Monday, 20 Apr 2026 | 09:02 AM

Trending :

EXCLUSIVE

धार में कांग्रेस नेता गोपाल पाल पर कार्रवाई:भड़काऊ पोस्ट के आरोप पर केस दर्ज, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

धार में कांग्रेस नेता गोपाल पाल पर कार्रवाई:भड़काऊ पोस्ट के आरोप पर केस दर्ज, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

धार में सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में कांग्रेसी नेता गोपाल पाल के खिलाफ कार्रवाई की गई है। बुधवार को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर तहसीलदार के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने का निर्देश दिया गया। हालांकि, जेल भेजे जाने से पहले उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने गोपाल पाल के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में की गई। जानकारी के अनुसार, गोपाल पाल लगातार सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज, देवी-देवताओं और आरएसएस के संबंध में आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां कर रहे थे। इन पोस्ट्स के कारण समाज में आक्रोश और तनाव की स्थिति बन रही थी। इस मामले में ब्राह्मण समाज के चेतन शर्मा और दिनेश सोनवानिया ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। ब्लड प्रेशर बढ़ा डॉक्टरों के मुताबिक, गोपाल पाल का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ है। उन्हें फिलहाल आईसीयू में रखकर उपचार दिया जा रहा है। गोपाल पाल को मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का करीबी बताया जाता है। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पेट्रोल भरवाकर निकले ग्रामीण की बाइक में लगी आग:कुछ ही मिनटों में पूरी बाइक जलकर खाक, अचानक बंद हुई दोबारा चालू करने पर निकला धुआं

पेट्रोल भरवाकर निकले ग्रामीण की बाइक में लगी आग:कुछ ही मिनटों में पूरी बाइक जलकर खाक, अचानक बंद हुई दोबारा चालू करने पर निकला धुआं

राजगढ़ जिले के जीरापुर में पेट्रोल पंप से लौट रहे एक ग्रामीण की बाइक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बाइक जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार, तमौलिया गांव निवासी तरवर सिंह सोधिया बुधवार शाम करीब 5 बजे पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर निकले थे। कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक अचानक बंद हो गई। जब उन्होंने दोबारा स्टार्ट करने का प्रयास किया, तो बाइक से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग बुझाने की कोशिश नाकाम रही आग बढ़ती देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना एक छात्रावास के नजदीक हुई, जिससे वहां मौजूद लोग भी मौके पर जमा हो गए। कुछ लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले चुकी थी। सूचना मिलने पर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन बाइक मालिक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही।

मंडला में 8 एकड़ गेहूं की फसल जली:शॉर्ट सर्किट से तिन्दुआ बम्हनी में हादसा; प्रशासनिक अमले ने शुरू किया सर्वे

मंडला में 8 एकड़ गेहूं की फसल जली:शॉर्ट सर्किट से तिन्दुआ बम्हनी में हादसा; प्रशासनिक अमले ने शुरू किया सर्वे

मंडला जिले की नैनपुर तहसील के ग्राम तिन्दुआ बम्हनी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग से 8 एकड़ में खड़ी गेहूं की तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। ग्रामीणों ने किया बुझाने का प्रयास यह आग मोहम्मद इकलाख खान के खेत में लगी थी। दोपहर के समय अचानक उठी लपटों को देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कुएं और बोरवेल के पंप चालू कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते 8 एकड़ की फसल जल गई। आसपास की फसल कटी होने से आगे नहीं बढ़ी स्थानीय निवासी जहीर खान ने बताया कि आसपास के अधिकांश खेतों की फसल पहले ही काटी जा चुकी थी। खाली खेत होने के कारण आग आगे नहीं बढ़ पाई, अन्यथा गांव के अन्य किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था। हाई टेंशन लाइन से स्पार्किंग की आशंका आग लगने की प्राथमिक वजह खेत के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन को माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि तारों के आपस में टकराने या पेड़ों की टहनियों से रगड़ खाने के कारण निकली चिंगारी ने सूखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। प्रशासनिक अमले ने शुरू किया सर्वे घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नैनपुर एसडीएम को सूचित किया गया। प्रशासनिक निर्देश पर पटवारी और अन्य राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का पंचनामा तैयार किया है। प्रशासन अब आग के वास्तविक कारणों की जांच कर रहा है ताकि पीड़ित किसान को उचित सहायता दी जा सके।

