पॉप सिंगर रिहाना के घर पर फायरिंग:बेवर्ली हिल्स वाले घर पर महिला ने चलाईं 10 गोलियां, घर में मौजूद सिंगर सुरक्षित

हॉलीवुड की मशहूर पॉप सिंगर रिहाना के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में रिहाना सुरक्षित हैं और कोई घायल नहीं हुआ है। लॉस एंजिल्स पुलिस ने इस मामले में एक 30 साल की महिला को हिरासत में लिया है। लॉस एंजिल्स पुलिस के मुताबिक, यह घटना कैलिफोर्निया (अमेरिका) के समय के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:21 बजे हुई। रिहाना के बेवर्ली हिल्स स्थित घर के गेट के सामने, सड़क के दूसरी तरफ खड़ी एक गाड़ी से 10 गोलियां चलाई गईं। लॉस एंजिल्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एक गोली घर की दीवार को चीरते हुए आर-पार हो गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। फायरिंग के वक्त घर के अंदर थीं रिहाना रिपोर्ट के मुताबिक, जब घर के बाहर गोलियां चल रही थीं, तब रिहाना अपने घर के अंदर ही मौजूद थीं। हालांकि, हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने रिहाना को ही निशाना बनाया था या इसके पीछे कोई और वजह थी। फिलहाल रिहाना की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर भी हुई थी फायरिंग सिर्फ मुंबई ही नहीं, गैंगस्टर्स ने विदेश में भी भारतीय सितारों को निशाना बनाया है। कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ पर तीन बार फायरिंग की गई थी। इस हमले के तार भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग और गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़े पाए गए थे। रिहाना के मामले में भी पुलिस अब अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और गैंग्स के एंगल से जांच कर रही है। सलमान और रोहित शेट्टी के घर भी हो चुका हमला फिल्मी सितारों के घर पर फायरिंग का यह सिलसिला भारत से शुरू होकर अब हॉलीवुड तक जा पहुंचा है। अप्रैल 2024 में सलमान खान के मुंबई स्थित ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ पर फायरिंग हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। इसके बाद 31 जनवरी 2026 की रात डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू वाले घर पर भी रंगदारी के मकसद से गोलियां चलाई गई थीं। रोहित शेट्टी के मामले में शुभम लोनकर गैंग का हाथ सामने आया था। हाल ही में तीसरी बार मां बनी हैं रिहाना रिहाना इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में हैं। सितंबर 2025 में उन्होंने अपने तीसरे बच्चे को जन्म दिया था। उन्होंने रैपर AAP रॉकी के साथ अपनी प्रेग्नेंसी की खबर फैंस से साझा की थी। रिहाना ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने हमेशा सोचा था कि पहले शादी होगी और फिर बच्चा, लेकिन जिंदगी में चीजें हमेशा तय पैटर्न पर नहीं चलतीं।
जूनियर एनटीआर के फैंस ने हॉस्पिटल में की तोड़फोड़:उदघाटन करने पहुंचे एक्टर को देखने उमड़ी भीड़, अफरा-तफरी मची, पुलिस ने की लाठीचार्ज

साउथ स्टार जूनियर एनटीआर हा लही में एक हॉस्पिटल के उद्घाटन में पहुंचे थे। एक्टर को देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसने हॉस्पिटल में तोड़फोड़ की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। 8 मार्च को जूनियर एनटीआर बैंग्लोर के केआईएमएस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचे। उदघाटन समारोह में उनके आने की खबर मिलते ही कई फैंस उनकी एक नजर पाने के लिए वहां इकट्ठा होने लगे। भीड़ बढ़ने से अफरा-तफरी होने लगी। एक्टर जैसे ही पहुंचे, उनके करीब जाने के लिए फैंस के बीच धक्का-मुक्की होने लगी और एक्टर भी भीड़ में फंस गए। सिक्योरिटी टीम और लोकल एथॉरिटी की मदद से काफी मशक्कत के बाद एक्टर को वहां से निकाला गया। इस दौरान कुछ फैंस ने एस्केलेटर भी तोड़ दिया। फैंस मीट-अप से हो चुके हैं बड़े हादसे जूनियर एनटीआर से पहले अल्लू अर्जुन और थलापति विजय की रैली में भी बड़े हादसे हो चुके हैं। बीते साल सितंबर थलापति की एक पॉलिटिकल रैली में भगदड़ होने से 40 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा पुष्पा 2 की स्क्रीनिंग में अल्लू अर्जुन के अचानक हैदराबाद के संध्या थिएटर पहुंचने से भी भीड़ बेकाबू हो गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी। जबकि कई घायल थे। घटना के बाद अल्लू अर्जुन के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई थी।
