मध्यप्रदेश पुलिस में सरकारी नौकरी का मौका:679 पदों पर हो रही भर्ती , 19 अप्रैल हैं आवेदन की आखिरी तारीख

शुक्रवार रात निवाड़ी जिले की ऐतिहासिक नगरी ओरछा का रामराजा सरकार मंदिर प्रांगण मध्य प्रदेश पुलिस बैंड की प्रस्तुति से गूंज उठा। इस अवसर पर निवाड़ी के पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने पुलिस बैंड में 680 पदों पर जल्द भर्ती की घोषणा की। यह आयोजन संगीत और सेवा के संगम के साथ युवाओं के लिए नए अवसरों का संकेत लेकर आया। मध्य प्रदेश पुलिस बैंड भर्ती 2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी के पुलिस बैंड ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। देशभक्ति गीतों से लेकर भजनों तक, हर प्रस्तुति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बैंड ने ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे’, ‘राम आएंगे’ जैसे भजनों से भक्तिमय वातावरण बनाया, जिस पर लोग झूम उठे। ‘यह देश है वीर जवानों का’ गीत ने देशभक्ति की भावना को चरम पर पहुंचाया, जबकि हनुमान चालीसा की प्रस्तुति ने आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। ‘मेरा कर्मा तू मेरा धर्मा तू’ गीत ने माहौल को भावुक कर दिया। इस कार्यक्रम के दौरान निवाड़ी के पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस बैंड में जल्द ही 679 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डॉ. नरवरिया ने स्पष्ट किया कि यह भर्ती ‘ए’ और ‘बी’ कैटेगरी के विभिन्न वाद्य यंत्रों में दक्ष युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। जो युवा संगीत में रुचि रखते हैं और वाद्य यंत्र बजाने की कला जानते हैं, वे इस भर्ती के माध्यम से अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। एसपी नरवरिया ने अकादमी की प्रस्तुति की जमकर सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। यह भर्ती केवल नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा और अपने हुनर को पहचान दिलाने का एक बड़ा मंच है, जहां सुरों के साथ वर्दी का गौरव भी जुड़ा है। कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति ठाकुर टी आई रामबाबू शर्मा आरआई दीपक साहू समेत पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। कुल कितने पदों पर होगी भर्ती? मध्य प्रदेश पुलिस कांस्टेबल (बैंड) के कुल 679 पदों के लिए ये भर्ती निकाली गई है। भर्ती सिर्फ पुरुष उम्मीदवारों के लिए है, यानी महिला उम्मीदवार इसके लिए आवेदन नहीं कर सकती हैं. इच्छुक पुरुष उम्मीदवार ऑनलाइन तुरंत अपना आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख आवेदन करने का प्रोसेस रविवार 5 अप्रैल से शुरू हो चुका है। उम्मीदवार 19 अप्रैल तक इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख निकलने के बाद किसी भी उम्मीदवार को मौका नहीं दिया जाएगा और न ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. MP Online पोर्टल पर जाकर तुरंत आवेदन कर सकते हैं। कितनी है आवेदन की फीस? अनारक्षित (General): ₹500 SC, ST, OBC और EWS: ₹250 सभी उम्मीदवारों को ₹150 + GST पोर्टल फीस के रूप में अलग से देना होगा आयुसीमा की जानकारी आयुसीमा की बात करें तो आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु कम से कम 18 साल होनी चाहिए। सामान्य वर्ग (General) के लिए अधिकतम उम्र 33 साल और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों लिए अधिकतम उम्र 38 साल तय की गई है। ज्यादा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
