Sunday, 12 Apr 2026 | 08:47 PM

Trending :

EXCLUSIVE

धुरंधर फिल्म की अभिनेत्री सारा अर्जुन महाकाल मंदिर पहुंची:मां के जन्मदिन पर महाकाल का आशीर्वाद लेने भस्म आरती में शामिल हुई

धुरंधर फिल्म की अभिनेत्री सारा अर्जुन महाकाल मंदिर पहुंची:मां के जन्मदिन पर महाकाल का आशीर्वाद लेने भस्म आरती में शामिल हुई

हाल ही में रिलीज फिल्म धुरंधर की अभिनेत्री सारा अर्जुन शनिवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उनके साथ पिता राज अर्जुन और मां सान्या भी मौजूद थीं। सारा ने नंदी हाल से भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सारा अर्जुन पहली बार महाकाल मंदिर दर्शन के लिए पहुंचीं। सुबह करीब 4 बजे उन्होंने भस्म आरती में हिस्सा लिया और करीब दो घंटे तक आरती में शामिल रहीं। इस दौरान उन्होंने “जय महाकाल” के जयकारे लगाए और पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। नंदी जी के कान में मांगी मुराद आरती के बाद सारा ने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना कही। इसके बाद गर्भगृह की देहरी से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सत्कार भी किया गया। ‘यहां आकर बहुत अच्छा लगा’ दर्शन के बाद सारा ने कहा कि महाकाल के दर्शन कर उन्हें बेहद सुकून मिला। उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ खास नहीं मांगा, बस सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। कम उम्र में बनाई पहचान सारा अर्जुन ने बहुत कम उम्र में विज्ञापनों और फिल्मों से करियर शुरू किया था। धुरंधर फिल्म से उन्हें खास पहचान मिली है। वे हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ओरछा आए:राम राजा सरकार के दर्शन किए, स्वागत करने मची होड़

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ओरछा आए:राम राजा सरकार के दर्शन किए, स्वागत करने मची होड़

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल गुरुवार दोपहर ओरछा आए। यहां उन्होंने सबसे पहले राम राजा सरकार के दरबार में माथा टेका। खंडेलवाल के ओरछा पहुंचने के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं में होड़ मच गई। मंदिर में दर्शन के उपरांत खंडेलवाल ने मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि उन्होंने भगवान श्रीराम से देश और प्रदेश की समृद्धि, विकास और शांति के लिए प्रार्थना की है। खंडेलवाल ने कहा कि उनकी कामना है कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता राष्ट्रप्रेम और सनातन धर्म के मार्ग पर अग्रसर रहें। उन्होंने यह भी बताया कि वे पहले भी कई बार ओरछा आ चुके हैं, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला दौरा है, जिसका उनके लिए विशेष महत्व है। इस अवसर पर निवाड़ी विधायक अनिल जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया, मीडिया प्रभारी अनुराग चतुर्वेदी, पूर्व विधायक शिशुपाल यादव, पवन दुबे, अमित चतुर्वेदी, रोहित यादव, आनंद शर्मा, अन्नू चौबे और सुमित मिश्रा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।इस दौरे को भाजपा के भीतर संगठनात्मक मजबूती प्रदान करने और कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खरगोन से 1000 महिलाओं का दल अंबाजी धाम पहुंचा:गरबा किया; संकीर्तन के 50 साल पूरे होने पर 5 दिवसीय धार्मिक यात्रा पर

खरगोन से 1000 महिलाओं का दल अंबाजी धाम पहुंचा:गरबा किया; संकीर्तन के 50 साल पूरे होने पर 5 दिवसीय धार्मिक यात्रा पर