जयपुर की मॉडल के साथ दिखे ईशान किशन:टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न में शामिल हुईं अदिति हुंडिया, दादा ने किया था अफेयर का खुलासा

भारत क्रिकेट टीम ने तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया के खिलाड़ी जीत के जश्न में डूबे हुए थे। इस दौरान पहली बार बल्लेबाज ईशान किशन अपनी गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए। दोनों की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आई हैं। अदिति जयपुर के सिविल लाइंस की रहने वाली हैं। वो एक मॉडल और एंटरप्रेन्योर हैं। जयपुर में उनका अपना फैशन ब्रांड है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अदिति ने ईशान के साथ हार्दिक पांड्या, सूर्य कुमार यादव और अन्य खिलाड़ियों के साथ खूब मस्ती की। फाइनल मैच से पहले उन्हें भारतीय टीम के खिलाड़ियों के साथ एक रेस्तरां में डिनर पर भी देखा गया था। अब देखिए, PHOTOS… ईशान किशन और अदिति हुंडिया : क्या जल्द बजेगी शहनाई? पिछले कुछ साल से ईशान किशन और अदिति हुंडिया के रिश्ते को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। इसी महीने ईशान की गर्लफ्रेंड का नाम उनके दादा राम अनुग्रह पांडेय ने बताया था। एक इंटरव्यू में पांडेय ने कहा था- ईशान जिससे भी शादी करेगा हमें स्वीकार है। उसके बड़े भाई ने कहा था कि पल्लवी से शादी करेंगे, तो हमने करवा दी थी। अब इसकी भी करवा देंगे। अदिति उसकी गर्लफ्रेंड है। वो जयपुर में रहती है। मॉडल है, मिस इंडिया कंटेस्ट में दूसरे नंबर पर आई थी। बताया जा रहा है कि जल्दी ही ईशान शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि, इस बारे में अभी दोनों परिवारों की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है। अदिति पेशे से मॉडल, पिता जयपुर में कारोबारी अदिति हुंडिया के पिता जयपुर में घी कारोबारी हैं। वे मिस डीवा 2018 की विनर रह चुकी हैं। यहीं से उन्हें मॉडलिंग की दुनिया में अलग पहचान मिलनी शुरू हुई थी। वे फेमिना मिस इंडिया की फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। नेशनल ब्यूटी क्वीन कॉन्सटेस्ट तक पहुंची हैं। फैशन क्रेडिबिलिटी के साथ सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। ईशान किशन और अदिति हुंडिया के अफेयर की चर्चा 2019 IPL के दौरान ही होने लगी थी। स्टैंड में अदिति की मौजूदगी ‘मिस्ट्री फैनगर्ल’ के रूप में चर्चा का विषय बनने लगी थी।
ईरान जंग से सेंसेक्स 1353 अंक गिरकर 77,566 पर बंद:रुपया 92.33 के ऑलटाइम लो पर पहुंचा; कच्चा तेल 10 दिन में 50% चढ़ा

अमेरिका-इजराइल और ईरान के कारण शेयर बाजार में आज यानी 9 मार्च को बड़ी गिरावट रही। सेंसेक्स 1353 अंक (1.71%) नीचे 77,566 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 422 अंक (1.73%) की गिरावट रही, ये 24,028 पर बंद हुआ। आज बैंक, ऑटो, मेटल, एनर्जी और FMCG शेयरों में ज्यादा बिकवाली रही। जियोपॉलिटिकल तनाव और जंग जैसी स्थिति में महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है। इससे कंपनियों का मुनाफा कम हो सकता है। ऐसे में निवेशक अपने शेयर बेचना शुरू कर देते हैं और सुरक्षित जगह निवेश करते हैं। इससे बाजार में गिरावट आती है। बाजार गिरने की 3 मुख्य वजहें निवेशकों की वेल्थ ₹22 लाख करोड़ से ज्यादा