धुरंधर फिल्म की अभिनेत्री सारा अर्जुन महाकाल मंदिर पहुंची:मां के जन्मदिन पर महाकाल का आशीर्वाद लेने भस्म आरती में शामिल हुई

हाल ही में रिलीज फिल्म धुरंधर की अभिनेत्री सारा अर्जुन शनिवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उनके साथ पिता राज अर्जुन और मां सान्या भी मौजूद थीं। सारा ने नंदी हाल से भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सारा अर्जुन पहली बार महाकाल मंदिर दर्शन के लिए पहुंचीं। सुबह करीब 4 बजे उन्होंने भस्म आरती में हिस्सा लिया और करीब दो घंटे तक आरती में शामिल रहीं। इस दौरान उन्होंने “जय महाकाल” के जयकारे लगाए और पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। नंदी जी के कान में मांगी मुराद आरती के बाद सारा ने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना कही। इसके बाद गर्भगृह की देहरी से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सत्कार भी किया गया। ‘यहां आकर बहुत अच्छा लगा’ दर्शन के बाद सारा ने कहा कि महाकाल के दर्शन कर उन्हें बेहद सुकून मिला। उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ खास नहीं मांगा, बस सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। कम उम्र में बनाई पहचान सारा अर्जुन ने बहुत कम उम्र में विज्ञापनों और फिल्मों से करियर शुरू किया था। धुरंधर फिल्म से उन्हें खास पहचान मिली है। वे हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
अमेरिका से बातचीत के लिए ईरानी डेलिगेशन पाकिस्तान पहुंचा:बैठक से पहले लेबनान में सीजफायर की शर्त; अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस भी आज इस्लामाबाद पहुंचेंगे

अमेरिका के साथ प्रस्तावित वार्ता से पहले ईरान का डेलिगेशन पाकिस्तान पहुंच गया है। संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ के नेतृत्व में शुक्रवार देर रात यह टीम इस्लामाबाद पहुंची है। इस डेलिगेशन में विदेश मंत्री अब्बास अराघची, सुप्रीम नेशनल डिफेंस काउंसिल के सचिव अली अकबर अहमदियन, सेंट्रल बैंक गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती, पूर्व IRGC कमांडर मोहम्मद बाकर जोलगदर और संसद के कई सदस्य शामिल हैं। ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक लेबनान में सीजफायर लागू नहीं होता और उसके फ्रीज किए गए अरबों डॉलर जारी नहीं किए जाते, तब तक अमेरिका के साथ बातचीत शुरू नहीं होगी। दूसरी तरफ अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी डेलिगेशन के साथ आज इस्लामाबाद पहुंचेंगे। अमेरिका और ईरान के बीच यह अहम बैठक आज इस्लामाबाद में होनी है। इस पर दुनियाभर की नजर बनी हुई है। ईरानी डेलिगेशन के इस्लामाबाद पहुंचने का वीडियो… ट्रम्प बोले- डील नहीं हुई तो फिर हमला करेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अगर डील नहीं होती, तो अमेरिका फिर हमला करेगा। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी युद्धपोतों को सबसे बेहतरीन हथियारों से लैस किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं उपराष्ट्रपति वेंस ने बताया है कि ट्रम्प ने बातचीत के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वह ईमानदारी से बातचीत करेगा तो अमेरिका तैयार है, लेकिन ‘खेल’ करने की कोशिश पर सख्त जवाब दिया जाएगा।
