मोदी ने यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया:हरिद्वार से भी जुड़ेगा; PM बोले- बंगाल जैसी बंपर वोटिंग दशकों में नहीं देखी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई से यूपी के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने ऐलान किया कि एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार से भी जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि महिला विरोधी सपा कभी सुधरने वाली नहीं है, इसलिए इनसे सावधान रहिए। इससे पहले, पीएम ने एक्सप्रेस-वे के किनारे पेड़ लगाया। सीएम योगी के साथ एक्सप्रेस-वे पर पैदल भी चले। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। इससे मेरठ से प्रयागराज की दूरी सिर्फ 6 घंटे में पूरी होगी। अब तक 11-12 घंटे लगते थे। 12 जिलों से होकर गुजरने वाला यह एक्सप्रेस-वे कई मायनों में खास है। यहां पब्लिक कन्वीनियंस सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें ठहरने की सुविधा, इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर और फूड कोर्ट शामिल हैं। सड़क पर रंबल स्ट्रिप (उभरी हुई पट्टियां) बनाई गई हैं। इन पर वाहन के टायर आते ही ड्राइवर को वाइब्रेशन महसूस होता है, जिससे हादसों की आशंका कम होगी। एक्सप्रेस-वे पर एयरफोर्स के फाइटर जेट्स की लैंडिंग के लिए शाहजहांपुर के जलालाबाद के पास 3.5 किमी लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है। यह देश की पहली नाइट लैंडिंग एयरस्ट्रिप है। हर 75 किमी पर पेट्रोल पंप बनाए गए हैं, जिन्हें भारत पेट्रोलियम खुद संचालित कर रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे से पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे था, जिसकी लंबाई 340 किमी है। यह प्रदेश का छठा एक्सप्रेस-वे है। एक्सप्रेस-वे 5 साल में बनकर तैयार हुआ है। इसे बनाने में करीब 37,350 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस हिसाब से 1 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे की लागत करीब 62 करोड़ 87 लाख रुपए पड़ती है। 18 दिसंबर, 2021 को मोदी ने शाहजहांपुर में एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था। तस्वीरें देखिए- गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
धीरेंद्र शास्त्री बोले-जिसे खुजली, कल दरबार आ जाए:श्याम मानव ने 10 लोगों के नाम बताने की दी चुनौती; कहा-बदले में 80 लाख का पुरस्कार देंगे

बागेश्वर बाबा की श्री राम कथा का आयोजन 26 अप्रैल से 30 अप्रैल तक महाराष्ट्र के नागपुर स्थित रेशम बाग में किया जा रहा है। इस बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के श्याम मानव के बीच आस्था, अध्यात्म और विज्ञान को लेकर विवाद तेज हो गया है। श्याम मानव ने बाबा बागेश्वर को 80 लाख रुपए की खुली चुनौती दी है, जिसे बाबा ने स्वीकार कर लिया है। बाबा को 10 लोगों के सही नाम बताने की चुनौती दरअसल, श्याम मानव ने बाबा को 10 व्यक्तियों के नाम, उनके पिता का नाम, उम्र और मोबाइल नंबर सटीक बताने की चुनौती दी कहा है। साथ ही, उनकी ‘अतींद्रिय शक्ति’ की परीक्षा के लिए एक बंद कमरे में रखी 10 वस्तुओं की सही पहचान करनी होगी। इन दोनों परीक्षाओ में कम से कम 90 प्रतिशत सटीकता अनिवार्य रखी गई है और यह पूरी प्रक्रिया नागपुर में पत्रकारों की मौजूदगी में कराई जाएगी। समिति का कहना है कि यदि बाबा इस चुनौती को स्वीकार कर उसे सिद्ध करते हैं तो उन्हें 80 लाख रुपए दिए जाएंगे, लेकिन यदि वे ऐसा नहीं कर पाते तो यह माना जाएगा