Monday, 20 Apr 2026 | 08:41 PM

Trending :

EXCLUSIVE

सिवनी में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी:दो युवक घायल, रविवार रात बरघाट के पास हुआ हादसा

सिवनी में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी:दो युवक घायल, रविवार रात बरघाट के पास हुआ हादसा

सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंट ग्राम के समीप रविवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिर, हाथ, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल बरघाट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक मोटरसाइकिल से बरघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वहां लोगो व वाहनों का आवागमन अधिक होता है, घटना के समय लोगो मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश वेस ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही, घायलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

MP Wheat Procurement Starts April 9-10

MP Wheat Procurement Starts April 9-10

गेहूं उर्पाजन की तैयारियों की समीक्षा करते सीएम डॉ. मोहन यादव। एमपी में गेहूं की सरकारी खरीदी अब 9-10 अप्रैल से शुरू हो जाएगी। सीएम डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दो बार अफसरों के साथ गेहूं खरीदी को लेकर बैठक की। बैठक में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोवि . छोटे किसानों का गेहूं पहले खरीदा जाएगा बैठक में सीएम ने कहा प्रदेश में इस साल गेहूं की खरीदी तय समय पर शुरू होगी। खास बात यह है कि इस बार खरीदी प्रक्रिया में छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। छोटे किसानों का गेहूं पहले खरीदा जाएगा, उसके बाद मध्यम और बड़े किसानों की बारी आएगी। प्रदेश में बारदानों की 3.12 लाख गठानों की जरूरत है, सरकार का दावा है कि बारदानों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने 10 अप्रैल से पहले सभी तौल केंद्रों का गहन निरीक्षण करने के आदेश दिए हैं। कब और कहां होगी खरीदी? 7 अप्रैल से इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभागों के लिए स्लॉट बुकिंग शुरू हो जाएगी। 9-10 अप्रैल से: इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में खरीदी शुरू होगी। 15 अप्रैल से: प्रदेश के बाकी सभी संभागों में उपार्जन शुरू होगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से दैनिक भास्कर ने गेहूं खरीदी को लेकर चर्चा की। सवाल: गेहूं खरीदी देरी से क्यों शुरू हो रही है? मंत्री राजपूत- ये बात पूरे देश, प्रदेश में पक्ष-विपक्ष और सबको मालूम है कि युद्ध की स्थिति बनी हुई है। इस कारण से कई समस्याएं आईं। जितना गेहूं बाहर निर्यात होता था, संभवत: उतना निर्यात नहीं हो पा रहा। हमें तारीख इसलिए बढ़ानी पड़ी क्योंकि बारदाना जूट कमिश्नर कलकत्ता के माध्यम से आता है। बारदाना आने में विलंब हुआ। हम ये नहीं चाहते थे कि पर्याप्त बारदाने के बिना हम खरीद शुरू करें। ताकि हमारे किसानों को और कोई परेशानी हो। जब हमारे पास पर्याप्त बारदाना आ गया, तब हमने खरीदी शुरू की है। करीब 50 हजार गठानें हमारे पास आ चुकी हैं। 50 हजार गठानें और आने वाली हैं। अब हमारे पास पर्याप्त मात्रा में बारदाना आ गया है और समस्या होगी तो हमें भारत सरकार ने पीपीपी बैग खरीदने की अनुमति दी है। उसके टेंडर भी हो गए हैं। जितना हम खरीदेंगे, उतना वारदाना हमारे पास आ चुका है। सवाल: गेहूं खरीदी की तारीखों में कुछ बदलाव कर रहे हैं? मंत्री राजपूत- 7 अप्रैल से स्लॉट बुकिंग शुरू हो जाएगी। हम 9 और 10 तारीख से खरीदी शुरू कर देंगे। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 9-10 तारीख से खरीद शुरू होगी। बाकी संभागों में 15 अप्रैल से खरीद शुरू होगी। सवाल: मप्र में कितना गेहूं खरीदेंगे और प्रदेश में कितनी भंडारण क्षमता है? मंत्री राजपूत- मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हम पिछले साल की तुलना में ज्यादा गेहूं खरीदेंगे। पिछले साल 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा था। इस वर्ष 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदेंगे। लोग अफवाहें उड़ा रहे हैं, हमारे पास भंडारण की कोई दिक्कत नहीं है। हमारे पास ढाई करोड़ टन भंडारण क्षमता है। इसके अलावा साइलो बैग के टेंडर भी बुलाए गए हैं। हमारे पास स्टील साइलो भी हैं। कुल मिलाकर जितनी खरीदी करेंगे, उसे रखने की पर्याप्त व्यवस्था है। सवाल: बारिश की वजह से किसी का गेहूं खराब न हो, उसके लिए क्या व्यवस्था है? मंत्री राजपूत: पर्याप्त मात्रा में बारदाना आ गया है। मुख्यमंत्री जी के निर्देश हैं कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पीने के पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था रहे। खरीदी के साथ ही ट्रांसपोर्टेशन भी होता रहे। खरीदी मंडियों और वेयरहाउस के आसपास होगी। हमारी कोशिश होगी कि गेहूं को जल्द से जल्द परिवहन कर सुरक्षित भंडारण में रखा जाए। सवाल: मुख्यमंत्री जी ने एक दिन में दो बार इसी विषय पर बैठक की, उसमें क्या चर्चा हुई? मंत्री राजपूत: मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट निर्देश है कि किसानों को कोई परेशानी न हो। यदि बारदाने और अन्य व्यवस्थाओं की समस्या सुलझ गई है, तो गेहूं खरीदी शुरू की जाए। बैठक सकारात्मक माहौल में हुई और उनके निर्देशों का पूर्णतः पालन किया जाएगा।

