पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में बस शुल्क को लेकर विवाद:जबरन वसूली के विरोध में एनएसयूआई ने खोला मोर्चा, कहा-10 दिन में समाधान करें

रीवा में पीएम एक्सीलेंस (मॉडल साइंस कॉलेज) में छात्रों से जबरन बस शुल्क वसूली के विरोध में एनएसयूआई ने मोर्चा खोल दिया है। जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि कॉलेज में बसों की संख्या और उनकी क्षमता सीमित है, साथ ही बसों का संचालन केवल दो राउंड में प्रस्तावित है। ऐसे में सभी छात्रों पर अनिवार्य बस शुल्क थोपना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो छात्र बस सेवा का उपयोग नहीं करते, उनसे भी शुल्क वसूला जाना गलत है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों पर बढ़ रहा बोझ एनएसयूआई ने कहा कि एक समान शुल्क लागू करने से गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव पड़ रहा है, जो न्यायसंगत नहीं है। संगठन ने मांग की है कि बस शुल्क केवल उन्हीं छात्रों से लिया जाए, जो वास्तव में इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो सैकड़ों छात्र उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
भोपाल के खेत में मिले गाय के अवशेष:किसान बोला- घर के पास खुले में बंधी थी, सुबह खाल और पैर मिला

भोपाल के सुखी सेवनिया इलाके में गाय के अवशेष मिले हैं। घटना के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है और किसान की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रात के अंधेरे में अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। घटना से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के क्षेत्रों में जांच तेज कर दी है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जा सके। टीआई रामबाबू चौधरी के मुताबिक, फरियादी कालू राम मीना ग्राम मुगलिया कोट के निवासी हैं और खेती-किसानी करते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपनी गाय और बछिया को घर से लगभग 200 मीटर दूर बांधकर सो गए थे। रविवार सुबह उठने पर दोनों पशु वहां नहीं मिले। आसपास तलाश करने पर पास के खेत में उनकी सींग, खाल और अन्य अवशेष पड़े मिले। किसान ने तुरंत थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गौकशी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि जल्द आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
शहर कांग्रेस के नवनियुक्त महामंत्री संजय अरोरा का भव्य स्वागत:पूर्व प्रदेश महामंत्री कमल चौहान के निवास पर जुटे कांग्रेसी, अरोरा ने शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित होने के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत सत्कार जारी है। इसी क्रम में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त महामंत्री संजय अरोरा का पूर्व प्रदेश महामंत्री कमल चौहान के निवास पर भव्य स्वागत किया गया। फूलमालाओं से किया गया स्वागत इस अवसर पर पूर्व प्रदेश महामंत्री कमल चौहान, पूर्व पार्षद देवव्रत यादव, रवि चौहान, शराफत शेख, महेश पटेल, कमल चौधरी, निर्भय सिंह परमार, वीरेंद्र दरबार और मुकेश चित्तौड़ा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त महामंत्री को पुष्पमाला पहनाकर बधाई और शुभकामनाएं दीं। शीर्ष नेतृत्व का आभार माना अपनी नियुक्ति और सम्मान पर नवनियुक्त महामंत्री संजय अरोरा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार माना। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधायक एवं जिला अध्यक्ष महेश परमार, शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी सहित सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन और उक्त जानकारी पूर्व जिला महामंत्री विक्की चौहान ने दी।
भोपाल में लव-मैरिज के 7 महीने बाद युवक का सुसाइड:इंस्टा VIDEO में कहा- पत्नी करती थी प्रताड़ित, झूठे केस में जेल भिजवाने की धमकी