साइबर ठगी करने वाला मुंबई से पकड़ाया:कटनी की संस्था को डोनेशन दिलाने का झांसा दिया था; अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार

साइबर ठगी करने वाला मुंबई से पकड़ाया:कटनी की संस्था को डोनेशन दिलाने का झांसा दिया था; अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार

कटनी पुलिस ने मुंबई से एक ऐसे युवक को पकड़ा है, जो ठगी के करोड़ों रुपए ठिकाने लगाने का काम करता था। इस गिरोह ने देशभर के लोगों से 4.26 करोड़ रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी की और उस पैसे को अलग-अलग खातों में खपा दिया। कटनी के राजेंद्र विश्वकर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि जीशान नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें झांसा दिया था। जीशान ने कहा था कि वह उनकी संस्था (आर्यवत शिक्षा समिति) को मोटा डोनेशन दिला देगा। इसके बाद राजेंद्र को बैंक से कॉल आया कि आपके खाते से कई बार लाखों के ट्रांजेक्शन हो रहे हैं। इसके बाद राजेंध्र ने पुलिस को सूचना दी थी। इसी लालच में आकर राजेंद्र ने अपने बैंक खाते की जानकारी उसे दे दी। बाद में पता चला कि ठगों ने इसी खाते का इस्तेमाल देशभर से ठगे गए 4.26 करोड़ रुपए इधर-उधर करने के लिए किया। 60 हजार की नौकरी पर ठगी का पैसा संभालता था अभिषेक पुलिस ने मुंबई के अंधेरी इलाके से 25 साल के अभिषेक नार्कर को गिरफ्तार किया है। अभिषेक ने बताया कि वह दुबई में बैठे अपने साथियों के लिए काम करता था। उसका काम ठगी के पैसों को अलग-अलग खातों में घुमाना था, जिसके बदले उसे हर महीने 60 हजार रुपए मिलते थे। ये लोग मोबाइल में खास ऐप के जरिए दूसरों के बैंक खाते चलाते थे। दुबई में बैठे हैं असली खिलाड़ी जांच में सामने आया है कि इस पूरे कांड के असली मास्टरमाइंड अब्दुल सत्तार और प्रशांत पद्मने हैं। इन दोनों पर देशभर में ठगी के 54 से ज्यादा केस दर्ज हैं। ये दोनों फिलहाल दुबई में छिपे हैं और पुलिस ने इनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करवा रखा है। अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार इस मामले में पुलिस अब तक अभिषेक नार्कर समेत 4 लोगों को जेल भेज चुकी है। इससे पहले मोहम्मद जीशान, विकास तिवारी और चॉल्स रॉड्रिक को पकड़ा गया था। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।

निवाड़ी में नशे में टंकी पर चढ़ा लड़का:बोला- दादाजी 15 लाख की जमीन 5 लाख में बचे रहे, मैं जान देने यहां आया

निवाड़ी में नशे में टंकी पर चढ़ा लड़का:बोला- दादाजी 15 लाख की जमीन 5 लाख में बचे रहे, मैं जान देने यहां आया

निवाड़ी जिले के सिमराखास गांव में बुधवार को एक लड़का जमीन के विवाद को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। शराब के नशे में धुत महेंद्र कुशवाहा गले में फंदा डालकर जान देने की जिद कर रहा था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित नीचे उतारा। महेंद्र अचानक गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गया और रस्सी का फंदा गले में डालकर कूदने की धमकी देने लगा। गांव के लोगों ने उसे नीचे आने के लिए बहुत मनाया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। करीब एक घंटे तक वह ऊपर ही चढ़ा रहा और नीचे लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस ने ऊपर चढ़कर बचाया जब लगा कि लड़का गिर सकता है, तो थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राजपूत खुद अपनी टीम के साथ टंकी पर चढ़ गए। उन्होंने महेंद्र को पकड़ा और फंदे से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस उसे सही-सलामत नीचे लेकर आई। 15 लाख की जमीन 5 लाख में बिक रही थी महेंद्र ने बताया कि उसके दादाजी के पास सवा एकड़ जमीन है, जिसकी कीमत 15 लाख रुपए है। गांव के ही कुछ लोग उस जमीन को डरा-धमकाकर सिर्फ 5 लाख रुपए में खरीदना चाहते थे। महेंद्र ने अपने दादाजी को बहुत समझाया कि वे घाटे में जमीन न बेचें, लेकिन जब दादाजी नहीं माने तो उसने गुस्से में शराब पी और मरने के लिए टंकी पर चढ़ गया। पुलिस की फुर्ती की वजह से लड़के की जान बच गई और उसे उसके परिवार को सौंप दिया गया है।

