Thursday, 23 Apr 2026 | 11:31 AM

Trending :

छिंदवाड़ा में लोगों को काटने दौड़ी महिला, पानी देख भागी:3 महीने पहले कुत्ते के काटने पर झाड़-फूंक कराया; अब बिगड़ी हालत सुकेश ने जैकलीन को जेल से लेटर लिखा:कहा- प्यार और जंग में सब जायज; एक्ट्रेस ने गवाह बनने की अर्जी दी थी ने जैकलीन को जेल से लेटर लिखा:कहा- प्यार और जंग में सब जायज; एक्ट्रेस ने गवाह बनने की अर्जी दी थी टीकमगढ़ में 41.8 डिग्री पहुंचा तापमान:अगले तीन तक और बढ़ेगा, बच्चे दोपहर में घर लौट रहे राइटर मधु किश्वर मामले में नया मोड:वीडियो वाले दंपति ने की इन्वेस्टिगेशन ज्वाइन, चंडीगढ़ पुलिस ने भेजा दूसरा नोटिस, 25 को बुलाया मेडिकल स्टोर से खरीद रहे हैं ये सात दवाएं, तो हो जाएं सावधान, सरकार ने कर दिया है बैन, वजह भी जान लें
EXCLUSIVE

उज्जैन में महाकाल लोक के सामने होटल में भीषण आग:यात्रियों को सुरक्षित निकाला, दो दमकल ने दो घंटे में पाया आग पर काबू

उज्जैन में महाकाल लोक के सामने होटल में भीषण आग:यात्रियों को सुरक्षित निकाला, दो दमकल ने दो घंटे में पाया आग पर काबू

उज्जैन में बुधवार देर रात महाकाल लोक के सामने स्थित एक होटल में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते होटल में ठहरे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से होटल में भारी नुकसान हुआ है। तीसरी मंजिल पर भड़की आग घटना जयसिंहपुरा क्षेत्र स्थित संतोष पैलेस होटल की है। बुधवार रात करीब 11:30 बजे होटल की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों, महाकाल थाना पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंगुइशर का भी उपयोग किया गया। पुलिस कर रही जांच महाकाल थाना टीआई गगन बादल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। करीब दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जाएगी। फायर अधिकारी एलपी साहू ने बताया कि चार दमकल वाहन भेजे गए थे, लेकिन दो गाड़ियों से ही आग पर नियंत्रण पा लिया गया। युवाओं ने दिखाई बहादुरी आग लगने की घटना सबसे पहले कुछ स्थानीय मुस्लिम युवाओं ने देखी। उन्होंने तुरंत होटल प्रबंधन और क्षेत्रवासियों को सूचना दी। मोहम्मद अजान, मोहम्मद सलमान और मोईन खान ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर पानी और आग बुझाने के यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। उनकी सतर्कता और साहस से बड़ा हादसा टल गया।

नर्मदापुरम में बुजुर्ग ने गलत योनो एप डाउनलोड किया:6 बार में खाते से गायब हुए 4.47 लाख रुपए; पुलिस बोली- एपीके फाइल से बचे

नर्मदापुरम में बुजुर्ग ने गलत योनो एप डाउनलोड किया:6 बार में खाते से गायब हुए 4.47 लाख रुपए; पुलिस बोली- एपीके फाइल से बचे

