भगवान अजीतनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव:श्रद्धालुओं ने किया केसर, गुलाब से पक्षाल; बंधु त्रिपुटी महाराजश्री रहे उपस्थित

आगर मालवा के जैन अजीतनाथ मंदिर में भगवान अजीतनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया और मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आया। महोत्सव के दौरान मुंबई के भयंदर से आए गिरनारी ग्रुप ने विशेष आयोजन किया। इसमें केसर, गुलाब सहित विभिन्न जड़ी-बूटियों और पवित्र द्रव्यों से भगवान अजीतनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पक्षाल (अभिषेक) किया गया। इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से अभिभूत कर दिया। कल्याणक में महाराजश्री ने श्रद्धालुओं को प्रेरित किया यह मोक्ष कल्याणक महोत्सव सोमवार सुबह करीब 10 बजे प्रारंभ हुआ। इसमें बंधु त्रिपुटी महाराजश्री-आगमरत्न, प्रशमरत्न एवं वज्ररत्न सागर महाराज की पावन उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनके सान्निध्य में संपन्न हुए कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को धर्म और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर वज्ररत्न सागर महाराज ने अपने प्रवचनों में दान, शील, तप और प्रभु भक्ति को मोक्ष प्राप्ति के सच्चे मार्ग बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं को संयम, साधना और आत्मचिंतन का महत्व समझाते हुए धर्ममय जीवन अपनाने का संदेश दिया। धर्म के सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धापूर्वक भगवान का पक्षाल कर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंत में श्रद्धालुओं ने भगवान अजीतनाथ के मोक्ष कल्याणक की शुभकामनाएं देते हुए धर्म के सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लिया।
वॉशरूम जाती महिलाओं का वीडियो किया था अपलोड, गिरफ्तार:राजगढ़ पुलिस ने स्वतः संज्ञान ले युवक को पकड़ा, कान पकड़कर मांगी माफी

राजगढ़ जिले के एक मेले में महिलाओं के वॉशरूम जाने का आपत्तिजनक वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले युवक को पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए रविवार (22 मार्च) को पकड़ लिया है। कालीपीठ थाना पुलिस ने पाटरी गांव के रहने वाले आरोपी बबलू तंवर को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ के दौरान कान पकड़कर अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी है। आरोपी ने डरकर वीडियो और आईडी डिलीट कर दी थी, फिर भी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था आपत्तिजनक वीडियो 22 मार्च को इंस्टाग्राम आईडी “बबलू तंवर” से सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया गया था। इस वीडियो में मेले के दौरान कुछ महिलाएं वॉशरूम जाते हुए दिखाई दे रही थीं। यह वीडियो सामने आते ही क्षेत्र में महिलाओं की गरिमा और निजता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। बिना शिकायत पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान महिलाओं की निजता से जुड़े इस संवेदनशील मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी। इसके बावजूद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए तुरंत मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान थाना कालीपीठ क्षेत्र के ग्राम पाटरी निवासी बबलू तंवर के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे अभिरक्षा में ले लिया। कान पकड़कर मांगी माफी, वीडियो-आईडी की डिलीट पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस के सामने दोनों कान पकड़कर और हाथ जोड़कर माफी मांगी। उसने पुलिस से कहा कि भविष्य में वह ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े जाने के डर से आरोपी ने संबंधित आपत्तिजनक वीडियो और अपनी इंस्टाग्राम आईडी डिलीट कर दी थी। धारा 170 BNSS के तहत कार्रवाई, पुलिस की अपील वीडियो डिलीट करने और माफी मांगने के बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कालीपीठ पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं की निजता और गरिमा का सम्मान करें। इस प्रकार के वीडियो न बनाएं और न ही सोशल मीडिया पर साझा करें, नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
शिवपुरी में पार्सल वाहन पिलर से टकराया:स्टेयरिंग फेल होने से केबिन में फंसा ड्राइवर; क्रेन से निकाला, दिल्ली से इंदौर जा रहा था

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-46 पर पूरनखेड़ी गांव के पास सोमवार सुबह करीब 5 बजे एक पार्सल आयशर वाहन स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर डायवर्सन के पिलर से टकरा गया। दिल्ली से इंदौर जा रहे इस वाहन की टक्कर इतनी भीषण थी कि अलीगढ़ निवासी ड्राइवर रविंद्र केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची टीम ने क्रेन की मदद से उसे गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच 46 पर पूरनखेड़ी गांव के पास सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से इंदौर जा रहा एक पार्सल आइशर वाहन स्टेरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर डायवर्सन पर लगे पिलर से टकरा गया। यह हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। टक्कर से केबिन में फंसा पैर, क्रेन से निकाला गया डायवर्सन के पिलर से वाहन की टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने क्रेन की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को बाहर निकाला। ड्राइवर बोला- स्टेयरिंग फेल होने से बेकाबू हुआ वाहन घायल ड्राइवर की पहचान अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) निवासी रविंद्र के रूप में हुई है। अस्पताल में रविंद्र ने बताया कि, “स्टेरिंग फेल होने के बाद वाहन बेकाबू हो गया और पिलर से जा टकराया।” हादसे में उसका पैर केबिन में फंस गया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं हैं। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू मौके से रेस्क्यू करने के बाद घायल ड्राइवर रविंद्र को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इस पूरे सड़क हादसे की जांच शुरू कर दी है।
लापरवाही बरतने पर उदयनगर टीआई लाइन अटैच:देवास में दुष्कर्म पीड़िता के बेटे के सुसाइड का मामला; ग्रामीणों ने किया था चक्काजाम

