एक्ट्रेस रश्मिका के हाथों में आज रचेगी मेहंदी:शाम को संगीत सेरेमनी; शादी कराने पंडित भी उदयपुर पहुंचे; दोनों कल लेंगे फेरे

उदयपुर में एक्टर विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की आज मेहंदी की रस्म होगी। शाम को संगीत का कार्यक्रम होगा। इस खास मौके के लिए होटल ‘मोमेंटोस एकाया’ को फूलों और रोशनी से सजाया गया है। दोनों कल यानी 26 फरवरी को शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी में दोनों परिवार के सदस्य और कुछ खास मेहमान ही शामिल होंगे। शादी करवाने पंडित भी आज उदयपुर पहुंच गए है। वहीं फिल्म प्रोड्यूसर-डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा भी आज पहुंचे हैं। उनकी तेलुगु फिल्म अर्जुन रेड्डी में विजय देवरकोंडा मेन लीड में थे। तेलुगु फिल्म प्रोड्यूसर-डायरेक्टर वांगा और पंडित भी पहुंचे फिल्म प्रोड्यूसर-डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा भी शादी में शामिल होने उदयपुर आए है। वे तेलुगु और हिंदी फिल्म में काम करते है। वांगा ने अपनी पटकथा लेखन और निर्देशन की शुरुआत 2017 की तेलुगु फिल्म अर्जुन रेड्डी से की थी, जिसमें विजय देवरकोंडा ने अभिनय किया था। इसके साा ही साउथ से पंडित भी आज पहुंचे हैं, जो शादी की रस्मों को पूरा करवाएंगे। मेहमानों के लिए साउथ इंडियन-पंजाबी खाने के साथ जापानी डिशेज भी होटल में सजावट में हल्के हरे रंग के शेड्स के पर्दे, ताजा फूल और फलों से सजे सेंटरपीस, मोती जैसी फिनिश वाली टेबल सेटिंग दिखाई देगी। वहीं मेहमानों के लिए साउथ इंडियन और पंजाबी खाने के साथ ही जापानी डिशेज भी परोसी जाएगी। शादी के लिए RVR इवेंट्ज एंड डिजाइन कंपनी को जिम्मा सौंपा गया है। शादी में केवल 200 मेहमान होंगे शामिल विजय-रश्मिका कल परिवार और कुछ खास दोस्तों की मौजूदगी में फेरे लेंगे। शादी में केवल 200 मेहमान शामिल होंगे। इनमें साउथ इंडस्ट्री के कुछ डायरेक्टर-प्रोड्यूसर और दोनों के कुछ खास दोस्त ही होंगे। रिसेप्शन हैदराबाद में 3 और 4 मार्च को होगा, जिसमें साउथ और बॉलीवुड की कई हस्तियां शामिल होंगी। यह रिसेप्शन हैदराबाद या बंजारा हिल्स की किसी प्रीमियम लोकेशन पर होने की संभावना है। दो दिन प्री-वेडिंग पार्टी की वर-वधू अपने परिवार के साथ 23 फरवरी को ही वेडिंग वेन्यू लग्जरी होटल ‘मोमेंटोस एकाया’ आ गए थे। दो दिन 23-24 फरवरी को प्री-वेडिंग पार्टी की थी। 24 फरवरी को दूल्हा-दुल्हन की टीमों के बीच क्रिकेट मैच हुआ था, जिसे उन्होंने ‘VIROSH प्रीमियर लीग’ का नाम दिया था। दोनों ने अपने इंस्टा अकाउंट पर पूल पार्टी, डिनर और ‘VIROSH प्रीमियर लीग’ की फोटो भी शेयर की थी। साउथ के मशहूर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर के बेटे हैं विजय दूल्हा साउथ स्टार विजय देवरकोंडा फिल्मी बैकग्राउंड से आते हैं। उनके पिता देवरकोंडा गोवर्धन साउथ सिनेमा के मशहूर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने अपने बेटे के साथ मिलकर वर्ष 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘पुष्पक विमानम’ को प्रोड्यूस किया था। इसके अलावा उन्होंने कई टीवी शोज का निर्देशन भी किया है। वहीं विजय देवरकोंडा की मां का नाम माधवी देवरकोंडा और छोटे भाई का नाम आनंद देवरकोंडा है। आनंद भी तेलुगु सिनेमा के उभरते सितारों में से हैं। वहीं रश्मिका नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से हैं। रश्मिका के पिता मदन मंदाना बिजनेसमैन हैं। उनकी दो बहनें सुमन और शिमान हैं। रश्मिका ने फिल्म ‘गुडबाय’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। एनिमल, छावा, पुष्पा जैसी ब्लॉकबस्टर मूवी में काम किया है। ………… विजय-रश्मिका की शादी से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए- विजय-रश्मिका ने शादी से पहले खेला क्रिकेट मैच:दूल्हा-दूल्हन की टीम रही आमने-सामने; पूल पार्टी भी की, दोनों ने फोटो शेयर किए साउथ इंडियन फिल्मों के एक्टर विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की रस्में मंगलवार से शुरू हो गईं। दूल्हा और दुल्हन ने मंगलवार को होटल में अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट मैच खेला, जिसे ‘VIROSH प्रीमियर लीग’ नाम दिया गया। इसकी फोटो भी दोनों ने अपने इंस्टा स्टोरी पर शेयर की। (पूरी खबर पढ़ें) शादी के लिए रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा उदयपुर पहुंचे: 26 फरवरी को ITC मोमेंटोज होटल में फेरे लेंगे, गेस्ट लिस्ट में 200 से ज्यादा नाम साउथ इंडियन फिल्मों के एक्टर विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना सोमवार को उदयपुर पहुंचे। यहां से सीधे होटल के लिए रवाना हो गए। (पढ़िए पूरी खबर)