खरगोन के टेमला से 1000 महिला श्रद्धालुओं का एक दल शनिवार सुबह अंबाजी धाम पहुंचा। यहां पहुंचने पर महिलाओं ने देवी दर्शन किए और मंदिर परिसर में गरबा किया। समाजसेवी नितिन पाटीदार ने बताया कि महिला श्रद्धालु वाहनों में भजन-कीर्तन करते हुए और जयकारे लगाते हुए अंबाजी धाम पहुंचे। यह यात्रा टेमला में पूर्व कृषिमंत्री बालकृष्ण पाटीदार के नेतृत्व में मनाए जा रहे ‘हरे रामा हरे कृष्णा संकीर्तन’ के 50 वर्ष पूरे होने के स्वर्ण जयंती वर्ष का हिस्सा है। 10 से अधिक बसों में सवार यह दल पावागढ़, अंबिकाधाम और सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए 5 दिवसीय धार्मिक यात्रा पर है। स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में वैशाख माह में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया था। इसके बाद 1000 से अधिक श्रद्धालुओं का एक दल अयोध्या धाम में श्रीरामलला के दर्शन कर चुका है। महिलाओं का यह दल इस आयोजन के तीसरे चरण की धार्मिक यात्रा पर है।

महाकाल के दरबार में अक्षय-टाइगर:नंदी के कान में कही मनोकामना, बोले- देश की तरक्की की कामना की; डिंपल कपाड़िया भी साथ थीं

महाकाल के दरबार में अक्षय-टाइगर:नंदी के कान में कही मनोकामना, बोले- देश की तरक्की की कामना की; डिंपल कपाड़िया भी साथ थीं

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के बॉलीवुड सितारों की आस्था देखने को मिली। प्रसिद्ध अभिनेता अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और वरिष्ठ अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया बाबा महाकाल के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। नंदी हाल में बैठकर किया जाप, जल अर्पित कर लिया आशीर्वाद तीनों कलाकार सुबह करीब 6 बजे मंदिर पहुंचे। यहां नंदी हाल में बैठकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और जाप करते नजर आए। अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ ने नंदी जी का पूजन कर उनके कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद तीनों ने गर्भगृह की देहरी से दर्शन कर भगवान को जल अर्पित किया। मंदिर से बाहर निकलते ही लगी फैंस की भीड़ दर्शन के बाद जैसे ही तीनों मंदिर से बाहर निकले, प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया। बड़ी संख्या में लोग सेल्फी और फोटो लेने के लिए उमड़ पड़े। मंदिर समिति ने किया सम्मान दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी ने अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और डिंपल कपाड़िया का स्वागत और सत्कार किया।

प्रियंका चोपड़ा ने गोल्डन टेंपल में माथा टेका:दुपट्‌टे से सिर ढककर आईं; लंगर हॉल में जूठे बर्तन मांजने की सेवा की, गुरबाणी सुनी

प्रियंका चोपड़ा ने गोल्डन टेंपल में माथा टेका:दुपट्‌टे से सिर ढककर आईं; लंगर हॉल में जूठे बर्तन मांजने की सेवा की, गुरबाणी सुनी