कि वे केवल लोगों की भावनाओं और अंधश्रद्धा का लाभ उठा रहे हैं। यह विवाद नया नहीं है। इससे पहले जनवरी 2023 में भी बाबा बागेश्वर के नागपुर आगमन पर श्याम मानव ने उन्हें 30 लाख रुपए की चुनौती दी थी। उस समय आरोप लगा था कि बाबा चुनौती मिलने के बाद दो दिन पहले ही कथा छोड़कर चले गए थे, हालांकि बाबा ने इस आरोप का खंडन किया था। बाबा बोले-जिसे खुजली है वह अगले दिन दरबार में आए मंगलवार को कथा के दौरान बाबा बागेश्वर ने चुनौती स्वीकार करते हुए कहा, “कोई भी ‘खुजली’ हो, कल दरबार लगना है, आ जाइए। हमारे पास जो विद्या होगी और जो शक्ति होगी, हम उसका प्रस्तुतिकरण करेंगे। हम जादूगर नहीं हैं। हमें जो ईश्वर प्रेरणा देगा, हम उसी के अनुसार लोगों का मार्गदर्शन करेंगे। वहीं, श्याम मानव का कहना है कि यदि बाबा 10 लोगों के नाम, उम्र और मोबाइल नंबर सटीक बता देते हैं, तो वे अपनी हार मान लेंगे। इस विवाद के कारण नागपुर का माहौल गरमाया हुआ है। एक ओर लाखों श्रद्धालु बाबा के समर्थन में उमड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ संगठन बाबा के पुराने बयानों को लेकर प्रदर्शन भी कर रहे हैं। ये खबर भी पढ़े… धीरेंद्र शास्त्री बोले- 4 बच्चे पैदा करो, एक RSS को दो बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- ‘आप चार बच्चे पैदा करो। उनमें से एक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को दे दो, ताकि वह दूसरों को बचाने के काम आए।’ उन्होंने ये बात नागपुर में विश्व के पहले ‘भारतदुर्गा मंदिर’ के शिलान्यास समारोह में शुक्रवार को कही। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत भी मौजूद थे। पढ़ें पूरी खबर
ईरान बोला- हमारे लिए अब भी जंग जैसे हालात:युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ, दुश्मन ने हमला किया तो नए तरीके से जवाब देंगे

ईरान ने कहा है कि उसके लिए हालात अब भी जंग जैसे बने हुए हैं। प्रेस टीवी के मुताबिक ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा कि युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है। प्रवक्ता ने कहा कि ईरान मौजूदा हालात को सामान्य नहीं मानता है। उन्होंने कहा कि सेना और सुरक्षा एजेंसियां लगातार मॉनिटरिंग और सर्विलांस कर रही हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। ईरान ने दुश्मन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई नई कार्रवाई हुई, तो उसे नए हथियारों, नए तरीकों और नए मोर्चों पर जवाब दिया जाएगा। पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स… 1. UAE ने ओपेक छोड़ा: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने 1 मई से तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक से 59 साल बाद बाहर निकलने की ऐतिहासिक घोषणा की है। ओपेक दुनिया के बड़े तेल उत्पादक देशों का समूह है। 2. ट्रम्प ने पेशकश ठुकराई: ईरान ने अमेरिका को होर्मुज खोलने और जहाजों की आवाजाही शुरू करने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद परमाणु मुद्दे पर बात होनी थी लेकिन ट्रम्प ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। 3. तीसरी बार पाकिस्तान पहुंचे ईरानी विदेश मंत्री: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची मंगलवार सुबह रूस की अपनी यात्रा खत्म करने के बाद इस्लामाबाद पहुंचे। पिछले 48 घंटों में यह उनका तीसरा पाकिस्तान दौरा है। 4. 10 लाख नौकरियां खत्म: ईरान सरकार ने बताया कि जंग की वजह से देश में सीधे तौर पर कम से कम 10 लाख नौकरियां खत्म हो गई हैं। भविष्य में 1 करोड़ से ज्यादा नौकरियों का खतरा है। 5. तेल के दाम बढ़े: मंगलवार को भी कच्चे तेल की कीमतों में लगातार सातवें दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई।