Why Laser Is Used in Surgery Medical Science Explained Benefits | सर्जरी में लेजर का इस्तेमाल क्यों होता है जानें वैज्ञानिक कारण

Last Updated:February 25, 2026, 11:41 IST Laser Surgery Benefits for Surgery: आजकल अधिकतर सर्जरी लेजर के जरिए की जा रही हैं. एक्सपर्ट्स की मानें तो लेजर सर्जरी बेहद सटीक होती है और इसमें कम ब्लीडिंग होती है. इस तकनीक से मरीजों की रिकवरी भी तेजी से होती है. यही वजह है कि सर्जरी में लेजर लाइट का इस्तेमाल होता है. यह तकनीक कई प्रक्रियाओं को ज्यादा सुरक्षित और प्रभावी बना सकती है. ख़बरें फटाफट लेजर सर्जरी को ज्यादा सुरक्षित माना जाता है. Why Laser Light Good for Surgery: मेडिकल साइंस में लगातार नए बदलाव हो रहे हैं और इलाज के लिए एडवांस टेक्नोलॉजी सामने आ रही हैं. कई दशक पहले जहां अधिकतर सर्जरी सर्जिकल ब्लेड से चीरा लगाकर की जाती थीं, लेकिन अब ज्यादातर सर्जरी लेजर के जरिए की जा रही हैं. आज आंख, स्किन, पेट, किडनी, दांत और कुछ कैंसर संबंधी ऑपरेशन भी लेजर की मदद से किए जा रहे हैं. अक्सर लोगों के मन में सवाल यह उठता है कि आखिर सर्जरी में लेजर लाइट का ही इस्तेमाल क्यों किया जाता है? अगर आप भी इसका जवाब जानना चाहते हैं, तो इस पूरी खबर को पढ़ लीजिए. अमेरिका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की रिपोर्ट के मुताबिक लेजर का पूरा नाम लाइट एंप्लिफिकेशन बाइ स्टिम्युलेटेड एमिशन ऑफ रेडिएशन (LASER) है. लेजर लाइट फोकस्ड, एक दिशा में जाने वाली और हाई एनर्जी वाली वाली होती है. यही विशेषताएं इसे सर्जरी के लिए उपयुक्त बनाती हैं. लेजर की सबसे बड़ी खासियत उसकी सटीकता (precision) है. पारंपरिक सर्जिकल ब्लेड की तुलना में लेजर लाइट बहुत ही कंट्रोल तरीके से टिश्यूज को काट सकती है. लेजर सर्जरी में आसपास के स्वस्थ टिश्यूज को कम से कम नुकसान पहुंचता है, क्योंकि डॉक्टर बहुत छोटे और सटीक क्षेत्र पर एनर्जी केंद्रित कर सकते हैं. इससे ऑपरेशन के दौरान अनावश्यक कटाव और चोट की संभावना घट जाती है. सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी. US फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की रिपोर्ट बताती है कि लेजर लाइट जब टिश्यूज को काटती है, तब वह सी समय छोटे ब्लड वेसल्स को सील भी कर देती है. इस प्रोसेस को मेडिकल साइंस में कोएगुलेशन कहा जाता है. इससे खून बहना कम होता है और सर्जरी ज्यादा सुरक्षित बनती है. पारंपरिक सर्जरी में ब्लीडिंग बहुत ज्यादा होती थी, लेकिन लेजर में ब्लीडिंग कम होती है. यही वजह है कि कई कॉस्मेटिक और डर्मेटोलॉजी प्रक्रियाओं में लेजर को प्राथमिकता दी जाती है. आजकल आंखों की अधिकतर सर्जरी लेजर लाइट से की जाती हैं, क्योंकि इससे कई तरह के खतरे कम हो जाते हैं. मेडिकल एक्सपर्ट्स की मानें तो लेजर का उपयोग इंफेक्शन के जोखिम को भी कम कर सकता है. लेजर सर्जरी में ब्लेड की तरह बॉडी से डायरेक्ट संपर्क नहीं होता है. इसलिए बैक्टीरिया के फैलने का खतरा घटता है. वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के अनुसार सर्जरी के बाद इंफेक्शन दुनियाभर में एक बड़ी चुनौती है. लेजर तकनीक इस इंफेक्शन को कम करती है और मरीज की रिकवरी को बेहतर बना सकती हैं. हालांकि, यह भी स्पष्ट है कि संक्रमण की रोकथाम केवल लेजर पर निर्भर नहीं करती, बल्कि प्रॉपर प्रोटोकॉल पर आधारित होती है. लेजर सर्जरी का एक बड़ा फायदा फास्ट रिकवरी है. कम कट और कम ब्लीडिंग के कारण सूजन और दर्द भी कम होता है. आई डिजीज जैसे मोतियाबिंद या रेटिना संबंधी प्रक्रियाओं में लेजर का खूब इस्तेमाल किया जाता है. अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थैल्मोलॉजी के अनुसार आंखों की कई बीमारियों में लेजर ट्रीटमेंट असरदार और अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है. हालांकि इस तरह की सर्जरी हमेशा क्वालिफाइड एक्सपर्ट से ही करानी चाहिए. लेजर हर सर्जरी के लिए उपयुक्त नहीं है. इसकी कुछ लिमिटेशंस भी होती हैं. कुछ जटिल या गहरे आंतरिक ऑपरेशन में पारंपरिक सर्जिकल तकनीक ज्यादा प्रभावी हो सकती है. इसके अलावा लेजर उपकरण महंगे होते हैं और इनके लिए स्पेशल ट्रेनिंग की भी जरूरत होती है. About the Author अमित उपाध्याय अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें First Published : February 25, 2026, 11:41 IST
अमेरिका में लुधियाना के अवतार सिंह की हत्या का खुलासा:किसी और का करना था किडनैप, बदमाशों ने सवाल पूछे, सही जवाब ना देने पर किया मर्डर