भोपाल में एक युवक ने पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जान दे दी। सुसाइड से पहले युवक ने वीडियो रिकॉर्ड कर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया। इसमें पत्नी और ससुरालवालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। मामला शाहपुरा के कान्वेवेल होटल पैलेस में रविवार सुबह का है। मृतक की पहचान विकास हिरवे (28) के रूप में हुई। वह हबीबगंज क्षेत्र का रहने वाला था। 7 महीने पहले ही उसने लव मैरिज की थी। दोपहर में युवक का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है। होटल में कमरा बुक कर की आत्महत्या पुलिस के मुताबिक, विकास ने शनिवार देर रात होटल में कमरा बुक किया था। रविवार सुबह होटल स्टाफ ने कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन परिजनों ने एक वीडियो पुलिस को सौंपा है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है। युवक ने सुसाइड से पहले वीडियो में यह कहा- मेरा नाम विकास हिरवे है। मेरी पत्नी स्नेहा सोलंकी से 7 माह पहले लव मैरिज की थी। मैं मनमर्जी से सुसाइड कर रहा हूं… इसकी जिम्मेदार पत्नी स्नेहा सोलंकी है। 10 दिन पहले से स्नेहा ने अपने तमाम डॉक्यूमेंट, ज्वेलरी सहित सामान को अपने मायके में भेजना शुरू कर दिया था। वह लगातार मुझे विवाद करती है। प्रताड़ित करती है और फंसाने की धमकी देती है। उसकी दादी लगातार उसे कॉल कर यह सब करने के लिए मजबूर करती है। ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर ही मैं जान दे रहा हूं। मेरी मौत के लिए जिम्मेदार मेरी पत्नी और दादी सास हैं। पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था परिजनों ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम को पति-पत्नी के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद रात के समय युवक बिन बताए घर से निकला। तड़के करीब 3:00 बजे उसकी आखिरी पोस्ट को देखा। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की। जब होटल पहुंचे तो वहां युवक सुसाइड कर चुका था। आखिरी वीडियो में युवक ने इस बात का भी जिक्र किया है कि पत्नी को परिवार वाले बहुत प्यार करते हैं, लेकिन वह इसके बाद भी मुझे और उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है।
मरने से पहले वीडियो बनाकर पत्नी-ससुराल पर आरोप:भोपाल से पार्टनर समेत तीन गिरफ्तार; एक साल पहले हुई थी शादी

शिवपुरी में आत्महत्या करने वाले 28 वर्षीय युवक ने मरने से पहले एक वीडियो बनाकर अपनी आपबीती रिकॉर्ड की थी। वीडियो में उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक फिजिकल थाना क्षेत्र के साईं बाबा मंदिर इलाके में रहने वाले 28 वर्षीय उत्कर्ष शिवहरे ने 19 अप्रैल की शाम सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में अब नया खुलासा सामने आया है कि उत्कर्ष ने मौत से पहले अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उत्कर्ष ने अपनी पत्नी रिया शिवहरे, ससुर जितेंद्र शिवहरे, साले ध्रुव और साली रियम शिवहरे पर मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। परिजनों के मुताबिक, उत्कर्ष को लगातार पैसों के लिए दबाव बनाया जा रहा था और उससे लाखों रुपए लिए जा चुके थे। एक साल पहले हुआ था विवाह बताया गया है कि उत्कर्ष की शादी 2 फरवरी 2025 को भोपाल निवासी रिया से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही विवाद शुरू हो गया था। होली के बाद रिया अपने मायके भोपाल चली गई थी और वहीं रहने लगी थी। इसी दौरान उत्कर्ष को कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के दिन उत्कर्ष ने घर में सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से इंदौर रेफर किया गया, लेकिन बदरवास के पास रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामले में फिजिकल थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी, ससुर, साले और साली के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने शनिवार को पत्नी रिया शिवहरे, ससुर जितेंद्र शिवहरे और साले ध्रुव को भोपाल से गिरफ्तार कर शिवपुरी ले आई है। वहीं एक अन्य आरोपी साली, जो पुणे में रहती है, अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Bhopal Metro AFC Launch April 27

