India vs England 1st T20 LIVE Score Update Shreyas Iyer Vaibhav Sooryavanshi Prince Yadav

स्पोर्ट्स डेस्क22 मिनट पहले कॉपी लिंक भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 9:30 बजे होगा। मुकाबले पर बारिश का साया भी है। यहां करीब 80% बारिश की संभावना जताई गई है। आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली भारतीय टीम जीत के साथ नए अभियान की शुरुआत करना चाहेगी। सीरीज से पहले सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर हो रही है। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने उनके डेब्यू के सवाल पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। टीम संयोजन पूरी तरह निजी मामला है और हम अपनी रणनीति विरोधी टीम के सामने नहीं रख सकते। सूर्यवंशी बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। जब भी उन्हें मौका मिलेगा, मुझे पूरा भरोसा है कि वे शानदार प्रदर्शन करेंगे। भारत ने 30 में से 18 मैच जीते भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 30 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 18 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। हालांकि, इंग्लैंड की सरजमीं पर मेजबान टीम का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। वहां खेले गए 9 मैचों में भारत को 4 जीत, जबकि इंग्लैंड को 5 जीत मिली हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 9 टी-20 सीरीज खेली गई हैं। इनमें भारतीय टीम ने 5 सीरीज जीती हैं, जबकि इंग्लैंड ने 3 सीरीज अपने नाम की हैं। एक सीरीज ड्रॉ रही। भारत ने पिछली पांच सीरीज लगातार जीती। ईशान इस साल टीम के टॉप स्कोरर भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस साल बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 2026 में अब तक कुल 15 मुकाबले में 545 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 199.63 का है। अर्शदीप सिंह के लिए भी यह साल विकेटों के लिहाज से शानदार रहा है। अर्शदीप ने साल 2026 में अब तक 14 मैच खेले हैं और कुल 21 विकेट अपने नाम किए हैं। हालांकि उनका इकोनॉमी रेट 8.98 का रहा है। जैकब बेथेल एक शतक लगा चुके हैं मेजबान इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने इस साल अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। बेथेल ने 2026 में अब तक 11 मैच खेले हैं और 143.19 के स्ट्राइक रेट से 305 रन बनाए हैं। उनके नाम इस साल एक शतकीय पारी भी दर्ज है। इंग्लैंड के अनुभवी लेग स्पिनर आदिल रशीद ने साल 2026 में 11 मुकाबले खेले हैं और 18 विकेट चटकाए हैं। भारतीय टीम यहां पहली बार खेलेगी इंग्लैंड के चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड स्टेडियम की पिच संतुलित मानी जाती है। यहां गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है, लेकिन तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है। नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट देखने को मिल सकता है, जिसका फायदा गेंदबाज उठा सकते हैं। यहां अब तक 5 टी-20 मैच खेले गए हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 3 और चेज करने वाली टीम ने 2 मैच जीते हैं। भारतीय टीम यहां पहली बार खेलेगी। पॉसिबल प्लेइंग इलेवन भारत: संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सुर्यांश शेडगे, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रिंस यादव/वरुण चक्रवर्ती। इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम करन, लियम डॉसन, सोनी बेकर/ल्यूक वुड, साकिब महमूद, आदिल रशीद। कहां देखें मुकाबला? भारत में मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर देखा जा सकता है। वहीं, मैच के लाइव अपडेट्स दैनिक भास्कर ऐप पर उपलब्ध रहेंगे। ——————————————— भारतीय क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम घोषित, वर्ल्डकप हारने वाली दो खिलाड़ी बाहर अगले महीने जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। सिलेक्टर्स ने हरमनप्रीत कौर को ही कप्तान और स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया है। पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔ खबरें और भी हैं…
PoK Protests Intensify; Shaukat Nawaz Arrested, 600+ JAAC Leaders Detained

मुजफ्फराबाद9 मिनट पहले कॉपी लिंक पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन तेज हो गए हैं। मंगलवार को रावलकोट के ईदगाह ग्राउंड में हजारों लोग जुटे। उन्हेंने ऐलान किया कि PoK पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है। यह आंदोलन जम्मू-कश्मीर अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) की अगुआई में चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, JAAC के प्रमुख नेता शौकत नवाज मीर को दो साथियों के साथ धीरकोट के सांगर फत्तारे इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। PoK में JAAC के 600 से ज्यादा नेता और कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है। शौकत नवाज मीर समेत JAAC के नेताओं की गिरफ्तारी की सूचना देने वालों के लिए पाकिस्तान सरकार ने ₹1 करोड़ के इनाम की घोषणा की थी। प्रदर्शनकारी बोले- हमें नहीं, पाकिस्तान को हमारी जरूरत प्रदर्शन के दौरान JAAC नेता सरदार अमन खान ने कहा, ‘हमें आपके राशन की जरूरत नहीं, आपको हमारी जरूरत है। अगर जरूरी सामान की सप्लाई बंद रही तो लोग जिंदा रहने के लिए दूसरा रास्ता चुनने को मजबूर होंगे।’ उनका आरोप है कि पाकिस्तान सरकार आंदोलन को दबाने के लिए जानबूझकर जरूरी सामान की सप्लाई रोक रही है। महंगाई से शुरू हुआ आंदोलन, अब राजनीतिक मुद्दा बना रिपोर्ट के मुताबिक, आंदोलन महंगाई, खाद्य संकट, बढ़ती कीमतों और स्थानीय प्रशासन के मुद्दों को लेकर शुरू हुआ था। अब यह पाकिस्तान सरकार के खिलाफ राजनीतिक विरोध का रूप ले चुका है। हाल ही में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने रावलाकोट और मीरपुर के लोगों को ‘असल कश्मीरी नहीं’ बताया था। इसके बाद विरोध और बढ़ गया। रिपोर्ट के मुताबिक, JAAC के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं पर आतंकवाद विरोधी कानून के तहत केस भी दर्ज किए गए हैं। सरकार ने 5 जून को JAAC पर आतंकवाद विरोधी कानून के तहत प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद से इलाके में तनाव लगातार बढ़ रहा है। इंटरनेट बंद, 22 मौतों का दावा रिपोर्ट के मुताबिक, जून की शुरुआत से PoK के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं सीमित हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ऐसा आंदोलन की तस्वीरें और वीडियो बाहर जाने से रोकने के लिए किया गया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले दो हफ्तों में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में कम से कम 22 लोगों की मौत हुई है। PoK में 27 जुलाई को चुनाव होंगे गिलगित-बाल्टिस्तान के बाद 27 जुलाई को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK ) में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। PoK की विधानसभा में कुल 53 सीटें हैं। इनमें से 45 सीटों पर सीधे चुनाव होता है, जबकि 8 सीटें महिलाओं, तकनीकी विशेषज्ञों और धार्मिक विद्वानों के लिए आरक्षित हैं। दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔ खबरें और भी हैं…