अमेरिका के ट्रेसी शहर के गुरुद्वारा साहिब परिसर से लुधियाना के 57 वर्षीय अवतार सिंह को 17 फरवरी को किडनैप किया गया। किडनैपिंग के तीन दिन बाद यानी 20 फरवरी को उनका शव बरामद हुआ। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि किडनैपरों ने किसी और को उठाना था, लेकिन गलत पहचान के कारण वो अवतार सिंह को उठाकर ले गए। रास्ते में जाते हुए जब किडनैपरों ने उससे कुछ सवाल पूछे तो अवतार सिंह जवाब नहीं दे पाया। किडनैपर्स ने अवतार सिंह को छोड़ने के बजाय उनकी हत्या कर दी और शव अपहरण स्थल से करीब दो घंटे की दूरी पर स्थित लेक बेरीसा के पास हाइवे के किनारे फेंक दिया। जिसे तीन दिन बाद पुलिस ने बरामद किया। शव बरामद होने की सूचना बाबा धुमा सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए दे दी थी। पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया कि आखिर गुरुद्वारा साहिब परिसर से किडनैपरों ने किसे उठाना था। गलत पहचान के कारण अवतार सिंह की हत्या के बाद लोगों में दहशत है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हत्या को लेकर कैलिफोर्निया में अलग-अलग अफसरों के बयान… अवतार सिंह की हत्या को लेकर कैलिफोर्निया प्रशासन के अलग-अलग डिपार्टमेंट से बयान जारी किए जा रहे हैं। बयान में इसे गलत पहचान के कारण हुई हत्या बताया जा रहा है। उनके बयानों की अहम बातें, पढ़िए.. सैन जोकिन काउंटी शेरिफ के पैट्रिक विथ्रो का बयान कैलिफोर्नियां पुलिस के अधिकारी शेरिफ विथ्रो का कहना है कि अवतार सिंह का अपहरण कोई रैंडम इंसीडेंट नहीं है। यह एक योजनाबद्ध तरीके से किया गया अपहरण था। लेकिन अपहरण करने वालों ने किसी और को किडनेप करना था। किडनैपर्स का निशाना कोई और था। वो किसी और व्यक्ति की तलाश में थे। ऐसा लगता है कि जब अवतार सिंह ने उन्हें वे जवाब नहीं दिए जिसे वो किडनैप करना चाहते थे तो किडनैपर उसे साथ ले गए। पहचान की पुष्टि: पुलिस अधिकारी ने अपने बयान में कहा है कि उन्हें बेहद दुख है कि किडनैपर्स ने अवतार सिंह की हत्या की और उनका शव बरादम हो गया है। कड़ी कार्रवाई: पुलिस अधिकारी ने आश्वासन दिया कि पुलिस के डिटेक्टिव्स अवतार सिंह हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। जैसे ही पकड़े जाएंगे उन्हें कठोर सजा दिलाई जाएगी। शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता हीदर ब्रैंट का बयान शेरिफ कार्यालय की प्रवक्ता हीदर ब्रैंट ने भी साफ किया कि अवतार सिंह किडनैपर्स के मुख्य टारगेट पर नहीं थे बल्कि उन्हें गलती से किडनैप कर दिया था। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेट में एक सफेद रंग की एसयूवी (SUV) और काले कपड़े पहने तीन अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिए हैं। ब्रेंट के अनुसार अवतार सिंह को जबरन कार में बैठाया था। कहीं और मारकर शव झील के पास फेंका नपा काउंटी के प्रवक्ता हेनरी वोफर्ड का कहना है कि शुरुआती जांच से संकेत मिलते हैं कि अवतार सिंह की मृत्यु नपा काउंटी में नहीं हुई थी। उन्हें कहीं और मारकर शव को झील के पास फेंका गया था। घटना के बाद केस से संबंधित अहम अपडेट कोई तत्काल खतरा नहीं: पुलिस ने जनता को आश्वस्त किया है कि यह एक अलग घटना है। यह किसी एक विशेष समुदाय को टारगेट करके नहीं की गई है। उनका कहना है कि समुदाय के लिए फिलहाल कोई और खतरा नहीं है। अभी तक नहीं हुई कोई गिरफ्तारी: पुलिस अब उन तीन संदिग्धों की तलाश कर रही है जो सफेद एसयूवी में देखे गए थे। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास भी इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो वे तुरंत सैन जोकिन काउंटी शेरिफ कार्यालय से संपर्क करें। गुरुद्वारा साहिब के बाहर से हुआ अपहरण 17 फरवरी को शाम 8:52 बजे पुलिस को अवतार सिंह के लापता होने की सूचना मिली और पुलिस गुरुद्वारा परिसर में पहुंची। वहां से पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले। जिसमें कुछ संदिग्ध लोग अवतार सिंह को सफेद रंग की एक्सयूवी जबरन बैठाते हुए दिखे। पुलिस ने जारी की थी अवतार सिंह व कार की फोटो परिवार की शिकायत के बाद सैन जोआक्विन काउंटी शेरिफ ऑफिस ने अवतार सिंह व किडनैपिंग में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की एक्सयूवी कार की फोटो जारी की और पुलिस ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। पत्नी को घर पर नहीं मिले पति तो की शिकायत अवतार सिंह के अपहरण की बात तब सामने आई जब17 फरवरी को उनकी पत्नी काम से लौटी और अवतार सिंह घर पर नहीं थे। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधकों से संपर्क किया और उसके बाद पुलिस को शिकायत दी। तीन दूधमुंहे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया अवतार सिंह के तीन बच्चे हैं और तीनों का जन्म एक साथ करीब छह महीने पहले हुआ था। जानकारी के अनुसार इन बच्चों का जन्म शादी के 20 साल बाद हुआ। अब इन तीनों बच्चों के सिर से पिता उठ गया। गुरुद्वारा साहिब में रसोइये का काम करते थे अवतार सिंह अवतार सिंह पिछले कई वर्षों से टकसाल के नियंत्रण वाले गुरुद्वारा ‘गुरु नानक प्रकाश’ में रसोइये के रूप में सेवा कर रहे थे। बाबा धुमा के अनुसार, वह लंबे समय तक चौक मेहता स्थित टकसाल के मुख्यालय ‘गुरुद्वारा गुरदर्शन प्रकाश’ में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। कैलिफोर्नियां में अवतार सिंह के परिवार की जुटाया जा रहा फंड अवतार सिंह बुल्ट की हत्या के बाद उनके परिवार की आर्थिक मदद के लिए सिख समुदाय ने फंड जुटाना शुरू कर दिया है। सिख समुदाय गोफंडमी पोर्टल के जरिए उनके लिए फंड जुटा रहा है ताकि उनके परिवार को आर्थिक मदद मिल सके। फंड जुटाने के लिए सिख समुदाय द्वारा की गई भावुक अपील “हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि ट्रेसी गुरुद्वारा साहिब के प्रिय सेवादार, अवतार सिंह बुल्ट, जिनका अपहरण कर लिया गया था, उनकी दुखद मृत्यु हो गई है। एक बेहद चिंताजनक गुमशुदगी के रूप में जो शुरू हुआ था, उसका अंत उनके परिवार और पूरी संगत के लिए एक अकल्पनीय क्षति के रूप में हुआ है।” अवतार सिंह जी ने 20 वर्षों से अधिक समय तक एक समर्पित सेवादार और लंगरी के रूप में गुरुद्वारा साहिब की निष्ठापूर्वक
विनोद तावड़े, रामदास अठावले रेस में, महाराष्ट्र बीजेपी ने राज्यसभा के लिए नाम दिल्ली भेजे | राजनीति समाचार

आखरी अपडेट:25 फरवरी, 2026, 10:21 IST सूत्रों ने कहा कि पार्टी अपने विकल्पों पर विचार करते समय अनुभव, वफादारी और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को देख रही है राज्यसभा चुनाव को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर महाराष्ट्र जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में। आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों पर चर्चा के लिए भाजपा की राज्य कोर कमेटी की मंगलवार देर शाम मुंबई में बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और राज्य पार्टी अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण सहित 12 वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, चर्चा उन नामों को शॉर्टलिस्ट करने पर केंद्रित रही जिन्हें अंतिम निर्णय के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। बातचीत कई घंटों तक चली और इसे विस्तृत और सतर्क बताया गया। बैठक के दौरान कई वरिष्ठ नेताओं के नामों पर चर्चा हुई, जिनमें विनोद तावड़े, रामदास आठवले, रावसाहेब दानवे, प्रीतम मुंडे, विजया रहाटकर और भागवत कराड शामिल हैं। कुछ अन्य नामों पर भी विचार किया गया. सूत्रों ने कहा कि पार्टी अपने विकल्पों पर विचार करते समय अनुभव, वफादारी और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को देख रही है। समझा जाता है कि बैठक में मौजूद नेताओं ने खुलकर अपने विचार साझा किये। हालांकि राज्य स्तर पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया, लेकिन कथित तौर पर सुझाए गए नामों की एक सूची तैयार की गई है। यह सूची अब दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। उम्मीद है कि चव्हाण जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर सिफारिशों पर चर्चा करेंगे। आंतरिक विचार-विमर्श के बाद अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि भाजपा 28 फरवरी से पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा करना चाहती है। समय सीमा नजदीक आने के साथ, नेतृत्व भ्रम से बचने और पार्टी रैंकों के भीतर स्पष्टता सुनिश्चित करने का इच्छुक है। राज्यसभा चुनाव को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर महाराष्ट्र जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में। चयनों पर पार्टी हलकों में भी बारीकी से नजर रखी जाती है, क्योंकि वे आंतरिक संतुलन और भविष्य की योजना को दर्शाते हैं। फिलहाल, फोकस दिल्ली पर केंद्रित है, जहां अंतिम निर्णय लिया जाएगा। आधिकारिक घोषणा आने तक पर्दे के पीछे चर्चा जारी रहने की संभावना है. पार्टी सूत्रों ने इस प्रक्रिया को नियमित लेकिन महत्वपूर्ण बताया, पार्टी का लक्ष्य अनुभवी और भरोसेमंद चेहरों को उच्च सदन में भेजना है। पहले प्रकाशित: 25 फरवरी, 2026, 10:21 IST समाचार राजनीति विनोद तावड़े, रामदास अठावले रेस में, महाराष्ट्र बीजेपी ने राज्यसभा के लिए नाम दिल्ली भेजे अस्वीकरण: टिप्पणियाँ उपयोगकर्ताओं के विचार दर्शाती हैं, News18 के नहीं। कृपया चर्चाएँ सम्मानजनक और रचनात्मक रखें। अपमानजनक, मानहानिकारक, या अवैध टिप्पणियाँ हटा दी जाएंगी। News18 अपने विवेक से किसी भी टिप्पणी को अक्षम कर सकता है. पोस्ट करके, आप हमारी उपयोग की शर्तों और गोपनीयता नीति से सहमत होते हैं। और पढ़ें