ग्वालियर में लावारिस शवों को नोच रहे कुत्ते:कब्रों से बाहर खींची लाशें; कहीं हाथ-पैर की हड्डियां तो कहीं खोपड़ियां खुले में बिखरी मिलीं

ग्वालियर में लावारिस शवों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। नीडम मुक्तिधाम के पीछे करीब 100×100 फीट के क्षेत्र में पिछले तीन दशकों से अज्ञात शवों को दफनाया जाता रहा है। हाल ही में महाराजपुरा क्षेत्र के एक शव की शिनाख्त के लिए कब्र खोदी गई, तो वहां का दृश्य बेहद भयावह मिला। कहीं हाथ-पैर की हड्डियां तो कहीं खोपड़ियां खुले में बिखरी पड़ी थीं। मौके पर आवारा कुत्तों द्वारा कब्रों से शव निकालकर नोचने के प्रमाण भी मिले। उथली कब्रों में दफन होने के कारण शव अक्सर बाहर आ जाते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्वच्छता और दुर्गंध फैलती रहती है। आसपास के रहवासियों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है। हर दस कदम पर बिखरी मिलीं हड्डियां दैनिक भास्कर की टीम जब गेट खोलकर अंदर पहुंची तो मिट्टी से एक पैर की हड्डी बाहर निकली दिखाई दी। कुछ दूरी पर मिट्टी से कपड़ा झांकता नजर आया। पास जाकर देखने पर उसमें एक शव दबा मिला। यह शव हाल ही में दफनाया गया था, लेकिन एक दिन पहले हुई बारिश के कारण ऊपर की मिट्टी बह गई थी। इसके बाद अंदर घुसे आवारा कुत्तों ने शव को नोचकर बाहर खींच लिया था। करीब 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र में हर कुछ कदम पर मानव हड्डियां बिखरी पड़ी थीं। उथली कब्रों में दफनाए जाते हैं शव ग्वालियर में लावारिस शवों को नीडम मुक्तिधाम के पीछे निर्धारित क्षेत्र में दफनाया जाता है। पहचान की संभावना को ध्यान में रखते हुए शवों को कम गहराई वाले गड्ढों में दफनाया जाता है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से निकाला जा सके। हालांकि, कब्रों की यही उथली बनावट समय के साथ समस्या बनी रहती है, क्योंकि आवारा जानवर इन्हें आसानी से खोदकर बाहर निकाल देते हैं। कुत्ते खोद रहे कब्रें, फैल रही दुर्गंध नीडम मुक्तिधाम कभी शहर से दूर, सुनसान इलाके में स्थित था, लेकिन अब यह शहरी क्षेत्र के बीच आ चुका है। इसके पीछे बने विशेष स्थान पर लावारिस शवों को दफनाया जाता है। मुक्तिधाम के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि यहां अक्सर आवारा कुत्ते मिट्टी खोदकर शवों को बाहर निकाल लेते हैं और उन्हें नोचते हैं। गेट खुला रह जाए तो जानवर आसानी से अंदर पहुंचकर कब्रों को नुकसान पहुंचाते हैं। इस कारण कई बार शव उथले दिखाई देने लगते हैं और पूरे इलाके में दुर्गंध बनी रहती है। चौकीदार का दावा- कोई जिम्मेदार नहीं, जल्दबाजी में दफनाए जा रहे शव लावारिस शवों के कब्रिस्तान की देखरेख कर रहे नरेश वाल्मीकि ने चौंकाने वाली जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस स्थल के प्रबंधन के लिए कोई अधिकृत कर्मचारी तैनात नहीं है। शव लाने के बाद कर्मचारी अक्सर शराब पीते हैं और फिर जल्दबाजी में उन्हें कम गहराई वाली कब्रों में दफना देते हैं। नरेश का कहना है कि वे पिछले 20 