Tuesday, 15 Sep 2026 | 03:58 AM

Trending :

EXCLUSIVE

इंदौर में कंपनी के कर्मचारियों ने पार्सल में की हेराफेरी:कंपनी के सीनियर एक्जीकेटिव की शिकायत पर एफआईआर

इंदौर में कंपनी के कर्मचारियों ने पार्सल में की हेराफेरी:कंपनी के सीनियर एक्जीकेटिव की शिकायत पर एफआईआर

चंदन नगर थाना पुलिस ने एक कंपनी की शिकायत पर उसके ही दो कर्मचारियों के खिलाफ माल में हेराफेरी (गबन) का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों कर्मचारी लंबे समय से कंपनी को नुकसान पहुंचा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, नीरज जायसवाल, एनटेक्स ट्रांसपोर्टेशन कंपनी में लायजनिंग सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी Amazon के लिए अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर का काम करती है। कंपनी में सुपरवाइजर रहे दीपक मोहरे (निवासी पालदा) और डिलीवरी बॉय प्रवीण सिंह (निवासी जालोर, राजस्थान) सितंबर 2024 से जनवरी 2026 तक कार्यरत थे। आरोप है कि ग्राहक द्वारा पार्सल न लेने पर जो सामान वापस भेजा जाता था, उसमें दोनों कर्मचारियों ने हेराफेरी की। जब कंपनी ने पार्सल चेक किए तो उनमें मूल (ओरिजिनल) सामान नहीं मिला। इस तरह करीब 10 लाख 90 हजार रुपए का माल कंपनी को वापस नहीं मिला। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी डिलीवरी के दौरान सामान बदल देते थे और बाद में उसे ग्राहक द्वारा लौटाया गया बताकर कंपनी को धोखा देते थे। कंपनी द्वारा नोटिस देने के बाद दोनों से पूछताछ की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

बुरहानपुर पहुंचे बोहरा धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन:हजारों अनुयायियों ने किया स्वागत; मंगलवार को दरगाह-ए-हकीमी में उर्स पर देंगे प्रवचन

बुरहानपुर पहुंचे बोहरा धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन:हजारों अनुयायियों ने किया स्वागत; मंगलवार को दरगाह-ए-हकीमी में उर्स पर देंगे प्रवचन

दुनिया भर के दाऊदी बोहरा समुदाय के 53वें धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन रविवार रात 8:30 बजे मुंबई से बुरहानपुर पहुंचे। स्टेशन पर हजारों समुदाय के सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया। दाऊदी बोहरा जमात PRO कमेटी कोऑर्डिनेटर तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने बताया कि सैयदना सैफुद्दीन अपने पूर्वज, सैयदी अब्दुल कादिर हकीमुद्दीन साहब की पुण्यतिथि (उर्स) मनाने के लिए बुरहानपुर आए हैं। वे मंगलवार को बुरहानपुर स्थित दरगाह-ए-हकीमी की हकीमी मस्जिद में प्रवचन देंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश और भारत के अन्य हिस्सों से हजारों बोहरा समुदाय के सदस्य शहर में मौजूद रहेंगे। साहित्य प्रेमी और लेखक भी थे धर्मगुरु सैयदी अब्दुल कादिर हकीमुद्दीन का जन्म 1665 में 34वें धर्मगुरु सैयदना बदरुद्दीन बिन मुल्ला राज के कार्यकाल में हुआ था। वे साहित्य प्रेमी और एक महान लेखक थे, जिन्होंने उर्दू, संस्कृत, फारसी और अरबी में कई पुस्तकें लिखी थीं। अपनी धर्मपरायणता, विनम्रता और विद्वत्ता के लिए प्रसिद्ध, सैयदी अब्दुल कादिर हकीमुद्दीन का जीवन और विरासत आज भी दुनिया भर के हजारों दाऊदी बोहरा सदस्यों को प्रेरित करती है।

इंदौर में चलती कार में अचानक भभक उठी आग:शहर के व्यस्ततम चौराहे पर पुलिस ने रोकी कार, टला बड़ा हादसा

इंदौर में चलती कार में अचानक भभक उठी आग:शहर के व्यस्ततम चौराहे पर पुलिस ने रोकी कार, टला बड़ा हादसा

ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तत्परता रविवार को काम आई। इसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। पलासिया चौराहे पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार के चालक को पता ही नहीं चला कि कार में आग लगी है, पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार को रुकवाया और पानी डालकर आग पर काबू पाया। रविवार रात को एक कार साकेत नगर से पलासिया होते हुए घंटाघर की ओर जा रही थी। पलासिया चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक जवान मनोज शर्मा की नजर कार पर पड़ी तो उन्होंने देखा कि कार के इंजन के नीचले हिस्से से आग की लपटे उठ रही है। उन्होंने तुरंत ही कार चालक को गाड़ी रोकने के लिए कहा और पलासिया चौराहे से घंटाघर की ओर जाने वाली रोड पर ही कार रुकवा दी और कार चालक को तुरंत बाहर आने को कहा। जैसे ही कार चालक बाहर आया तो वह भी कार में आग देख हैरान रह गया और घबरा गया, जिसके तुरंत ट्रैफिक पुलिस जवानों ने शांत करवाया। पानी डालकर पाया आग पर काबू इस दौरान वहां पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सुबेदार ब्रजराज अजनार, आरक्षक मनोज शर्मा, आरक्षक पवन और सैनिक सूरज ने तुरंत ही तत्परता दिखाते हुए पहले पानी की बोतल से फिर पानी की 20 लीटर की पानी की कुप्पी भरकर लाए और पानी डालकर आग पर काबू पाया। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। कार की फोग लैंप की लाइट कराई थी चेंज ट्रैफिक सुबेदार ब्रजराज अजनार ने बताया कि कार में एक ही व्यक्ति सवार था। कार के नीचले हिस्से में आग लगी थी। जिसके कारण चालक को पता ही नहीं चला। कार चलाने के दौरान हवा से आग बढ़ने लगी। समय रहते उसे देख लिया नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। ट्रैफिक सुबेदार ने बताया कि चालक से जब चर्चा कि तो उसने बताया कि कुछ टाइम पहले ही उसने फोग लाइट चेंज करवाई थी और हाई पॉवर की लगवाई थी। फोग लाइट के वहीं आग लगी थी, जिसकी वजह से चालक को आग का पता नहीं चला। लाइट गर्म होने की वजह से प्लास्टिक चिपक गया। कुछ ही देर में प्लास्टिक जमीन पर गिरने लग गया था। करीब 2 मिनट में आग पर काबू पाया। तस्वीरों में देखिए-

निजी स्कूलों की मनमानी पर प्रशासन का शिकंजा:कॉपी-किताब और यूनिफॉर्म में एकाधिकार खत्म, कलेक्टर का सख्त आदेश; उल्लंघन पर होगी दंडात्मक कार्रवाई

निजी स्कूलों की मनमानी पर प्रशासन का शिकंजा:कॉपी-किताब और यूनिफॉर्म में एकाधिकार खत्म, कलेक्टर का सख्त आदेश; उल्लंघन पर होगी दंडात्मक कार्रवाई

निजी स्कूलों द्वारा कॉपी-किताब, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री की खरीद को लेकर की जा रही अनिवार्यता और एकाधिकार पर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक विद्यालय संचालक/प्राचार्य को प्रत्येक कक्षा की अनिवार्य पुस्तकों की सूची परीक्षा परिणाम घोषित होने से पहले अपनी स्कूल की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी और विद्यालय परिसर के सार्वजनिक स्थान पर चस्पा करना होगा। प्रवेश के समय एवं परीक्षा परिणाम के दौरान अभिभावकों को पुस्तकों की सूची की प्रति उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा। साथ ही सत्र प्रारंभ होने से दो माह पूर्व कम से कम तीन पुस्तक/यूनिफॉर्म विक्रेताओं के नाम वेबसाइट पर अपलोड करना सुनिश्चित करना होगा। किसी एक दुकान से खरीद की बाध्यता नहीं विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों औरअभिभावकों को किसी एक दुकान, विक्रेता या संस्था विशेष से कॉपी-किताब या यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य नहीं करेगा। अभिभावक 15 जून 2026 तक अपनी सुविधा अनुसार पुस्तकों की खरीद कर सकेंगे। एनसीईआरटी और अधिकृत पुस्तकों के अलावा अन्य पर रोक विद्यालय जिस बोर्ड सीबीएसई, आईसीएसई, एमपी बोर्ड या अन्य से संबद्ध है, उसी के निर्धारित पाठ्यक्रम की पुस्तकें ही पढ़ाई जाएंगी। नियामक संस्था या विधिक रूप से अधिकृत एजेंसी (जैसे एनसीईआरटी, मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम आदि) द्वारा प्रकाशित पुस्तकों के अतिरिक्त निजी प्रकाशकों की पुस्तकों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। नैतिक शिक्षा, सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर आदि विषयों की निजी प्रकाशकों की पुस्तकें खरीदने के लिए भी विद्यार्थियों को बाध्य नहीं किया जाएगा। पीटीएम में प्रचार-प्रसार पर रोक यूनिफॉर्म में भी सख्त प्रावधान कोई भी विद्यालय दो से अधिक प्रकार की यूनिफॉर्म निर्धारित नहीं करेगा (ब्लेजर और स्वेटर अलग रहेंगे)। यूनिफॉर्म में कम से कम तीन वर्ष तक कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। 12 अप्रैल से 11 जून तक रहेगा प्रभावी यह प्रतिबंधात्मक आदेश 12 अप्रैल 2026 से 11 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों को आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मोबाइल चोरी के आरोप से आहत वृद्धा ने जहर खाया:छतरपुर में गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश; बाद में पेड़ पर मिला मोबाइल

