मंदसौर में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 12 बाइक जब्त:तेज आवाज और पटाखों पर पुलिस का एक्शन; बुलेट चलाने वालों पर विशेष नजर

मंदसौर जिले में पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार शाम से बड़ा अभियान शुरू किया है। एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान अब तक 12 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। इनमें 10 रॉयल एनफील्ड (बुलेट) और दो अन्य बाइक शामिल हैं। फिलहाल, पुलिस इन वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर रही है और यह कार्रवाई पूरे जिले में निरंतर जारी रहेगी। यातायात पुलिस द्वारा मंदसौर शहर के रामटेकरी, पुलिस पेट्रोल पंप के पास और सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहे पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए गए हैं। वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतापगढ़ पुलिया और 10 नंबर नाका सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सर्चिंग तेज कर दी है। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जा रही है। बुलेट के साइलेंसर की बारीकी से जांच इस अभियान के दौरान पुलिस का विशेष फोकस रॉयल एनफील्ड (बुलेट) मोटरसाइकिलों पर है। अधिकारी खुद वाहनों के साइलेंसर की जांच कर रहे हैं कि उनसे पटाखे जैसी आवाज या चिंगारियां तो नहीं निकल रही हैं। जिन भी वाहनों में नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जा रहे हैं, उन्हें मौके पर ही जब्त किया जा रहा है। पुलिस की चेतावनी- जारी रहेगी सख्ती यातायात सूबेदार शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि एसपी के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है, जो पूरे जिले में लगातार चलेगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एक ही गांव में 5 घंटे में दो सुसाइड:राजगढ़ के राजपुरा में युवक ने खाया जहर, युवती ने लगाई फांसी

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र स्थित राजपुरा गांव में मंगलवार की सुबह दो दुखद घटनाओं से मातम छा गया। यहां महज पांच घंटे के अंतराल में एक युवक और एक युवती ने आत्महत्या कर ली। 25 वर्षीय युवक भगवान तंवर ने जहां सल्फास खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली, वहीं 18 वर्षीय एक युवती ने बगीचे में फांसी लगा ली। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और एक ही गांव में हुई दो जवान मौतों से ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस के अनुसार, राजपुरा निवासी 25 वर्षीय भगवान तंवर ने सोमवार तड़के करीब 4 बजे अपने घर पर सल्फास का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने पर परिजन उसे तत्काल खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पारिवारिक विवाद और दो शादियों का मामला प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक भगवान तंवर की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी ममता बाई पिछले करीब 7 वर्षों से अपने मायके में रह रही है। वहीं, दूसरी पत्नी पीरी बाई वर्तमान में गर्भवती बताई जा रही है। खास बात यह है कि दूसरी पत्नी ने भगवान तंवर के खिलाफ खिलचीपुर थाने में धारा 498 (दहेज प्रताड़ना) के तहत मामला दर्ज करा रखा है। पुलिस अब इस पारिवारिक विवाद और तनाव को आत्महत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। बगीचे में मिला युवती का शव युवक की मौत की खबर के बीच ही गांव की एक 18 वर्षीय युवती द्वारा बगीचे में फांसी लगाकर सुसाइड करने की जानकारी सामने आई। एक ही गांव में महज कुछ घंटों के भीतर हुई इन दो घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। पुलिस इस मामले में भी परिजनों के बयान दर्ज कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
शिवपुरी में अतिक्रमण हटाने गई नगर पालिका टीम पर हमला:महलसराय बस्ती में पथराव, कर्मचारियों से मारपीट; वीडियो सामने आया

शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र की महलसराय आदिवासी बस्ती में मंगलवार दोपहर अतिक्रमण हटाने गई नगर पालिका की टीम पर हमला हुआ। कार्रवाई के दौरान बस्ती के कुछ युवकों और महिलाओं ने टीम पर पथराव किया और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी अशोक खरे ने बताया कि महलसराय क्षेत्र में हाल ही में एक शासकीय शौचालय का निर्माण किया गया था। उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग इस शौचालय को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हथौड़े से शौचालय की छत तोड़ी सूचना पर अतिक्रमण प्रभारी खरे अपने पांच कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कुछ लोग हथौड़े से शौचालय की छत तोड़ रहे थे, जिससे छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। जब नगर पालिका टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। नगर पालिका कर्मचारियों का आरोप है कि उनके विरोध करने पर बस्ती के कुछ युवक और महिलाएं आक्रोशित हो गए और टीम पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारी मौके से मुख्य सड़क की ओर भागे। मुख्य सड़क पर भी कुछ युवकों ने कर्मचारियों को घेर लिया और उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इस हमले में कुछ कर्मचारियों को अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के बाद नगर पालिका का अमला देहात थाने पहुंचा और पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
बैतूल से 7 साल का मासूम लापता:एक महीने बाद भी नहीं मिला सुराग, पुलिस और SDRF की तलाश जारी

बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र स्थित चिल्कापुर गांव से 7 वर्षीय खुश माथनकर पिछले एक महीने से लापता है। 18 जनवरी को घर से बकरी लेने निकला खुश वापस नहीं लौटा। पुलिस और SDRF की टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। खुश 18 जनवरी की शाम को स्कूल से घर लौटा था। उसने अपनी दादी को बताया कि वह बकरी लेने जा रहा है और घर से निकल गया। रास्ते में उसने अपने दोस्तों से भी यही बात कही थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शाम तक जब खुश नहीं लौटा, तो परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। 19 जनवरी को परिजनों ने भैंसदेही पुलिस थाने में खुश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। तब से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कमला जोशी ने बताया कि SDRF की टीम ने पांच दिनों तक इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने आसपास के जिलों में खुश के पोस्टर लगाए हैं। अनाथालयों, बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशनों पर भी बच्चे की तस्वीरें वितरित की गई हैं। संदिग्धों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है और महाराष्ट्र पुलिस की सहायता भी ली गई है। इन सभी प्रयासों के बावजूद, खुश का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। क्षेत्र में फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहें इस घटना के बाद क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाहें फैल गई हैं। इसके चलते लोग अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और बच्चे के बारे में कोई भी ठोस जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन इंदौर का काम तय समय से पीछे:तीन प्लेटफॉर्म चालू, दो निर्माणाधीन; सिंहस्थ से पहले तैयार करने का टारगेट

बड़े-बड़े दावों और समयसीमा के बीच इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अभी भी अधूरा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे इस स्टेशन पर जनवरी अंत तक कई महत्वपूर्ण काम पूरे करने का वादा किया गया था, लेकिन फरवरी के अंत तक भी जमीनी हकीकत अलग है। साइट पर अभी मुख्य रूप से अर्थवर्क (मिट्टी भरण और समतलीकरण) का काम चल रहा है, जबकि प्लेटफॉर्म निर्माण अधूरा है और ट्रैक बिछाने की प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में मार्च में स्टेशन से ट्रेन संचालन शुरू होने की संभावना काफी कम नजर आ रही है। अधिकारियों के अनुसार लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन के काम पूरे होने के बाद ही इंदौर के मुख्य रेलवे स्टेशन (इंदौर जंक्शन) का पुनर्विकास कार्य आगे बढ़ेगा। दरअसल, इंदौर से चलने वाली कई ट्रेनों का संचालन भविष्य में महू और लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से किया जाएगा, ताकि मुख्य स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके। खोखले साबित हुए दावे कुछ समय पहले सांसद के दौरे के दौरान रेलवे अधिकारियों ने दावा किया था कि जनवरी में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और फरवरी से ही सभी प्लेटफॉर्म पर ट्रेनें चलने लगेंगी। यहां तक कि फरवरी 2026 से स्टेशन को पूरी तरह ऑपरेशनल बनाने की बात कही गई थी, लेकिन वर्तमान स्थिति इस दावे के विपरीत तस्वीर पेश कर रही है। अमृत भारत योजना के अंतर्गत इस स्टेशन का विकास किया जा रहा है, जिसमें नई स्टेशन बिल्डिंग, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म और अन्य आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि, कार्य में लगातार देरी से स्थानीय यात्रियों में निराशा है। रेलवे प्रशासन से अब स्पष्ट समयसीमा और तेजी से काम पूरा करने की उम्मीद की जा रही है, ताकि इंदौर के रेल यात्रियों को समय पर राहत मिल सके। वर्तमान में स्टेशन पर हैं तीन प्लेटफार्म इंदौर-उज्जैन रेल सेक्शन पर सिंहस्थ में लगभग 300 ट्रेनों के संचालन की संभावना है। ऐसे में लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक प्रबंधन दोनों में अहम भूमिका निभाएगा। वर्तमान में स्टेशन पर तीन प्लेटफार्म हैं, जबकि दो नए प्लेटफार्म निर्माणाधीन हैं। साथ ही दो अतिरिक्त रेलवे ट्रैक भी बिछाए जा रहे हैं, ताकि रेल यातायात सुगम हो सके। प्लेटफार्मों की लंबाई बढ़ाई जा रही है। इससे लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव आसानी से हो सकेगा।
किसान महाचौपाल के लिए आज भोपाल पहुंचेंगे राहुल गांधी:जवाहर चौक पर सुबह 10 बजे से कार्यक्रम, कई मार्गों पर डायवर्जन

शहर में मंगलवार, 24 फरवरी को “बेहतर ट्रैफिक, बेहतर भोपाल” अभियान के बीच कांग्रेस कमेटी द्वारा जवाहर चौक पर सुबह 10 बजे से किसान महाचौपाल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक पार्किंग व डायवर्जन प्लान जारी किया है। मंच पर बैठने वाले करीब 200 विशिष्ट अतिथियों के वाहन रंगमहल चौराहा से यादव मेडिकल तिराहा, काटजू तिराहा और राजस्थान स्वीट्स तिराहा होते हुए मॉडल स्कूल के पास ड्रॉप किए जाएंगे। इसके बाद वाहन निर्धारित स्थल पर पार्क होंगे। रूट प्लान ये रहेंगे प्रमुख डायवर्जन यात्रियों से सहयोग की अपील यातायात पुलिस ने एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों से विशेष रूप से अपील की है कि वे परिवर्तित मार्गों का उपयोग करें और पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। किसी भी असुविधा की स्थिति में यातायात कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।
झाबुआ में पिकअप नदी में गिरी:पुल की रेलिंग तोड़ी, ड्राइवर मौके से फरार; कोई घायल नहीं