नरसिंहपुर में हनुमान मंदिर से गहने-नकदी चोरी:जैन मंदिर का ताला नहीं तोड़ पाए चोर, ट्रस्टी बोले-CCTV में दिखे दो संदिग्ध

नरसिंहपुर में हनुमान मंदिर से गहने-नकदी चोरी:जैन मंदिर का ताला नहीं तोड़ पाए चोर, ट्रस्टी बोले-CCTV में दिखे दो संदिग्ध

नरसिंहपुर के तेंदूखेड़ा में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात चोरों ने दो मंदिरों को निशाना बनाया। इस घटना में हनुमान मंदिर से लाखों रुपए के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई, जबकि जैन मंदिर में सेंध लगाने की कोशिश की गई। जैन मंदिर का ताला नहीं तोड़ पाए चोर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चोर पहले जैन मंदिर पहुंचे और ताले तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन मुख्य जिनालय में सफल नहीं हुए। इसके बाद वे नगर के बीच स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां चोरों ने ताले तोड़कर भगवान का श्रृंगार, चांदी के छत्र और दान पेटी में रखी नकदी चुरा ली। हनुमान मंदिर से गहने-नकदी चोरी मंदिर के ट्रस्टी और महामंत्री कमल जैन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1 बजे दो संदिग्ध मंदिर में घुसते दिखाई दिए। फुटेज के अनुसार, चोरों ने पहले मुख्य गेट से अंदर आकर मुनि सुब्रतनाथ जिनालय के ताले को लगभग पांच मिनट तक तोड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसके बाद वे बेसमेंट में पहुंचे, जहां का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चोरी को अंजाम दिया। एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तेंदूखेड़ा थाना के सब-इंस्पेक्टर अभिषेक जैन के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम, एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया है। अज्ञात चोरों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें भी गठित की गई हैं।

टीचर ने लिखा- अच्छी लगती हो, रूम पर आ जाओ:कॉलेज छात्रा को किए अश्लील मैसेज; भास्कर पर खबर चलने के बाद आरोपी बर्खास्त

टीचर ने लिखा- अच्छी लगती हो, रूम पर आ जाओ:कॉलेज छात्रा को किए अश्लील मैसेज; भास्कर पर खबर चलने के बाद आरोपी बर्खास्त