मोबाइल चोरी के आरोप से आहत वृद्धा ने जहर खाया:छतरपुर में गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश; बाद में पेड़ पर मिला मोबाइल

छतरपुर जिले के बारीगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को मोबाइल चोरी के आरोप से आहत एक 65 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। महिला की पहचान संपत अहिरवार (65), निवासी बारीगढ़ के रूप में हुई। घटना के बाद परिजन उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोप- गाली-गलौज, मारपीट की कोशिश हुई परिजनों के अनुसार, घटना के समय महिला का पति खेत पर काम करने गया था। इसी दौरान गांव के ही एक दंपती घर पहुंचे और मोबाइल चोरी का आरोप लगाने लगे। आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश भी की। बताया गया कि आरोप लगाने वालों ने घर का सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया और मोबाइल की तलाश में कपड़े, बिस्तर और अनाज तक बिखेर दिया। महिला ने खुद को निर्दोष बताते हुए मंदिर में कसम खाने तक की बात कही, लेकिन आरोप लगाने वाले नहीं माने। बाद में मोबाइल घर के पास एक पेड़ की खोह में मिला, जहां महिला आम तोड़ने गई थी और वहीं उसे रख दिया था। मोबाइल मिलने के बावजूद हुए अपमान और मानसिक दबाव से आहत होकर महिला ने जहर खा लिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। स्वस्थ्य होने परल महिला के बयान लेंगे : थाना प्रभारी जुझारनागर थाना प्रभारी राजकुमार यादव के अनुसार, अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। महिला के स्वस्थ होने पर उसके बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घूरकर देखने पर दोस्तों के सामने चाकू मारकर हत्या:सीने में किए कई वार, शव के पास रोती रही मां; 3 महीने पहले हुई थी शादी

घूरकर देखने पर दोस्तों के सामने चाकू मारकर हत्या:सीने में किए कई वार, शव के पास रोती रही मां; 3 महीने पहले हुई थी शादी

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में घूरकर देखने पर चाय पी रहे युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवक पर चाकू से कई वार किए। सीने में गहरे घाव हुए और अधिक खून बहने से मौके पर मौत हो गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के शुक्ला चौक का है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 21 वर्षीय साहिल पिता अय्यूब शाह, निवासी मदारपुरा के रूप में हुई है। हमले में रहीम (पिता मुन्ना शाह) भी घायल हुआ। आरोपी ने उसके हाथ और अन्य जगहों पर वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। ये तस्वीरें देखिए… साढ़े 6 बजे घर से निकला, 8 बजे तक हत्या की खबर परिजन के मुताबिक, साहिल शाम करीब 6:30 बजे यह कहकर घर से निकला था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर घर पहुंच गई। साहिल की शादी तीन महीने पहले हुई थी। वारदात के बाद परिवार में मातम है। मां शव को पकड़कर रोती रही। रात करीब 8 बजे विवाद के बाद हमला घायल दोस्त रहीम ने बताया, रात करीब 8 बजे शुक्ला चौक के पास साहिल और साथी चाय की दुकान पर बैठे थे, तभी अमन शाह नाम का युवक बाइक से पहुंचा। उसने साहिल पर घूरकर देखने का आरोप लगाया। बिना बहस के चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि साहिल संभल नहीं पाया। आरोपी ने सीधे सीने पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आए रहीम भी हमले में घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर्स के अनुसार, सीने पर गहरे घाव हैं। ज्यादा खून बह जाने की वजह से मौत हो गई। वहीं रहीम का इलाज जारी है। हालत स्थिर है। आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश कोतवाली पुलिस ने बताया- वारदात के बाद आरोपी अमन शाह पिता आमीन शाह फरार हो गया। रहीम के बयान दर्ज कर लिए हैं। आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि विवाद केवल घूरकर देखने को लेकर था या कोई पुरानी रंजिश थी। …………………………………… निवाड़ी में मछली काटने वाली छुरी से लड़की का गला काटा मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर निवाड़ी जिले में युवती की गला काटकर हत्या की गई है। उसकी कुछ दिन में शादी होने वाली थी। मर्डर स्पॉट से 100 मीटर दूर UP के युवक की फांसी पर लटकी डेडबॉडी मिली। मामला सेंदरी थाना क्षेत्र के पूछा की पहाड़ी ढिमरपुरा का है। पढ़ें पूरी खबर…