नर्मदापुरम में 67 साल के बुजुर्ग साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनसे यह धोखाधड़ी प्ले स्टोर से गलत योनो (एपीके फाइल) डाउनलोड करने की वजह से हुई। ठग ने उनके खाते से 4 लाख 47 हजार 268 रुपए निकाल लिए। 18 से 20 फरवरी के बीच आरोपित ने 6 बार में खाते से यह रकम निकाली। खास बात यह कि 18-19 फरवरी को एक-एक भुगतान हुआ। जिसका उन्हें एक मैसेज तक नहीं आया। जबकि 20 फरवरी को चार बार खाते से भुगतान हुआ। जिनके मैसेज उन्हें आएं। जिससे वो घबरा गए। उन्होंने बैंक से संपर्क किया तो साइबर ठगी की जानकारी मिली।। जिसकी शिकायत उन्होंने साइबर सेल और कोतवाली थाने में की। पुलिस ने मामले में पांच दिन बाद साइबर ठगी की एफआईआर की। योनो एप की जगह एपीके फाइल डाउनलोड हुई पीड़ित बुजुर्ग के मोबाइल में योनो एप नहीं था। कुछ दिन पहले बैंक कर्मचारियों ने पीड़ित को योनो एप डाउनलोड करने की सलाह दी। पीड़ित ने प्लेस्टोर से एप डाउनलोड किया। एप डाउनलोड करने के बाद जब एप को इंस्टाल किया तो प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। बाद में किसी व्यक्ति का बैंक कर्मी बनकर फोन आया और उसने कहा कि हम एक लिंक भेज रहे हैं उससे प्रक्रिया पूरी होगी और एप शुरू हो जाएगा। पीड़ित ने उसके कहे अनुसार वैसा किया। एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। सही प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करें, एपीके फाइल से बचे साइबर सेल प्रभारी संदीप यदुवंशी ने बताया साइबर ठग आरटीओ चालान, बिजली बिल की लिंक भेजकर, कॉल, व्हाट्सएप कॉल या गलत एप्स समेत अनेक माध्यमों से लोगों से साइबर ठगी करने का प्रयास करते है। साइबर ठग की ओर से भेजी लिंक, फाइल एपीके होती है। पहले को किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। यदि गलती से ऐसा हो भी जाता है तो सबसे पहले अपने मोबाइल को एरोप्लेन मोड पर डाल दें। नेटवर्क के अभाव में आपका मोबाइल हैक होने से बच सकता है। इसके बाद मैनेज एप सेटिंग में जाकर तुरंत उस एप को डिलीट कर दें। अगर हैक होने की जानकारी लग जाएं तो बैंक पहुंचकर अपने खाते को सीज करवाएं जिससे कोई लेनदेन खाते से न हो पाए।

प्यार में धोखा, 8 साल से जंजीरों में कैद युवक:छतरपुर में मानसिक विक्षिप्त को कराया मुक्त; ग्वालियर अस्पताल में होगा इलाज

प्यार में धोखा, 8 साल से जंजीरों में कैद युवक:छतरपुर में मानसिक विक्षिप्त को कराया मुक्त; ग्वालियर अस्पताल में होगा इलाज

छतरपुर के बसारी गांव में प्यार में मिले धोखे के बाद मानसिक संतुलन खो चुके एक 30 वर्षीय युवक को 8 साल बाद जंजीरों से आजादी मिली है। युवक का नाम सोनू रैकवार है, जिसे हिंसक होने के कारण उसके ही गरीब परिवार ने सालों से जंजीरों में बांध कर रखा था। अब समाजसेवी डॉ. संजय शर्मा और महिला थाना पुलिस की संयुक्त पहल से उसे मुक्त कराकर इलाज के लिए ग्वालियर के मानसिक आरोग्यशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों के मुताबिक, सोनू कुछ साल पहले दिल्ली में मजदूरी करने गया था। वहां उसे एक युवती से प्रेम हो गया, लेकिन इस रिश्ते में उसे गहरा धोखा और बेवफाई मिली। इस सदमे से वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया। जब वह गांव लौटा, तो गुमसुम रहने लगा और उसने खाना-पीना भी छोड़ दिया। धीरे-धीरे उसकी मानसिक स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वह हिंसक हो गया और लोगों को नुकसान पहुंचाने लगा। गरीबी के कारण नहीं हो सका इलाज, मजबूरन बांधी जंजीर सोनू के पिता हरदास रैकवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और वे भिक्षावृत्ति कर अपना जीवन यापन करते हैं। पैसे की तंगी के कारण वे अपने जवान बेटे का इलाज नहीं करा सके। सोनू खुद को या दूसरों को कोई नुकसान न पहुंचा ले, इस डर से मजबूर पिता और परिजनों ने पिछले 8 सालों से उसे लोहे की जंजीरों में जकड़ कर रखा हुआ था। संजय दत्त की करता है एक्टिंग, अब जगी ठीक होने की उम्मीद हैरानी की बात यह है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ होने और जंजीरों में बंधे रहने के बावजूद सोनू बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त का बड़ा फैन है और अक्सर उनकी एक्टिंग (नकल) करता है। मामले की जानकारी मिलने पर समाजसेवी डॉ. संजय शर्मा ने महिला थाना प्रभारी प्रतिभा श्रीवास्तव के सहयोग से उसे जंजीरों से मुक्त कराया। जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया है और उसे ग्वालियर भेजने की तैयारी है। डॉ. शर्मा का दावा है कि सही इलाज मिलने पर सोनू पूरी तरह सामान्य जीवन जी सकेगा। 1500 मानसिक रोगियों को नया जीवन दे चुके हैं डॉ. शर्मा समाजसेवी डॉ. संजय शर्मा पिछले कई सालों से मानसिक रोगियों के लिए फरिश्ता बने हुए हैं। वे अब तक 1500 से अधिक मानसिक रोगियों को इलाज के लिए ग्वालियर आरोग्यशाला भिजवा चुके हैं। इनमें से लगभग 1400 मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने परिवारों के पास लौट चुके हैं। अब सोनू के पिता को भी उम्मीद है कि उनका बेटा जल्द ही ठीक होकर घर लौटेगा।

