 लाख चुकाए, सूद खोर ने वापस किए नकली जेवर

भाईके इलाज के लिए ढाई लाख में गिरवी रखे गहने:ब्याज सहित 7.20 लाख चुकाए, सूद खोर ने वापस किए नकली जेवर

डिंडोरी में सूदखोरी का एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने भाई के इलाज के लिए महिलाओं से जेवर लेकर ढाई लाख रुपए में गिरवी रखे थे। पुलिस में शिकायत के बाद 7.20 लाख रुपए चुकाने पर उसे कुछ नकली जेवर मिले। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि सेठ ने जेवर लौटाने में आनाकानी की और बाद में नकली जेवर दिए। सिटी कोतवाली क्षेत्र के देवरा निवासी लक्ष्मण दुबे ने बताया कि वर्ष 2014, में उनके छोटे भाई ज्ञानेश्वर आग से झुलस गए थे। उनके इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी। लक्ष्मण ने गांव की धनिया बाई, कमलवती, ममता और चमेली से मदद मांगी, जिन्होंने अपने जेवर उन्हें दे दिए। 12 किलो चांदी और 6 तोला सोना गिरवी रखा लक्ष्मण ने इन जेवरों को वर्ष 2014, 2015और 2016 में नगर के कमल जैन और गोलू जैन के पास 12 किलो चांदी और 6 तोला सोना 2 प्रतिशत ब्याज पर ढाई लाख रुपए में गिरवी रख दिया। उस समय लक्ष्मण की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने 2020 में 30 हजार, 2021 में 25 हजार और 2022 में 20 हजार रुपए वापस किए। दो साल से लगा रहे थे चक्कर लक्ष्मण शेष 1 लाख 75 हजार रुपए चुकाने को तैयार थे, लेकिन गोलू जैन के पिता कमल जैन की मृत्यु हो चुकी थी। लक्ष्मण का आरोप है कि वह दो साल से सेठ के पास जाकर पैसे लेकर जेवर वापस करने की बात कर रहे थे, लेकिन सेठ ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद लक्ष्मण ने 29 जनवरी 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। 30 जनवरी को पुलिस ने लक्ष्मण और संबंधित महिलाओं के बयान दर्ज किए। 7 लाख 20 हजार रुपए मांगे पुलिस की मध्यस्थता के बाद गोलू के चाचा बल्लू जैन के साथ बातचीत हुई। बल्लू जैन ने ब्याज सहित कुल 7 लाख 20 हजार रुपए का हिसाब बताया, जिसके बाद जेवर वापस मिलने की बात कही गई। लक्ष्मण ने दूसरों से कर्ज लेकर 7 लाख रुपए नकद और 20 हजार रुपए का चेक बल्लू जैन को दुकान पर दिए। लक्ष्मण ने बताया कि 24 फरवरी को सेठ ने उन्हें घर बुलाकर 3 किलो चांदी और दो तोला सोना दिया। जब लक्ष्मण ने बाकी के जेवरात मांगे, तो उन्हें कुछ नकली जेवर भी मिले। इस पर लक्ष्मण ने आपत्ति जताई। पहले तो धमकाया इसके बाद बोला होली के बाद मिल जाएगा। इसके बाद से उसने बात करना ही बंद कर दिया। मै महिलाओं के साथ दुकान भी गया कि इन महिलाओं का जेवर वापस कर दो। थाना प्रभारी बोले जांच हो रही इस मामले में थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे का कहना है कि लेन देन की शिकायत मिली है।अब उसकी जांच सब इंस्पेक्टर को दी है जैसे तथ्य सामने आयेंगे कार्यवाही की जाएगी।

बड़वानी में शवयात्रा आधे घंटे जाम में फंसी रही:सिद्धेश्वर मंदिर से मंडी मार्ग तक फंसे रहे वाहन, हजारों लोग हुए परेशान

बड़वानी में शवयात्रा आधे घंटे जाम में फंसी रही:सिद्धेश्वर मंदिर से मंडी मार्ग तक फंसे रहे वाहन, हजारों लोग हुए परेशान

बड़वानी में रविवार को एक शवयात्रा आधे घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसी रही। यह घटना सिद्धेश्वर मंदिर से कृषि उपज मंडी तक लगे लंबे जाम के कारण हुई, जहां हाट बाजार की वजह से भारी भीड़ थी। रविवार सुबह करीब 11 बजे शहर के राजघाट रोड स्थित कृषि उपज मंडी और उसके बाहर की दुकानों पर हजारों की संख्या में लोग खरीदारी के लिए उमड़ पड़े थे। इसके चलते सिद्धेश्वर मंदिर से कृषि उपज मंडी तक पूरे मार्ग पर वाहनों और लोगों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कोई भी यातायात पुलिसकर्मी या कोतवाली पुलिस जवान मौके पर मौजूद नहीं था। इसी जाम में एक शवयात्रा भी फंस गई। शव वाहन में रखी अर्थी आधे घंटे से ज्यादा समय तक जाम में फंसी रही। परिजनों ने भीड़ से निकलने के लिए काफी मशक्कत की और गुहार लगाई, लेकिन रास्ता नहीं मिल पाया। कड़ी मशक्कत के बाद परिवार के लोग शव वाहन को धीरे-धीरे जाम से बाहर निकालने में सफल रहे, जिसके बाद अंतिम संस्कार हो सका। मनीष पुरोहित ने बताया कि वे बालाजी हॉस्पिटल जा रहे थे और जाम में फंस गए। वहीं, मंडी पहुंचे विपुल ने बताया कि वे धनिया और सौंफ खरीदने आए थे, लेकिन सुबह 10:30 बजे से ही सिद्धेश्वर मंदिर से कृषि उपज मंडी तक पूरे मार्ग पर जाम के हालात बन गए थे। तस्वीरें देखिए…

दमोह रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव:भाई ने बताया रात शादी में शामिल हुआ था, वृंदावन में मजदूरी करता था

दमोह रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव:भाई ने बताया रात शादी में शामिल हुआ था, वृंदावन में मजदूरी करता था

दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के फुटेरा फाटक रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह एक युवक का शव मिला। युवक की मौत ट्रेन से कटकर होने की आशंका है। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। मृतक की पहचान फुटेरा वार्ड चार, कछियाना मोहल्ला निवासी मनीष पटेल (38) पुत्र अनंत राम पटेल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मनीष पिछले आठ सालों से मथुरा-वृंदावन में मजदूरी करता था और होली के त्योहार पर कुछ दिन पहले ही घर आया था। भाई ने बताया रात में शादी में शामिल हुआ था मृतक के भाई जितेंद्र पटेल ने जानकारी दी कि शनिवार रात मनीष परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल हुआ था। रविवार सुबह करीब 4 बजे उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। उन्हें भी घटना के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मनीष अविवाहित था। कोतवाली में पदस्थ एसआई सियाराम सिंह ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।