रीवा में पीएमश्री कॉलेज (मॉडल साइंस कॉलेज) के संविदा टीचर ने बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा को अश्लील मैसेज किए। लिखा- तुम मुझे अच्छी लगती हो। रूम पर आ जाओ। आनाकानी करने पर ये लिखकर धमकाया, ‘मैं नहीं चाहता कि कोई परेशानी हो तुम्हें। ठीक है, सोच लो फिर। तुम्हारा कोई मन हो तो मुझे बता देना।’ परेशान होकर छात्रा ने परिजन और दोस्तों को इसकी जानकारी दी। फिर कॉलेज प्रबंधन से शिकायत कर दी। मैसेज के स्क्रीन शॉट भी दिखाए। इस पर कॉलेज प्रबंधन ने जांच कमेटी बनाई। शिक्षक ने कमेटी के सामने अपनी गलती मांग ली। आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बुधवार को कॉलेज के स्टूडेंट्स ने विरोध प्रदर्शन किया। खबर चलने के डेढ़ घंटे के भीतर आरोपी पर एक्शन उच्च शिक्षा विभाग के संचालक आरपी सिंह ने फोन पर कहा- दैनिक भास्कर की खबर पर संज्ञान लेते हुए अमित साहू को सेवा से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी भास्कर में खबर देखने के बाद मिली। कॉलेज की ओर से उन्हें इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई थी और न ही यह मामला कहीं और से सामने आया था। उन्होंने तत्काल नई जांच टीम गठित करवाई। करीब डेढ़ घंटे के भीतर रिपोर्ट लेकर आरोपी पर एक्शन लिया। निजी बातचीत करने की कोशिश करता था टीचर छात्रा की शिकायत के मुताबिक, सागर निवासी अमित साहू (30) पिछले एक साल से कॉलेज में जियोग्राफी पढ़ा रहा है। पढ़ाई के दौरान वह छात्रा से निजी बातचीत करने की कोशिश करता था। पिछले महीने से वॉट्सएप पर मैसेज करने लगा। छात्रा ने बताया कि टीचर होने के कारण वह मजबूरी में जवाब देती रही। जब उसके इरादे गलत लगे, तो समझाने की कोशिश की। फिर भी अमित नहीं माना तो शिकायत कर दी। धमकी दी- मैसेज डिलीट कर दो, नहीं तो ठीक नहीं होगा पीड़िता के मुताबिक, जब शिकायत की बात अमित साहू तक पहुंची तो उसने धमकाते हुए कहा, ‘तुमने मेरा विश्वास तोड़ा है। अब किसी से कुछ मत कहो और सारे मैसेज डिलीट कर दो, नहीं तो ठीक नहीं होगा।’ कार्रवाई नहीं हुई तो स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन किया कॉलेज प्रबंधन ने 4 अप्रैल को जांच कमेटी गठित की। पीड़िता और दूसरे छात्रों ने इसके सामने सारी बात रखी। पूछताछ के दौरान अमित साहू ने कहा- गलती हो गई। आगे से ऐसा नहीं होगा। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों से कहा कि मामले को गोपनीय रखा जाए। जांच के बाद अमित पर कार्रवाई की जाएगी। बुधवार तक उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज पहुंचे। यहां प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेज प्रबंधन से मांगा जवाब पीएमश्री कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आरएन तिवारी ने कहा- कुछ छात्रों ने शिकायत की है। जिस पर तत्काल जांच कमेटी भी गठित कर दी गई थी। मामले में वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उच्च शिक्षा विभाग के संचालक आरपी सिंह ने मामले में कॉलेज प्रबंधन से जवाब भी मांगा है। ये खबर भी पढ़ें… प्रोफेसर ने बस में महिला से की अश्लील हरकत मैहर जिले में सतना से रामनगर जा रही एक बस में सोमवार को महिला यात्री से अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पीड़िता ने वीडियो बनाकर शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने अमरपाटन पीजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा के खिलाफ केस दर्ज किया है। पढे़ं पूरी खबर…

अवैध पत्थर परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने पत्थर से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी; खनिज विभाग को दी सूचना

अवैध पत्थर परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने पत्थर से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी; खनिज विभाग को दी सूचना

चंबल अंचल में सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद अवैध उत्खनन पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। माता बसैया थाना पुलिस ने खैरा कुतवार रोड पर चेकिंग के दौरान अवैध पत्थर का परिवहन करते हुए एक बिना नंबर की लाल रंग की महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अवैध खनन और पत्थर चोरी का मामला दर्ज किया है। वर्तमान में पुलिस ने इस मामले में अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सूचना दे दी है। चेकिंग के दौरान पकड़ी गई बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली माता बसैया पुलिस ने अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए खैरा कुतवार रोड पर चेकिंग पॉइंट लगाया था। इसी दौरान एक लाल रंग की महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली पत्थर भरकर आती दिखाई दी, जिस पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज नहीं था। पुलिस ने ट्रैक्टर को रोककर चालक से पत्थर परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह पुलिस को कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद पुलिस प्रशासन हुआ सख्त चंबल अंचल में अवैध पत्थर और रेत के उत्खनन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मीडिया की खबरों पर स्वतः संज्ञान लिया था। सुप्रीम कोर्ट ने अवैध खनन के मामले में प्रशासनिक भूमिका पर कड़ी टिप्पणी की थी। इसके बाद से ही एसपी के निर्देश पर जिले के पुलिस और प्रशासन द्वारा अवैध पत्थर और रेत परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी बोले- दो आरोपियों को किया गिरफ्तार माता बसैया थाना प्रभारी एसआई विवेक तोमर ने इस पूरी कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि, “अवैध पत्थर परिवहन करते ट्रेक्टर ट्रॉली पकड़ी है, और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।”

उमरिया में सुबह से तेज बारिश, गेंहू की फसलें बर्बाद:कटाई में देरी और रंग फीका पड़ने से भाव गिरने की आशंका