देवास जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भीकूपुरा में एक दुष्कर्म मामले में त्वरित कार्रवाई न करने और इसके चलते कानून व्यवस्था बिगड़ने पर एसपी पुनीत गेहलोद ने थाना प्रभारी चुन्नीलाल रायकवार को लाइन अटैच कर दिया है। आरोपी पर कार्रवाई न होने से आहत होकर पीड़िता के बेटे ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद शनिवार (21 मार्च) को आक्रोशित ग्रामीणों ने पुंजापुरा-उदयनगर मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया था। एसपी ने टीआई को पदीय कर्तव्यों में लापरवाही बरतने का जिम्मेदार माना है। महिला से खेत में हुआ था दुष्कर्म, कार्रवाई न होने पर बेटे ने दी जान यह मामला उदयनगर थाना क्षेत्र के गांव भीकूपुरा का है, जहां एक महिला के साथ खेत में दुष्कर्म की घटना हुई थी। आरोप है कि पुलिस द्वारा इस मामले में आरोपी पर तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की लापरवाही और आरोपी पर कार्रवाई न होने से व्यथित होकर पीड़िता के बेटे ने कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए बागली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। शनिवार को सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों ने किया था चक्काजाम दुष्कर्म पीड़िता के बेटे की मौत के बाद गांव वालों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को पुंजापुरा-उदयनगर मार्ग पर भीकूपुरा में मृतक का शव सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। ग्रामीणों के इस प्रदर्शन और चक्काजाम से क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई थी। एसपी के आदेश में उल्लेख- टीआई की लापरवाही से बिगड़े हालात मामले की गंभीरता और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने उदयनगर थाना प्रभारी चुन्नीलाल रायकवार पर यह कार्रवाई की है। एसपी पुनीत गेहलोद ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि थाना प्रभारी द्वारा अपने पदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरती गई। इसी लापरवाही के कारण 21 मार्च को ग्राम भीकूपुरा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति बनी।
भोपाल में बोरे में बंद मिले मवेशी के अवशेष:हिंदू संगठन का आरोप, गोवंश की गर्दन काटी; चक्काजाम कर धरने पर बैठे

भोपाल के तलैया थाने के पास स्थित काली मंदिर के बाहर रविवार रात 12 बजे बोरे में बंद मवेशी के अवशेष मिले। जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसे गाय का अवशेष बताते हुए मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वे सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल और आला अधिकारी पहुंच गए। वे प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने में लगे हैं। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। हिंदू संगठन ने दी प्रदर्शन की चेतावनी संगठन के प्रमुख भानू हिंदू ने बताया कि गोवंश की गर्दन कटी हुई थी, जिससे जाहिर होता है कि गाय का कत्ल किया गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। भानू हिंदू ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो संपूर्ण हिंदू समाज सड़कों पर प्रदर्शन करेगा। संगठन ने कहा-माहौल खराब करने की कोशिश संगठन ने आरोप लगाया कि गोवंश को कत्ल करने के बाद मंदिर के बाहर फेंकना सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश है। पुलिस और प्रशासन पर दबाव बनाया जा रहा है कि घटना की हर बारीकी से जांच हो। खबर लगातार अपडेट कर रहे हैं।
MP में LPG संकट…12 दिन से होटल-रेस्टोरेंट को गैस नहीं:छुट्टी वाले दिन अपर प्रमुख सचिव ने सुनी संचालकों की बात; कल कोई ठोस निर्णय लेने की उम्मीद