वर्षों से यही स्थिति देख रहे हैं। उन्हें इस काम के लिए कोई भुगतान भी नहीं मिलता। हर माह 10–12 शव दफन, सिर्फ दो फीट गहराई में ऑनलाइन सर्विस एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश बाबू कुशवाहा ने बताया कि उनकी टीम केवल शवों को लाने-ले जाने में पुलिस की सहायता करती है। दफनाने की पूरी प्रक्रिया पुलिस की निगरानी में होती है और इस पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है और मेरे पास कोई स्थायी कर्मचारी नहीं हैं उन्होंने कहा कि हर महीने करीब 10 से 12 लावारिस शव यहां दफनाए जाते हैं। पहचान की संभावना को ध्यान में रखते हुए इन्हें करीब दो फीट या उससे कम गहराई में दफनाया जाता है, ताकि जरूरत पड़ने पर आसानी से निकाला जा सके। हालांकि, इसी कारण आवारा कुत्ते कई बार कब्र खोदकर शवों को बाहर निकाल लेते हैं।
वृंदावन नाव हादसा- 10 पर्यटकों की मौत, 5 लापता:सेना ने रातभर यमुना में तलाश की, मृतकों में 7 एक परिवार के; नाविक गिरफ्तार

मथुरा के वृंदावन में नाव हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। युवती समेत 5 लोग अब भी लापता हैं। रातभर सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। देर रात आर्मी ने जिस नाव से हादसा हुआ था, उसे निकाल लिया। आज शनिवार सुबह से फिर से रेस्क्यू शुरू होगा। हादसा शुक्रवार दोपहर 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जहां 37 श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई थी। घाट श्री बांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी दूर है। मृतकों में मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा समेत एक ही परिवार के 7 लोग शामिल हैं। जिस जगह हादसा हुआ, वहां 25 फीट गहरा पानी है। शुरुआती जांच से पता चला है कि नाव की क्षमता 40 श्रद्धालुओं की थी। किसी भी श्रद्धालु को नाविक ने लाइफ जैकेट नहीं दी थी। पांटून पुल की रिपेयरिंग कर रहे लोगों और अन्य नाविकों ने कुछ लोगों को बचाया। बाद में प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस ने आरोपी नाविक पप्पू निषाद को हादसे के 6 घंटे बाद यानी रात 9 बजे हिरासत में लिया। नाव उसकी खुद की थी। उसने श्रद्धालुओं को जुगल घाट से बैठाया था। हादसे के बाद फरार हो गया था। हादसे से जुड़े 2 वीडियो सामने आए हैं। पहला- नाव डूबने से 15 मिनट पहले का है। इसमें लोग राधे-राधे का जप कर रहे हैं। दूसरा- श्रद्धालुओं के नदी में डूबने का है। कैसे हुआ हादसा? हादसे में जिंदा बचे युवक ने बताया- नाव तट से करीब 50 फीट दूर यमुना नदी के बीच में थी। उस वक्त हवा करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। तेज हवा के कारण नाव अचानक डगमगाने लगी। नाविक का नियंत्रण छूट गया। पर्यटकों ने नाविक से कहा कि पुल आने वाला है, नाव रोक लीजिए, लेकिन उसने नहीं सुनी। दो बार नाव टकराने से बची, लेकिन तीसरी बार टक्कर हो गई और नाव डूब गई। हादसे से जुड़े फोटो देखिए… हादसा कैसे हुआ, ग्राफिक्स से समझिए… सभी श्रद्धालु शुक्रवार सुबह वृंदावन पहुंचे थे गुरुवार (9 अप्रैल) को लुधियाना के जगराओं स्थित श्री बांके बिहारी क्लब की ओर से 2 बसों में 130 श्रद्धालुओं को ले जाया गया था। इनमें से 90 श्रद्धालु जगराओं से थे और बाकी अन्य शहरों से। यह वृंदावन की 4 दिन की यात्रा थी। मृतकों में मधुर बहल, उनकी मां कविता बहल, चाचा चरणजीत, चाची पिंकी बहल, बुआ आशा रानी, दूसरी बुआ अंजू गुलाटी और फूफा राकेश गुलाटी शामिल हैं। घटना से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