उमरिया में सुबह से तेज बारिश, गेंहू की फसलें बर्बाद:कटाई में देरी और रंग फीका पड़ने से भाव गिरने की आशंका

उमरिया में बुधवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश के कारण गेहूं की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, जिससे किसान चिंतित हैं। फसल कटाई में देरी और गेहूं का रंग फीका पड़ने की संभावना जताई जा रही है। पाली क्षेत्र में भी सुबह से हो रही बारिश जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में बुधवार सुबह 5 बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई, जो बाद में तेज बारिश में बदल गई। सुबह 8:30 बजे तक बारिश की तीव्रता और बढ़ गई। पाली क्षेत्र में भी सुबह से तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण लोगों को घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। दूध पहुंचाने वाले भी रेनकोट पहनकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। मौसम में आए इस बदलाव से जिले में ठंडक बढ़ गई है। किसान बोले-बारिश से गेहूं की फसलों का रंग होगा खराब बारिश से किसान विशेष रूप से चिंतित हैं। किसान गुड्डा ने बताया कि इस बारिश से सभी फसलों पर असर पड़ेगा, खासकर गेहूं की फसल का रंग खराब हो जाएगा। इससे बाजार में गेहूं का सही भाव नहीं मिल पाएगा। सुबह से आसमान में बादल भी छाए हुए हैं। जिले में 8 अप्रैल को लगभग 3 घंटे में 2.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। तापमान में भी गिरावट आई है; जहां 7 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस था, वहीं 8 अप्रैल को यह 19.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी रजनीश यादव के मुताबिक, जिले में बूंदाबांदी जारी रह सकती है।

विजयवर्गीय बोले-एसपी को बचाने अनुनय की थी दिग्विजय ने:विधानसभा समितियों के पावर विधानसभा जैसे, सदस्य चाहें तो अधिकारी की खाट खड़ी कर सकते हैं

विजयवर्गीय बोले-एसपी को बचाने अनुनय की थी दिग्विजय ने:विधानसभा समितियों के पावर विधानसभा जैसे, सदस्य चाहें तो अधिकारी की खाट खड़ी कर सकते हैं

संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा की समितियों को विधानसभा के बराबर बताते हुए कहा है कि इन समितियों के सदस्य और सभापति के अधिकार ऐसे हैं कि अधिकारी झुकने को मजबूर हो जाते हैं। विधायक यह न समझें कि समितियां कम पावर की होती हैं। मैं समिति का सदस्य रहने के दौरान स्टडी करके जब सवाल करता था तो अधिकारियों की खाट खड़ी हो जाती थी। समिति के तथ्यों को गंभीरता से रखा जाए तो ब्यूरोक्रेसी को सुनना पड़ता है। मंत्री विजयवर्गीय ने ये बातें मंगलवार को विधानसभा में विधानसभा की समितियों के सभापतियों और सदस्यों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहीं। विजयवर्गीय ने कहा कि विधानसभा की यह समिति जो होती हैं, इसके महत्व को आप विधायक लोग बढ़ा सकते हैं। समितियों की रिपोर्ट को सरकार भी गंभीरता से लेती है ब्यूरोक्रेसी को सुनना पड़ता है। एसपी-कलेक्टर ने बदसलूकी की तो तबके सीएम दिग्विजय सिंह ने जोड़े थे हाथ संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा जब वे पहली बार के विधायक थे तो विशेषाधिकार समिति में थे। उस समय सागर के कलेक्टर-एसपी ने विधायकों के साथ बदसलूकी की थी। तब एसपी को प्रताड़ित किया तो तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पर्सनली बात की थी और कहा था कि अधिकारी के जीवन में दाग लग जाएगा। उन्होंने बहुत अनुनय विनय की थी। दिग्विजय सिंह अनुनय विनय में माहिर थे। उन्होंने कहा था कि जो नाराजगी है, विधायक उनसे कह सकते हैं। तब जाकर सब माने थे। इसके बाद ब्यूरोक्रेसी में एक अच्छा मैसेज गया। विधानसभा की रिपोर्ट मानी जाती है समितियों की रिपोर्ट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जो महत्व विधानसभा का है वही महत्व विधानसभा की समिति का है। विधानसभा की समिति जो रिपोर्ट प्रस्तुत करती है वह विधानसभा की रिपोर्ट मानी जाती है। उन्होंने कहा कि पिछली बार विधानसभा अध्यक्ष से और पूर्व प्रमुख सचिव एपी सिंह से उन्होंने समितियों के कामकाज को लेकर पूछा था कि समितियों की क्या हाल हैं तो उन्होंने बताया था कि बहुत स्लो गति है। फिर हम लोगों ने तय किया कि एक बार बैठकर सभी कमेटी के लोगों से चर्चा करना चाहिए। विजयवर्गीय ने कहा कि इस समिति को आप बहुत छोटा नहीं समझें, हर समिति बड़ी महत्वपूर्ण होती है। आश्वासन समिति की रिपोर्ट को गंभीरता से लेती है सरकार मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि अभी मैंने पिछले दिनों अपने विभाग के आश्वासन समिति की रिपोर्ट का अध्ययन किया और एसीएस को कहा कि आश्वासन समिति की रिपोर्ट देखिए। इसके बाद बताया गया कि 95 प्रतिशत आश्वासन पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को समितियों की रिपोर्ट पर सुनना पड़ता है। जरूरी है कि आपकी समिति एक निर्णय ऐसा दे दे जो सिस्टम की गंभीरता से जुड़ा हो। विधायकों के विशेष अधिकार की सुरक्षा का ध्यान रखती है विशेषाधिकार समिति विजयवर्गीय ने कहा कि विशेष अधिकार समिति आपके अधिकारों की सुरक्षा का ध्यान रखती है। इसलिए विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष का दायित्व है कि वह हर 15 दिन में 10 दिन में बैठक करे। विधायक प्रॉपर तरीके से शिकायत करेंगे तो अधिकारियों पर कार्रवाई समिति कर सकती है। उन्होंने कहा कि मीटिंग में जाने से पहले एजेंडे को पढ़ना, समझना जरूरी है। सदस्य समिति की महत्व को समझेंगे और गंभीरता से लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे तो समितियों के परिणाम बहुत अच्छे आएंगे। समितियों की बैठक नियमित होने का लक्ष्य रखा जाना चाहिए-तोमर इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अगर सबसे बड़ी पंचायत लोकसभा है तो पंचायत व नगरीय निकाय छोटी इकाई हैं। विधानसभा पूरे राज्य का प्रतिनिधित्व करती है। विधानसभा की भूमिका मां की तरह होती है। जिस तरह मां अपने बच्चे को जन्म देती है, उसका लालन−पालन कर उसे देश के हित में तैयार करने की कल्पना करती है, ठीस उसी तरह हम भी विधानसभा को मां की भूमिका में देखेंगे तो हम भी अपने दायित्व को उसके संपूर्ण रूप में देख पाएंगे। तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश के विधायी इतिहास में विधानसभा की समितियों ने उल्लेखनीय कार्य किया है। मगर बीते कुछ वर्षों में कुछ सदस्य लगातार इन समितियों की बैठकों में अनुपस्थित रहे। इस पर चिंतन की आवश्यकता बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि समितियों की बैठक नियमित होने का लक्ष्य रखा जाना चाहिए। एक वर्ष में कम से कम 12 बैठकें होने की अपेक्षा है। समिति की बैठक होने से विधानसभा के कार्य व्यवहार में सुधार की संभावना होगी। समितियों की बैठक का यदि परिणाम नहीं भी निकलता है तो भी अध्ययन प्रक्रिया से हमारा ज्ञान समृद्ध होगा। सदस्यों के आचरण पर चिंतन की जरूरत- सीएम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में कुछ सदस्यों के आचरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार कुछ सदस्य दायरे के बाहर जाकर कार्य कर जाते हैं। सकारात्मक आलोचना का स्वागत है, लेकिन इस तरह का आचरण अपेक्षित नहीं होता। ऐसे में संसदीय समितियों का बड़ा महत्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के संसदीय ज्ञान व नवाचारों के माध्यम से मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्यवाहियां संसदीय इतिहास की परंपरा को समृद्ध करेगी। समितियों की संयुक्त बैठक को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी संबोधित किया। आभार प्रदर्शन प्राक्कलन समिति के सभापति अजय विश्नोई ने किया। इस बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा की कुल 21 समितियों के सभापति एवं सदस्यगण तथा मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा एवं सचिवालय के अधिकारीगण उपस्थित थे।