उज्जैन में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत हुआ:कलेक्टर उत्कृष्ट स्कूल के मुख्य आयोजन में शामिल; 4 अप्रैल तक स्कूल चलें हम अभियान

एक अप्रैल से शुरू हुए नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के तहत उज्जैन जिले के स्कूलों में प्रवेश उत्सव मनाया गया। बुधवार को विद्यार्थियों को तिलक लगाकर स्कूलों में प्रवेश दिलाया गया। दशहरा मैदान स्कूल और शास्त्री नगर स्थित उत्कृष्ट स्कूल में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए। जिले का मुख्य कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उमावि माधवनगर में आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर रौशन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष कलावती यादव, सीईओ श्रेयांश कुमुट और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। चार अप्रैल तक चलेंगे दैनिक आयोजन एडीपीसी गिरीश तिवारी ने बताया कि “स्कूल चलें हम” अभियान एक से चार अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन स्कूलों में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ब्लॉक स्तर पर भी उत्कृष्ट स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को पुस्तक और साइकिल वितरण अभियान के तहत विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। पात्र विद्यार्थियों को साइकिल भी दी गई। सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए कि कोई भी बच्चा प्रवेश से वंचित न रहे। दो अप्रैल को शाला स्तर पर पालकों के साथ पीटीएम, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियां आयोजित होंगी। इसमें अभिभावकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और 85% से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के पालकों का सम्मान किया जाएगा। चार अप्रैल को ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम चार अप्रैल को “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत कलेक्टर सहित 91 अधिकारी विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें पढ़ाई के महत्व के बारे में बताएंगे।
Dewas Blinkit Delivery Partners Strike

देवास में ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी सेवा Blinkit के डिलीवरी पार्टनर्स ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। बुधवार को कम भुगतान और खराब कार्य व्यवस्था के विरोध में बड़ी संख्या में कर्मचारी स्टेशन रोड स्थित कंपनी कार्यालय के बाहर एकत्र होकर प्रदर् . डिलीवरी पार्टनर्स का कहना है कि उन्हें प्रति किलोमीटर केवल 7 से 8 रुपए का भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई और पेट्रोल खर्च के हिसाब से यह राशि बहुत कम है। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें अन्य जिलों की तरह 12 से 15 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाए। कर्मचारियों ने बताया कि 3 से 4 किलोमीटर की डिलीवरी पर भी उन्हें पर्याप्त भुगतान नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी आमदनी प्रभावित हो रही है। ऑर्डर कैंसिल होने पर नहीं मिलता पेमेंट डिलीवरी पार्टनर्स की एक बड़ी शिकायत यह भी है कि ऑर्डर कैंसिल होने पर उन्हें कोई भुगतान नहीं दिया जाता, जबकि उनका समय और ईंधन खर्च हो चुका होता है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कैश ऑर्डर जमा करते समय कंपनी ऑफिस में छुट्टे नोट और सिक्के स्वीकार नहीं किए जाते, जिससे उन्हें अतिरिक्त परेशानी होती है। मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी डिलीवरी पार्टनर्स ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हड़ताल का असर शहर में Blinkit की डिलीवरी सेवाओं पर साफ तौर पर देखा जा रहा है, जिससे ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक फ्लैट, दो डील: 35 लाख की ठगी:फ्लैट का सौदा कर दूसरे के नाम कर दी रजिस्ट्री, दो आरोपियों के बाद महिला गिरफ्तार

इंदौर क्राइम ब्रांच ने फ्लैट बेचकर रजिस्ट्री न करने के मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को पकड़ चुकी है। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया के मुताबिक फरियादी फैसल अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोहित महाजन, निसार अली और सायरा ने मिलकर फ्लैट बेचने के नाम पर करीब 35 लाख रुपए की ठगी की। आरोपियों ने सौदा तय कर नगद और ऑनलाइन रकम ले ली, लेकिन इसके बाद भी फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं की और फरियादी को लगातार टालते रहे। मंगलवार को क्राइम ब्रांच टीम ने महिला आरोपी सायरा को भी गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को मामले का खुलासा किया गया। फिलहाल पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एक ही फ्लैट दो बार बेचा, रिश्तेदार के नाम कर दी रजिस्ट्री जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उसी फ्लैट की रजिस्ट्री फरियादी के बजाय मोहित महाजन की भाभी के नाम पर 17 लाख रुपए में कर दी। इस तरह एक ही फ्लैट को दो लोगों को बेचकर आरोपियों ने धोखाधड़ी की। इस मामले में क्राइम ब्रांच पहले ही मोहित महाजन (निवासी कनाडिया) और निसार अली को गिरफ्तार कर चुकी है।
भोपाल में युवक की हत्या के विरोध में प्रदर्शन:आरोपी के खिलाफ NSA की मांग; मंत्री बोले- घर पर बुलडोजर चलाएंगे