घटी ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच छिड़ी जंग से निवेशकों की वेल्थ 22 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा घट गई है। जंग शुरू होने से पहले यानी 27 फरवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹4.63 लाख करोड़ था। लेकिन युद्ध की वजह से बाजार में भारी बिकवाली के कारण 9 मार्च तक यह घटकर ₹4.41 लाख करोड़ पर आ गया है। कच्चा तेल 10 दिन में 50% चढ़ा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम साढ़े तीन साल के हाई पर पहुंच गए। आज यानी 9 मार्च को कारोबार के दौरान ये 25% बढ़कर 115 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। हालांकि बाद में ये थोड़ा नीचे आया और ये अब 105 डॉलर के करीब है। 10 दिन में ये करीब 50% चढ़ा है। इससे पहले 2022 में रूस-यूक्रेन जंग से कच्चा तेल 100 डॉलर के पार निकला था। जानकारों का मानना है कि तेल की कीमतें 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। इसका असर भारत में पेट्रोल-डीजल पर दिख सकता है। ये 5 से 6 रुपए लीटर तक महंगा हो सकता है। हालांकि भारत सरकार का कहना है कि हमारे पास पर्याप्त तेल है। डॉलर के मुकाबले रुपया ऑल टाइम लो पर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 46 पैसे कमजोर होकर 92.33 के स्तर पर पहुंच गया है। यह रुपए का अब तक का सबसे निचला स्तर है। मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालात के बीच कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी की वजह से रुपए में यह कमजोरी आई है। चांदी 2000 हजार और सोना 800 रुपए महंगा सोने और चांदी के दामों में आज यानी 9 मार्च को बढ़त है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 800 रुपए बढ़कर 1.60 लाख रुपए पर पहुंच गया है। वहीं एक किलो चांदी 2000 रुपए बढ़कर 2.63 लाख रुपए पर पहुंच गई है। एशियाई बाजारों में गिरावट रही अमेरिकी बाजार में 6 मार्च को गिरावट रही शुक्रवार को सेंसेक्स 1097 पॉइंट गिरकर बंद हुआ था इससे पहले शुक्रवार यानी 6 मार्च को सेंसेक्स 1097 अंक (1.37%) गिरकर 78,919 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 315 अंक (1.27%) की गिरावट रही थी। ये 24,450 पर आ गया।
ग्वालियर में आज 'पिंक ड्राइविंग लाइसेंस' कैंप:18 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाएं और महिलाएं करा सकेंगी पंजीकरण

ग्वालियर के बाल भवन में सोमवार (9 मार्च) को सुबह 11 बजे से ‘पिंक ड्राइविंग लाइसेंस कैंप’ आयोजित किया जाएगा। यह शिविर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में लगाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को सशक्त व स्वावलंबी बनाना है। यह पहल सरकार की ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत जिले में चलाए जा रहे ड्राइविंग लाइसेंस अभियान का हिस्सा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, उपासना राय ने बताया कि शिविर में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की बालिकाएं और महिलाएं ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पंजीकरण करा सकेंगी। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर (ओटीपी के लिए) और समग्र आईडी अनिवार्य होंगे। इच्छुक बालिकाएं रूपसिंह स्टेडियम के पास स्थित बाल भवन में निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ ले सकती हैं।
खालिस्तानी आतंकी बोला- नैन्सी ग्रेवाल का कत्ल नहीं कराया:हम बैलेट से लड़ रहे, बुलेट से नहीं; बहन ने घर में आग का VIDEO जारी किया

