भैंसदेही पुलिस ने कार से लाखों की अवैध शराब जब्त:एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार; कार्रवाई जारी

बैतूल। भैंसदेही पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 लाख 44 हजार रुपये से अधिक मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर की गई, जिन्होंने जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि धामनगांव की ओर से एक स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक MP 04 CK 5106) में भारी मात्रा में शराब भैंसदेही की ओर लाई जा रही है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन में सवार एक व्यक्ति संगीत अमरुते निवासी चिचोलीढाना को गिरफ्तार कर लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 30 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 262.64 लीटर है। जब्त शराब का अनुमानित मूल्य 3 लाख 44 हजार 112 रुपये आंका गया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन सहित शराब को जब्त कर आरोपी संगीत अमरुते के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर के नेतृत्व में उप निरीक्षक आशीष कमरे, आरक्षक नारायण जाट और तनवीर खान की टीम शामिल थी। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विशेष निगरानी रख रही है और हर स्तर पर तत्पर है।
शिवपुरी में आरक्षक से अभद्रता पर आरोपियों का जुलूस:केस दर्ज, कान पकड़कर थाने से कोर्ट तक पैदल घुमाया

शिवपुरी शहर में पुलिस आरक्षक से अभद्रता करने वाले दो आरोपियों का पुलिस ने जुलूस निकाला। देहात थाना पुलिस दोनों आरोपियों को कान पकड़कर माफी मंगवाते हुए थाना परिसर से न्यायालय तक पैदल ले गई। यह घटना झांसी तिराहा स्थित शराब की दुकान के पास हुई थी। जुलूस के दौरान, दोनों आरोपी कान पकड़कर “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” कहते हुए चल रहे थे। उन्हें थाना परिसर से झांसी तिराहा और गुरुद्वारा मार्ग होते हुए कोर्ट तक ले जाया गया। रास्ते भर यह नजारा देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा रही। यह मामला शनिवार को झांसी तिराहा स्थित शराब की दुकान के पास हुआ था। झगड़े के दौरान बीचबचाव करने पहुंचे आरक्षक राहुल चौहान से आरोपियों ने गालीगलौज और धक्कामुक्की की थी। एक आरोपी ने कड़े से वार करने की कोशिश करते हुए कहा था कि “हाथ नहीं, हथौड़ा है…” और आरक्षक की वर्दी पकड़कर बटन तोड़ दिया था। इस मामले में आरोपियों की पहचान लवप्रीत सरदार और छोटू परिहार के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। देहात थाना प्रभारी ने बताया कि विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
दतिया में रेत भरने के विवाद में फायरिंग:ट्रैक्टर-लोडर पर लगी गोलियां, आरोपी फरार

दतिया जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र के बडौनकला गांव में रेत भरने को लेकर शुक्रवार रात विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ दबंगों ने खुलेआम फायरिंग कर दहशत फैला दी। चिरोली निवासी आनंद दांगी के ट्रैक्टर और पास खड़े लोडर पर गोली चलाई गई। फायरिंग में ट्रैक्टर की ट्रॉली और टायर तथा लोडर के टायर क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार आनंद दांगी अपने ट्रैक्टर (MP 32 ZC 2951) से चालक उदयभान परिहार के साथ रेत भरने बडौनकला पहुंचे थे। वे गोरियन के खेत में ट्रॉली भरने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान रोहित बौहरे, फुन्नू पोरिया, अतर सिंह पाल, भरत पाल, करन गुर्जर और गोलू पटेल वहां पहुंचे और ट्रैक्टर हटाने को कहा। रॉयल्टी कटवाने की बात पर बहस हुई आनंद ने बताया कि वह रॉयल्टी कटवाकर रेत ले जा रहे हैं। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और हवाई फायरिंग कर दी। गोली ट्रैक्टर के पीछे के टायर और ट्रॉली में लगी, जबकि पास में खड़े लोडर के टायर भी क्षतिग्रस्त हो गए। लोडर को जीतेन्द्र रावत चला रहे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गोराघाट टीआई रमेश शाक्य ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीहोर में 9 साल की बेटी की हत्या:मां और उसका प्रेमी गिरफ्तार; प्रेम प्रसंग में रोड़ा बन रही थी, इसलिए रची थी साजिश

सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरी में 9 वर्षीय बालिका राधिका की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने उसकी मां और मां के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने अपने प्रेम प्रसंग में बाधा बनने के कारण 17 फरवरी को साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया था। वर्तमान में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, ग्राम बाबरी निवासी सुषमा यदुवंशी ने रेहटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने अपनी शिकायत में बताया था कि उसकी 9 वर्षीय बेटी राधिका की किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला घोंटकर हत्या कर दी है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू की थी। पुलिस की पूछताछ में प्रेमी ने कबूला जुर्म सीहोर के पुलिस अधीक्षक (SP) दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान उपनिरीक्षक नंदराम अहिरवार और उनकी टीम ने ग्राम बाबरी पहुंचकर संदिग्ध आरोपी राहुल यदुवंशी (35) से पूछताछ की। पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसका मृतका की मां सुषमा यदुवंशी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और राधिका उनके मिलने में बाधा बनती थी। साजिश के तहत मां गई काम पर, प्रेमी ने घोंटा गला आरोपी राहुल के अनुसार, उसने और सुषमा ने मिलकर राधिका की हत्या की साजिश रची थी। योजना के तहत सुषमा ने राहुल से कहा था कि वह 17 फरवरी को सुबह 9 बजे मजदूरी करने के लिए ढाबे पर चली जाएगी, तब राधिका घर पर अकेली होगी। इसी तय योजना के अनुसार, राहुल 17 फरवरी को दिन में 11:30 बजे सुषमा के घर में घुसा और वहां अकेली राधिका की लेगी (Legging) से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। दोनों आरोपी गिरफ्तार वारदात की पूरी साजिश का खुलासा होने के बाद पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल यदुवंशी (36), पिता रामगोपाल यदुवंशी और सुषमा यदुवंशी (35), पति स्व. मेहताब सिंह यदुवंशी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरी के निवासी हैं।
रायसेन में संतान सुख का झांसा देकर ठगी:पूजा के बहाने अफसर की पत्नी से लाखों के जेवर लेकर महिला फरार

रायसेन की शीतल सिटी कॉलोनी में शनिवार को ठगी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां संतान प्राप्ति का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला ने अधिकारी की पत्नी से लाखों रुपए के जेवर ठग लिए और फरार हो गई। घटना वित्त विभाग में पदस्थ असिस्टेंट डायरेक्टर ध्रुव पटेल के निवास की है। उनकी पत्नी मिथिलेश उस समय घर पर अकेली थीं। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला भिक्षा मांगने उनके घर पहुंची। गेट पर ही भिक्षा देने से इनकार करने पर महिला ने बाहर आकर देने या अंदर बुलाने की बात कही। सहज विश्वास में आकर मिथिलेश ने उसे घर के भीतर बुला लिया। संतान सुख और पूजा-पाठ का दिया लालच घर के अंदर पहुंचते ही आरोपी महिला ने संतान प्राप्ति और विशेष पूजा-पाठ का जिक्र शुरू किया। उसने दावा किया कि खास अनुष्ठान से घर में खुशियां आएंगी और इसी बहाने मिथिलेश को अपने भरोसे में ले लिया। पूजा के नाम पर पहले गले में पहना एक मंगलसूत्र उतरवाया, फिर दूसरा मंगलसूत्र और एक सोने की अंगूठी भी मंगवा ली। जैसे ही मौका मिला, बुजुर्ग महिला जेवर लेकर चुपचाप घर से निकल गई। कुछ देर बाद मिथिलेश को ठगी का एहसास हुआ, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि, पुलिस को यह भी पता चला है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे पहले ही चोरी हो चुके हैं, जिससे आरोपी की पहचान में दिक्कत आ रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अजनबी को घर में प्रवेश देने से पहले सतर्क रहें। विशेष रूप से पूजा-पाठ, संतान सुख या किसी चमत्कार का लालच देने वाले लोगों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Katni Mobile Shop Theft | Rs 5 Lakh Looted; CCTV Footage Surfaces

कटनी सब्जी मंडी में 5 लाख के मोबाइल चोरी हो गए हैं। घटना का CCTV सामने आया है। कटनी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में चोरों ने एक मोबाइल दुकान से करीब 5 लाख रुपए मूल्य के 32 मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। वारदात शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की है। दरअसल, तीन नकाबपोश चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर घटना को अंजाम दिया। . शटर का ताला तोड़ दुकान में घुसे चोर दुकान संचालक गांधी हिंदुजा शुक्रवार रात अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। रात करीब 2:30 बजे तीन चोर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने शटर को किसी औजार की मदद से मोड़कर दुकान में प्रवेश किया और महंगे हैंडसेट चुरा लिए। सुबह सफाई कर्मियों ने टूटे शटर को देखकर दुकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते हुए कैद हो गए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों ने औजार की मदद से शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात की। पुलिस पर रात्रि गश्त न करने का लगाया आरोप इस घटना से सब्जी मंडी के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का आरोप है कि रात के समय इलाके में पुलिस गश्त न के बराबर होती है। उनका कहना है कि मंडी क्षेत्र में रात भर चहल-पहल रहती है, फिर भी चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस व्यावसायिक क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी चोरियों को रोका जा सके। कोतवाली पुलिस उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।