खुरई में तीन दिवसीय डोहेला महोत्सव शुरू:कैलाश खेर ने 'बम लहरी', 'तेरी दीवानी' गाने गाये; बोले- यह नजारा शिव धाम जैसा लग रहा

खुरई में तीन दिवसीय डोहेला महोत्सव शुरू:कैलाश खेर ने 'बम लहरी', 'तेरी दीवानी' गाने गाये; बोले- यह नजारा शिव धाम जैसा लग रहा

सागर जिले की खुरई तहसील में तीन दिनों तक चलने वाले डोहेला महोत्सव का शानदार आगाज रविवार रात से हो गया। कार्यक्रम की पहली शाम मशहूर गायक पद्मश्री कैलाश खेर के नाम रही, जिन्होंने अपने भजनों और गीतों से हजारों की भीड़ को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव का उद्घाटन पूर्व गृहमंत्री और स्थानीय विधायक भूपेंद्र सिंह ने भगवान भोलेनाथ के अभिषेक और मां बीजासन की पूजा के साथ किया। “मुंबई और खुरई की दूरी खत्म हो गई” उद्घाटन के दौरान भूपेंद्र सिंह ने कहा कि डोहेला महोत्सव ने अब मुंबई और खुरई के बीच का फासला मिटा दिया है। उन्होंने बताया कि जिन बड़े कलाकारों को देखने के लिए लोग दूर-दूर जाते थे, उन्हें अब खुरई के ऐतिहासिक किले में बुलाया जाता है ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति भी उन्हें सामने बैठकर सुन सके। उन्होंने युवाओं को किले का इतिहास बताते हुए कहा कि 1707 में राजा खेमचंद्र दांगी ने इसका निर्माण कराया था और आज यह शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। कैलाश खेर ने खुरई को बताया “शिव का धाम” मंच पर आते ही कैलाश खेर ने खुरई की जनता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां का नजारा किसी पौराणिक स्थल या शिव धाम जैसा लग रहा है। उन्होंने विधायक भूपेंद्र सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि तीन पीढ़ियों को एक साथ इतने अनुशासित तरीके से इकट्ठा करना किसी चमत्कार से कम नहीं है। कैलाश खेर ने ‘अल्लाह के बंदे’, ‘बम लहरी’, ‘तेरी दीवानी’ और ‘सइयां’ जैसे सुपरहिट गानों की प्रस्तुति दी, जिस पर लोग जमकर झूमे। होनहार खिलाड़ी और छात्र सम्मानित महोत्सव के मंच से खुरई का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया। इसमें खेल जगत से जुन्नत कुर्मी (खो-खो), जय श्री पंथ (फुटबॉल), सृजल जैन (एथलेटिक्स) और कृष्णा सिंह दांगी (कराटे) को सम्मानित किया गया। साथ ही 10वीं और 12वीं की परीक्षा में मेरिट लिस्ट में आने वाले छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिए गए। कल होगी सिंगर अकासा सिंह की परफॉर्मेंस महोत्सव के दूसरे दिन यानी सोमवार को बॉलीवुड की मशहूर सिंगर अकासा सिंह अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगी। ‘खींच मेरी फोटो’ और ‘एथे आ’ जैसे गानों से मशहूर हुई अकासा सिंह की प्रस्तुति को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी से इस सांस्कृतिक संध्या का आनंद लेने की अपील की है।