कागजों में ही होते हैं सरकारी सुधार:शहर में 20 हजार से ज्यादा मल्टियां, 40 लाख आबादी, 2 साल में सिर्फ 181 बिल्डिंगों में ही पार्किंग की जांच

सीतलामाता बाजार हो या दवा बाजार, जेल रोड या एमजी रोड… हर जगह बेतरतीब खड़े वाहन और बाजारों में पैदल चलने तक की जगह नहीं। बावजूद पार्किंग के नाम पर प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त मुहिम दो साल बाद भी सिर्फ बैठकों तक ही सीमित रही। 40 लाख आबादी वाले शहर में 20 हजार से ज्यादा मल्टियां हैं, लेकिन अब तक सिर्फ 181 बिल्डिंगों की ही जांच या सर्वे हो सका है। 134 बहुमंजिला भवन सील किए गए हैं। 96 बिल्डिंग में ही बेसमेंट को पार्किंग में कन्वर्ट किया गया है। इनमें 87 में टू-व्हीलर तो 7 बिल्डिंगों में कार पार्किंग दोबारा शुरू हो सकी है। ये आंकड़े 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2026 तक के हैं। साल 2026 में जनवरी से अब तक 22 जोन में 67 बिल्डिंगों की जांच की गई है। इनमें से भी मात्र 27 में पार्किंग शुरू करवाई गई है। मुहिम अब तक बड़े बाजारों से दूर जेल रोड, दवा बाजार, खजूरी बाजार, छावनी, गीता भवन, ढक्कनवाला कुआं, साउथ तुकोगंज, रेसकोर्स रोड, हाई कोर्ट से मालवा मिल, अन्नपूर्णा रोड, विजय नगर से सुखलिया, शहर के प्रमुख अस्पतालों में कहीं भी बेसमेंट पार्किंग पूरी तरह नहीं हो रही है। सपना-संगीता रोड पर टू-व्हीलर मार्केट, टॉवर चौराहा से खातीवाला टैंक, भोलाराम उस्ताद मार्ग, बड़ा गणपति से राजमोहल्ला, एरोड्रम रोड पर भी अंडर ग्राउंड पार्किंग का पूरी तरह उपयोग नहीं हो रहा है। अधिकांश क्षेत्रों में ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें बनी हैं। यही हाल नई बन रही कॉलोनियों की मल्टियों में भी है। एबी रोड पर विजय नगर से एलआईजी तक सर्विस रोड पर खड़े वाहन बताते हैं कि पार्किंग नॉर्म्स का पालन नहीं हो रहा। सड़क किनारे ट्रैफिक रुकता है पिछले दिनों बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिए थे कि सड़क सुरक्षा के तहत प्रमुख रूप से पार्किंग स्पेस विकसित करने पर विशेष ध्यान देना होगा। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होता है। इसे ध्यान में रखते हुए अवैध पार्किंग पर चालानी कार्रवाई, वाहनों पर लॉक लगाने जैसी सख्त कार्रवाई जारी रहे। पार्किंग स्पेस बढ़ाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जाए। बेसमेंट पार्किंग वाले भवनों में पार्किंग का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जाए। अन्य उपयोग पाए जाने पर सीलिंग सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि ड्रोन से शहर में सड़क पर खड़े वाहनों को जब्त कर रहे या चालान बना रहे हैं।
सिंगर बब्बू मान के शो में पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर का हंगामा:जर्मनी मिलने पहुंची, बोलीं-सिक्योरिटी ने धक्के दिए, ब्रेस्ट छुई, इंसाफ न दिलाया तो नुकसान होगा