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा मंगलवार को अमृतसर में गोल्डन टेंपल पहुंची। इस दौरान उन्होंने दरबार साहिब में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने लंगर हॉल में जाकर जूठे बर्तन धोने की सेवा की। इसके अलावा लंगर हॉल के बाकी कामों में भी सहयोग किया। इस दौरान उन्होंने कुछ देर बैठकर गुरबाणी भी सुनी। इस दौरान प्रिंयका चोपड़ा ने गोल्डन टेंपल की मर्यादा का खास ख्याल रखा। वह रोज गोल्ड कलर का शूट पहने नजर आई। गोल्डन टेंपल में एंट्री करते ही उनका सिर दुपट्‌टे से ढका हुआ रहा। प्रिंयका चोपड़ा आम श्रद्धालु की तरह यहां रही। इस दौरान उन्होंने किसी से कोई बात नहीं की। मीडिया ने भी सवाल पूछने की कोशिश की लेकिन उन्होंने किसी के सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। वह सेवा करने के बाद वहां से चली गईं। वह साढ़े 4 बजे गोल्डन टेंपल पहुंची थीं। वह करीब आधा घंटा गोल्डन टेंपल में रहीं। गोल्डन टेंपल पहुंची प्रियंका चोपड़ा के PHOTOS… 18 साल की उम्र में 90 देशों की कंटेस्टेंट्स को पछाड़ मिस वर्ल्ड बनीं उत्तर प्रदेश के बरेली में जन्मीं प्रियंका चोपड़ा ने बचपन में कभी रंगभेद का सामना किया, तो कभी तानों से बचने के लिए बाथरूम में छिपकर खाना खाया। इन सबके बावजूद उन्होंने महज 18 साल की उम्र में 90 देशों की खूबसूरत कंटेस्टेंट्स को पीछे कर 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया। मिस वर्ल्ड जीतने के बाद प्रियंका ने पहले तमिल सिनेमा में एंट्री ली और फिर बॉलीवुड में। प्रियंका ने लगातार ऐतराज, कृष, फैशन, डॉन 2, अग्निपथ जैसी बेहतरीन फिल्मों में काम करते हुए खुद को बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस के बीच ला खड़ा किया, लेकिन फिर 2015 के बाद उन्होंने अचानक इंडस्ट्री छोड़ दी। सालों बाद प्रियंका ने एक पॉडकास्ट में बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से बॉलीवुड इंडस्ट्री से दूरी नहीं बनाई थी, बल्कि उन्हें कॉर्नर किया गया था। उन्हें मनमुताबिक काम नहीं दिया जा रहा था और वो लगातार होती पॉलिटिक्स से थक चुकी थीं। फिल्में मिलनी बंद हुईं तो प्रियंका की मां ने उनसे कहा था- तुम्हें कमाई का कोई दूसरा जरिया ढूंढना चाहिए। फिर क्या था, प्रियंका ने बतौर सिंगर करियर की दूसरी पारी शुरू की। इंग्लिश गानों से हॉलीवुड में जगह बनाने वालीं प्रियंका के लिए ये बदलाव अहम साबित हुआ। जहां भारत में जेंडर पे गेप एक अहम बहस का मुद्दा है, वहीं प्रियंका ने हॉलीवुड एक्टर्स के बराबर फीस लेकर इतिहास रचा। वो हॉलीवुड में सबसे ज्यादा काम करने वाली इंडियन एक्ट्रेस हैं। शादी के बाद लॉस एंजिलिस शिफ्ट हुई प्रियंका निक जोनस से शादी के बाद प्रियंका लॉस एंजिलिस शिफ्ट हो गईं। इसी दौरान उन्होंने कई हॉलीवुड टीवी शोज, सीरीज और फिल्मों में काम किया। शादी के कुछ समय बाद 2019 में प्रियंका ने फिल्म द स्काई इज पिंक से बॉलीवुड कमबैक किया था। फिल्म में लीड रोल निभाने के साथ-साथ उन्होंने इसे को-प्रोड्यूस भी किया था। हालांकि फिल्म कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी।

फतेहगढ़ साहिब पहुंचे पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह:दुफेड़ा साहिब गुरुद्वारे में माथा टेका, यहीं पर हेजल कीच से हुई थी शादी

फतेहगढ़ साहिब पहुंचे पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह:दुफेड़ा साहिब गुरुद्वारे में माथा टेका, यहीं पर हेजल कीच से हुई थी शादी

फतेहगढ़ साहिब स्थित गुरुद्वारा दुफेड़ा साहिब में ब्रह्म ज्ञानी संत बाबा राम सिंह गंडुआं वालों के पवित्र अंगीठा साहिब स्थान पर दूसरा यादगारी समागम आयोजित किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस समागम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह भी पहुंचे। उन्होंने श्रद्धापूर्वक माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। युवराज सिंह ने संगत के साथ बैठकर कीर्तन सुना और आध्यात्मिक माहौल में समय बिताया। उनकी उपस्थिति से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। युवराज सिंह इस स्थान से लंबे समय से जुड़े हुए हैं और संत बाबा राम सिंह के पक्के श्रद्धालु हैं। यहीं पर युवराज सिंह ने ब्रिटिश मॉडल और बॉलीवुड अभिनेत्री हेजल कीच से शादी की थी। श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार रहे उपस्थित कार्यक्रम की शुरुआत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हजूरी में पूरी मर्यादा के साथ हुई। भाई मनदीप सिंह भामिया वालों ने अपने मधुर कीर्तन से संगतों को निहाल किया। कीर्तन के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार रघबीर सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में संत बाबा राम सिंह जी की शिक्षाओं को याद करते हुए सेवा और सिमरन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने गुरुओं के दिखाए मार्ग पर चलने और समाज सेवा को धर्म समझने का संदेश दिया। कुलविंदर कौर ने भी संगत को संबोधित किया समागम के दौरान बाबा जी की आध्यात्मिक बेटी कुलविंदर कौर ने भी संगत को संबोधित किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को संत बाबा राम सिंह जी के दिखाए रास्ते पर चलने और सच्चे जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर लगाया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और भाईचारे की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