ग्वालियर में रेबीज से युवक की मौत, रोज 100+ मामले:5 दिन पहले एक शख्स ने अस्पताल में भर्ती कराया था; नाम दिया था 'गोलू'

ग्वालियर में रेबीज से युवक की मौत, रोज 100+ मामले:5 दिन पहले एक शख्स ने अस्पताल में भर्ती कराया था; नाम दिया था 'गोलू'

ग्वालियर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। रोजाना 100 से अधिक लोग डॉग बाइट के शिकार हो रहे हैं। इसी बीच रविवार को 25 वर्षीय एक अज्ञात युवक की मौत हो गई, जिसका कारण रेबीज बताया गया है। जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल को एक अनजान व्यक्ति घायल युवक को मुरार स्थित जिला अस्पताल लेकर पहुंचा था। उसने मरीज का नाम ‘गोलू’ दर्ज कराया और बताया कि उसे कुत्ते ने काटा है। युवक गंभीर हालत में मिला था। स्थिति बिगड़ने पर उसी रात उसे जेएएच (हजार बिस्तर अस्पताल) रेफर कर दिया गया, जहां उसे रेबीज संदिग्ध मानकर उपचार शुरू किया गया। इलाज के दौरान रविवार को युवक ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर मुरार थाना पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसे कुत्ते ने कब काटा, यह जानकारी पहचान के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। भर्ती मरीज की मौत की सूचना हजार बिस्तर के अस्पताल स्ट्रेचर बॉय अभिषेक पुत्र कमलेश पांडेय निवासी पिछोर ने मुरार थाना पुलिस को दी है। साथ ही अस्पताल की तहरीर मुरार थाना पुलिस को सौंपी है। तहरीर में मौत का कारण रेबीज संक्रमण बताया गया है। रिपोर्ट में मृत्यु का कारण रेबीज बताया गया मुरार पुलिस को जयारोग्य अस्पताल से इलाज और मौत से संबंधित रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इसमें उल्लेख है कि मरीज की मौत रेबीज संक्रमण के कारण हुई प्रतीत होती है। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया। मृतक की पहचान के प्रयास में उसका फोटो आसपास के क्षेत्रों में दिखाया गया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। फिलहाल शव को मर्च्यूरी में रखवाया गया है। आवारा कुत्तों पर नियंत्रण में लापरवाही शहर की कॉलोनियों और मोहल्लों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन नगर निगम का अमला सक्रिय नजर नहीं आ रहा। अधिकारियों का दावा है कि नसबंदी जैसी योजनाओं से संख्या नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि हकीकत में कुत्तों को पकड़ने का अभियान ठप पड़ा है। जिम्मेदार अधिकारी भी मैदान में नजर नहीं आते। हर दिन 100 से 150 डॉग बाइट के मामले शहर में रोजाना 100 से 150 डॉग बाइट के मामले जेएएच, जिला अस्पताल और सिविल अस्पताल पहुंच रहे हैं। ये वे मरीज हैं जो काटने के बाद रेबीज के इंजेक्शन लगवाने आते हैं, जबकि कई मामले ऐसे भी हैं जो अस्पताल तक पहुंच ही नहीं पाते।