राजगढ़ में स्विमिंग पूल उद्घाटन पर शुल्क विवाद:कांग्रेस ने कहा- पहले मुफ्त था, अब 200 रुपए रोज; विभाग बोला- ₹50 प्रति घंटा ही वास्तविक चार्ज

राजगढ़ में स्विमिंग पूल उद्घाटन पर शुल्क विवाद:कांग्रेस ने कहा- पहले मुफ्त था, अब 200 रुपए रोज; विभाग बोला- ₹50 प्रति घंटा ही वास्तविक चार्ज

राजगढ़ में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित शासकीय स्विमिंग पूल का विधिवत शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के बाद मंत्री द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के बाद पूल के शुल्क को लेकर विवाद खड़ा हो गया। यह स्विमिंग पूल नया नहीं है, बल्कि लगभग 10 साल पुराना है और इसे हर साल गर्मियों में चालू किया जाता रहा है। इस बार प्रशासन ने औपचारिक रूप से मंत्री से इसका उद्घाटन करवाया। मंत्री टेटवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है, जिससे उन्हें तैराकी जैसी गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। शुल्क बढ़ने पर मंत्री से हस्तक्षेप की मांग हालांकि, मंत्री की सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस नेता एहेतेशाम सिद्धीकी ने शुल्क वृद्धि पर सवाल उठाए। उन्होंने टिप्पणी की कि यह पूल पहले निःशुल्क था, फिर 10 रुपए प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जाने लगा और अब इसे बढ़ाकर 200 रुपए प्रतिदिन कर दिया गया है। सिद्धीकी के अनुसार, इस हिसाब से मासिक खर्च लगभग 6,000 रुपए होता है, जो आम जनता की पहुंच से बाहर है। उन्होंने मंत्री से हस्तक्षेप कर छात्रों और आम लोगों को राहत प्रदान करने की मांग की। वास्तविक शुल्क 50 रुपए प्रति घंटा : विभाग इस संबंध में, खेल एवं युवक कल्याण विभाग की जिला संयोजक शर्मिला डाबर ने स्पष्ट किया कि वास्तविक शुल्क 50 रुपए प्रति घंटा है। उन्होंने बताया कि मासिक शुल्क लगभग 1,500 रुपए है और एक घंटे से अधिक समय तक रुकने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता है। उद्घाटन कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित अन्य अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

High BP Tips: पूरी गर्मी कंट्रोल रहेगा हाई ब्लड प्रेशर, बस घर पर रोज करें ये आसान प्राणायाम

