Sunday, 04 Oct 2026 | 03:28 PM

Trending :

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रिट्रीट में खुमानी का पौधा लगाया:व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक, कल कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर जाएंगी राष्ट्रपति, दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रिट्रीट में खुमानी का पौधा लगाया:व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक, कल कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर जाएंगी राष्ट्रपति, दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिमला के छराबड़ा स्थित रिट्रीट में खुमानी का एक पौधा लगाया। इसके बाद खुद पानी दिया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति निवास के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और वहां आने वाले लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। दरअसल, रिट्रीट को मार्च 2023 में आम लोगों के लिए ओपन किया गया। इसके बाद से यहां जाने वाले टूरिस्ट और लोकल लोग भी रिट्रीट की हेरिटेज इमारत को देख सकते हैं। यहां ऐतिहासिक भवन के अलावा राष्ट्रपति के जीवन से जुड़ी विभिन्न स्मृतियां, डाइनिंग हॉल और अन्य कलाकृतियां गार्डन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहती हैं। इसके अतिरिक्त हरियाली से भरपूर यहां के बगीचे, ट्यूलिप और अन्य सजावटी फूल इसकी सुंदरता में और अधिक वृद्धि करते हैं। राष्ट्रपति ने इन सब सुविधाओं को देखा। पांच दिन के हिमाचल दौरे पर हैं द्रौपदी मुर्मू बता दें कि द्रौपदी मुर्मू पांच दिन के हिमाचल दौरे पर आई हैं। उनका आज अटल टनल रोहतांग और सिस्सू जाने का दौरा प्रस्तावित था। स्थानीय प्रशासन एक सप्ताह से तैयारियों में जुटा हुआ था। मगर हिमाचल में खराब मौसम के कारण उनका अटल टनल दौरा बीती शाम को रद्द करना पड़ा। कल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी पालमपुर जाएंगी राष्ट्रपति लिहाजा आज वह रिट्रीट छराबड़ा में आराम कर रही है। सुबह के वक्त उन्होंने देवदार के घने के बीचोबीच बने रिट्रीट के आंगन में काफी देर तक सैर की। कल उनका एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी पालमपुर जाने का कार्यक्रम है। वह, दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्रों को डिग्री प्रदान करेंगी। परसों यानी एक मई को राष्ट्रपति मुर्मू वापस दिल्ली लौटेंगी।

सलमान के पुराने ट्वीट पर राजस्थान रॉयल्स का मजेदार जवाब:‘जिंटा की टीम जीती क्या?’ पर डोनोवन फरेरा ने कहा – सॉरी भाई, आज नहीं

सलमान के पुराने ट्वीट पर राजस्थान रॉयल्स का मजेदार जवाब:‘जिंटा की टीम जीती क्या?’ पर डोनोवन फरेरा ने कहा - सॉरी भाई, आज नहीं

IPL 2026 का 40वां मैच जीतने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने सलमान खान के पुराने ट्वीट का मजेदार जवाब दिया। दरअसल, मंगलवार को महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। जीत के बाद राजस्थान ने सोशल मीडिया पर क्रिकेटर डोनोवन फरेरा का एक वीडियो पोस्ट किया। इसके साथ ही सलमान का साल 2014 का पुराना ट्वीट पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने पूछा था, ‘क्या जिंटा की टीम जीती?’ यह ट्वीट प्रीति जिंटा की टीम के संदर्भ में था। इसका जवाब देते हुए डोनोवन फरेरा ने कहा, ‘सॉरी भाई, आज नहीं।’ पंजाब ने पहले बल्लेबाजी कर 222 रन बनाए थे मैच में टॉस हारकर पंजाब ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए। मार्कस स्टोयनिस ने नाबाद 62 रन की पारी खेली। प्रभसिमरन सिंह ने 59 रन बनाए और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 30 रन का योगदान दिया। 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने पावरप्ले में तेज शुरुआत करते हुए 84 रन बना लिए। वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों पर 43 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने 27 गेंदों पर 51 रन की फिफ्टी लगाई। डोनोवन फरेरा ने 52 रन की पारी खेली। शुभम दुबे ने 31 रन बनाए और दोनों ने 5वें विकेट के लिए 32 बॉल पर 77 रन जोड़े। आखिरी 6 ओवर में 72 रन बने 14वें ओवर की आखिरी बॉल पर युजवेंद्र चहल ने राजस्थान के कप्तान रियान पराग को आउट किया। यहां से टीम को जीत के लिए 72 रन चाहिए थे। ऐसे में फरेरा ने 6 चौके और 3 सिक्स से 26 बॉल पर 52 रन बनाए और सिक्स लगाकर मैच जिता दिया। जायसवाल की फिफ्टी, वैभव ने 43 रन बनाए राजस्थान से वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने फिफ्टी रन की पार्टनरशिप की। वैभव ने 16 बॉल पर 3 चौके और 5 छक्कों के सहारे 43 रन बनाए। जबकि जायसवाल 27 बॉल पर 51 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब से 2 बैटर्स की फिफ्टी पंजाब से मार्कस स्टोयनिस ने 62 और ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 59 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। राजस्थान की ओर से यशराज पुंजा ने 4 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट झटके। जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर को एक-एक विकेट मिला। पंजाब पॉइंट्स टेबल के टॉप पर कायम पहली हार के बावजूद पंजाब की टीम पॉइंट्स टेबल के टॉप पर कायम है। जबकि, राजस्थान 10 अंक के साथ चौथे स्थान पर आ गई है।