सेंसेक्स 400 अंक चढ़कर 82,650 पर पहुंचा:निफ्टी 130 अंक चढ़ा, 25,550 पर कारोबार कर रहा, आईटी शेयरों में खरीदारी

सेंसेक्स में आज यानी बुंधवार 25 फरवरी को तेजी है। ये 400 अंक (0.50%) चढ़कर 82,650 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 130 अंक (0.57%) की तेजी है। ये 25,550 के स्तर पर आ गया है। आज के कारोबार में आईटी शेयरों में खरीदारी है। एशियाई मार्केट में तेजी के साथ कारोबार अमेरिकी बाजार में 24 फरवरी को गिरावट रही विदेशी निवेशकों ने 3,483 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे IRFC में 4% हिस्सेदारी बेच रही सरकार, फ्लोर प्राइस ₹104 तय सरकार रेलवे की फाइनेंस कंपनी IRFC में अपनी 4% तक हिस्सेदारी बेच रही है। यह बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए की जा रही है। यह ऑफर नॉन-रिटेल निवेशकों के लिए आज से खुल गया है। वहीं, रिटेल निवेशक गुरुवार, 26 फरवरी को अपनी बोलियां लगा सकेंगे। इसके लिए फ्लोर प्राइस ₹104 प्रति शेयर तय किया गया है। मंगलवार, 24 फरवरी को IRFC का शेयर ₹109.40 पर बंद हुआ था। यानी सरकार निवेशकों को मौजूदा कीमत से डिस्काउंट पर शेयर ऑफर किया है। हालांकि आज ये शेयर करीब 4% नीचे 105 रुपए पर आ गया है। क्लीनमैक्स एनवायरो एनर्जी के IPO का आखिरी दिन रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस के IPO का आज आखिरी दिन है। ये 24 फरवरी तक 0.47 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी इस IPO के जरिए 3,100 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। कंपनी इस इश्यू के जरिए फ्रेश शेयर और ऑफर फॉर सेल (OFS) दोनों लेकर आई है। सेंसेक्स कल 1069 अंक गिरकर बंद हुआ था सेंसेक्स में कल यानी मंगलवार 24 फरवरी को गिरावट रही। ये 1069 अंक (1.28%) गिरकर 82,226 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी करीब 288 अंक (1.12%) की गिरावट रही। ये 25,425 के स्तर पर आ गया है। कल के कारोबार में आईटी और ऑटो शेयरों में बिकवाली रही।
पाक ISI के ₹4 लाख के लालच में ASI-होमगार्ड मर्डर:मुठभेड़ में एक आरोपी ढेर, दूसरा फरार, 5 मुलाजिम घायल; परिवार बोला- एनकाउंटर फर्जी

गुरदासपुर में पुलिस चौकी में ASI और होमगार्ड जवान का कत्ल करने वाले एक आरोपी रणजीत सिंह को पुलिस ने सुबह एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। उसका दूसरा साथी इंद्रजीत सिंह फरार हो गया। वहीं तीसरा आरोपी दिलावर सिंह पुलिस की गिरफ्त में है। एनकाउंटर के बाद DIG संदीप गोयल ने कहा कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI ने 4 लाख रुपए का लालच देकर यह मर्डर कराया। तीनों आरोपी, रणजीत सिंह, दिलावर सिंह और इंद्रजीत सिंह पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर्स के टच में थे। उधर, पुलिस के एक्शन पर रणजीत सिंह के परिवार ने सवाल उठाए और फर्जी एनकाउंटर के आरोप लगाए। रंजीत की मां सुखविंदर कौर ने कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और पुलिसकर्मियों ने अपनी वाहवाही के लिए उसे झूठा फंसाया। उन्होंने कहा कि आज तड़के ही कुछ पुलिसकर्मी उनके घर आए और बेटे को जबरन उठा कर ले गए। कुछ देर बाद उसके एनकाउंटर की खबर मिली। वहीं, पुलिस ने बताया कि एनकाउंटर बुधवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। रणजीत को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे हथियार की बरामदगी के लिए लेकर गए थे, लेकिन वहां SHO की गाड़ी पलटने से वह फरार हो गया। इसके बाद CIA की टीम ने उसे पुराना शाला इलाके में घेर लिया। पुलिस को देख उसने फायरिंग कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान क्रॉस फायरिंग में रणजीत की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं CIA के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह समेत 5 मुलाजिम घायल हो गए। CM भगवंत मान ने भी जालंधर PAP में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि पुलिस चौकी में मारे जवानों का बदला ले लिया है। आरोपियों का लिंक पाकिस्तान से जुड़ा हुआ मिला। पाकिस्तान ने इनको स्पॉन्सर किया था, ताकि पंजाब में दहशत फैलाई जा सके। कुछ दिन पहले गुरदासपुर के गांव आदियां पुलिस चौकी में होमगार्ड के जवान अशोक कुमार और एएसआई गुरनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ASI की लाश कुर्सी पर और होमगार्ड की रजाई के भीतर मिली थी। DIG की जुबानी, कत्ल की साजिश-एनकाउंटर की पूरी कहानी डॉक्टर बोले- 5 पुलिसकर्मी घायल हुए सिविल अस्पताल गुरदासपुर के SMO ने बताया कि हमारे पास आज सुबह 5 पुलिस वाले एडमिट हुए हैं। एक पुलिस कर्मी सीआईए स्टाफ के गुरमीत सिंह को बांह में गोली लगी है। रणजीत सिंह को गोली लगने के कारण दाखिल करवाया गया था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। 