भोपाल के अशोका गार्डन में 35 साल के विजय राजपूत मेवाड़ (बिट्टू) की हत्या के विरोध में बुधवार को हिंदू संगठन सड़क पर उतर गए हैं। विजय की दो दिन पहले मामूली विवाद में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। हिंदू उत्सव समिति, बजरंग दल समेत अन्य संगठन आरोपी पर एनएसए की कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। लोग रोशनपुरा चौराहे से सीएम हाउस तक जा रहे हैं। जिन्हें पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। प्रदर्शनकारी रोशनपुरा चौराहे से बेरिकेटिंग तोड़कर सीएम हाउस के लिए पॉलिटेक्निक चौराहे पर आ गए हैं। यहां प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां से सीएम हाउस मात्र 100 मीटर की दूरी पर है। देखिये प्रदर्शन की तस्वीरें… सकल हिंदू समाज के आह्वान पर प्रदर्शन सकल हिंदू समाज के आह्वान पर यह प्रदर्शन किया जा रहा है। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि सकल हिंदू समाज के नेतृत्व में विजय राजपूत बिट्टू के हत्यारों पर NSA की कार्रवाई होना चाहिए। वहीं, घर पर बुलडोजर भी चलाया जाए। रोशनपुरा से मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च चल रहेगा। ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश करने पर हत्या की थी बता दें कि अशोका गार्डन इलाके में मामूली विवाद ने रविवार देर रात खौफनाक रूप ले लिया। ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश करने पर आरोपियों ने विजय पर चाकू से हमला कर दिया था। सोमवार सुबह गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम कर दिया था। पुलिस की समझाइश के बाद करीब आधे घंटे में जाम खुल सका। इस दौरान परिजन का पुलिस से विवाद भी हुआ। परिजन हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ थाना परिसर में प्रदर्शन किया। मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम है। उसने साथियों के साथ मिलकर हत्या की थी। मंत्री सारंग बोले-सख्त कार्रवाई की जाएगी इससे पहले मंगलवार रात में मंत्री विश्वास सारंग मृतक विजय के घर पहुंचे थे और परिजनों को ढांढस बंधवाया था। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही वीभत्स घटना हुई है। मैं स्वयं पीड़ित परिवार से मिला था। विजय बहुत ही होनहार युवा थे। एक गलत घटना को अंजाम दिया गया है। हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। बिना बात बिना किसी कारण के एक होनहार युवा की हत्या की गई, जो सहन नहीं किया जाएगा। मंत्री सारंग ने कहा कि हमने भी पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए है कि सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। दोषियों के अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चलेगा। कानून को हाथ में लेने वाला व्यक्ति ठीक से रह नहीं सकता। मृतक विजय की दोनों बेटियों की पढ़ाई की जिम्मेदारी हमने ली है। उनकी पत्नी के रोजगार की व्यवस्था भी करेंगे।
मंडला-जबलपुर हाईवे पर 30 फीट नीचे खाई में गिरा हाईवा:कैबिन में फंसा ड्राइवर-कंडक्टर; सुरक्षित निकालकर दोनों को पहुंचाया अस्पताल

मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर टिकरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सहजनी के पास बुधवार सुबह सड़क हादसा हो गया। मंडला से जबलपुर की ओर जा रहा एक हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 से 30 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक और हेल्पर घायल हो गए, जिन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। हादसे के बाद हेल्पर वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। केबिन में फंसे हेल्पर को सुरक्षित बाहर निकाला पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे हेल्पर को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक रंजीत यादव (25) निवासी जबलपुर और हेल्पर अंकित यादव (22) निवासी वल्देबाग, जबलपुर सवार थे। चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा था। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर है। हेल्पर अंकित यादव के हाथ और कलाई में चोट आई है, जिसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मुरैना में तेज रफ्तार एंबुलेंस और बाइक में टक्कर:एक युवक गंभीर घायल, इलाज के लिए ग्वालियर रेफर