मोहन कैबिनेट ने लखुंदर सिंचाई परियोजना को दी मंजूरी:शाजापुर के लिए 155 करोड़ रुपए स्वीकृत; 9 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी

मोहन कैबिनेट ने लखुंदर सिंचाई परियोजना को दी मंजूरी:शाजापुर के लिए 155 करोड़ रुपए स्वीकृत; 9 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी

मध्य प्रदेश की मोहन कैबिनेट ने शाजापुर जिले के लिए लखुंदर उच्च दाब सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में इस परियोजना के लिए 155 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। इससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। यह परियोजना शाजापुर जिले के 17 गांवों और उज्जैन जिले की तराना तहसील के 7 गांवों को लाभान्वित करेगी। इसके तहत कुल 9,000 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है। कैबिनेट बैठक में आमजन के हित, प्रदेश के विकास, स्वास्थ्य विभाग और अन्य सिंचाई परियोजनाओं से जुड़े कई अहम फैसलों पर भी मुहर लगाई गई। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने बैठक के बाद इन निर्णयों की जानकारी दी। मंत्री काश्यप ने बताया कि कैबिनेट ने कुल 53 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं को वर्ष 2031 तक जारी रखने को भी मंजूरी दी है। यह निर्णय प्रदेश के समग्र विकास और विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

करिश्मा कपूर ने पैपराजी को दी चेतावनी:मुड़ते वक्त एक्ट्रेस ने कहा- ज्यादा जूम मत करना

करिश्मा कपूर ने पैपराजी को दी चेतावनी:मुड़ते वक्त एक्ट्रेस ने कहा- ज्यादा जूम मत करना

करिश्मा कपूर ने टीवा शो इंडियाज बेस्ट डांसर के सेट पर पैपराजी को जूम करके उनकी तस्वीरें-वीडियो न लेने की चेतावनी दी। सोमवार को शो की शूटिंग के दौरान जब वह गीता कपूर, टेरेंस लुईस और जावेद जाफरी के साथ सेट पर पहुंचीं, तब पोज देने के बाद उन्होंने कैमरामैन से कहा, ‘ज्यादा जूम मत करना।’ गौरतलब है कि हाल के समय में कई एक्ट्रेसेस की पीछे से जूम करके तस्वीरें-वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाते हैं। वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स ने करिश्मा का समर्थन किया। एक यूजर ने लिखा कि उन्होंने एक वीडियो में देखा था, जहां सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी साथ पोज दे रहे थे, लेकिन पैपराजी ने सिद्धार्थ को फ्रेम से हटाकर कियारा के ऊपरी शरीर पर जूम कर दिया, जो अपमानजनक था। एक अन्य यूजर ने लिखा कि सभी एक्टर्स और एक्ट्रेसेस को इस मुद्दे पर एकजुट होना चाहिए और ऐसा स्टाफ रखना चाहिए, जो पीछे से तस्वीरें लेते समय उन्हें कवर करे। वहीं एक तीसरे यूजर ने कहा कि यह बात समझदार लोगों को भी बतानी पड़ रही है। जज के रूप में नजर आएंगी करिश्मा करिश्मा कपूर जल्द ही ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में जज के रूप में नजर आएंगी। शो के मेकर्स ने हाल ही में उनके एपिसोड का टीजर भी जारी किया है। इस नए सीजन का प्रसारण 9 मई से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर होगा। करिश्मा 90 के दशक की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने कई यादगार गाने और सिग्नेचर डांस मूव्स दिए। जिनमें ले गई ले गई, हुस्न है सुहाना और सोना कितना सोना है शामिल हैं। उनके डांस नंबर आज भी लोकप्रिय हैं। शो के पिछले सीजन में भी करिश्मा कपूर, गीता कपूर और टेरेंस लुईस जज के रूप में नजर आए थे। शो को जय भानुशाली और अनिकेत चौहान ने होस्ट किया था।