मध्य प्रदेश में LPG संकट बरकरार है। होटल और रेस्टोरेंट को लगातार 12 दिन से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं हुई है। इसे लेकर रविवार को नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया मध्य प्रदेश चैप्टर और फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर प्रमुख सचिव रश्मि शमी से मुलाकात की। प्रमुख सचिव शमी ने छुट्टी वाले दिन संचालकों से बात और ऑयल कंपनियों के साथ बैठक भी की। बता दें कि ऑयल कंपनियों की नई गाइडलाइन में 10% कमर्शियल सिलेंडर देने की बात कही गई है, लेकिन सप्लाई के आदेश नहीं आए हैं। इस कारण प्रदेश के 50 हजार से ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट पर संकट के बादल छाए हुए हैं। वे बंद होने की कगार पर है। भोपाल होटल एवं रेस्तरां संघ के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने बताया कि कमर्शियल गैस आपूर्ति पर सख्त पाबंदी के कारण होटल व्यवसाय ठप होने की कगार पर है। जिसके समाधान पर चर्चा की। गैस की निर्बाध आपूर्ति बहाल करने की मांग की और ज्ञापन सौंपा गया है। NRAI प्रतिनिधि अभिषेक बाहेती ने बताया कि कमर्शियल गैस नहीं मिलने की बात से मुश्किलें बढ़ गई हैं। गैस के अभाव में होटल और रेस्टोरेंट संचालकों पर बड़ा संकट खड़ा हुआ है। इसे दूर करने की मांग की गई है। भोपाल के 2 हजार होटल में परेशानी एसोसिएशन के अध्यक्ष पाली ने बताया कि भोपाल के होटल, रेस्तरा, ढाबों, खान-पान सेवा आदि रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर के अभाव में संचालन व्यवस्था में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि भोपाल के पंजीकृत होटलों और रेस्तरांओं को उनकी वास्तविक परिचालन आवश्यकताओं के आधार पर वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों का एक सीमित कोटा आवंटित किया जाए। प्रत्येक प्रतिष्ठान को आवश्यक रसोई संचालन बनाए रखने और खाद्य सेवाओं में व्यवधान से बचने के लिए वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर प्रदाय किए जाए। भोपाल में 2 हजार होटल और रेस्टोरेंट है। जहां हालात गंभीर हो गए हैं। केंद्र सरकार के आदेश पर भी नहीं हो रहा अमल मध्य प्रदेश होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने बताया कि प्रदेश भर के होटल संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना है कि केंद्र के आपूर्ति के आदेश के बावजूद राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं हुए हैं। जिससे स्थानीय स्तर पर वितरण व्यवस्था ठप पड़ी है। सूरी ने कहा कि हमने सरकार के सामने अपनी मांगे रखी हैं और हमें उम्मीद है कि जल्द से जल्द हमें मदद मिलेगी। होटल और रेस्टोरेंट एसोसिशन से लाखों लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ है। सभी के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सभी होटलों के लिए एक जैसे नियम सही नहीं अध्यक्ष सूरी के अनुसार, संगठन की प्रमुख मांग है कि वर्तमान 20 प्रतिशत की सीमा को बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जाए ताकि व्यवसायों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। इसके अलावा उन्होंने एक नया प्रस्ताव भी रखा है कि सभी संस्थानों के लिए आपूर्ति का एक समान नियम नहीं होना चाहिए। होटलों की श्रेणी और उनकी मांग के आधार पर गैस का कोटा निर्धारित किया जाना चाहिए। बड़े संस्थानों को उनकी खपत के अनुसार अधिक और छोटे संस्थानों को उनके अनुपात में गैस उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही पीएनजी सप्लाई को भी मांग के अनुरूप बढ़ाने की मांग रखी गई है। ये पदाधिकारी रहे मौजूद एनआरएआई के प्रतिनिधि बाहेती ने बताया कि प्रमुख सचिव ने होटल और रेस्टोरेंट को गैस उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। सोमवार तक कोई उचित निर्णय लेने का आश्वासन भी दिया है। प्रतिनिधिमंडल में सचिन अग्रवाल, दीपेश मोटवानी, श्रीकांत सिंह, अमित बाहेती, गर्वित अग्रवाल, सागर गैरे, विष्णु शर्मा, कुश मनोहर, सपन अरोड़ा, दिनेश डावर, जस्तेज पाली आदि भी मौजूद थे।
बेटे-बहू ने सास-ससुर को डंडों से पीटा:अस्पताल में भर्ती महिला बोली- हमें अधमरा कर दिया, रिपोर्ट तो करेंगे

छतरपुर में पारिवारिक विवाद के चलते बहू और बेटे ने अपने ही माता-पिता पर हमला कर दिया। इस मारपीट में 60 वर्षीय आशा वाल्मीकि और उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल आशा वाल्मीकि ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे ने कुछ साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही बहू का व्यवहार परिवार के प्रति ठीक नहीं था। आशा के अनुसार, बहू दहेज में कुछ नहीं लाई थी, लेकिन अब घर और संपत्ति में हिस्सा मांग रही है। महिला बोली- पति बीमार रहते हैं, खुद मेहनत करने चली जाती आशा ने बताया कि उनके पति बीमार रहते हैं, और वह स्वयं मेहनत कर घर चलाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बहू घर के काम में सहयोग नहीं करती और अक्सर विवाद करती रहती है। बीती रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि बहू ने अपने पति के साथ मिलकर सास-ससुर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर, हाथ-पैर में आई चोट इस हमले में आशा वाल्मीकि के सिर, आंख, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनके पति का हाथ टूट गया है। मारपीट के बाद दोनों घायल सीधे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पीड़िता ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन उन्होंने बेटे और बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि अक्सर पारिवारिक मामलों में लोग शिकायत दर्ज कराने से बचते हैं। हालांकि, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंडला जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी:पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तलाशी ली, मेल दक्षिण भारतीय भाषा में आया