पंजाबी सिंगर बब्बू मान के जर्मनी शो में पाकिस्तानी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने हंगामा किया, लेकिन सिक्योरिटी ने उसे रोक दिया। एन्फुलेंसर की पहचान अलीजा सहर के तौर पर हुई है। अलीजा ने 10 अप्रैल को वीडियो शेयर कर आरोप लगाते हुए दावा किया कि बब्बू मान की सिक्योरिटी में लगे लोगों ने उसकी ब्रेस्ट पर हाथ लगाया। उसके साथ हुई बदसलूकी के लिए सिक्योरिटी गार्ड से बब्बू मान जवाब मांगें। अलीजा ने कहा कि मैं बब्बू मान की डाइ हार्ट फैन हूं। मैं 6 अप्रैल को फ्रैंकफर्ट में हुए शो में बब्बू मान से मिलने के लिए गई थी लेकिन सिक्योरिटी ने उसको गलत ढंग से छुआ। वह बब्बू मान के साथ मिल भी नहीं पाईं जिससे उनका दिल टूट गया है। वीडियो पर बात करते-करते ही अलीजा रोने लगती हैं। कहती हैं कि सिंगर बब्बू मान से उसे इंसाफ की उम्मीद है। बब्बू मान ने शो में हुए किसी भी हंगामे के बारे में कोई सूचना नहीं दी है। पंजाबी गायक का यह लाइव कॉन्सर्ट 6 अप्रैल, 2026 की रात को जर्मनी में आयोजित किया गया था। यह शो उनके यूरोप टूर का एक प्रमुख हिस्सा था, जिसमें हजारों की संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे। अलीजा सहर बोलीं- मैं बब्बू मान की बहुत बड़ी फैन हूं। सिक्योरिटी ने हमारे साथ बहुत बुरा व्यवहार किया। हमें धक्के दिए गए और जलील किया गया। जानें क्या है पूरा मामला विवाद तब शुरू हुआ जब पाकिस्तान की मशहूर टिकटॉकर अलीजा सहर जो इन दिनों यूरोप की यात्रा पर हैं, अपने कुछ साथियों के साथ बब्बू मान का शो देखने पहुंचीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अलीजा के दावों के अनुसार वह VVIP पास के जरिए बब्बू मान से मिलकर उनके साथ वीडियो बनाना चाहती थीं। शो की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे विदेशी और स्थानीय बाउंसर्स ने उन्हें बैक स्टेज जाने से रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। अलीजा ने आरोप लगाया कि उसे गलत ढंग से छुआ गया। हालांकि प्रोमोटर ए वन इवेंट्स और पिंड प्राइम के प्रबंधकों का कहना है कि कलाकार की सिक्योरिटी टाइट थी। कई लोगों के पास जाने का पास नहीं था, इसलिए उनको जाने नहीं दिया गया। किसी के साथ बदसलूकी नहीं की गई। वीडियो में अलीशा ने किए कई दावे…
असम के एक पोलिंग बूथ में आज दोबारा वोटिंग:बंगाल में मोदी की तीन रैलियां; पीएम मुर्शिदाबाद हिंसा में पीड़ित परिवार से भी मिलेंगे

असम के श्रीभूमि जिले में करीमगंज (उत्तर) विधानसभा क्षेत्र के 239-बेबीलैंड हाई इंग्लिश स्कूल मतदान केंद्र पर आज दोबारा वोटिंग होगी। वोट सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक डाले जाएंगे। BJP और कांग्रेस के समर्थकों के बीच हुई झड़पों के बाद दोबारा चुनाव का आदेश दिया गया है। इस सीट से 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी की तीन रैलियां होंगी। सबसे पहले वे दोपहर 12 बजे कटवा में जनता को संबोधित करेंगे। दोपहर 1:45 बजे जंगीपुर जाएंगे फिर दोपहर 3:45 बजे दक्षिण दिनाजपुर में जनसभा करेंगे। पीएम मोदी पिछले साल मुर्शिदाबाद हिंसा में जान गंवाने वाले चंदन दास के परिवार से भी मिलेंगे। 12 अप्रैल 2025 को मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध के दौरान हिंसा में चंदन दास और उनके पिता हरगोबिंद दास की हत्या कर दी गई थी। भीड़ ने जंगीपुर के जाफराबाद में घर में घुसकर दोनों को मार डाला था। कल के तीन चुनावी अपडेट्स… पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव की पल-पल अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…