ब्रिटिश किंग चार्ल्स ने ट्रम्प पर तंज कसा:अगर हम न होते तो आप फ्रेंच बोल रहे होते, 250 साल पुराने इतिहास की याद दिलाई

ब्रिटिश किंग चार्ल्स ने ट्रम्प पर तंज कसा:अगर हम न होते तो आप फ्रेंच बोल रहे होते, 250 साल पुराने इतिहास की याद दिलाई

किंग चार्ल्स तृतीय ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर के दौरान डोनाल्ड ट्रम्प पर हल्के-फुल्के अंदाज में तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर ब्रिटिश न होते, तो आज अमेरिकी लोग फ्रेंच बोल रहे होते। किंग चार्ल्स ने ट्रम्प के उस पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें ट्रम्प ने यूरोपीय देशों पर आरोप लगाया था कि वे दूसरे विश्व युद्ध के बाद सुरक्षा के मामले में अमेरिका पर निर्भर रहे। चार्ल्स ने कहा, “आपने हाल ही में कहा था कि अगर अमेरिका नहीं होता, तो यूरोपीय देश जर्मन बोल रहे होते। तो मैं यह कहने की हिम्मत करता हूं कि अगर हम (ब्रिटिश) नहीं होते, तो आप लोग फ्रेंच बोल रहे होते।” किंग चार्ल्स का इशारा उत्तरी अमेरिका के उन इलाकों की तरफ था, जहां कभी ब्रिटेन और फ्रांस के बीच कब्जे को लेकर संघर्ष हुआ था। यह लड़ाई अमेरिका की आजादी से करीब 250 साल पहले हुई थी। इसमें ब्रिटेन की जीत हुई थी। ट्रम्प ने दावोस समिट में यूरोपीय देशों पर तंज कसा था इससे पहले जनवरी में दावोस समिट के दौरान डोनाल्ड ट्रम्प ने यूरोपीय देशों और उनके सहयोग को लेकर एक बयान दिया था। ट्रम्प ने कहा था कि दूसरे विश्व युद्ध में अगर अमेरिका ने बड़ी भूमिका न निभाई होती, तो आज यूरोप का नक्शा और वहां की भाषा दोनों अलग होते। उनके मुताबिक, उस समय जर्मनी और जापान काफी ताकतवर थे और अगर उन्हें रोका नहीं जाता, तो वे कई देशों पर कब्जा कर सकते थे। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि “अगर अमेरिका मदद के लिए नहीं आता, तो आज आप लोग जर्मन और थोड़ा जापानी बोल रहे होते।” इस बयान के जरिए ट्रम्प यह बताना चाहते थे कि अमेरिका ने युद्ध में निर्णायक भूमिका निभाई थी और यूरोप की आजादी बनाए रखने में बड़ा योगदान दिया था। साथ ही, वह यह भी संकेत दे रहे थे कि आज भी यूरोप अपनी सुरक्षा के लिए काफी हद तक अमेरिका पर निर्भर है। चार्ल्स ने व्हाइट हाउस जलाने का किस्सा भी याद दिलाया किंग चार्ल्स ने व्हाइट हाउस में हुए बदलावों पर भी ट्रम्प पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि ईस्ट विंग में बहुत ‘रीएडजस्टमेंट’ हो रहे हैं। ट्रम्प ने 400 मिलियन डॉलर का बड़ा बॉलरूम बनाने के लिए पुराने हिस्से को गिरा दिया है। इस पर चार्ल्स ने हंसते हुए कहा, “हमने भी 1814 में व्हाइट हाउस के रियल एस्टेट डेवलपमेंट की अपनी कोशिश की थी।” असल में वह 1814 की घटना याद दिला रहे थे जब ब्रिटिश सैनिकों ने व्हाइट हाउस को आग लगा दी थी। किंग चार्ल्स इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि आज का डिनर ‘बोस्टन टी पार्टी’ से काफी बेहतर है। बोस्टन टी पार्टी 16 दिसंबर 1773 को हुई थी। उस समय अमेरिका, ब्रिटेन का उपनिवेश था। ब्रिटेन ने वहां के लोगों पर कई टैक्स लगाए थे, खासकर चाय पर। इससे नाराज होकर लोगों ने समुद्र में चाय फेंक दी