authorimg

Last Updated:April 12, 2026, 21:36 IST Manage High BP Naturally: हाई बीपी हार्ट डिजीज के रिस्क को काफी ज्यादा बढ़ाती है, ऐसे में इसे कंट्रोल करना बहुत जरूरी होता जाता है. अच्छी बात ये है कि दवाओं के साथ-साथ योग और सही जीवनशैली अपनाकर इसे काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है. शीतकारी प्राणायाम हाई बीपी को कंट्रोल करने वाला ऐसा ही नेचुरल तरीका है. ख़बरें फटाफट Manage High BP Naturally: आजकल बदलती जीवनशैली अनियमित दिनचर्या और गलत खानपान के कारण हाई ब्लड प्रेशर एक आम समस्या बन गया है. दुनियाभर में करोड़ों लोग इससे प्रभावित हैं और भारत में यह हार्ट डिजीज व स्ट्रोक का बड़ा कारण माना जाता है. अच्छी बात यह है कि दवाओं के साथ-साथ योग और सही जीवनशैली अपनाकर इसे काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है. इन्हीं योग तकनीकों में से एक है शीतकारी प्राणायाम, जो एक आसान और प्रभावी श्वास अभ्यास है. यह शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ मन को शांत करता है और ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करता है. क्या होता है शीतकारी प्राणायामशीतकारी प्राणायाम में मुंह के जरिए धीरे-धीरे सांस अंदर ली जाती है. इससे शरीर में ठंडक महसूस होती है, जो खासतौर पर गर्मियों में बहुत फायदेमंद होती है. यह अभ्यास तनाव और चिंता को कम करता है, जिससे ब्लड प्रेशर पर सकारात्मक असर पड़ता है. साथ ही यह शरीर के नर्वस सिस्टम को संतुलित करने में भी मदद करता है. नियमित अभ्यास से कई फायदे मिलते हैंयह दिल की धड़कन को सामान्य रखने में मदद करता है, शरीर को ठंडा रखता है और पाचन से जुड़ी गर्मी की समस्याओं को कम करता है. इसके अलावा यह सांस लेने की गति को धीमा करता है, जिससे शरीर को ऑक्सीजन बेहतर तरीके से मिलती है और फेफड़े मजबूत होते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता, इसलिए इसे दवाओं के साथ सुरक्षित रूप से किया जा सकता है. साइंस ने भी माना फायदेमंदकुछ रिसर्च में यह भी पाया गया है कि शीतकारी और शीतली प्राणायाम हल्के और मध्यम हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों में सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद कर सकते हैं. इसका मुख्य कारण तनाव में कमी और शरीर के रिलैक्स होने की प्रक्रिया है. कैसे करें शीतकारी प्राणायामइसे करने का तरीका भी बहुत आसान है. आराम से किसी शांत जगह पर बैठ जाएं, पीठ सीधी रखें और आंखें बंद कर लें. अब दांतों को हल्का सा मिलाएं और होंठ थोड़े खुले रखें. दांतों के बीच से धीरे-धीरे सांस अंदर लें. फिर मुंह बंद करके नाक से धीरे-धीरे सांस बाहर छोड़ें. रोजाना 10 मिनट तक इसका अभ्यास करें. About the Author शारदा सिंहSenior Sub Editor शारदा सिंह बतौर सीनियर सब एडिटर News18 Hindi से जुड़ी हैं. वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्यू पर आधारित रिपोर्ट्स बनाने में एक्सपर्ट हैं. शारदा पिछले 5 सालों से मीडिया …और पढ़ें News18 न्यूजलेटर अब ईमेल पर इनसाइड स्‍टोर‍ीज खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्‍स में सबमिट करें Location : New Delhi,Delhi First Published : April 12, 2026, 21:36 IST Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.

राजगढ़ अस्पताल में हाईटेक ओटी शुरू, मंत्री ने शुभारंभ किया:बुलाए नहीं जाने पर विधायक अमरसिंह बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं, CM से शिकायत करूंगा

राजगढ़ अस्पताल में हाईटेक ओटी शुरू, मंत्री ने शुभारंभ किया:बुलाए नहीं जाने पर विधायक अमरसिंह बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं, CM से शिकायत करूंगा