सोहराब के किरदार पर रणवीर बोले- उसे बस अटेंशन चाहिए:रजत कपूर की फिल्म में असल जिंदगी से जुड़े किरदार, विनय पाठक बोले- बदलाव जरूरी

फिल्म ‘एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा’ पर रजत कपूर, विनय पाठक और रणवीर शौरी ने दैनिक भास्कर से बातचीत की। रजत कपूर ने फिल्म में अभिनय के साथ इसे लिखा, डायरेक्ट किया और अपलॉज एंटरटेनमेंट के साथ प्रोड्यूस किया है। उन्होंने बताया कि सोहराब हांडा ऐसा किरदार है जो हर किसी का ध्यान खींचता है। रणवीर शौरी और विनय पाठक ने कहानी और किरदारों की गहराई पर बात की। यह मर्डर मिस्ट्री फिल्म 10 अप्रैल को ZEE5 पर स्ट्रीम हो चुकी है। सवाल: फिल्म का टाइटल ‘एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा’ दिलचस्प है। सोहराब में ऐसा क्या है कि हर किरदार उससे जुड़ जाता है? जवाब / रजत कपूर: सोहराब हांडा एक खास इंसान है। कुछ लोग कमरे में आते ही माहौल अपने कब्जे में ले लेते हैं। सोहराब भी वैसा ही है। उसे हर किसी का ध्यान चाहिए और वह ऐसा करने का तरीका ढूंढ लेता है। उसकी पर्सनैलिटी मैग्नेटिक है। सवाल: रणवीर, आप सोहराब हांडा के बारे में क्या कहना चाहेंगे? जवाब / रणवीर शौरी: जैसा रजत सर ने कहा, वह हमेशा ध्यान चाहता है। इंडस्ट्री में ऐसे लोग हैं जिन्हें ज्यादा भाव चाहिए होता है। वह अलग-अलग लोगों से अलग तरीके से जुड़ता है, लेकिन एक बात कॉमन है- उसे अटेंशन चाहिए। सवाल: विनय जी, आप सोहराब हांडा का किरदार निभा रहे हैं। इसके लिए आपको क्या करना पड़ा? जवाब / विनय पाठक: मेरे लिए यह आसान था, क्योंकि स्क्रिप्ट अच्छी तरह लिखी गई थी। रजत बहुत रिसर्च करके लिखते हैं। हर किरदार असल जिंदगी से जुड़ा लगता है। इसलिए निभाना आसान हुआ। सभी किरदारों में गहराई और रोचकता है। सवाल: रजत जी, फिल्म के किरदार असल जिंदगी से प्रभावित हैं। क्या किसी खास व्यक्ति से प्रेरित होकर आपने कहानी लिखी? जवाब / रजत कपूर: किसी एक व्यक्ति को देखकर किरदार नहीं लिखा जाता। हम अनुभवों, दोस्तों और आसपास के लोगों से छोटी-छोटी बातें लेकर किरदार बनाते हैं। फिल्म में सभी किरदार खास हैं, ताकि रिश्ते अच्छे से दिखाए जा सकें। सवाल: क्या लिखते वक्त सारे किरदार आपके दिमाग में साफ होते हैं? जवाब / रजत कपूर: हां, एक आइडिया होता है कि कहानी किस दिशा में जाएगी। बाद में एक्टर्स किरदार को और निखार देते हैं। सवाल: रणवीर, जब आपने कहानी सुनी तो आपका पहला रिएक्शन क्या था? जवाब / रणवीर शौरी: रजत कुछ नया लिखते हैं तो उसे पढ़ने का उत्साह रहता है। उनके साथ काम करके मैंने बहुत कुछ सीखा है। फिल्म ऊपर से साधारण लग सकती है, लेकिन अंदर से अलग और खास है। रजत कपूर:: फिल्म में बेहतरीन कलाकार हैं- हर एक शानदार है। इतने अच्छे एक्टर्स का साथ काम करना खास अनुभव है। सवाल: विनय जी, फिल्म में जिस तरह से पिता-पुत्र का रिश्ता दिखाया गया है। इससे आप कितना जुड़ाव महसूस करते हैं? जवाब / विनय पाठक: किरदार भले काल्पनिक हो, लेकिन उसमें सच्चाई है। कई बार लगेगा कि ये हमारे आसपास के लोग हैं। यही अच्छे किरदार की पहचान है कि वह असली लगे। रजत कपूर: अगर दर्शकों को लगे कि वे इन किरदारों को जानते हैं, तो वही फिल्म की असली सफलता