इंजेक्शन वाला तरबूज कैसे होता है, डॉक्टर डॉ. समीर भाटी से अभी जान लीजिए पहचान ताकि लाल जहर न बने काल

हम जितनी चीजें खा रहे हैं उनमें कितनी में केमिकल है, हमें बिल्कुल पता नहीं है. पर यह बात तो सच है कि आजकल ज्याादातर खाद्य पदार्थों में केमिकल मिलाए जाते हैं. मुंबई की घटना ने इन चीजों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. दरअसल, मुंबई में तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई. इसके बाद सवाल यही उठता है कि अगर किसी तरबूज में केमिकल वाला इंजेक्शन दिया जाता है तो इसकी पहचान कैसे करें. केमिकल वाला इंजेक्शन इसलिए दिया जाता है ताकि तरबूज पक जाय और उसके अंदर लाल ज्यादा दिखें. लेकिन यही लाल जहर बन जाता है. खेत में भी कई तरह के केमिकल दिए जाते हैं ताकि तरबूज जल्दी से बड़ा हो जाए. पर असली सवाल यही है कि हम इसे कैसे पहचानें. इसी सवाल को जानने के लिए न्यूज 18 ने पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. समीरभाटी से बात की. कैसे पहचानें कि तरबूज नैचुरल है या केमिकल से पका हुआपब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. समीर भाटी कहते हैं कि तरबूज खरीदते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए ताकि आप केमिकल या इंजेक्शन से पके फल से बच सकें. 1. रंग और धारियां देखें : नैचुरल तरबूज का रंग गहरा हरा होता है और उस पर हल्की-गहरी धारियां साफ दिखती हैं. केमिकल से पका तरबूज अक्सर बहुत चमकीला या एक जैसा हरा दिखता है. इसलिए जब भी तरबूज खरीदें, इन बातों का ध्यान रखें. 2. नीचे का पीला धब्बा (Field Spot) : जब तरबूज असली हो यानी खेत में ही बिना केमिकल के पका हो तो तरबूज में नीचे पीला या क्रीम रंग का धब्बा बन जाता है क्योंकि तरबूज का जो हिस्सा जमीन की तरफ होता है वहां धब्बा बनने लगता है. अगर यह धब्बा नहीं है या बहुत हल्का है, तो तरबूज कच्चा या आर्टिफिशियल रूप से पकाया गया हो सकता है 3. थपथपाने पर आवाज : खेत या कुदरती तौर पर पका हुआ तरबूज थपथपाने पर खोखली आवाज देती है. अगर आवाज भारी या दबी हुई लगे, तो इसका मतलब है कि तरबूज सही से पका नहीं है. यह केमिकलयुक्त भी हो सकता है. 4. वजन और साइज : अच्छा तरबूज अपने आकार के हिसाब से भारी होता है क्योंकि उसमें पानी भरपूर होता है. हल्का तरबूज अंदर से सूखा या खराब हो सकता है. 5. कटने पर अंदर का रंग : नेचुरल तरबूज का रंग गहरा लाल या गुलाबी होता है. अगर रंग बहुत ज्यादा चमकीला लाल है या उसमें सफेद या पीली नसें जैसी दिखाई दे तो इसका मतलब है कि तरबूज खराब है. 6. स्वाद और गंध : असली तरबूज मीठा और ताजगी भरा होता है. अगर तरबूज का स्वाद बेतरतीब, बेस्वाद और खराब हो, जीभ पर हल्की खटास लगे तो इसका मतलब है तरबूज में केमिकल मिलाया हो. 7. कॉटन से जांच : तरबूज को काटने के बाद उसे कॉटन से पोछें, अगर कॉटन में गहरा लाल रंग दिखाई दें यानी लाल कलर कॉटन में लग जाए तो समझिए इसमें केमिकल मिलाया हुआ है. इसे कतई न खरीदें. फलों को खाते समय क्या रखें सावधानियां अगर तरबूज आप सड़क से खरीद रहे हैं और वह पहले से कटा हुआ है तो किसी भी कीमत पर इसे न खरीदें. तरबूज खरीदने के बाद घर लाकर हमेशा अच्छे से धोएं. बच्चों और बुजुर्गों को तरबूज देने से पहले खास ध्यान रखें. तरबूज को खाने से पहले उसे अच्छी तरीके से धो लें.