कनाडा में पंजाबी यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल (45) के हत्या मामले में सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत पन्नू का पहला वीडियो सामने आया। एक्स पर वीडियो शेयर कर पन्नू ने कहा कि खालिस्तानी किसी का कत्ल नहीं करते। खालिस्तान एक पॉलिटिकल विचार है। नैन्सी की मौत के बाद खालिस्तानियों को निशाना बनाया जा रहा है। पन्नू ने वीडियो में दावा किया कि नैन्सी हत्याकांड में खालिस्तानियों का कोई हाथ नहीं है। इस कत्ल की जांच चल रही है और इसके तार भारत से जुड़े मिलेंगे। बहुत से ऐसे लोग थे जो नैन्सी को मरवाना चाहते थे। पन्नू ने कहा कि नैन्सी ग्रेवाल से पहले खालिस्तानी निज्जर का भी कत्ल हुआ है। उसके तार भी भारत से जुड़े होने का दावा किया गया है। पन्नू ने कहा कि यहां पर कई तरह की एजेंसियां काम कर रही हैं जो लोगों को मरवाकर सेंटिमेंट से खेलती हैं। नैन्सी की हत्या से खालिस्तान के खिलाफ नैरेटिव बनाया जा रहा है। बता दें कि 3 मार्च की करीब रात साढ़े 9 बजे चाकू मारकर नैन्सी की हत्या कर दी गई थी। उस पर चाकू से 18 वार करने के साथ उसकी जीभ भी काटी गई थी। हत्या के 5 दिन बाद भी कनाडा के लासाल की पुलिस कातिलों तक नहीं पहुंच पाई है। लासाल के एक चैनल को दिए इंटरव्यू में नैन्सी की बहन अलीशा ने सीसीटीवी फुटेज जारी किया है, जिसमें नैन्सी के घर को कुछ लोगों ने जला दिया था। अलीशा का दावा है कि नैन्सी को मारने से पहले 40 बार थ्रेट कॉल आई थी। नैन्सी की मां भी जालंधर से कनाडा पहुंच चुकी है। लेकिन अभी नैन्सी के संस्कार को लेकर कोई वीडियो सामने नहीं आई है। पन्नू ने नैन्सी हत्याकांड पर क्या कहा… आग लगाने का सीसीटीवी, बहन की 2 अहम बातें… —– ये खबर भी पढ़ें… नैन्सी ग्रेवाल हत्याकांड, 15 दिन पहले प्लान हुआ मर्डर, दोस्त को कहा था- मौत मंजूर, चुप नहीं रहूंगी पंजाबी इन्फ्लुएंसर, सिंगर और नर्स नैन्सी ग्रेवाल के मर्डर को लेकर बहन अलीशा ने कई खुलासे किए हैं। बहन ने बताया कि नैन्सी को जान का खतरा था। उसने बकायादा कनाडा पुलिस को कुछ लोगों के नाम दे रखे थे। नैन्सी ने पुलिस को कहा था कि अगर उसे कुछ हो जाए तो इन लोगों से पूछताछ की जाए। (पढ़ें पूरी खबर)
ईरान की मदद क्यों नहीं कर रहे हूती विद्रोही:9 दिन बाद भी जंग से दूर शिया लड़ाके, समर्थन में सिर्फ बयान दे रहे

इजराइल और अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव फैल गया है। इस जंग में ईरान, इजराइल,सऊदी, लेबनान, UAE जैसे मिडिल ईस्ट के कुल 12 देश शामिल हो चुके हैं। हालांकि जंग के 9 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक यमन इससे दूर है। यमन में हूती विद्रोही रहते हैं जो कि ईरान के सहयोगी माने जाते हैं। अक्टूबर 2023 में गाजा जंग शुरू होने के बाद कई बार इजराइल और हूती विद्रोही एक-दूसरे पर हमला कर चुके हैं। पिछले साल जून में इजराइल और ईरान के बीच 12 दिन जंग चली थी, तब भी हूती विद्रोही इस जंग में शामिल थे। हालांकि इस बार 28 फरवरी से जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले शुरू किए, तब से अब तक हूती विद्रोहियों ने ईरान का समर्थन केवल बयानों के जरिए ही किया है। हालांकि यह साफ नहीं है कि वे आगे भी इस जंग से दूर रहेंगे या नहीं। अमेरिका-इजराइल के हमले से बचना मकसद अल जजीरा के मुताबिक एक्सपर्ट्स का यह मानना है कि हूती जंग में हिस्सा लेंगे। फिलहाल उनका इससे दूर रहना किसी रणनीति से जुड़ा हो सकता है। मिडिल ईस्ट मामलों पर नजर रखने वाले लुका नेवोला ने अल जजीरा से कहा कि हूती विद्रोहियों की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह है कि अमेरिका और इजराइल की सीधी जवाबी कार्रवाई से बचा जाए। पिछले साल अगस्त में इजराइल ने यमन में हवाई हमले किए थे, जिनमें हूती सरकार के कम से कम 12 सीनियर मेंबर मारे गए थे। इनमें प्रधानमंत्री अहमद अल-रहावी और आर्मी चीफ मोहम्मद अल-घुमारी भी शामिल थे। यह हूती विद्रोहियों के लिए बहुत बड़ा नुकसान था। अमेरिका तथा इजराइल के साथ टकराव में उनकी सबसे बड़े नुकसान में से एक माना गया था। इजराइल के हमलों के बाद हूती विद्रोही सतर्क हुए इस घटना और पिछले साल हुए अन्य हमलों के बाद हूती लीडरशिप