90 हजार भक्तों ने किए मां शारदा के दर्शन:नवरात्रि के तीसरे दिन करीब 80 हजार लोग सीढ़ियां चढ़कर पहुंचे दरबार

90 हजार भक्तों ने किए मां शारदा के दर्शन:नवरात्रि के तीसरे दिन करीब 80 हजार लोग सीढ़ियां चढ़कर पहुंचे दरबार

चैत्र नवरात्रि के तीसरे दिन शनिवार को मैहर की मां शारदा देवी के दरबार में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। देशभर से आए श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए और अपनी मन्नतें मांगीं। भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन की चौकस व्यवस्था के चलते भक्तों को दर्शन करने में कोई परेशानी नहीं हुई। प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को कुल 89,936 श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन किए। भक्तों ने अपनी सुविधा के अनुसार अलग-अलग रास्तों का चुनाव किया। सबसे ज्यादा 79,413 भक्त सीढ़ियों के रास्ते मंदिर पहुंचे। 3,200 श्रद्धालुओं ने उड़नखटोले (रोपवे) का आनंद लेते हुए दर्शन किए। 1,323 भक्तों ने वैन के जरिए मंदिर तक का सफर तय किया। सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजाम सीढ़ी मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक हर जगह पुलिस और मंदिर समिति के लोग मुस्तैद रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए खास इंतजाम किए गए थे, जिससे कहीं भी अफरा-तफरी का माहौल नहीं बना। प्रशासन ने भक्तों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की हैं ताकि नवरात्रि के नौ दिनों तक श्रद्धालु बिना किसी रुकावट के शांतिपूर्वक दर्शन कर सकें।

चैत्र नवरात्रि शुरू, पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा:नरसिंहपुर के सदर मड़िया मंदिर में मांगी हर मुराद पूरी होती; दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु

चैत्र नवरात्रि शुरू, पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा:नरसिंहपुर के सदर मड़िया मंदिर में मांगी हर मुराद पूरी होती; दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु

चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व आज गुरुवार से शुरू हो गया है। पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह की पहली किरण के साथ ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। नरसिंहपुर शहर के प्राचीन सदर मड़िया मंदिर में भी आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मां को जल अर्पित कर पूजा की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मान्यता है कि मांगी गई हर मुराद पूरी होती मंदिर को लेकर लोगों में गहरी आस्था है कि यहां मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। इसी कारण दूर-दूर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मनोकामना पूर्ण होने पर भक्त घट-कलश स्थापना भी कराते हैं। मंदिर के पुजारी मोहित कृष्ण शास्त्री ने बताया कि चैत्र नवरात्रि का पहला दिन हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इस नौ दिवसीय पर्व में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। उन्होंने ब्रह्म पुराण का हवाला देते हुए कहा कि इसी कालखंड में ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना प्रारंभ की थी, इसलिए इस पर्व का विशेष महत्व है। सच्ची श्रद्धा से मां भगवती सभी मनोकामनाएं पूर्ण करतीं पुजारी ने आगे कहा कि यदि कोई भक्त सच्चे मन और श्रद्धा से मां भगवती का स्मरण करता है, तो मां उसकी पुकार अवश्य सुनती हैं और उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। यही कारण है कि देशभर में चैत्र नवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।