है। सवाल: शूटिंग के दौरान कोई भावनात्मक या मुश्किल पल आया? जवाब / रणवीर शौरी: कई सीन में 15 किरदार एक साथ थे। ऐसे सीन करना मुश्किल और रोमांचक था। रजत कपूर: इतने किरदारों को एक फ्रेम में सही तरीके से दिखाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन यही मजा था। शुरुआत में सब अराजक लगता था, फिर धीरे-धीरे सेट हो जाता था। सवाल: अप्लॉज एंटरटेनमेंट के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा? जवाब / रजत कपूर: बहुत अच्छा। उन्होंने स्क्रिप्ट पढ़कर तुरंत हां कहा और पूरे समय सपोर्टिव रहे। उन्होंने काम में दखल नहीं दिया, जिससे काम आसान हो गया। सवाल: इस फिल्म को किस जॉनर में रखेंगे? जवाब / रजत कपूर: यह मर्डर मिस्ट्री है, लेकिन सिर्फ “किसने किया” नहीं, बल्कि “क्यों किया” पर ज्यादा फोकस है। सवाल: विनय जी, कंटेंट और दर्शकों की पसंद में आए बदलाव को कैसे देखते हैं? जवाब / विनय पाठक: यह बदलाव अच्छा है। अब कहानी आधारित फिल्में बन रही हैं। ओटीटी के आने से प्लेटफॉर्म बढ़े हैं, जिससे हर तरह की कहानियों को मौका मिल रहा है। सवाल: आज के कंटेंट-ड्रिवन सिनेमा में इस फिल्म को कहां रखते हैं? जवाब / रजत कपूर: मुझे नहीं लगता कि पूरी तरह कंटेंट-ड्रिवन सिनेमा चल रहा है। हमने एक फिल्म बनानी चाही और बना दी। आगे क्या होगा, यह समय बताएगा। रणवीर शौरी: ऐसी फिल्मों की एक खास ऑडियंस होती है। वह बड़ी नहीं होती, लेकिन मौजूद जरूर है। विनय पाठक: हम उम्मीद करते हैं कि ऐसी फिल्मों की ऑडियंस धीरे-धीरे बढ़े।
राजस्थान-छत्तीसगढ़ में तापमान 40°C के पार पहुंचेगा:आंध्र प्रदेश में अगले 5 दिन आंधी-तूफान अलर्ट; शिमला में 46 साल बाद सबसे ठंडी अप्रैल की रात

देशभर में ग्रमी बढ़ने लगी है। राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 37.5°C पर पहुंच गया है। अगले दो सप्ताह में कुछ शहरों का तापमान 40°C के पार जा सकता है। वहीं कुछ जगह बादल छाने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 12 अप्रैल से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में तापमान 42°C से ऊपर पहुंच सकता है। यहां लू जैसे हालात बनने की आशंका है। इधर, आंध्र प्रदेश में अगले 5 दिनों तक आंधी-बिजली के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला में गुरुवार (9 अप्रैल) की रात न्यूनतम तापमान 3.6°C दर्ज किया गया, जो अप्रैल में करीब 46 साल में सबसे कम है। IMD ने आज 11 राज्यों में आंधी-तुफान के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर पड़ने से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में तापमान 4-6°C तक बढ़ सकता है। वहीं ओडिशा और तमिलनाडु समेत 5 राज्यों में गर्मी और उमस का मौसम बना रहेगा। अगले दो दिन के मौसम का हाल 12 अप्रैल: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान 6-8°C तक बढ़ सकता है। बिहार में 5-7°C और छत्तीसगढ़ में 3-5°C तक बढ़ोतरी का अनुमान है। इन सभी राज्यों में मौसम साफ रहेगा, बारिश की संभावना नहीं है। 13 अप्रैल: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल में तापमान बढ़ेगा। बिहार में भी गर्मी बढ़ी रहेगी, जबकि छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है। ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और गर्म रहेगा।