नीमच में चार दिवसीय फाग महोत्सव शुरू:पहले दिन नीलकंठ महादेव मंदिर से निकली निशान यात्रा; तीन दिन होंगे आयोजन

नीमच में चार दिवसीय फाग महोत्सव शुरू:पहले दिन नीलकंठ महादेव मंदिर से निकली निशान यात्रा; तीन दिन होंगे आयोजन

नीमच शहर में बुधवार से चार दिवसीय फाग महोत्सव की शुरुआत हो गई है। महोत्सव के पहले दिन मनासा रोड स्थित बोरखेड़ी के नीलकंठ महादेव मंदिर से एक विशाल निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हुए। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा यह निशान यात्रा नीलकंठ महादेव मंदिर से शुरू होकर मनासा नाका और नीमच सिटी होते हुए शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। यात्रा के दौरान भक्त श्याम भजनों पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। देर शाम यह यात्रा खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां भक्तों ने बाबा के दर्शन किए। यह आयोजन प्राचीन श्री श्याम मंदिर और बावड़ी वाले बालाजी के नेतृत्व में किया गया। पालकी यात्रा और छप्पन भोग होगा महोत्सव के तहत अगले तीन दिनों तक विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे: 26 फरवरी (गुरुवार): नरसिंह मंदिर घंटाघर से बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। 27 फरवरी (शुक्रवार): फागुन एकादशी पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार होगा। इस दिन छप्पन भोग लगाकर महाआरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा। 28 फरवरी (शनिवार): अखंड जोत और भव्य कीर्तन के साथ चार दिवसीय महोत्सव का समापन होगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से इन कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

संभागायुक्त ने किसानों से उन्नत तकनीक की खेती, मुनाफा जाना:देवास में आधुनिक खेती से लाखों कमा रहे किसान; बैलेंस शीट भी बनाते हैं

संभागायुक्त ने किसानों से उन्नत तकनीक की खेती, मुनाफा जाना:देवास में आधुनिक खेती से लाखों कमा रहे किसान; बैलेंस शीट भी बनाते हैं