नेशनल हाईवे 552 बागचीनी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार एंबुलेंस और बाइक में आमने सामने से भिड़ंत हो गई जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया । घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है । युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है । पुलिस युवक की पहचान में जुट गई है । नेशनल हाईवे 552 पर हादसा बागचीनी थाना क्षेत्र के छैरा गांव के पास सबलगढ़ तरफ से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस क्रमांक MP 07 DA 1326 और एक बाइक में आमने सामने से भिड़ंत हो गई । इस भिड़ंत में बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया जिसे प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है । युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है । रोड क्रास करते समय हादसा छैरा गांव के पास बाइक सवार युवक नेशनल हाईवे क्रमांक 552 को क्रास कर रहा था उसी समय सबलगढ़ तरफ से आ रही एंबुलेंस से टकरा गया । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए । और युवक गंभीर घायल हो गया । इलाज आवश्यक बागचीनी थाना प्रभारी शशि कुमार के अनुसार युवक की पहचान जल्द कर ली जाएगी आस पास के किसी गांव का ही रहने वाला होगा सर्वप्रथम इलाज करवाना आवश्यक था इसलिए पुलिस ने यह सुनिश्चित किया । कार्यवाही की जा रही है ।
छिंदवाड़ा में डिलीवरी पॉइंट पर नहीं पहुंचे सिलेंडर:हंगामें के बाद हरकत में आए अफसर, व्यवस्था सही करने का दावा

छिंदवाड़ा: शहर में गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर्याप्त होने के बावजूद वितरण व्यवस्था बिगड़ने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर परासिया रोड और शक्ति नगर क्षेत्र में समय पर सिलेंडर डिलीवरी नहीं होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया। गुस्साए उपभोक्ता सीधे गोदाम पहुंच गए, जहां उन्होंने एजेंसी संचालकों के खिलाफ जमकर विरोध जताया। लोगों का आरोप था कि समय पर डिलीवरी नहीं होने से उन्हें कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि बुकिंग पहले से की जा चुकी है। मामले की जानकारी लगते ही आपूर्ति विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए और व्यवस्था सुधारने के लिए तुरंत कदम उठाए। लंबित बुकिंग को कम करने के लिए एक ही दिन में 2600 से ज्यादा गैस सिलेंडर की डिलीवरी कराई गई। यह डिलीवरी प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में सुनिश्चित कराई गई, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। अधिकारियों ने तीनों तेल कंपनियों की गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि होम डिलीवरी नियमित रूप से की जाए और डिलीवरी पॉइंट पर वाहन तय समय पर पहुंचें। आमतौर पर जहां रोजाना करीब 1500 सिलेंडर की डिलीवरी होती थी, वहीं विशेष प्रयासों के चलते 2607 सिलेंडर वितरित किए गए। प्रशासन का कहना है कि आगे ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई भी की जाएगी।
सचिव पर जान से मारने की धमकी का आरोप:हरदा में चौकीदार बोला गवाही देने पर धमकाया, विधायक प्रतिनिधि से भी चल रहा विवाद

हरदा में जनपद सचिव अशोक जाट और विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल के बीच चल रहा विवाद अब और बढ़ता जा रहा है। मंगलवार शाम एक नया मोड़ तब आया, जब जनपद के चौकीदार अभिषेक चौहान ने सिटी कोतवाली थाने में सचिव अशोक जाट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। गवाही देने पर धमकी का आरोप चौकीदार अभिषेक चौहान का आरोप है कि सचिव अशोक जाट ने उन्हें गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि यह धमकी विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल और सचिव के बीच हुए विवाद में गवाही देने को लेकर दी गई है। पहले से चल रहा है दोनों के बीच विवाद यह मामला कुछ दिनों पहले शुरू हुआ था, जब ग्राम पंचायत कोलीपुरा के सचिव अशोक जाट और विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में केस दर्ज कराए थे। सचिव संघ ने की हड़ताल इस पूरे मामले को लेकर 31 मार्च से सचिव संघ ने कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। संघ की मांग है कि विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल के खिलाफ कार्रवाई की जाए। दूसरी ओर, हरदा विधायक डॉ. आर.के. दोगने और जिले की तीनों जनपद के अध्यक्ष व सदस्य राहुल पटेल के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ से मिलकर सचिव अशोक जाट को निलंबित करने की मांग की है। सचिव ने आरोपों को बताया गलत सचिव अशोक जाट ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वे हड़ताल की सूचना देने और गुम हुए शासकीय रिकॉर्ड की जानकारी देने जनपद कार्यालय गए थे। इसी दौरान राहुल पटेल उन्हें मारने दौड़े, जिसके बाद वे वहां से निकल गए। पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पार करते बाघ के नजदीक पहुंच बनाया वीडियो:बैरियर एंट्री के आधार पर जांच में जुटा प्रबंधन; चिन्हित लोगों से पूछताछ के बाद होगी कार्रवाई