4 अन्य पुलिस वालों के माइनर इंजरी है। सभी घायल स्टेबल हैं। घायल पुलिस वालों की पहचान संदीप सिंह, बनारसी दास, निरंजन सिंह और सिमरनजीत सिंह के रूप में हुई है। जानिए ASI-होमगार्ड मर्डर में इससे पहले क्या हुआ… PAK बॉर्डर के पास चौकी में लाश मिली गुरदासपुर में 22 फरवरी को आदियां पुलिस चौकी में ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार शामिल की लाश मिली थी। वह भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से महज डेढ़ किमी दूर है। दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी इसी पुलिस चौकी में थी। इनके अलावा कोई तीसरा यहां तैनात नहीं था। सरपंच ने पुलिस को सूचना दी पुलिस की शुरुआती जांच के बाद वहां से करीब 4 खोल मिले। गांव के सरपंच से दोनों की मौत के बारे में पता चलते ही भारी पुलिस फोर्स वहां पहुंची। PAK बॉर्डर से नजदीक की चौकी में पुलिसकर्मियों की हत्या को लेकर BSF भी अलर्ट है। BSF के DIG एके विरदी ने चौकी पहुंचकर पूरे मामले के बारे में जानकारी ली थी। आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी ली घटना के बाद शाम को ASI और होमगार्ड जवान जवान की मौत की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के आतंकी संगठन ने ली है। संगठन की ओर से इसके लिए बाकायदा एक पोस्टर जारी किया गया, जिसमें लिखा है- आज 22 फरवरी 2026 को तड़के गजवा-ए-हिंद में एक और सफलता हासिल हुई, जब तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के अल-बुर्क ब्रिगेड ने दुरंगला पुलिस स्टेशन पर हमला किया। तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार की है, जिसमें दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए। भविष्य में भारतीय सरकारी वर्दीधारी अधिकारियों के खिलाफ ऐसे हमले और भी तीव्र रूप से जारी रहेंगे। जनता को सलाह दी जाती है कि वे सेना, पुलिस और बीएसएफ बलों से इस्तीफा दे दें, अन्यथा उन्हें उनके घरों में निशाना बनाया जाएगा। हालांकि दैनिक भास्कर इसकी पुष्टि नहीं करता। तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान की वायरल पोस्ट…. दूसरे दिन पाक डॉन ने कत्ल का वीडियो जारी किया घटना के दूसरे दिन यानी 23 फरवरी पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने कत्ल का वीडियो जारी किया है। इसमें दिख रहा है कि ASI गुरनाम सिंह को सिर से सटाकर गोली मारी गई। ASI गुरनाम कुर्सी पर बैठे नींद में नजर आ रहे हैं। इसके बाद पिस्टल पर साइलेंसर लगाकर पॉइंट ब्लैंक रेंज से सिर में गोली मारी गई। गोली लगते ही ASI की आंखें खुलती हैं और फिर बंद हो जाती हैं। इसमें एक आरोपी गोली मार रहा है, जबकि दूसरा वीडियो बना रहा है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। लॉरेंस गैंग ने आतंकियों को दी धमकी इसके बाद उसी दिन यानी 23 फरवरी को ही इस मामले में लॉरेंस गैंग की भी एंट्री हो गई है। लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हमारे देश के 2 काबिल व ईमानदार अफसरों को आतंकियों ने शहीद किया है। हम इसका बदला खून से लेंगे। तुमने 2 शहीद किए हैं, हम 10 मारेंगे। इन आतंकियों का साथ देने वाले गद्दार गैंगस्टरों का गला काटेंगे। 23 फरवरी का ही CM भगवंत मान ने दोनों के परिवार के लिए 2-2 करोड़ रुपए का ऐलान किया है। मान ने कहा कि सरकार उनकी कुर्बानी को सलाम करती है।
सागर जिले में नरवाई जलाने पर प्रतिबंध:आग की घटनाओं को रोकने के लिए आदेश जारी, उल्लंघन करने पर लगेगा जुर्माना

सागर में गर्मी का मौसम शुरू होते ही जिले में फसल कटाई का दौर भी शुरू हो गया है। फसल की कटाई के बाद खेतों में बची नरवाई में किसान आग लगाकर नष्ट करते हैं। जिससे कई बार आगजनी की घटनाएं होती हैं। जिनसे देखते हुए सागर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संदीप जीआर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जिले की सीमा में गेहूं और अन्य फसलों की नरवाई (डंठलों) में आग लगाने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। उप संचालक, किसान कल्याण व कृषि विकास, जिला सागर द्वारा जानकारी दी गई है कि वर्तमान में गेहूं की कटाई अधिकांश कम्बाईन्ड हार्वेस्टर से की जा रही है। जिसके बाद नरवाई जलाने की घटनाओं में तेजी आई है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली ने इन घटनाओं की सैटेलाइट मैपिंग की जा रही है। राष्ट्रीय फसल अवशेष प्रबंधन नीति 2014 के अंतर्गत जिला स्तरीय फसल अवशेष प्रबंधन समिति का गठन भी किया गया है। आदेश में अवशेषों को नष्ट कराने के निर्देश आदेश में उल्लेखित है कि कटाई के बाद बचे हुए फसल अवशेषों से भूसा तैयार करने के स्थान पर उन्हें जला दिया जाता है। जबकि भूसा पशु आहार व अन्य औद्योगिक उपयोग में काम आता है। 