देवास में संभागायुक्त आशीष सिंह ने देवास जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर आधुनिक कृषि पद्धतियों का उपयोग करने वाले प्रगतिशील किसानों के खेतों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों द्वारा अपनाई जा रही उन्नत तकनीकों और उनसे मिल रहे मुनाफे को समझा। ग्राम मेंढकी धाकड़ में संभागायुक्त ने किसान जगदीश नागर के खेत का दौरा किया। नागर ने बताया कि वे 5 हजार वर्ग फीट जमीन से 55 हजार रुपये की लौकी का उत्पादन कर रहे हैं। पहले वे पारंपरिक फसलें उगाते थे, लेकिन अब उद्यानिकी फसलों जैसे टमाटर, ड्रैगन फ्रूट, गोभी, धनिया और खरबूजा की खेती से उन्हें अच्छा मुनाफा मिल रहा है। वे सिंचाई के लिए ड्रिप और मल्चिंग जैसी आधुनिक पद्धतियों का उपयोग करते हुए साल में तीन फसलें लेते हैं। इसके बाद संभागायुक्त ने ग्राम जामगोद में किसान कैलाश पटेल द्वारा किए जा रहे केंचुआ खाद उत्पादन कार्य का अवलोकन किया। पटेल ने बताया कि उन्होंने 30 हजार रुपये की पूंजी से यह काम शुरू किया था, जिसे अब मेहनत और सही तकनीक से 3 लाख रुपये के टर्नओवर वाले सफल व्यवसाय में बदल दिया है। वे जैविक और केंचुआ खाद 6 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेच रहे हैं। उनके इस नवाचारी प्रयास से कई अन्य किसान भी जुड़कर जैविक खेती कर रहे हैं। ग्राम अरनिया जागीर में किसान नारायण सिंह सेंधव के खेत पर पहुंचकर संभागायुक्त सिंह और कलेक्टर ऋतुराज आश्चर्यचकित रह गए। सेंधव ने बताया कि वे खेती को एक उद्योग के रूप में करते हैं और हर काम की बैलेंस शीट तैयार रखते हैं। इसमें पौधे लगाने, खर्च, पानी और खाद देने का पूरा विवरण दर्ज होता है। वे एक एकड़ में साल भर में 8 लाख रुपये तक का करेला बेच देते हैं। हाल ही में उनके करेले की फसल 80 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से मंडी में बिकी है। वे जल्द ही सफेद करेले की फसल भी तैयार कर रहे हैं, जिसे अनुमानित 105 से 110 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचने की उम्मीद है।

कर्मचारी के वेतन के लिए PWD कार्यालय का सामान कुर्क:38 लाख के वेतन, एरियर का भुगतान होना था; SDO की कार भी शामिल

कर्मचारी के वेतन के लिए PWD कार्यालय का सामान कुर्क:38 लाख के वेतन, एरियर का भुगतान होना था; SDO की कार भी शामिल

गुना में एक रिटायर्ड कर्मचारी को उसका हक और एरियर न देना लोक निर्माण विभाग (PWD) को भारी पड़ गया। बुधवार दोपहर कोर्ट के सख्त आदेश पर PWD कार्यालय में कुर्की की बड़ी कार्रवाई की गई। न्यायालय की टीम ने SDO की कार से लेकर ऑफिस के कंप्यूटर, कुर्सियां और पंखे तक कुर्क कर लिए। रिटायर्ड क्लर्क कौशल किशोर राठौर ने 1995 से सुप्रीम कोर्ट तक केस लड़कर यह जीत हासिल की है, जिसके तहत विभाग से करीब 36.68 लाख रुपए की वसूली की जानी है। PWD से 30 दिसंबर 2025 को रिटायर हुए LDC कौशल किशोर राठौर ने बताया कि विभाग ने उन्हें उनके पद के अनुरूप वेतन नहीं दिया था। अपने हक और वेतन के लिए उन्होंने साल 1995 में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। लोअर कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक उन्होंने यह लंबी कानूनी लड़ाई जीती। विभाग ने 2013 तक के एरियर का भुगतान तो कर दिया था, लेकिन 2014 से रिटायरमेंट तक का लगभग 40 लाख का भुगतान लटकाए रखा। हाईकोर्ट में लगाई अवमानना याचिका, 36.68 लाख की वसूली राठौर ने बताया कि वेतन वसूली के लिए उन्होंने 2018 में कोर्ट में इजरा (निष्पादन याचिका) लगाया था। इसके बावजूद PWD ने भुगतान नहीं किया, तो उन्होंने हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल कर दी। इस पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 6 महीने में वसूली के आदेश लोअर कोर्ट को दिए। जिला न्यायालय के जिला नाजिर राकेश शर्मा ने बताया कि प्रथम व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ खंड) मधुलिका मुले के न्यायालय से 36.68 लाख रुपए की वसूली के आदेश हुए थे, जिसके पालन में यह कार्रवाई की गई है। SDO की गाड़ी और ऑफिस का सारा सामान कुर्क बुधवार दोपहर न्यायालय की टीम अचानक PWD कार्यालय पहुंची, जिससे वहां हड़कंप मच गया। टीम ने कार्यालय में रखा जो भी सामान मिला— कंप्यूटर, कुर्सी, टेबल, पंखे— सब कुछ अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा PWD के SDO की गाड़ी को भी कुर्क किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चल संपत्ति कुर्क की जा रही है, और अगर इन सब से पैसा पूरा नहीं होता है, तो आगे कार्यालय की बिल्डिंग और जमीन को भी कुर्क किया जाएगा।