कनाडा में निहंग को पीटा, दाढ़ी खींची,VIDEO:ड्राइवर की हिमायत में पैसे मांगने गया था, बहस के बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी मालिक ने हमला किया

कनाडा में ट्रांसपोर्ट कंपनी के ऑफिस में निहंग के साथ मारपीट की गई। इस दौरान निहंग की दाढ़ी खींची गई। ्इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो लोगों के बीच झड़प होते हुए दिख रही है। मारपीट का करण एक ट्रक ड्राइवर के पैसों को लेकर बताया जा रहा है। ड्राइवर का आरोप कि हाल ही में हुए एक्सीडेंट में उसकी गलती न होने के बावजूद कंपनी ने पैसे काटने की बात कही। इसके बाद उसने निहंग को मामला बताया। ड्राइवर के मुताबिक, बातचीत के दौरान कंपनी मालिक ने निहंग की दाढ़ी पकड़ ली और उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी का मालिक भी सामने आया है। उसने विवाद बढ़ने पर माफी मांग ली है। ट्रांसपोर्ट कंपनी मालिक ने कहा कि मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था कि निहंग के केशों को छुएं या किसी भी तरह की बेअदबी करें। उसने ट्रक ड्राइवर के आरोपों भी गलत बताया है। पहले जानिए विवाद क्यों हुआ… मारपीट की इस घटना का कारण ट्रक ड्राइवर के पैसे न मिलने को बताया जा रहा है। इसी कंपनी में काम करने वाले एक ट्रक ड्राइवर ने कहा कि वह दिसंबर से इस कंपनी में काम कर रहा था, लेकिन कंपनी उसे उसका पैसा नहीं दे रही। ड्राइवर ने बताया कि कुछ दिन पहले ट्रक का एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उसी कंपनी का दूसरा ड्राइवर ट्रक चला रहा था और वह खुद ट्रक के पीछे सो रहा था। नियमों के अनुसार उसकी कोई गलती नहीं थी, फिर भी कंपनी ने कहा कि उसके पैसे भी काट लिए जाएंगे। इसके बाद मैंनें यह बात निहंग सिंह को बताई। जब वह इस मामले में बात करने गया, तो वहां के मालिक रमन ने उस निहंग की दाढ़ी को पकड़ लिया और साथ ही मेरी पत्नी के साथ भी मारपीट की। ट्रांसपोर्ट कंपनी मालिक ने सफाई में क्या कहा.. वीडियो बनाने के बाद कहासुनी हुई: रैपिडएक्स ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक रमन ने वीडियो जारी कर कहा- 23 अप्रैल को जब मैं अपने ऑफिस से बाहर जा रहा, इस वक्त अपने ड्राइवर के साथ बातचीत कर रहा था। तभी निहंग वहां आया और वीडियो बनाने लगा, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। ऑफिस में महिलाओं से अभद्रता की: रमन ने कहा कि इसके बाद मैं वहां से चला गया। इसके बाद वही निहंग उनके ऑफिस आया और वहां गलत व्यवहार करने लगा। उसने ऑफिस के फ्रंट गेट को भी नुकसान पहुंचाया और महिला कर्मचारियों के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। रोकने की कोशिश, पर झड़प हो गई: रमन ने कहा कि इस स्थिति को देखते हुए मैंने उसे रोकने की कोशिश की, जिसके दौरान हम दोनों के बीच झड़प हो गई। वे उस व्यक्ति को न तो जानते हैं और न ही पहचानते हैं। अगर कोई इस तरह से ऑफिस में आकर हंगामा करेगा, तो कोई भी व्यक्ति आत्मरक्षा में कदम उठाएगा। ट्रक ड्राइवर के आरोप झूठे: रमन ने ट्रक ड्राइवर के पैसों के विवाद को लेकर कहा कि ये सक झूठ है और कहा कि मैंने कभी भी यह नहीं कहा कि मैं तुम्हारे पैसे काटूगा। मैंने सिर्फ इतना कहा था कि घटना की रिपोर्ट भर दो। क्योंकि जो ट्रक चलाया जा रहा था, उसके अंदर लगा कैमरा टूटकर गिर गया था, जिसकी वजह से हमें कोई वीडियो या फोटो नहीं मिल पाई। ड्राइवर को सिर्फ रिपोर्ट भरने के लिए कहा: रमन ने कहा कि मैंने ड्राइवर भाई से कहा था कि आप रिपोर्ट भर दें और उसमें लिख दें कि मैं पीछे सो रहा था। यह सब बीमा (इंश्योरेंस) के उद्देश्य के लिए जरूरी था, क्योंकि ड्राइवर का बयान होना आवश्यक होता है। मैंने केवल इतना ही कहा था कि आप अपना बयान दे दें और जो आपके बनते पैसे हैं, उनका चेक ले लें। मैंने इसके अलावा कोई भी गलत बात नहीं कही। मुझे समझ नहीं आया कि यह मुद्दा इतना बड़ा कैसे बन गया। और जो ड्राइवर उस समय ट्रक चला रहा था, वह आज भी मेरी कंपनी में काम कर रहा है।