मंडला जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद रविवार को पूरे शहर में हड़कंप मच गया। यह धमकी कोर्ट की ऑफिशियल मेल आईडी पर एक अनजान ईमेल के जरिए भेजी गई थी। खबर मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता (BDDS) तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को घेरकर तलाशी शुरू कर दी। थाना प्रभारी शफीक खान के मुताबिक, धमकी भरा यह ईमेल दक्षिण भारतीय भाषा में लिखा गया है। पुलिस की विशेष टीमें और बम निरोधक दस्ता कोर्ट के चप्पे-चप्पे की बारीकी से जांच कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वहां आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जा रही है। साइबर सेल कर रही है मेल की जांच एसडीओपी पीयूष मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। अब तकनीकी तौर पर ईमेल का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मेल आखिर कहां से और किसने भेजा है। पुलिस का कहना है कि अगर कोई भी संदिग्ध चीज मिलती है, तो तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरदा में ट्रक-डंपर की टक्कर में ड्राइवर की मौत:जेसीबी से दो घंटे बाद निकाला शव, महाराष्ट्र से शक्कर भरकर आ रहा था, लोगों ने बोरियां लूटी

हरदा में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कांकरिया के पास देर रात ट्रक और डंपर की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर अजमल (33) केबिन में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उनका शव बाहर निकाला। मंडीदीप जा रहा था शक्कर से भरा ट्रक पुलिस के अनुसार, अजमल खंडवा जिले के खालवा क्षेत्र से महाराष्ट्र के कन्नड़ से शक्कर भरकर मंडीदीप जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में डंपर चालक दीपक कुशवाहा को भी चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता ने बताया कि अजमल चार भाइयों में सबसे बड़े थे और उनका एक तीन साल का बेटा है। लोगों ने बोरियां लूटी घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा ट्रक से शक्कर की बोरियां उठाकर ले जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद यह बंद हो गया।
आदिरंग महोत्सव में भीली गायन, गणगौर नृत्य की प्रस्तुति:3 दिनी समारोह का आज समापन, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर करेंगी शिरकत

खंडवा जिले के नया हरसूद (छनेरा) के स्टेडियम ग्राउंड में जनजातीय नृत्य, संगीत एवं शिल्प कलाओं पर आधारित तीन दिवसीय “आदिरंग” महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार रात देशभर की लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके और प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने जनजातीय महापुरुषों के योगदान और समाज के विकास पर बात की। उड़ीसा के ढीमसा सहित कई लोक नृत्यों ने दर्शकों का मन मोहा। महोत्सव का समापन आज (रविवार) मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया और केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर की उपस्थिति में होगा। केंद्रीय मंत्री बोले- गौरव दिवस मनाने का निर्णय ऐतिहासिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को “जनजाति गौरव दिवस” के रूप में मनाने का निर्णय ऐतिहासिक है। साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में बिरसा मुंडा, टंट्या भील, शंकर शाह और रघुनाथ शाह के योगदान को याद किया। मंत्री शाह ने जताया आभार प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि “आदिरंग” महोत्सव के माध्यम से विभिन्न जनजातियों की समृद्ध कला और संस्कृति को एक मंच मिल रहा है। उन्होंने छनेरा जैसे छोटे नगर में राज्य स्तरीय आयोजन की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। विधायक कंचन तन्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उड़ीसा के ढीमसा और बरेदी नृत्य की प्रस्तुतियां महोत्सव के दूसरे दिन भीली गायन, गणगौर नृत्य, ढीमसा नृत्य, लहंगी नृत्य, बरेदी नृत्य, सौंगी मुखौटा और भवाड़ा नृत्य जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें उड़ीसा के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ढीमसा लोक नृत्य ने विशेष रूप से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समापन समारोह में शामिल होंगी मंत्री महोत्सव का समापन आज रविवार को होगा। समापन समारोह में मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री भूरिया दोपहर में खंडवा पहुंचकर स्थानीय संस्थाओं का निरीक्षण करेंगी और दादाजी धूनी वाले मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद शाम को छनेरा में आयोजित समापन समारोह में भाग लेंगी।