सागर जिले में नरवाई जलाने पर प्रतिबंध:आग की घटनाओं को रोकने के लिए आदेश जारी, उल्लंघन करने पर लगेगा जुर्माना

सागर जिले में नरवाई जलाने पर प्रतिबंध:आग की घटनाओं को रोकने के लिए आदेश जारी, उल्लंघन करने पर लगेगा जुर्माना

सागर में गर्मी का मौसम शुरू होते ही जिले में फसल कटाई का दौर भी शुरू हो गया है। फसल की कटाई के बाद खेतों में बची नरवाई में किसान आग लगाकर नष्ट करते हैं। जिससे कई बार आगजनी की घटनाएं होती हैं। जिनसे देखते हुए सागर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संदीप जीआर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जिले की सीमा में गेहूं और अन्य फसलों की नरवाई (डंठलों) में आग लगाने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। उप संचालक, किसान कल्याण व कृषि विकास, जिला सागर द्वारा जानकारी दी गई है कि वर्तमान में गेहूं की कटाई अधिकांश कम्बाईन्ड हार्वेस्टर से की जा रही है। जिसके बाद नरवाई जलाने की घटनाओं में तेजी आई है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली ने इन घटनाओं की सैटेलाइट मैपिंग की जा रही है। राष्ट्रीय फसल अवशेष प्रबंधन नीति 2014 के अंतर्गत जिला स्तरीय फसल अवशेष प्रबंधन समिति का गठन भी किया गया है। आदेश में अवशेषों को नष्ट कराने के निर्देश आदेश में उल्लेखित है कि कटाई के बाद बचे हुए फसल अवशेषों से भूसा तैयार करने के स्थान पर उन्हें जला दिया जाता है। जबकि भूसा पशु आहार व अन्य औद्योगिक उपयोग में काम आता है। 8 से 10 रुपए प्रति किलोग्राम तक विक्रय किया जा सकता है। पर्याप्त भूसा उपलब्ध नहीं होने से पशु हानिकारक पदार्थ खाते हैं। जिससे वे बीमार होते हैं। नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति घटती है। लाभकारी सूक्ष्म जीवाणु नष्ट होते हैं। हानिकारक गैसों का उत्सर्जन होता है और आग अनियंत्रित होने पर जन-धन और संपत्ति की हानि की आशंका रहती है। जुर्माने का भी जिक्र कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि प्रत्येक कम्बाइंड हार्वेस्टर के साथ स्ट्रा रीपर या स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाया जाए। इसकी निगरानी जिला परिवहन अधिकारी एवं सहायक कृषि अभियांत्रिकी द्वारा की जाएगी। पर्यावरण विभाग के प्रावधानों के अनुसार, नरवाई जलाने पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति अर्थदंड अधिरोपित किया जाएगा। 2 एकड़ से कम भूमि पर 2500 रुपए, 2 से 5 एकड़ तक 5000 रुपए और 5 एकड़ से अधिक भूमि पर 15000 रुपए प्रति घटना देय होगा। प्रचार-प्रसार के लिए कृषि विस्तार अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। प्रत्येक विकासखंड में हैप्पी सीडर, सुपर सीडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। आदेश के पालन की निगरानी के लिए उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उल्लंघन की स्थिति में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सिवनी में तेज आवाज बुलेट पर पुलिस की कार्रवाई:मॉडिफाइड साइलेंसर के लिए किया जुर्माना; चालक को सख्त हिदायत

सिवनी में तेज आवाज बुलेट पर पुलिस की कार्रवाई:मॉडिफाइड साइलेंसर के लिए किया जुर्माना; चालक को सख्त हिदायत