चिकन के शरीर के ये 10 हिस्से कभी गलती से भी न खाएं! होते हैं नुकसानदायक, जानें कारण

Last Updated:April 29, 2026, 01:14 IST Chicken Side Effects: चिकन खाने वाले इसे सप्ताह में दो से तीन बार तो बना ही लेते हैं. कुछ को चिकन का लेग पीस खाना पसंद होता है तो किसी को चिकन ब्रेस्ट पसंद होता है. प्रोटीन से भरपूर चिकन सेहत के लिए हेल्दी है, लेकिन इसके कुछ हिस्सों को खाने से बचना चाहिए. मुर्गे का कौन सा हिस्सा खाना सेहत को पहुंचा सकता है नुकसान और क्यों, यहां जानिए. चिकन में मौजूद पोषक तत्व- नॉनवेज खाने वालों के लिए चिकन बेहद फेवरेट होता है. चिकन सेहत के लिए हेल्दी भी है, क्योंकि ये कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होता है. इसमें सबसे ज्यादा प्रोटीन होता है, जो मसल्स के निर्माण और मरम्मत के लिए जरूरी होता है. इसके साथ ही इसमें विटामिन बी6, बी12, नियासिन, आयरन, जिंक, सेलेनियम, फॉस्फोरस,अमीनो एसिड भी मौजूद होते हैं. लेकिन चिकन तो आप खूब खाते हैं, लेकिन इसके कुछ हिस्से को खाना नुकसानदायक होता है. जानते हैं यहां चिकन का कौन सा हिस्सा खाना अनहेल्दी हो सकता है. डॉक्टर्स के अनुसार, चिकन के कुछ अंग शरीर से कचरा फिल्टर करने का काम करते हैं, इसलिए उनमें जहरीले केमिकल और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं. यदि आप इन्हें ठीक से पका कर नहीं खाते हैं या अधिक मात्रा में सेवन कर लेते हैं तो सेहत से संबंधित कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं. चिकन अपने आप में प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, लेकिन उसका हर हिस्सा एक जैसा हेल्दी नहीं होता. कुछ हिस्से ऐसे हैं, जिन्हें ज्यादा या गलत तरीके से खाने पर सेहत पर नकारात्मक असर पड़ सकता है. इसमें चिकन की स्किन मुख्य रूप से शामिल है. इसमें फैट जैसे सैचुरेटेड फैट अधिक होता है. चिकन स्किन अधिक खाने से आपका कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ सकता है. दिल की बीमारियों का जोखिम बढ़ता है. बेहतर है कि आप बिना स्किन वाला चिकन ही खाएं. Add News18 as Preferred Source on Google क्या आप जानते हैं कि चिकन के फेफड़ों में कई तरह के बैक्टीरिया मौजूद रहते हैं? इसे आप कितने भी अधिक तापमान पर क्यों न पकाएं, कुछ गर्मी को बर्दाश्त करने वाले बैक्टीरिया (heat resistant) मरते नहीं हैं. ऐसे में इनके शरीर में जाते ही संक्रमण फैलने का खतरा बहुत ज्यादा बढ़ जाता है. काफी लोग मुर्गे की टांग लेग पीस या जांघ खाना पसंद करते हैं, क्योंकि इनमें फ्लेश अधिक होता है और ये स्वादिष्ट भी होते हैं, लेकिन इसमें फैट और कैलोरी ज्यादा मौजूद होती है. यदि आपका वजन और कोलेस्ट्रॉल लेवल हाई है तो आप इन हिस्सों को न खाएं या फिर बेहद सीमित मात्रा में खाएं. चिकन की आंतें हमेशा गंदगी और कीटाणुओं से भरी रहती हैं. आप कितना भी इसे साफ कर लें, इन हिस्सों में संक्रमण का खतरा बना ही रहता है. लिवर और किडनी शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को साफ करते हैं. चिकन को दिए जाने वाले एंटीबायोटिक्स के तत्व इन अंगों में ज्यादा