8 से 10 रुपए प्रति किलोग्राम तक विक्रय किया जा सकता है। पर्याप्त भूसा उपलब्ध नहीं होने से पशु हानिकारक पदार्थ खाते हैं। जिससे वे बीमार होते हैं। नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति घटती है। लाभकारी सूक्ष्म जीवाणु नष्ट होते हैं। हानिकारक गैसों का उत्सर्जन होता है और आग अनियंत्रित होने पर जन-धन और संपत्ति की हानि की आशंका रहती है। जुर्माने का भी जिक्र कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि प्रत्येक कम्बाइंड हार्वेस्टर के साथ स्ट्रा रीपर या स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाया जाए। इसकी निगरानी जिला परिवहन अधिकारी एवं सहायक कृषि अभियांत्रिकी द्वारा की जाएगी। पर्यावरण विभाग के प्रावधानों के अनुसार, नरवाई जलाने पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति अर्थदंड अधिरोपित किया जाएगा। 2 एकड़ से कम भूमि पर 2500 रुपए, 2 से 5 एकड़ तक 5000 रुपए और 5 एकड़ से अधिक भूमि पर 15000 रुपए प्रति घटना देय होगा। प्रचार-प्रसार के लिए कृषि विस्तार अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। प्रत्येक विकासखंड में हैप्पी सीडर, सुपर सीडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। आदेश के पालन की निगरानी के लिए उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उल्लंघन की स्थिति में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वर्ल्ड अपडेट्स:पाकिस्तान में सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती हमला, 2 पुलिसकर्मी की मौत, एक दिन में अलग-अलग हमलों में 7 जाने गईं

पाकिस्तान में मंगलवार को अलग-अलग हमलों में 7 पुलिसकर्मियों की जान चली गई। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब प्रांत के भक्कर जिले में एक सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती हमला हुआ। पंजाब पुलिस प्रमुख अब्दुल करीम के मुताबिक इस हमले में 2 पुलिसकर्मी मारे गए। इस धमाके में 3 आम लोग भी घायल हुए, जिनमें पोलियो रोधी अभियान से जुड़े 2 स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। इसी दिन इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट इलाके में उग्रवादियों ने एक पुलिस गाड़ी पर हमला किया। आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि इस हमले में 5 पुलिसकर्मी, जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी थे और 2 नागरिक मारे गए। कोहाट के जिला पुलिस अधिकारी शेहबाज इलाही ने बताया कि इस हमले में 3 अन्य लोग घायल भी हुए। पिछले एक हफ्ते में खैबर पख्तूनख्वा और दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में उग्रवादियों के खिलाफ झड़पों और सुरक्षा अभियानों के दौरान कम से कम 16 सुरक्षाकर्मी, जिनमें एक सीनियर सेना अधिकारी भी शामिल थे, मारे गए हैं। सेना के मुताबिक इन अभियानों और हमलों में 53 उग्रवादी भी मारे गए। हाल के सालों में पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाएं बढ़ी हैं। खास तौर पर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों, पुलिस और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है।
अमेरिका में बर्फीले तूफान से 11 हजार फ्लाइट रद्द:5 लाख घरों की बिजली गुल, अखबार 153 साल में पहली बार प्रिंट नहीं छाप सका

अमेरिका में भीषण तेज हवाओं और भारी बर्फबारी के कारण एयरपोर्ट पर रनवे बंद करने पड़े और कई जगह उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी। यहां रविवार से मंगलवार के बीच 11,055 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं। सिर्फ सोमवार को ही करीब 5,600 से 5,700 उड़ानें कैंसिल हुईं, जो देशभर की उड़ानों का लगभग 20% था। यह जानकारी फ्लाइट ट्रैकिंग कंपनी फ्लाइटअवेयर ने दी। नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, रोड आइलैंड और मैसाचुसेट्स के कुछ हिस्सों में लगभग 37 इंच तक बर्फ गिरी। बर्फबारी की वजह से उत्तर-पूर्वी राज्यों में 6 लाख से ज्यादा घरों की बिजली चली गई। सोमवार शाम तक 5,19,232 घर और ऑफिस बिना बिजली के थे। भारी बर्फबारी के कारण द बोस्टन ग्लोब अपने 153 साल के इतिहास में पहली बार अखबार नहीं छाप सका क्योंकि कर्मचारी प्रिंटिंग प्रेस तक नहीं पहुंच पाए। बर्फबारी की 5 तस्वीरें… बर्फबारी से कई राज्यों में इमरजेंसी घोषित न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में रविवार से सोमवार के बीच करीब 20 इंच बर्फ दर्ज की गई, जबकि लॉन्ग आइलैंड