थी। यह घटना अमेरिका की आजादी की लड़ाई की शुरुआत की बड़ी वजहों में से एक मानी जाती है। ट्रम्प बोले- चार्ल्स ने वो किया जो मैं नहीं कर पाया जब ट्रम्प के बोलने की बारी आई तो उन्होंने चार्ल्स की तारीफ की और कहा कि उन्होंने संसद में शानदार भाषण दिया। उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि चार्ल्स ने डेमोक्रेट्स को भी खड़ा कर दिया, जो वह खुद कभी नहीं कर पाए। दरअसल, अमेरिका में दो बड़ी पार्टियां हैं। रिपब्लिकन (ट्रम्प की) और डेमोक्रेट्स (विपक्ष)। आमतौर पर डेमोक्रेट्स, ट्रम्प की बातों से सहमत नहीं होते, इसलिए उनके लिए खड़े होकर तालियां नहीं बजाते। लेकिन चार्ल्स के भाषण पर डेमोक्रेट्स ने भी खड़े होकर तालियां बजाईं। किंग चार्ल्स अपने साथ एक तोहफा भी लाए। यह ब्रिटेन की तरफ से ट्रम्प के लिए एक तरह की कूटनीतिक पहल मानी जा रही है, खासकर तब जब ट्रम्प ने ईरान मुद्दे पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की आलोचना की थी। चार्ल्स ने ट्रम्प को ब्रिटिश पनडुब्बी HMS की घंटी भेंट की। यह पनडुब्बी 1944 में दूसरे विश्व युद्ध के दौरान लॉन्च हुई थी। तोहफा देते हुए चार्ल्स ने कहा कि यह हमारी साझा इतिहास और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बने। साथ ही हंसते हुए कहा, “अगर कभी हमें बुलाना हो, तो बस घंटी बजा दीजिए।” चार्ल्स का किंग बनने के बाद पहला अमेरिका दौरा किंग चार्ल्स ने ट्रम्प की मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद भी दिया और बताया कि यह उनका अमेरिका का 20वां दौरा है, लेकिन पहली बार वे राजा के रूप में आए हैं। यह दौरा ऐसे समय में हुआ जब ब्रिटेन और अमेरिका के बीच कुछ तनाव भी रहा है। खासकर ईरान पर अमेरिका-इजराइल हमले को लेकर, जिसमें ब्रिटेन की लेबर सरकार शामिल नहीं हुई। इसके बाद ट्रम्प ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की आलोचना भी की थी। ट्रम्प ने ईरान का मुद्दा उठाया ट्रम्प ने ईरान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वे और चार्ल्स दोनों इस बात से सहमत हैं कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं मिलना चाहिए। इससे पहले चार्ल्स ने अमेरिकी संसद में अपने संबोधन में लोकतंत्र की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि सत्ता (पावर) एक ही व्यक्ति के पास नहीं होनी चाहिए, बल्कि अलग-अलग हिस्सों में बंटी होनी चाहिए। उनका मतलब यह था कि अमेरिका पहले ब्रिटेन के राजा के अधीन था। फिर आजादी के बाद उसने ऐसा सिस्टम बनाया, जिसमें कोई राजा नहीं होता और सत्ता बांट दी जाती है ताकि तानाशाही न हो। अमेरिका में सरकार तीन हिस्सों में बंटी होती है। राष्ट्रपति, संसद (कांग्रेस) और अदालत। चार्ल्स ने कहा कि 250 साल पहले जो मतभेद थे, अब उनकी जगह एक मजबूत दोस्ती ने ले ली है, जो दुनिया के सबसे अहम गठबंधनों में से एक बन चुकी है।

सेल सागर तालाब में 170 जगह अतिक्रमण:अवैध कब्जाधारियों को नोटिस; नपा ने देर रात मोबाइल टॉर्च से कार्रवाई कर दस्तावेज मांगे

सेल सागर तालाब में 170 जगह अतिक्रमण:अवैध कब्जाधारियों को नोटिस; नपा ने देर रात मोबाइल टॉर्च से कार्रवाई कर दस्तावेज मांगे