उज्जैन में ₹67 लाख के म्यूल अकाउंट का भंडाफोड़:साइबर ठगी में खाता संचालक गिरफ्तार, 'ऑपरेशन मैट्रिक्स' की कार्रवाई

उज्जैन में ₹67 लाख के म्यूल अकाउंट का भंडाफोड़:साइबर ठगी में खाता संचालक गिरफ्तार, 'ऑपरेशन मैट्रिक्स' की कार्रवाई

उज्जैन की माधवनगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ₹67 लाख से अधिक के संदिग्ध लेनदेन वाले एक म्यूल अकाउंट का भंडाफोड़ करते हुए खाता संचालक छायेश सेन (35) को गिरफ्तार किया है। यह मामला 2 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुरू हुई जांच के बाद सामने आया। जांच के दौरान, फ्रीगंज स्थित एसबीआई की एसएमई ब्रांच में ‘महाकाल इवेंट मैनेजमेंट एंड वीडियो फोटोग्राफी’ के नाम से संचालित एक खाता संदिग्ध पाया गया। बैंक ने इसे म्यूल अकाउंट मानते हुए तत्काल फ्रीज कर दिया था। पुलिस जांच में पता चला कि जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच इस खाते में कुल ₹67.64 लाख जमा किए गए थे, जबकि ₹55.82 लाख निकाले गए। लेनदेन का यह पैटर्न असामान्य और संदिग्ध था, जिससे साइबर ठगी की आशंका मजबूत हुई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी छायेश सेन ने अपनी चेकबुक और एटीएम कार्ड दानु उर्फ अरमान तथा राहुल मालवीय को दिए थे। इन व्यक्तियों ने ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी लॉटरी (सेवन लॉटरी) के नाम पर लोगों को ठगा। ठगी गई रकम इसी खाते में जमा करवाई जाती थी और फिर निकाल ली जाती थी, जिससे असली ठगों की पहचान छिपाई जा सके। माधवनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश की। लगातार दबिश के बाद, 5 अप्रैल 2026 को छायेश सेन को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस अब छायेश सेन से पूछताछ कर पूरे साइबर ठगी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66-D के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

शाजापुर में अनियंत्रित होकर कार खंभे से टकराई:बाइक सवार को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा

शाजापुर में अनियंत्रित होकर कार खंभे से टकराई:बाइक सवार को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा

शाजापुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 8 बजे एक सड़क हादसा हो गया। धोबी चौराहे रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसा न्यू गोठी मोबाइल के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि कार चालक ने अचानक सामने आए एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने की कोशिश की, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खंभे से जा टकराई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन खंभे में फंस गया, जिसे निकालने के लिए ट्रैक्टर की मदद लेनी पड़ी। बाद में गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस, यातायात हुआ प्रभावित घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात को फिर से सामान्य कराया। कोई जनहानि नहीं, जांच जारी कार चालक की पहचान युवराज के रूप में हुई है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

खिलचीपुर में गैस वितरण विवाद पर कर्मचारियों से सरेआम मारपीट:वीडियो बनाने पर 7-8 बदमाशों ने घेरा, लात-घूंसों से पीटा, भाग गए; दो नामजद पर FIR

खिलचीपुर में गैस वितरण विवाद पर कर्मचारियों से सरेआम मारपीट:वीडियो बनाने पर 7-8 बदमाशों ने घेरा, लात-घूंसों से पीटा, भाग गए; दो नामजद पर FIR