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के भद्राशिला मार्ग पर एक बाघ को सड़क पार करते समय पर्यटकों ने नजदीक जाकर वीडियो बना लिया। घटना को प्रबंधन ने एक बड़ी लापरवाही माना है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना टाइगर रिजर्व से होकर गुजरने वाले स्टेट हाईवे पर हुई। जब बाघ सड़क पार कर रहा था, तो दोनों ओर से वाहनों का जाम लग गया। कई पर्यटक बाघ के बेहद करीब पहुंच गए और उसके वीडियो बनाने लगे। जांच अधिकारी नियुक्त कर जांच शुरू वीडियो रविवार को सामने आने के बाद टाइगर रिजर्व प्रबंधन हरकत में आया। सहायक संचालक दिलीप मराठा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रबंधन वीडियो में दिख रहे वाहनों और व्यक्तियों की पहचान करने में जुटा है। इसमें जंगल सफारी के लिए उपयोग की जाने वाली कई टूरिस्ट गाड़ियां भी शामिल हैं, जिनके नंबर वीडियो में स्पष्ट दिख रहे हैं। वीडियो में दिखी गाड़ियों और लोगों की पहचान जारी टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बुधवार को बताया कि वीडियो में दिख रही गाड़ियों और बैरियर में दर्ज हुई एंट्री की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाघ के नजदीक दिख रहे लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है। सभी चिन्हित व्यक्तियों से पूछताछ के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। श्री सहाय ने यह भी बताया कि वे स्वयं इस पूरे मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा गया कि कुछ लोग पैदल ही बाघ के नजदीक पहुंच गए थे। वहीं, कुछ बाइक सवार भी पहले बाघ के करीब पहुंचे, लेकिन बाघ को नजदीक से देखकर वे भागते हुए दिखाई दिए। घटना के बाद टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने इस मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी है।
शाजापुर में 754 लोकेशन पर जमीन की दरें बढ़ीं:नई गाइडलाइन लागू होने से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा; निर्माण लागत में भी बढ़ोतरी

शाजापुर जिले में 1 अप्रैल से जमीन की खरीद महंगी हो गई है। केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड भोपाल ने वर्ष 2026-27 के लिए नई गाइडलाइन दरों को मंजूरी दी है, जिसके बाद जिले की 754 लोकेशन पर दरों में 10 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि लागू की गई है। इन लोकेशन में 317 शहरी और 437 ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं, जबकि 620 लोकेशन पर दरें पहले जैसी ही बनी हुई हैं। अब प्रॉपर्टी खरीदारों को अधिक भुगतान करना होगा नई दरें लागू होने से अब प्रॉपर्टी खरीदारों को अधिक भुगतान करना होगा। दरों में वृद्धि की आशंका के कारण मार्च के अंतिम दिनों में पंजीयन कार्यालयों में भारी भीड़ देखी गई। अवकाश के दिनों में भी रजिस्ट्री कार्यालय खुले रहे, और 31 मार्च को बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी संपत्तियों का पंजीयन कराया। शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में अलग-अलग दरों से वृद्धि की गई है। कुछ इलाकों में मामूली बढ़ोतरी हुई है, वहीं नाग-नागिनी रोड, सरस्वती नगर और नई सड़क जैसे क्षेत्रों में 20 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। निर्माण लागत में भी बढ़ोतरी जमीन के साथ-साथ भवन निर्माण लागत में भी वृद्धि की गई है। नगर पालिका क्षेत्र में आवासीय निर्माण की लागत 10 हजार से बढ़ाकर 11 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर कर दी गई है। व्यावसायिक निर्माण के लिए यह दर 13 हजार रुपए और कार्यालय-गोदाम के लिए 12 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है। नगर परिषद और ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्माण लागत में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। कोरोना काल के बाद निर्माण लागत में यह पहली वृद्धि है। इस बढ़ोतरी से अब संपत्ति की खरीद और निर्माण दोनों ही महंगे हो गए हैं।