सिवनी शहर में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटरसाइकिलों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। ध्वनि प्रदूषण और आमजन को हो रही असुविधा को देखते हुए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में मंगलवार की रात्रि को घसियारी चौक क्षेत्र में एक बुलेट मोटरसाइकिल को तेज आवाज वाले साइलेंसर के साथ पकड़ा गया। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर तेज और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना और नागरिकों, विद्यार्थियों तथा बुजुर्गों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने तेज आवाज कर रही बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। जांच में पाया गया कि वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। इसके बाद वाहन को थाने लाकर खड़ा कराया गया और चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 120/190(2) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालक से 1000 रुपए का समन शुल्क वसूल किया और उसे भविष्य में इस प्रकार का उल्लंघन न करने की सख्त हिदायत दी। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शहर में नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अवैध मॉडिफिकेशन से बचने की अपील की, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी के साथ आरक्षक सौरभ सिंह, सिद्धार्थ दुबे और लोकेश सरेयाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मंदसौर में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 12 बाइक जब्त:तेज आवाज और पटाखों पर पुलिस का एक्शन; बुलेट चलाने वालों पर विशेष नजर

मंदसौर में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 12 बाइक जब्त:तेज आवाज और पटाखों पर पुलिस का एक्शन; बुलेट चलाने वालों पर विशेष नजर

मंदसौर जिले में पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार शाम से बड़ा अभियान शुरू किया है। एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान अब तक 12 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। इनमें 10 रॉयल एनफील्ड (बुलेट) और दो अन्य बाइक शामिल हैं। फिलहाल, पुलिस इन वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर रही है और यह कार्रवाई पूरे जिले में निरंतर जारी रहेगी। यातायात पुलिस द्वारा मंदसौर शहर के रामटेकरी, पुलिस पेट्रोल पंप के पास और सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहे पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए गए हैं। वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतापगढ़ पुलिया और 10 नंबर नाका सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सर्चिंग तेज कर दी है। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जा रही है। बुलेट के साइलेंसर की बारीकी से जांच इस अभियान के दौरान पुलिस का विशेष फोकस रॉयल एनफील्ड (बुलेट) मोटरसाइकिलों पर है। अधिकारी खुद वाहनों के साइलेंसर की जांच कर रहे हैं कि उनसे पटाखे जैसी आवाज या चिंगारियां तो नहीं निकल रही हैं। जिन भी वाहनों में नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जा रहे हैं, उन्हें मौके पर ही जब्त किया जा रहा है। पुलिस की चेतावनी- जारी रहेगी सख्ती यातायात सूबेदार शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि एसपी के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है, जो पूरे जिले में लगातार चलेगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एक ही गांव में 5 घंटे में दो सुसाइड:राजगढ़ के राजपुरा में युवक ने खाया जहर, युवती ने लगाई फांसी

एक ही गांव में 5 घंटे में दो सुसाइड:राजगढ़ के राजपुरा में युवक ने खाया जहर, युवती ने लगाई फांसी

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र स्थित राजपुरा गांव में मंगलवार की सुबह दो दुखद घटनाओं से मातम छा गया। यहां महज पांच घंटे के अंतराल में एक युवक और एक युवती ने आत्महत्या कर ली। 25 वर्षीय युवक भगवान तंवर ने जहां सल्फास खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली, वहीं 18 वर्षीय एक युवती ने बगीचे में फांसी लगा ली। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और एक ही गांव में हुई दो जवान मौतों से ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस के अनुसार, राजपुरा निवासी 25 वर्षीय भगवान तंवर ने सोमवार तड़के करीब 4 बजे अपने घर पर सल्फास का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने पर परिजन उसे तत्काल खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पारिवारिक विवाद और दो शादियों का मामला प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक भगवान तंवर की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी ममता बाई पिछले करीब 7 वर्षों से अपने मायके में रह रही है। वहीं, दूसरी पत्नी पीरी बाई वर्तमान में गर्भवती बताई जा रही है। खास बात यह है कि दूसरी पत्नी ने भगवान तंवर के खिलाफ खिलचीपुर थाने में धारा 498 (दहेज प्रताड़ना) के तहत मामला दर्ज करा रखा है। पुलिस अब इस पारिवारिक विवाद और तनाव को आत्महत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। बगीचे में मिला युवती का शव युवक की मौत की खबर के बीच ही गांव की एक 18 वर्षीय युवती द्वारा बगीचे में फांसी लगाकर सुसाइड करने की जानकारी सामने आई। एक ही गांव में महज कुछ घंटों के भीतर हुई इन दो घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। पुलिस इस मामले में भी परिजनों के बयान दर्ज कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।