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में रविवार शाम गैस सिलेंडर वितरण को लेकर विवाद के बीच भारत गैस एजेंसी के तीन कर्मचारियों के साथ बीच सड़क पर मारपीट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने रास्ता रोककर मैनेजर, अकाउंटेंट और कंप्यूटर ऑपरेटर को लात-घूंसों से जमकर पीटा। पूरी घटना सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर खिलचीपुर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो बनाने गर्दन पकड़कर धमकाया फरियादी सतीश नामदेव (44) निवासी खिलचीपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह बस स्टैंड स्थित अपनी भारत गैस एजेंसी पर बैठे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि भोजपुर स्थित गोविंद भारत गैस एजेंसी के कर्मचारी खिलचीपुर के श्रीनाथ लॉज के सामने गैस सिलेंडरों का वितरण कर रहे हैं। जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, ताकि कम्पनी में उनकी शिकायत की जा सके। सतीश नामदेव का आरोप है कि वीडियो बनाते देख भोजपुर एजेंसी से जुड़े गोविंद सौंधिया, कंवरलाल सौंधिया और अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया, गर्दन पकड़कर धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने अपनी दुकान पर फोन कर अकाउंटेंट करण सोनी और कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप मालाकार को बुलवाया। चार तस्वीरों में देखिए घटनाक्रम 7-8 लोगों ने घेरा, लात-घूंसों से मारपीट फरियादी के मुताबिक तीनों कर्मचारी पैदल एजेंसी की ओर लौट रहे थे और कंपनी को शिकायत करने जा रहे थे। इसी दौरान श्रीनाथ लॉज यह पिछले से बाइक से आए आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। कुछ लोग दौड़कर भी आए और 7 से 8 लोगों ने तीनों कर्मचारियों को बीच सड़क पर घेरकर लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। मारपीट की यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग बाइक से उतरकर पैदल जा रहे युवकों का रास्ता रोकते हैं और फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर देते हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से बाइक से फरार हो गए। दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ FIR पीड़ित सतीश नामदेव का कहना है कि भोजपुर स्थित गोविंद भारत गैस एजेंसी के संचालक खिलचीपुर नगर में आकर गैस सिलेंडरों का वितरण करते हैं, जबकि यह क्षेत्र खिलचीपुर भारत गैस एजेंसी के अंतर्गत आता है। उनके अनुसार उनके पास यहां सिलेंडर वितरण करने का कोई लिखित आदेश नहीं है। इसी कारण उन्होंने वीडियो बनाकर कंपनी में शिकायत करने की बात कही थी। मारपीट के बाद तीनों पीड़ित खिलचीपुर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण करवाया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Gwalior Gandhi Udyana Tigers Increase to 10; Royal Bengal & White Cubs Born

Gwalior Gandhi Udyana Tigers Increase to 10; Royal Bengal & White Cubs Born

ग्वालियर6 घंटे पहले कॉपी लिंक ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में सफेद बाघिन मीरा ने रविवार दोपहर करीब 2 बजे तीन शावकों को जन्म दिया। इनमें दो रॉयल बंगाल और एक सफेद टाइगर शावक शामिल हैं। इस जन्म के साथ ही चिड़ियाघर में बाघों की कुल संख्या 10 हो गई है। चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. उपेंद्र यादव ने बताया कि सभी शावक स्वस्थ हैं और उनकी मां मीरा भी सुरक्षित है। उन्होंने पुष्टि की कि जन्मे शावकों में दो रॉयल बंगाल (पीले) और एक सफेद टाइगर है। प्रसव के बाद से मीरा और उसके शावकों की लगातार निगरानी की जा रही है। जू क्यूरेटर गौरव परिहार के अनुसार, नवजात शावकों को सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों से आइसोलेशन में रखा गया है। उन्हें बाहरी संपर्क से दूर रखा जाएगा और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम नियमित रूप से उनके स्वास्थ्य की जांच कर रही है। मीरा को भी बेहतर रिकवरी के लिए हल्का और पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में अब बाघों की कुल संख्या 10 हो गई है। इस नए जन्म के बाद गांधी प्राणी उद्यान में बाघों की कुल संख्या 10 हो गई है। इनमें 4 सफेद और 6 रॉयल बंगाल टाइगर शामिल हैं। कुल संख्या में 4 नर, 3 मादा और 3 नवजात शावक हैं। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देश पर चिड़ियाघर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। नवजात शावकों की देखभाल के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण द्वारा निर्धारित स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों का भी कड़ाई से पालन किया जा रहा है। दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔

रीवा में हिंदू एकता के लिए भव्य शोभायात्रा:जनप्रतिनिधियों समेत 5 हजार लोग शामिल हुए, 10 किमी मार्ग पर पुष्पवर्षा और स्वागत

रीवा में हिंदू एकता के लिए भव्य शोभायात्रा:जनप्रतिनिधियों समेत 5 हजार लोग शामिल हुए, 10 किमी मार्ग पर पुष्पवर्षा और स्वागत

रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान में रविवार को श्री राम जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हिंदू एकता और सामाजिक समरसता के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में करीब 5 हजार लोग शामिल हुए। आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न समाजों और संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। यात्रा की शुरुआत शाम को जनपद कार्यालय से हुई, जहां से यह लगभग 10 किलोमीटर लंबा सफर तय करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। पूरे मार्ग में जय श्री राम के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत, पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। इस आयोजन में गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह भी शामिल हुए। उनके साथ अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। व्यापारी संगठन, सर्व समाज के लोग और युवा आर्मी के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह आयोजन पिछले 5 वर्षों से लगातार किया जा रहा है और हर साल इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ती जा रही है। समरसता बढ़ाने के लिए निकाली जाती है यात्रा बालकृष्ण द्विबेदी ने बताया कि श्री राम जन्मोत्सव समिति द्वारा यह यात्रा हिंदू एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है और हर वर्ष इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने सभी समाज और संगठनों का आभार जताया, जिन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आगे भी इस तरह के आयोजन और बड़े स्तर पर करने की बात कही। विधायक नागेंद्र सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों की सराहना की। साथ ही ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।

भोपाल के अवधपुरी में शराब दुकान का विरोध:रहवासी सड़क पर उतरे; बोले-ठेके की वजह से अपराध बढ़े

भोपाल के अवधपुरी में शराब दुकान का विरोध:रहवासी सड़क पर उतरे; बोले-ठेके की वजह से अपराध बढ़े

भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग के मामले तूल पकड़ रहे हैं। कोलार रोड के मंदाकिनी चौराहे, ईंटखेड़ी और सेमराकलां के बाद अब अवधपुरी में शराब दुकान का विरोध शुरू हो गया है। रविवार शाम 7 बजे कई लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शराब का ठेका खुलने से इलाके में अपराधिक बढ़ गए हैं। अवधपुरी में ऋषिपुरम् के 80 फीट रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग की गई। इसे लेकर ही स्थानीय रहवासियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि दुकान के कारण इलाके का माहौल बिगड़ रहा है और आए दिन आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है रहवासी रमन तिवारी ने बताया कि मोहल्ले के लोग लंबे समय से इस दुकान को हटाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि यहां से गुजरने वाली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसके अलावा झगड़े और अन्य अपराध भी बढ़ गए हैं। जिससे आम लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। पुलिस भी मौके पर पहुंचे लोगों ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। इसके चलते अवधपुरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों ने मांग की कि जल्द इस शराब दुकान को हटाया जाए। ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस अवसर पर सोहन सिंह राजपूत, सारिका दिवाकर, अरुण सिंह, दिलीप कुमार दिवाकर, कमलेश सोलंकी आदि रहवासी मौजूद थे। कोलार रोड की दुकान को लेकर अफसरों से मिलेंगे लोग कोलार रोड के मंदाकिनी चौराहा स्थित शराब दुकान को लेकर लोग सोमवार को कलेक्टर और आबकारी अधिकारी से मिलेंगे। कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल दुकान हटाने की मांग करेगा। अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ ने बताया कि जिस जगह पर दुकान शिफ्ट की गई है, उसके ठीक पीछे जैन मंदिर और आसपास रहवासी इलाके हैं। इसके चलते ही लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।