जमा हो जाते हैं, इसलिए इन हिस्सों को भी अधिक नहीं खाना चाहिए. चिकन का लिवर पोषक तत्वों से भरपूर होता है, लेकिन इसमें कोलेस्ट्रॉल अधिक होता है. ऐसे में पहले से हाई कोलेस्ट्रॉल है तो यह और भी अधिक बढ़ सकता है. पूंछ वाले हिस्से में बहुत ज्यादा फैट और ग्रंथियां होती हैं. इसी तरह गर्दन के हिस्से में भी ग्रंथियां होती हैं. इन दोनों जगहों पर वायरस और बैक्टीरिया बहुत जल्दी जमा हो जाते हैं. ये इंसान के शरीर पर गंभीर असर डाल सकते हैं. चिकन को अच्छी तरह से धोकर ही पकाएं. इसमें जमे खून के थक्के, ब्लड वेसल्स बिल्कुल साफ हो जाएं. यदि आप अधपका, सही तरीके से धोकर नहीं पकाते हैं चिकन तो उसमें मौजूद खून के जरिए हानिकारक बैक्टीरिया आपके शरीर में जा सकते हैं. इससे फूड पॉइजनिंग होने का खतरा रहता है. बहुत अधिक प्रोसेस्ड चिकन जैसे सॉसेज, नगेट्स न खाएं, क्योंकि इनमें नमक, प्रिजर्वेटिव्स और अनहेल्दी फैट ज्यादा होते हैं. फ्राइड चिकन जैसे डीप फ्राई में ट्रांस फैट बनता है, जो मोटापा, हार्ट डिजीज, टाइप 2 डायबिटीज का जोखिम बढ़ा सकते हैं. चिकन ब्रेस्ट (बिना स्किन) सबसे हेल्दी माना जाता है. चिकन फ्रेश ही खरीदें. फ्रोजन खाने से बचें. अच्छी तरह से धोकर और पकाकर ही मुर्गे का सेवन करें. First Published : April 29, 2026, 01:14 IST
MP का बहुचर्चित नर्सिंग कॉलेज मान्यता फर्जीवाड़ा:हाईकोर्ट ने CBI से पूछा-कॉलेज अपात्र मिलने पर क्यों नहीं की कानूनी कार्रवाई

मध्यप्रदेश के बहुचर्चित नर्सिंग कालेज मान्यता फर्जीवाड़े मामले पर हाईकोर्ट में आज मंगलवार को एक बार फिर से सुनवाई हुई। कोर्ट ने सीबीआई को निर्देश दिए हैं कि सभी 800 नर्सिंग कालेजों का रिकॉर्ड पेश करे। इसके साथ ही यह पूछा कि जांच के दौरान जो 600 कालेज अपात्र मिले थे, अभी तक उन पर क्यों कानूनी कार्रवाई नहीं की है?। सुनवाई करते समय अदालत ने नर्सिंग काउंसिल से भी जवाब मांगा है कि अपात्र कालेजों को मान्यता देने में आखिर किसकी मिली भगत है, उन अधिकारियों की सूची पेश करों। कोर्ट ने 12 मई तक रिपोर्ट मांगी है। लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विशाल बघेल की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई, इंडियन नर्सिंग काउंसिल और मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल को अगली सुनवाई से पूर्व विस्तृत हलफनामा और प्रगति रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने सीबीआई को निर्देशित किया है कि वह अगली सुनवाई तक यह स्पष्ट करे कि अब तक की जांच में किन-किन व्यक्तियों या संस्थानों की संलिप्तता पाई गई है,साथ ही, सीबीआई को यह भी बताना होगा कि दोषियों के विरुद्ध अब तक क्या दंडात्मक कार्रवाई की गई है ?। इंडियन नर्सिंग काउंसिल और मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल को विशेष रूप से उन अधिकारियों के विरुद्ध उठाए गए कदमों की जानकारी देने को कहा है, जो समय-समय पर अनुपयुक्त और मानक विहीन कॉलेजों को मान्यता देने के लिए जिम्मेदार थे। संबंधित प्रतिवादियों को एक विस्तृत हलफनामा दाखिल करना होगा, जिसमें स्पष्ट रूप से उन प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाइयों का विवरण हो, जो इन कॉलेजों को अवैध रूप से फलने-फूलने देने वाले अधिकारियों पर की गई हैं । यह था मामला
अनूपपुर में कुएं में मिला शख्स का शव:बच्चियों ने देखा, पुलिस ने रात में बाहर निकाला; पहचान नहीं हो पाई