अब ज्यादा सतर्क हो गया है। उन्हें डर है कि अगर वे बड़ा कदम उठाते हैं तो उनके नियंत्रण वाले इलाकों पर भारी हवाई हमले हो सकते हैं। नेवोला के मुताबिक हूती विद्रोहियों को इजराइल की खुफिया क्षमता से भी डर है और उन्हें आशंका है कि उनकी टॉप लीडरशिप को निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि पिछले साल के नुकसान के बावजूद हूती विद्रोही पूरी तरह कमजोर नहीं हुए हैं और वे अब भी अपने विरोधियों पर हमले करने की क्षमता रखते हैं। नेवोला के अनुसार अगर अमेरिका या इजराइल सीधे उन पर हमला करते हैं या यमन में उनके विरोधी गुट उनके खिलाफ फिर से सैन्य अभियान शुरू करते हैं, तो हूती फिर से हमले तेज कर सकते हैं। हूती विद्रोही बोले- जंग के लिए तैयार हैं हूती नेता अब्दुल मलिक अल-हूती ने इस सप्ताह कहा कि यमन ईरान और वहां की जनता के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि उनके सैनिक युद्ध के लिए तैयार हैं और हालात के हिसाब से किसी भी समय सैन्य कार्रवाई शुरू की जा सकती है। यमनी राजनीतिक विश्लेषक सदाम अल-हुरैबी का कहना है कि अगर ईरान उनसे मदद मांगेगा तो हूती युद्ध में शामिल हो सकते हैं। उनके मुताबिक तेहरान फिलहाल अपने सभी विकल्प एक साथ इस्तेमाल नहीं करना चाहता और वह आने वाले समय के लिए हूती विद्रोहियों को एक अहम ताकत के रूप में बचाकर रखना चाहता है। अल-हुरैबी ने कहा कि अगर अमेरिका और इजराइल के हमले नहीं रुकते, तो हूती लंबे समय तक चुप नहीं बैठेंगे। उनके अनुसार सना और हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले अन्य इलाकों में युद्ध की तैयारी चल रही है। हूती विद्रोहियों के पास रेड सी में फिर से अशांति फैलाने की क्षमता है। वे ड्रोन और मिसाइल के जरिए इजराइल पर भी हमला कर सकते हैं। अल-हुरैबी का कहना है कि ऐसा होना लगभग तय है, बस यह हूती विद्रोहियों और ईरान के तय समय पर निर्भर करेगा। हूती विद्रोहियों के पास कई लक्ष्यों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला करने की क्षमता है। नेवोला के अनुसार अगर युद्ध लंबा चलता है और हूती विद्रोहियों को सीधे खतरा महसूस होता है, तो वे अपने हमलों का दायरा बढ़ाकर इजराइल, अमेरिकी युद्धपोतों, क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजराइल के सहयोगी देशों जैसे संUAE और सोमालिलैंड को भी निशाना बना सकते हैं। जहाजों पर हमला कर सकते हैं हूती विद्रोही साल 2023 के आखिर से लेकर 2025 तक हूती विद्रोहियों ने रेड सी से गुजरने वाले जहाजों पर लगातार हमले किए थे। इस अभियान में कम से कम 9 नाविकों की मौत हुई और चार जहाज डूब गए। इससे रेड सी के ट्रेड पर बड़ा असर पड़ा, जहां से हर साल लगभग एक ट्रिलियन डॉलर का सामान गुजरता था। अमेरिका और इजराइल के हालिया हमलों में ईरान के कई राजनीतिक और सैन्य नेताओं की भी मौत हुई है। अगर ईरानी शासन कमजोर पड़ता है या गिर जाता है, तो इसका सबसे बड़ा नुकसान यमन के हूती विद्रोहियों को भी हो सकता है। अल-हुरैबी के अनुसार अगर ईरान कमजोर होता है, तो यमन तक पहुंचने वाले ईरानी हथियारों की तस्करी कम हो सकती है या पूरी तरह बंद हो सकती है। यह हूती विद्रोहियों के लिए बड़ी चुनौती होगी। संयुक्त राष्ट्र ने 2022 में कहा था कि अरब सागर में पकड़े गए हजारों हथियार शायद ईरान के एक ही बंदरगाह से भेजे गए थे। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट में भी कहा गया था कि रूस, चीन और ईरान में बने हथियार नावों और जमीन के रास्ते यमन में तस्करी करके पहुंचाए जाते थे। हालांकि ईरान लगातार इन आरोपों से इनकार करता रहा है। कौन हैं हूती विद्रोही साल 2014 में यमन में गृह युद्ध शुरू हुआ। इसकी जड़ शिया-सुन्नी विवाद है। कार्नेजी मिडिल ईस्ट सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों समुदायों में हमेशा से विवाद था जो 2011 में अरब क्रांति की शुरुआत से गृह युद्ध में बदल गया। 2014 में शिया विद्रोहियों ने सुन्नी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस सरकार का नेतृत्व राष्ट्रपति अब्दरब्बू मंसूर हादी कर रहे थे। हादी ने अरब क्रांति के बाद लंबे समय से सत्ता पर काबिज पूर्व राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह से फरवरी 2012 में सत्ता छीनी