झाबुआ के मेघनगर-मदरानी मार्ग पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। चश्मदीदों के मुताबिक, पिकअप (GJ 20Y 6069) बहुत तेज रफ्तार में थी। तेज गति की वजह से ड्राइवर ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पुल की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी। काफी ऊंचाई से गिरने के बावजूद पिकअप पलटी नहीं, बल्कि सीधी गिरी, जिससे ड्राइवर की जान बच गई। हादसे के बाद ड्राइवर फरार दुर्घटना के समय वाहन में ड्राइवर के अलावा और कोई नहीं था। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। इस बीच मौका पाकर ड्राइवर वहां से भाग निकला। पुलिस कर रही है जांच मेघनगर टीआई दिनेश शर्मा ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
मैरिज गार्डन में लगी आग:गार्डन के गोदाम में रखा सामान जलकर हुआ खाक दमकल ने पाया आग पर काबू

मुरैना के कैलारस कस्बे स्थित मंगल मैरिज गार्डन में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक आग लग गई। आग गार्डन के स्टोर के दो कमरों में लगी, जिससे वहां रखा टेंट का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने निजी बोर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान दमकल वाहन भी मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। बताया जा रहा है कि घटना के समय गार्डन पिछले तीन दिनों से बंद था और वहां कोई कार्यक्रम नहीं चल रहा था। 7 से 8 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान मंगल मैरिज गार्डन के संचालक राजकुमार चौहान के अनुसार गार्डन पिछले तीन दिन से बंद था। दोपहर में स्थानीय लोगों और चौकीदार ने गोदाम हिस्से में आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और दमकल को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग में टेंट का सामान जल गया। उन्होंने करीब 7 से 8 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। आग के कारणों की जांच शुरू कैलारस एसडीओपी उमेश मिश्रा ने बताया कि मंगल गार्डन में दिन के समय आग लगी है, जिसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस टीम और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है। साथ ही आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।
भिंड में फूड सेफ्टी विभाग का अवैध डेयरी पर छापा:रिफाइंड ऑयल और ग्लूकोज मिलाकर तैयार हो रहा था मावा, सैंपल जांच के लिए भेजे

भिंड के मौ क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध डेयरी में मिलावटी मावा बनाने का भंडाफोड़ किया। जांच में सामने आया कि दूध से क्रीम निकालकर उसमें रिफाइंड पामोलिन ऑयल और ड्रायड ग्लूकोज पाउडर मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। मौके से बड़ी मात्रा में मावा, दूध और मिलावटी सामग्री जब्त कर नमूने जांच के लिए भेजे गए। ग्राम तारौली में की गई छापामार कार्रवाई जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी और रीना बंसल ने मौ स्थित ग्राम तारौली निवासी लल्लू सिंह परिहार की डेयरी पर छापामार कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान डेयरी में तीन टीन रिफाइंड पामोलिन ऑयल, 10 किलोग्राम ड्रायड ग्लूकोज पाउडर, तीन टीन घी, लगभग 50 किलोग्राम मावा और करीब एक क्विंटल दूध संग्रहित पाया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि डेयरी पर दूध से क्रीम अलग कर शेष दूध में रिफाइंड पामोलिन ऑयल और ग्लूकोज पाउडर मिलाकर कृत्रिम रूप से मावा तैयार किया जा रहा था। मौके पर डेयरी संचालक के पास खाद्य लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं मिला। नमूने जांच के लिए भेजे, डेयरी बंद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दूध, मावा, रिफाइंड पामोलिन ऑयल एवं ग्लूकोज पाउडर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। संबंधित सामग्री को जब्त कर डेयरी संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। इसी क्रम में मौ स्थित रघुराज डेयरी, ग्राम खेरियाचांद से मावा तथा सावित्री डेयरी से भी मावा के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सिलवानी-भोपाल मार्ग पर वाहन की टक्कर:20 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर; सीसीटीवी से आरोपी की तलाश हो रही

रायसेन जिले में सिलवानी-भोपाल मार्ग पर सोमवार सुबह ग्राम जमुनिया के पास एक सड़क हादसा हो गया। एक वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान आमापानी कॉलोनी के वार्ड 1 निवासी 20 वर्षीय जितेंद्र लोधी के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए रोहित आदिवासी को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक देर रात सिलवानी से सीहोर की ओर जा रहे थे। ग्राम जमुनिया के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जितेंद्र लोधी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।