टीकमगढ़ में सेल सागर तालाब पर अवैध कब्जे को लेकर नगर पालिका की टीम ने मंगलवार देर रात कार्रवाई की। टीम ने तालाब की जमीन पर अवैध निर्माण करने वाले करीब 100 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इन सभी को 24 घंटे के भीतर निर्माण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। देर रात नोटिस जारी करने की इस प्रक्रिया पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। मामला शहर के बीच स्थित सेल सागर तालाब से जुड़ा है, जिसका निर्माण राजशाही दौर में हुआ था। लंबे समय से इस तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे हो रहे हैं, और कई लोगों ने तो तालाब के अंदर ही मकान बना लिए हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया। सीमांकन के दौरान 170 से अधिक स्थानों पर अवैध कब्जा शिकायतों के मद्देनजर कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने तहसीलदार और नगर पालिका की टीम को तालाब का सीमांकन करने के निर्देश दिए थे। करीब एक महीने पहले तहसीलदार सतेंद्र सिंह गुर्जर ने तालाब का सीमांकन कराया था। सीमांकन के दौरान 170 से अधिक स्थानों पर अवैध कब्जा पाया गया, जिसकी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी गई थी। कब्जाधारियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू अब इसी सीमांकन रिपोर्ट के आधार पर नगर पालिका ने अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है। मंगलवार देर रात नगर पालिका के कर्मचारी सेल सागर तालाब पहुंचे और मोबाइल टॉर्च के सहारे चिन्हित लोगों को नोटिस थमाए। नोटिस में सभी से अपने निर्माण के दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया ने बताया कि प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छतरपुर कोतवाली से भागा युवक, पुलिस ने दौड़कर पकड़ा, VIDEO:पूछताछ के लिए बुलाया गया था; कड़ा की बरिया में घेराबंदी में फिर पकड़ाया

छतरपुर कोतवाली से भागा युवक, पुलिस ने दौड़कर पकड़ा, VIDEO:पूछताछ के लिए बुलाया गया था; कड़ा की बरिया में घेराबंदी में फिर पकड़ाया

छतरपुर सिटी कोतवाली से पूछताछ के लिए बुलाया गया एक युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना से कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई। युवक के भागते ही पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़ पड़े। यह पूरी घटना कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, युवक को किसी मामले में पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली बुलाया गया था। इसी दौरान उसने मौका पाकर पुलिस की निगरानी से निकलकर भागने का प्रयास किया। इस अप्रत्याशित घटना से पुलिसकर्मी कुछ देर के लिए असहज स्थिति में आ गए। युवक के भागते ही पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसका पीछा करना शुरू कर दिया। सड़कों पर कुछ दूरी तक यह दौड़-भाग जारी रही, जिसे देखकर राहगीन भी हैरान रह गए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को कड़ा की बरिया इलाके के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। इसके बाद उसे वापस कोतवाली लाया गया। इस घटना के बाद सिटी कोतवाली की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

मंडला में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद:भीषण गर्मी के चलते कलेक्टर ने 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया; शिक्षक रहेंगे उपस्थित

मंडला में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद:भीषण गर्मी के चलते कलेक्टर ने 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया; शिक्षक रहेंगे उपस्थित

मंडला जिले में भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर (शिक्षा विभाग) मंडला ने नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित कर दिया है। यह फैसला लगातार बढ़ते तापमान और लू जैसी स्थिति के कारण लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिसके मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। शिक्षक नियमित रूप से विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश अवधि के दौरान शिक्षक नियमित रूप से विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। उन्हें अपने शैक्षणिक और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करना होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। मंडला जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार 43 से 44 डिग्री के बीच बना हुआ है। 28 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43.2°C, 27 अप्रैल को 44.0°C, 26 अप्रैल को 44.0°C, 25 अप्रैल को 43.8°C और 24 अप्रैल को 42.5°C दर्ज किया गया था। भीषण गर्मी के कारण जिले में जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, जिससे सामान्य गतिविधियां धीमी पड़ गई हैं।

'जिन्होंने सदियों गुलाम बनाया, अब वो डर रहे हैं':यह डर अच्छा है; बरखेड़ा कुर्मी में दामोदर यादव ने विरोधियों पर साधा निशाना

'जिन्होंने सदियों गुलाम बनाया, अब वो डर रहे हैं':यह डर अच्छा है; बरखेड़ा कुर्मी में दामोदर यादव ने विरोधियों पर साधा निशाना