उज्जैन में मंदिर से निकला ध्वज चल समारोह:मुख्यमंत्री ने किए बाबा महाकाल के दर्शन; ध्वज का पूजन किया, तलवारबाजी भी की

उज्जैन में रंगपंचमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। सुबह उन्होंने वीरभद्र जी और महाकाल ध्वज का पूजन किया, साथ ही तलवारबाजी भी की। इसी दिन शाम को श्री महाकालेश्वर मंदिर से एक भव्य ध्वज चल समारोह निकाला गया, जिसमें झांकियां और बैंड आकर्षण का केंद्र रहे। श्री महाकालेश्वर मंदिर में यह चल समारोह प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार रंगपंचमी महापर्व पर भगवान श्री वीरभद्र जी के पूजन के बाद निकाला जाता है। इस वर्ष के समारोह में विभिन्न आकर्षक झांकियां, बैंड और धार्मिक प्रस्तुतियां शामिल थीं। लगभग चार किलोमीटर लंबा यह चल समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा और अंततः पुनः मंदिर परिसर पहुंचा। चल समारोह में सबसे आगे बैंड दल था। इसके बाद वीरभद्र और कालिका माता की झांकियां, गणेश मालवा बैंड, नासिक ढोल, महाकाल के गर्भगृह दर्शन की झांकी और नंदी की सवारी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अतिरिक्त, चांदी का ध्वज-छत्र, अन्य धार्मिक झांकियां और हाथी पर सवार मनमहेश के दर्शन भी भक्तों को हुए। यह चल समारोह महाकाल मंदिर से शुरू होकर महाकाल घाटी, तोपखाना, दौलतगंज, फव्वारा चौक, कंठाल, सती गेट, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी चौराहा होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचा।
आंखों में जलन और खुजली को न करें नजरअंदाज, देर हुई तो हो सकता है बड़ा नुकसान

Last Updated:March 08, 2026, 20:46 IST आजकल मोबाइल, लैपटॉप और टीवी स्क्रीन के ज्यादा इस्तेमाल के कारण आंखों में जलन और खुजली की समस्या तेजी से बढ़ रही है. कई लोग इसे छोटी परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार समय पर ध्यान न देने से आंखों को गंभीर नुकसान हो सकता है. इसलिए इन लक्षणों को हल्के में लेना ठीक नहीं माना जाता. आंखें हमारे शरीर का बेहद नाजुक और जरूरी हिस्सा हैं, लेकिन आज की लाइफस्टाइल में इनका सबसे ज्यादा नुकसान भी हो रहा है. लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप और टीवी स्क्रीन देखने की आदत के साथ-साथ धूल, धुआं और बढ़ता प्रदूषण आंखों पर बुरा असर डालते हैं. इन वजहों से आंखों में जलन, खुजली और लालिमा जैसी समस्याएं होने लगती हैं. अक्सर लोग इन लक्षणों को मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो आंखों की नाजुक परत को नुकसान पहुंच सकता है और समस्या गंभीर भी हो सकती है. आंखों में खुजली और जलन की समस्या आजकल बहुत आम हो गई है. इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे मौसम में बदलाव, एलर्जी, आंखों में संक्रमण या लंबे समय तक स्क्रीन के सामने बैठना. इसके अलावा धूल-मिट्टी, धुआं और प्रदूषण भी आंखों की संवेदनशील सतह को प्रभावित करते हैं, जिससे आंखों में जलन, लालिमा और पानी आने जैसी दिक्कतें शुरू हो सकती हैं. शुरुआत में यह समस्या हल्की लग सकती है और कुछ आसान उपायों से ठीक भी हो जाती है, लेकिन अगर लंबे समय तक परेशानी बनी रहे तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. विशेषज्ञों के अनुसार आंखों की जलन और खुजली के पीछे सबसे आम वजह एलर्जी और इंफेक्शन होते हैं. एलर्जी की स्थिति में आंखें लाल हो जाती हैं, खुजली होती है और पानी आने लगता है. वहीं अगर संक्रमण हो जाए तो दर्द, जलन और सूजन जैसी समस्याएं भी महसूस हो सकती हैं. ऐसे में आंखों को ठंडे और साफ पानी से धोना एक आसान और सुरक्षित तरीका हो सकता है. हालांकि किसी भी तरह के आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहद जरूरी होता है. आंखों को स्वस्थ रखने के लिए सही खानपान और अच्छी आदतें भी बहुत जरूरी हैं. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, संतुलित आहार लेना और विटामिन ए व ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करने से आंखों की सेहत बेहतर बनी रहती है. गाजर, हरी सब्जियां, फल और ड्राई फ्रूट्स जैसी चीजें आंखों के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं और इससे आंखों की रोशनी को भी बनाए रखने में मदद मिलती है. इसके साथ ही साफ-सफाई का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. हाथ और चेहरे को साफ रखना चाहिए और आंखों को बार-बार छूने से बचना चाहिए. धूल और प्रदूषण वाली जगहों पर बाहर निकलते समय चश्मा पहनना बेहतर होता है. अगर आंखों में खुजली हो रही हो तो उन्हें जोर से रगड़ना बिल्कुल भी नहीं चाहिए, क्योंकि इससे कॉर्निया को नुकसान पहुंच सकता है और संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है. बिना डॉक्टर की सलाह के गुलाब जल या किसी भी घरेलू तरल पदार्थ को आंखों में डालना भी सुरक्षित नहीं माना जाता. About the Author Vividha Singh विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें Location : Delhi,Delhi,Delhi First Published : March 08, 2026, 20:46 IST
नीमच में महिला दिवस समारोह, 60 महिलाएं सम्मानित:बेटा-बेटी को समान अवसर देने की अपील; नपा अध्यक्ष ने 'फिर बेटी हुई है' रचना सुनाई

नीमच में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को सीताराम जाजू कन्या कॉलेज में जिला स्तरीय भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आई महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। बेटा-बेटी को समान अवसर देने की अपील मुख्य अतिथि कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अपने संबोधन में समाज से बेटा और बेटी को समान अवसर प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। कलेक्टर ने विशेष रूप से शिक्षा और स्वरोजगार के क्षेत्र में महिलाओं की सक्रियता की सराहना करते हुए इसे समाज की प्रगति का आधार बताया। नपा अध्यक्ष ने ‘फिर बेटी हुई है’ रचना सुनाई नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में समाज का नजरिया बेटियों के प्रति सकारात्मक रूप से बदला है। उन्होंने अपनी स्वरचित काव्य रचना ‘फिर बेटी हुई है’ का पाठ कर स्त्री शक्ति की महत्ता को रेखांकित किया। वहीं, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने भी महिलाओं के प्रति सम्मानजनक दृष्टिकोण को उनकी सफलता की कुंजी बताया। डीएसपी ने सुनाई सफलता की कहानी समारोह में नीमच की बेटी और डीएसपी पद पर चयनित पूजा जाट ने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए, जिससे उपस्थित छात्राएं बेहद प्रेरित हुईं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 60 महिलाओं, बालिकाओं, संस्थाओं और विभागीय कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी और सेल्फी स्टैंड रहा आकर्षण अतिथियों ने समारोह स्थल पर लगाई गई ‘वॉल ऑफ फेम’ चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें मध्यप्रदेश की अग्रणी महिलाओं के योगदान को दर्शाया गया था। अतिथियों और महिलाओं ने ‘सशक्त महिला से समृद्ध मध्यप्रदेश’ सेल्फी स्टैंड पर तस्वीरें भी खिंचवाईं। मैसेज वॉल पर सशक्तिकरण के प्रेरक संदेश लिखे गए। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी इरफान अंसारी ने किया और आभार सहायक संचालक वैभव बैरागी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाओं की प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।