अनूपपुर जिले के करनपठार थाना क्षेत्र के पडरीखार गांव में मंगलवार दोपहर एक शख्स की लाश कुएं में मिली। गांव के बहादुर सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार बडकरे ने बताया कि गांव में एक शादी का कार्यक्रम था। दोपहर करीब 2-3 बजे कुछ लड़कियां नहाने के लिए गांव के सरकारी कुएं पर गई थीं। कुएं के अंदर लाश देखकर वे डर गईं और घर भागकर परिवार को इसके बारे में बताया। देर रात कुएं से निकाली गई लाश शाम करीब 6:30 बजे ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज किया और रात करीब 10 बजे शव को कुएं से बाहर निकाला। पानी में रहने की वजह से शरीर फूल गया था और अंधेरा होने के कारण ग्रामीण उसकी पहचान नहीं कर सके, हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि व्यक्ति आसपास के इलाके का ही रहने वाला है। पोस्टमार्टम के बाद होगी पहचान पुलिस ने शव को बेनीबारी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। बुधवार सुबह शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद ही व्यक्ति की पहचान साफ हो पाएगी।
मक्सी में युवक पर चलती बाइक पर चाकू से हमला:पीड़ित बोला- ढाई लाख उधारी मांगने पर साडू भाई और उसके लोगों ने हमला किया

शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवक पर चलती बाइक पर चाकू से हमला किया गया। मुरलीधर अस्पताल के पास हुई इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की पहचान देवास जिले के जलालपुरा निवासी प्रकाश मालवीय के रूप में हुई है। प्रकाश ने पुलिस को बताया कि उस पर उसके साडू भाई नारायण और उसके साथियों ने हमला किया है। घटना की खबर मिलते ही एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय और एसडीओपी अजय मिश्रा सहित पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। ढाई लाख रुपए का विवाद विवाद की वजह पैसों का लेन-देन बताई जा रही है। प्रकाश के अनुसार, उसकी शादी फरवरी 2025 में हुई थी। शादी से पहले उसके साडू भाई नारायण ने उससे ढाई लाख रुपए लिए थे, जो वह वापस नहीं कर रहा था। पैसे मांगने पर आरोपी उसे लगातार धमकियां दे रहा था। इस मामले में प्रकाश ने 26 अप्रैल को देवास के टोककला पुलिस चौकी में शिकायत भी की थी। घेराबंदी कर किया हमला मंगलवार को प्रकाश मक्सी में किराने का सामान लेने आया था। इसी दौरान मुरलीधर अस्पताल और पाटीदार धर्मशाला के बीच चार लोगों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकू से तीन-चार वार किए। जांच में जुटी पुलिस मक्सी टीआई संजय वर्मा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। मौके पर तहसीलदार गौरव पोरवाल भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे।
उज्जैन में पानी के टैंकर को आइसर ने मारी टक्कर:अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त; मशक्कत के बाद ड्राइवर को निकाला, इंदौर ले जाते वक्त मौत

उज्जैन जिले के नलवा में मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में आइसर वाहन के चालक की मौत हो गई। बड़नगर रोड स्थित एवी एग्रो प्लांट के सामने आइसर और पानी के टैंकर के बीच टक्कर हुई थी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चावल से भरा आइसर वाहन सामने चल रहे पानी के टैंकर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आइसर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला। घायल चालक को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए उज्जैन के चरक भवन में रखा है। हादसे की सूचना मिलते ही चिंतामन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है, उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है।