सीहोर के ग्राम बरखेड़ा कुर्मी में मंगलवार रात एक जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। विरोधियों पर साधा निशाना रात 11 बजे से 1 बजे तक चले इस संबोधन में यादव ने सामाजिक न्याय और सत्ता में भागीदारी को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने स्थानीय बुंदेली/मालवी लहजे के शब्दों ‘ठटरी’ और ‘बार देना’ का अर्थ समझाते हुए कहा कि जो लोग उनकी यात्रा और विचारधारा को रोकने के लिए राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट तक चिट्ठियां लिख रहे हैं, वे इस जागृति से डरे हुए हैं। सत्ता में भागीदारी की बात कही यादव ने दावा किया कि जिस दिन पिछड़ा वर्ग और दलित वर्ग एक होकर खड़ा हो गया, उस दिन देश की राजनीतिक तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने आह्वान किया कि “जिन्हें सदियों तक गुलाम बनाया गया, अब वे इस देश के मालिक और शासक बनेंगे।” घोड़ी विवाद पर दिया बयान घोड़ी पर चढ़ने को लेकर होने वाले विवादों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग आज दलितों को घोड़ी पर नहीं चढ़ने दे रहे, समय आने पर उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा और उन्हें गधे पर बैठाने का काम करेंगे। दामोदर यादव ने बाबा साहेब अंबेडकर के संघर्ष और उनके बच्चों के बलिदान को याद दिलाते हुए ग्रामीणों से अपने वोट की कीमत समझने की अपील की। कार्यक्रम में भीम युवा संगठन और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। देर रात होने के बावजूद आसपास के गांवों से भी लोग दामोदर यादव को सुनने के लिए डटे रहे और कार्यक्रम स्थल ‘जय भीम’ के नारों से गूंजता रहा। उल्लेखनीय है कि सीहोर जिले में आजाद समाज पार्टी लगातार अपनी पैठ बढ़ाने का प्रयास कर रही है। दामोदर यादव के इस आक्रामक तेवर को आने वाले स्थानीय और बड़े चुनावों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

मोदी ने यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया:हरिद्वार से भी जुड़ेगा; PM बोले- बंगाल जैसी बंपर वोटिंग दशकों में नहीं देखी

मोदी ने यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया:हरिद्वार से भी जुड़ेगा; PM बोले- बंगाल जैसी बंपर वोटिंग दशकों में नहीं देखी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई से यूपी के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने ऐलान किया कि एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार से भी जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि महिला विरोधी सपा कभी सुधरने वाली नहीं है, इसलिए इनसे सावधान रहिए। इससे पहले, पीएम ने एक्सप्रेस-वे के किनारे पेड़ लगाया। सीएम योगी के साथ एक्सप्रेस-वे पर पैदल भी चले। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। इससे मेरठ से प्रयागराज की दूरी सिर्फ 6 घंटे में पूरी होगी। अब तक 11-12 घंटे लगते थे। 12 जिलों से होकर गुजरने वाला यह एक्सप्रेस-वे कई मायनों में खास है। यहां पब्लिक कन्वीनियंस सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें ठहरने की सुविधा, इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर और फूड कोर्ट शामिल हैं। सड़क पर रंबल स्ट्रिप (उभरी हुई पट्टियां) बनाई गई हैं। इन पर वाहन के टायर आते ही ड्राइवर को वाइब्रेशन महसूस होता है, जिससे हादसों की आशंका कम होगी। एक्सप्रेस-वे पर एयरफोर्स के फाइटर जेट्स की लैंडिंग के लिए शाहजहांपुर के जलालाबाद के पास 3.5 किमी लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है। यह देश की पहली नाइट लैंडिंग एयरस्ट्रिप है। हर 75 किमी पर पेट्रोल पंप बनाए गए हैं, जिन्हें भारत पेट्रोलियम खुद संचालित कर रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे से पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे था, जिसकी लंबाई 340 किमी है। यह प्रदेश का छठा एक्सप्रेस-वे है। एक्सप्रेस-वे 5 साल में बनकर तैयार हुआ है। इसे बनाने में करीब 37,350 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस हिसाब से 1 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे की लागत करीब 62 करोड़ 87 लाख रुपए पड़ती है। 18 दिसंबर, 2021 को मोदी ने शाहजहांपुर में एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था। तस्वीरें देखिए- गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…