राजगढ़ जिला अस्पताल में तैयार चार हाईटेक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का रविवार को राज्य मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से यह बड़ी सौगात मानी जा रही है, लेकिन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किए जाने से सियासी विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव और नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू को नहीं बुलाया गया। इसे लेकर दोनों जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई और प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठाए। विधायक ने इसे जनप्रतिनिधि का अपमान बताते हुए सीधे उच्च स्तर पर शिकायत की चेतावनी दी। विधायक बोले- प्रशासन की तानाशाही मामले को लेकर विधायक अमरसिंह यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आज राजगढ़ जिला मुख्यालय पर एक मॉड्यूलर ओ.टी. का लोकार्पण मध्य प्रदेश शासन के लोकप्रिय मंत्री गौतम टेटवाल द्वारा किया गया है। उसमें क्षेत्रीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को सूचना नहीं दी गई। प्रशासन द्वारा यहां तानाशाही की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और मैं उसी पार्टी का विधायक हूं, फिर भी मुझे कानों-कान खबर नहीं हुई। मंत्री जी और मैं एक ही कार्यक्रम में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने भी मुझे नहीं बताया और वहां चुपचाप चले गए। मैं प्रशासन की घोर निंदा करता हूं और इस मामले को लेकर संगठन में तथा मुख्यमंत्री मोहन यादव से शिकायत भी करूंगा। इस प्रकार एक जनप्रतिनिधि का अपमान यहां कराया जा रहा है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में इतने बड़े कार्यक्रम की जानकारी तक न देना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सीएमएचओ और सिविल सर्जन के खिलाफ शिकायत की जाएगी। नपाध्यक्ष बोले- अस्पताल प्रबंधन की मनमानी, शिकायत करेंगे नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू ने भी घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय स्तर का कार्यक्रम था, इसके बावजूद न विधायक को बुलाया गया, न उन्हें और न ही मंडल अध्यक्ष को सूचना दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन मनमानी कर रहा है और जनप्रतिनिधियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने भी मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से शिकायत करने की बात कही। मंत्री बोले- अब गंभीर सर्जरी के लिए बाहर नहीं जाना होगा राज्य मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने कहा कि नए मॉड्यूलर ओटी शुरू होने से अब जिले के मरीजों को इंदौर या भोपाल जैसे बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां मेजर, माइनर, ऑर्थोपेडिक और अन्य जटिल सर्जरी की सुविधा मिलेगी। उन्होंने ओटी का निरीक्षण कर मशीनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कहा कि सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं ओटी इन मॉड्यूलर ओटी में आधुनिक एयर फिल्टर सिस्टम और एंटी-बैक्टीरियल कोटिंग की सुविधा है, जिससे सर्जरी के दौरान संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है। इससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इन ओटी के माध्यम से गंभीर बीमारियों की सर्जरी और अधिक सुरक्षित व सुलभ हो सकेगी। कार्यक्रम में एसपी अमित कुमार तलोनी, सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल, सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा सहित चिकित्सा विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रायसेन सहित 4 जिलों का कृषि रोडमैप जारी:सही फसल और टिकाऊ खेती पर जोर; प्रत्येक ब्लॉक में 'बीज ग्राम' विकसित किए जाएंगे

रायसेन सहित 4 जिलों का कृषि रोडमैप जारी:सही फसल और टिकाऊ खेती पर जोर; प्रत्येक ब्लॉक में 'बीज ग्राम' विकसित किए जाएंगे

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव के दौरान रविवार शाम को सीहोर, विदिशा, देवास और रायसेन जिले के लिए एक समग्र कृषि रोडमैप जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल का अवलोकन किया और किसानों से संवाद करते हुए कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए फसल विविधीकरण, नई तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियां अपनाना आवश्यक है। गेहूं-धान पर निर्भरता कम करने का लक्ष्य मंत्री चौहान ने इस बात पर जोर दिया कि केवल उत्पादन बढ़ाने के बजाय मिट्टी, जलवायु और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सही फसल का चयन करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस रोडमैप में जल प्रबंधन, मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन), बाजार से जुड़ाव और जलवायु-सहिष्णु खेती पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। रोडमैप में गेहूं और धान पर निर्भरता कम करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बजाय, टमाटर, प्याज, लहसुन, अनार जैसी सब्जियों और फलों के साथ-साथ ड्रैगन फ्रूट और एवोकाडो जैसी नई फसलों को बढ़ावा देने की बात कही गई है। किसानों के लिए ‘सॉइल मोबाइल ऐप’ लॉन्च वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सॉइल मोबाइल ऐप’ लॉन्च किया गया है। यह ऐप किसानों को खेत पर ही खाद की सही मात्रा जानने में मदद करेगा। इसके अतिरिक्त, सॉइल हेल्थ कार्ड के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया। चौहान ने घोषणा की कि प्रत्येक ब्लॉक में ‘बीज ग्राम’ विकसित किए जाएंगे, जहां किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे कृषि उत्पादन में 20 प्रतिशत तक की वृद्धि होने की संभावना है। किसानों को रोगमुक्त पौधे उपलब्ध कराने के लिए क्लीन प्लांट सेंटर, तथा कृषि मशीनों की सुविधा के लिए मशीन बैंक और कस्टम हायरिंग सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज, पैक हाउस और प्रोसेसिंग सुविधाओं के विस्तार पर भी बल दिया। साथ ही, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को मजबूत करके किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे खेती को टिकाऊ और अधिक लाभकारी बनाया जा सके। कार्यक्रम के बाद, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से भी चर्चा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह रोडमैप चारों जिलों के किसानों के लिए अत्यधिक फायदेमंद साबित होगा। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा भी उपस्थित थे।