Rinku Singh Mathura Visit | Bagulamukhi Devi Temple Blessings; Nation Wishes

Rinku Singh Mathura Visit | Bagulamukhi Devi Temple Blessings; Nation Wishes

मथुरा2 दिन पहले कॉपी लिंक टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह सोमवार को मथुरा पहुंचे। उन्होंने बगलामुखी देवी मंदिर में दर्शन किए। यहां पूजा-अर्चना कर मां भगवती का आशीर्वाद लिया। रिंकू सिंह ने कहा- मैंने टीम के विश्वकप जीतने की मां से कामना की थी। मां बगलामुखी के आशीर्वाद से हम टी-20 वर्ल्ड कप जीत गए। रिंकू करीब 45 मिनट तक मंदिर में रहे। इस दौरान उनके साथ भाजपा नेता योगेश द्विवेदी भी थे। भारत ने 8 मार्च को गुजरात के अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से शिकस्त दी थी। वर्ल्ड कप के बीच ही रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया था। जिसके बाद रिंकू पिता के अंतिम संस्कार में अलीगढ़ आए थे। 2 तस्वीरें देखिए… रिंकू सिंह ने टी-20 विश्वकप जीत के लिए मां बगलामुखी से कामना की थी। रिंकू सिंह के साथ UP रणजी टीम के सदस्य अंश द्विवेदी भी दर्शन करने पहुंचे। बीजेपी नेता ने रिंकू का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया रिंकू सिंह सबसे पहले छटीकरा स्थित पूर्व पालिका अध्यक्ष पुष्पा शर्मा के फार्म हाउस पहुंचे। यहां पुष्पा शर्मा और भाजपा नेता पंडित योगेश द्विवेदी ने शॉल ओढ़ाकर रिंकू का सम्मान किया। दोनों ने रिंकू सिंह और भारतीय टीम को विश्वकप जीत की बधाई दी। इसके बाद रिंकू योगेश द्विवेदी के साथ दोपहर करीब 12 बजे पुराने बस स्टैंड के पास स्थित मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे। यहां पर सेवायत नीरज चतुर्वेदी उन्हें पूजा के लिए मंदिर के अंदर ले गए। रिंकू ने मां को पहले पुष्प अर्पित किए, फिर भोग लगाने के बाद दीपक जलाया। पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रिंकू सिंह को विशेष पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान रिंकू ने परिवार की सुख-समृद्धि के साथ-साथ देशवासियों की खुशहाली की कामना की। रिंकू सिंह बोले- वर्ल्ड कप जीतने के बाद अब मां के दर्शन करने आया हूं। रिंकू ने फैंस के साथ फोटो खिंचाईं रिंकू सिंह की एक झलक पाने के लिए मंदिर के बाहर भीड़ लग गई। वह जैसे ही दर्शन करके बाहर निकले, फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। रिंकू ने कहा कि देशवासियों और ब्रजवासियों से हम लोगों को बहुत प्रेम मिला है। हम इसे कभी नहीं भूल पाएंगे। रिंकू के साथ उत्तर प्रदेश की रणजी टीम के सदस्य अंश द्विवेदी भी थे। मंदिर में पूजा करने के बाद रिंकू सिंह ईंधन स्टेशन पहुंचे। यहां इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय अधिकारी लक्की गौतम ने उन्हें बुके भेंट किया। ​वर्ल्ड कप के 5 मैचों में मौका मिला रिंकू सिंह को 2024 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के स्क्वॉड में जगह नहीं मिली थी। वे ट्रैवलिंग रिजर्व थे। लेकिन, इस टी-20 वर्ल्ड कप में उन्हें मौका मिला। उन्होंने भारत के लिए अपना पहला वर्ल्ड कप खेला। टूर्नामेंट में उन्होंने 5 मैच खेले, जिसमें कुल 24 रन बनाए। पिता के अंतिम संस्कार के बाद रिंकू सिंह श्मशान घाट से घर लौट रहे थे। उस वक्त उनकी आंखों में आंसू थे। 27 फरवरी को रिंकू के पिता खानचंद नहीं रहे रिंकू के पिता खानचंद सिंह का 27 फरवरी की सुबह 4.36 बजे अलीगढ़ में निधन हो गया था। उनके पिता फोर्थ स्टेज लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। वह 60 साल के थे। रिंकू पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने अलीगढ़ पहुंचे। पिता के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद रिंकू ने टीम इंडिया को जॉइन किया। विश्वकप जीतने के बाद रिंकू सिंह ने अपने दिवंगत पिता के लिए इमोशनल पोस्ट किया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था- पापा आज ट्रॉफी हाथ में है। बस आप साथ नहीं हो। आपका सपना पूरा हो गया। रिंकू सिंह ने आगे लिखा- ‘आपसे बात किए बिना इतने दिन कभी नहीं निकले। मुझे नहीं पता आगे की जिंदगी आपके बिना कैसे चलेगी। पर मुझे हर कदम पर आपकी जरूरत पड़ेगी। आपने सिखाया था कि फर्ज सबसे आगे है। तो फील्ड पर बस आपका सपना पूरा करने की कोशिश कर रहा था। अब आपका सपना पूरा हो गया है, तो बस यही लगता है कि काश आप मेरे पास होते। हर छोटी-बड़ी खुशी में आपकी कमी खलेगी। बहुत मिस करूंगा आपको पापा। बहुत ज्यादा।’ रिंकू-प्रिया सरोज की 2025 में सगाई हुई, IPL के बाद शादी होनी है रिंकू और सपा सांसद प्रिया सरोज की सगाई हो चुकी है। दोनों इसी साल जून, 2026 में 7 फेरे लेने वाले हैं। पिछले साल लखनऊ में रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी हुई थी। सूत्रों का कहना है कि पिता के निधन के बाद रिंकू की शादी की तारीख पर परिवार फिर से विचार कर सकता है। यह तस्वीर 6 अगस्त 2025 की है। इस दिन रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई हुई थी। रिंकू के माता-पिता के साथ सपा चीफ अखिलेश यादव भी मौजूद थे। मई में हो सकती है रिंकू-प्रिया की शादी इससे पहले दो बार रिंकू-प्रिया की शादी की तारीख आगे बढ़ी थी। 18 नवंबर, 2025 को पहली तारीख तय हुई, लेकिन क्रिकेट सीरीज के कारण टल गई। ​फरवरी, 2026 को दूसरी तारीख निकली, लेकिन वर्ल्ड कप के चलते कैंसिल करनी पड़ी। रिंकू के बड़े भाई सोनू सिंह ने बताया था कि IPL, 26 मार्च से 31 मई के बीच प्रस्तावित है। जब रिंकू IPL से फ्री होंगे, तभी शहनाई बजेगी। शादी काशी में होगी। रिसेप्शन अलीगढ़ में रखा जाएगा। ………… ये खबर भी पढ़िए- BCCI टीम इंडिया को ₹131 करोड़ देगा:यह पैसा खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ मे बंटेगा; भारत तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपए के इनाम का ऐलान किया है। यह पैसा खिलाड़ियो और सपोर्ट स्टाफ में बंटेगा। भारत ने रविवार को टी-20 वर्ल्ड चैंपियन का खिताब अपने नाम किया था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया और ट्रॉफी जीती थी। इसके साथ ही टीम इंडिया ने अपना खिताब बरकरार रखा और टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई। पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔ खबरें और भी हैं…

असम के सीएम ने किए पीतांबरा पीठ में दर्शन:मां बगलामुखी से देश में सुख-समृद्धि की कामना, वनखंडेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

असम के सीएम ने किए पीतांबरा पीठ में दर्शन:मां बगलामुखी से देश में सुख-समृद्धि की कामना, वनखंडेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

दतिया में असम के मुख्यमंत्री हिमन्त विश्व शर्मा सोमवार दोपहर दतिया पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में मां बगलामुखी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने पीठ परिसर में स्थित वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री विशेष विमान से दतिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे सड़क मार्ग से पीतांबरा पीठ पहुंचे। जिला प्रशासन के अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। बोले- असम में फिर भाजपा सरकार बनेगी दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में हिमन्त विश्व शर्मा ने कहा कि उन्होंने मां बगलामुखी से देश में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की है। वहीं असम में आगामी चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। गौरतलब है कि दतिया स्थित पीतांबरा पीठ में विराजमान मां बगलामुखी को शक्ति की विशेष स्वरूप माना जाता है। राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई नेता चुनाव या महत्वपूर्ण निर्णयों से पहले यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में असम में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री हिमन्त विश्व शर्मा का यहां आना भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।