के इस्लिप इलाके में 22 इंच से ज्यादा बर्फ पड़ी। प्रोविडेंस, रोड आइलैंड में 32.8 इंच बर्फबारी हुई, जिसने 1978 के पुराने रिकॉर्ड 28.6 इंच को तोड़ दिया। हालात इतने खराब हो गए कि कई राज्यों में इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। न्यूयॉर्क सिटी में स्कूलों, सड़कों, पुलों और हाईवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। बाद में हालात सुधरने पर मेयर जोहरान ममदानी ने यह आदेश हटा लिया और कहा कि स्कूल मंगलवार को खुलेंगे। वहीं मैसाचुसेट्स की गवर्नर मॉरा हीली ने कुछ इलाकों में ट्रैवल बैन लागू किया और लोगों से घर में रहने की अपील की। रोड आइलैंड के गवर्नर डैन मैकी ने भी पूरे राज्य में ट्रैवल बैन लगा दिया। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने भी पूरे राज्य में इमरजेंसी की घोषणा की और नेशनल गार्ड को अलर्ट पर रखा है। न्यूयॉर्क में ट्रेन सेवा भी निलंबित रही तूफान का असर सिर्फ सड़कों और हवाई सेवाओं तक सीमित नहीं रहा। न्यूयॉर्क और बोस्टन के बीच ट्रेन सेवा सोमवार रात तक निलंबित रही। थिएटर ब्रॉडवे के सभी शो रविवार शाम रद्द कर दिए गए। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने कहा कि यह पिछले लगभग एक दशक का सबसे शक्तिशाली नॉरईस्टर तूफान है। कई इलाकों में प्रति घंटे 2 से 3 इंच तक बर्फ गिरने की चेतावनी दी गई है और हवा की रफ्तार कुछ जगह 110 मील प्रति घंटे तक पहुंच गई। नॉरईस्टर एक तरह का तेज तूफान होता है जो अमेरिका के पूर्वी तट पर आता है। इसे नॉरईस्टर इसलिए कहते हैं क्योंकि इसमें हवाएं आमतौर पर उत्तर-पूर्व (नॉर्थ-ईस्ट) दिशा से चलती हैं। गर्म और नम हवा मिलकर बनाती है यह तूफान अमेरिका के उत्तर-पूर्व में आने वाला यह विंटर स्टॉर्म इसलिए बनता है क्योंकि वहां मौसम की कुछ खास स्थितियां एक साथ बन जाती हैं। सर्दियों में कनाडा की तरफ से बहुत ठंडी हवा नीचे की ओर आती है। उसी समय समुद्र की तरफ से हल्की गर्म और नम हवा ऊपर उठती है। जब ये दोनों आमने-सामने आती हैं तो मौसम अचानक बिगड़ जाता है और तेज बर्फीला तूफान बन जाता है। समुद्र भी इसमें बड़ी भूमिका निभाता है। अटलांटिक महासागर का पानी ठंड के मुकाबले थोड़ा गर्म रहता है। इससे हवा में नमी बढ़ती है। जब यह नमी ठंडी हवा से मिलती है तो भारी बर्फ गिरने लगती है। ऊपर आसमान में तेज रफ्तार से चलने वाली हवाएं (जिन्हें जेट स्ट्रीम कहते हैं) भी इस सिस्टम को और ताकत देती हैं। अगर हालात ठीक वैसे बन जाएं, तो तूफान बहुत तेजी से बड़ा और खतरनाक हो सकता है। —————————- ये खबर पढ़ें… अमेरिका के न्यूक्लियर एयरक्राफ्ट कैरियर के टॉयलेट जाम: 45 मिनट लाइन में लगना पड़ रहा, मरम्मत के लिए टेक्नीशियन और सैनिकों में झड़प ईरान की तरफ बढ़ रहा अमेरिकी न्यूक्लियर एयरक्राफ्ट कैरियर USS जेराल्ड फोर्ड एक अलग ही संकट से जूझ रहा है। जहाज के ज्यादातर टॉयलेट जाम हो चुके हैं। इससे 4,500 से ज्यादा नौसैनिकों को रोज 45 मिनट तक लाइन में लगना पड़ रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
सिवनी में तेज आवाज बुलेट पर पुलिस की कार्रवाई:मॉडिफाइड साइलेंसर के लिए किया जुर्माना; चालक को सख्त हिदायत

सिवनी शहर में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटरसाइकिलों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। ध्वनि प्रदूषण और आमजन को हो रही असुविधा को देखते हुए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में मंगलवार की रात्रि को घसियारी चौक क्षेत्र में एक बुलेट मोटरसाइकिल को तेज आवाज वाले साइलेंसर के साथ पकड़ा गया। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर तेज और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना और नागरिकों, विद्यार्थियों तथा बुजुर्गों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने तेज आवाज कर रही बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। जांच में पाया गया कि वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। इसके बाद वाहन को थाने लाकर खड़ा कराया गया और चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 120/190(2) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालक से 1000 रुपए का समन शुल्क वसूल किया और उसे भविष्य में इस प्रकार का उल्लंघन न करने की सख्त हिदायत दी। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शहर में नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अवैध मॉडिफिकेशन से बचने की अपील की, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी के साथ आरक्षक सौरभ सिंह, सिद्धार्थ दुबे और लोकेश सरेयाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