भोपाल और इंदौर मेट्रो स्टेशन पर टिकट सिस्टम 27 अप्रैल से ऑनलाइन हो जाएगा। भोपाल और इंदौर के मेट्रो स्टेशन पर अब ऑटोमैटिक फेयर कनेक्शन सिस्टम शुरू हो रहा है। 27 अप्रैल से यात्रियों को मैन्युवली की जगह ऑनलाइन तरीके से ही टिकट मिलेगी। वहीं, टिकट और वॉलेट रिचार्ज पर छूट भी दी जाएगी। . मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) इस सिस्टम की शुरुआत करने जा रही है। भोपाल और इंदौर में ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम (AFC) शुरू किया जा रहा है। इसके साथ ही मेट्रो यात्रियों को विशेष रियायत दी जाएगी। टिकट पर ये मिलेगी छूट राउंड ट्रिप (आवागमन) टिकट पर कुल किराए में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इससे उन यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा जो एक ही दिन में आवागमन करते हैं। ग्रुप में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। समूह टिकट पर कुल किराए में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह सुविधा (एकल समूह टिकट पर) न्यूनतम 8 एवं अधिकतम 40 यात्रियों के समूह के लिए उपलब्ध होगी। भोपाल मेट्रो। MP Metro एप प वॉलेट रिचार्ज पर अतिरिक्त बचत मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल एप्प MP Metro के माध्यम से यात्री क्यूआर टिकट बुक कर सकेंगे। इस एप के वॉलेट रिचार्ज पर विशेष रियायत दी जाएगी। मोबाइल एप्प के माध्यम से टिकट प्राप्त करने पर यात्रियों का समय भी बचेगा। इस तरह से मिलेगी रिचार्ज स्लैब में छूट 200 से 499 रुपए के टिकट पर 8 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। 500 से 999 के टिकट पर 10% की छूट मिलेगी। 1000 से 1499 रुपए पर 12% और 1500 से 2000 में 15% की छूट दी जाएगी। टिकटिंग के प्रकार : पेपर QR और मोबाइल QR यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकटिंग के विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। पेपर क्यूआर टिकट, टाम (टिकट काउंटर)/ईएफओ (ग्राहक सेवा केंद्र) रूम से नगद या यूपीआई के माध्यम से प्राप्त किए जा सकते हैं। मोबाइल क्यूआर टिकट MPMRCL के आधिकारिक मोबाइल एप्प “MP Metro” के माध्यम से डिजिटल भुगतान द्वारा आसानी से खरीदे जा सकेंगे। MP Metro मोबाइल एप्प एंड्रॉयड (Google Play Store) एवं iOS (Apple App Store) दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। MPMRCL वॉलेट में जमा की गई राशि का उपयोग केवल मेट्रो टिकट खरीद के लिए ही किया जा सकेगा और यह राशि किसी भी स्थिति में वापस नहीं की जाएगी।
भोपाल में रात 12 बजे तक पब-बार बंद होंगे:आदेश का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त होंगे; पुलिस कमिश्नर ने दिए निर्देश

भोपाल में पब और बार संचालन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में सभी पब और बार संचालकों व मैनेजरों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए। शराब परोसने का समय रात 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि रात 12:00 बजे तक सभी पब और बार पूरी तरह बंद करना अनिवार्य होगा। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि इंदौर की तर्ज पर जूम एप के माध्यम से एक मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया जा रहा है। इसमें एक ग्रुप बनाकर सभी पब और बार संचालकों को जोड़ा जाएगा, जहां उन्हें रोज रात 12 बजे तक बंद होने की फोटो पुलिस को भेजनी होगी। इससे समय-समय पर निर्देश दिए जा सकेंगे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। पूरे सिस्टम की मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी। बैठक में कमिश्नर ने शासन के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय के बाद पब और बार खुले पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा सभी पब और बार में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल में 1 महीने पहले बुकिंग, नहीं मिला गैस सिलेंडर:एजेंसी पर फूटा गुस्सा; खाद्य विभाग की टीम पहुंचा, तब मिलें सिलेंडर

भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित जानवी इंडेन गैस एजेंसी पर गुरुवार को फिर से हंगामा हो गया। रसोई गैस की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश सामने आया। करीब 200 लोग दिनभर सिलेंडर के इंतजार में एजेंसी के बाहर जुटे रहे और बाद में हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। उपभोक्ताओं का कहना है कि कई लोगों ने हफ्तों पहले, यहां तक कि एक महीने पहले सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई। गुरुवार को भी लोग संत आशाराम चौराहे के पास एजेंसी के ट्रक का इंतजार करते रहे, लेकिन शाम 4 बजे तक सप्लाई नहीं पहुंची, जिससे स्थिति बिगड़ गई। मामले की सूचना मिलते ही जिला आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद ऑयल कंपनी ने लंबित सिलेंडरों का लॉट जारी किया और देर शाम वितरण शुरू कराया गया। होम डिलीवरी बंद, ट्रक से वितरण पर सवाल उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि जब डिलीवरी चार्ज लिया जा रहा है, तो होम डिलीवरी क्यों नहीं की जा रही। लोगों को एजेंसी या ट्रक से ही सिलेंडर लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कई एजेंसियों में यही हाल बताया जा रहा है कि शहर की आधा दर्जन से अधिक गैस एजेंसियों पर इसी तरह की समस्या बनी हुई है। उपभोक्ताओं के अनुसार, 920 रुपये तक भुगतान करने के बावजूद उन्हें घर तक सिलेंडर नहीं मिल रहा। टीला जमालपुरा निवासी कुलदीप ने बताया कि 8 दिन पहले बुकिंग कराने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। वहीं सुभाष सेन का कहना है कि वे पिछले 6 दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा। अधिकारियों और संचालक का पक्ष गैस एजेंसी संचालक शुभम बांधेवाल के अनुसार, लॉट देर से मिलने के कारण यह स्थिति बनी थी, लेकिन अब सिलेंडरों का वितरण शुरू कर दिया गया है और बाकी उपभोक्ताओं को जल्द होम डिलीवरी दी जाएगी। वहीं, जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि शिकायत मिलने पर टीम भेजी गई थी और अब स्थिति सामान्य की जा रही है।
सीएम हाउस के पास चौराहों पर धरना-प्रदर्शन पर रोक:भोपाल पुलिस कमिश्नर ने जारी किया आदेश, पॉलिटेक्निक समेत प्रमुख चौराहों को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित

भोपाल में अब शहर के सबसे व्यस्त चौराहों पर धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन जैसे कार्यक्रम नहीं हो सकेंगे। पुलिस आयुक्त द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर पॉलिटेक्निक चौराहा, आकाशवाणी चौराहा और किलोल पार्क चौराहा सहित आसपास के क्षेत्रों को प्रतिबंधित घोषित कर दिया गया है। ट्रैफिक और इमरजेंसी सेवाओं पर असर बना वजह आदेश में कहा गया है कि ये चौराहे शहर के मुख्य मार्गों पर स्थित हैं और यहां से एयरपोर्ट, हमीदिया अस्पताल सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों के लिए आवागमन होता है। इन जगहों पर धरना-प्रदर्शन या आंदोलन होने से यातायात बाधित होता है, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है। साथ ही एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के नहीं मिलती अनुमति पुलिस के अनुसार, अक्सर इन स्थानों पर विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी जाती है, लेकिन यहां कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। 2 महीने तक लागू रहेगा आदेश पुलिस आयुक्त द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और आगामी दो माह तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान इन स्थानों पर किसी भी प्रकार के धरना, प्रदर्शन, हड़ताल या पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन पर होगी कार्रवाई आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था और सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
वीआईटी भोपाल में टाइफाइड के 5 नए मामले:अब तक कुल मरीज 28; 20 छात्र बुखार के साथ अस्पताल पहुंचे

वीआईटी यूनिवर्सिटी भोपाल में टाइफाइड के मामलों में बढ़ोतरी जारी है। बुधवार को 5 और छात्रों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिससे कुल संक्रमित छात्रों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। इसी दिन 20 छात्र बुखार की शिकायत लेकर चिरायु मेडिकल कॉलेज पहुंचे। सभी की ओपीडी में जांच की गई और आवश्यक दवाएं देकर वापस भेज दिया गया। पिछले 11 दिनों में करीब 270 छात्रों को बुखार की समस्या हुई, जिनका इलाज चिरायु मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में किया गया। अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. अजय गोयनका के अनुसार, नए संक्रमित छात्रों का इलाज तय टाइफाइड प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। उधर, संस्थान प्रबंधन का कहना है कि पिछले 10 दिनों में 8 छात्रों को मौसमी बीमारियों के चलते भर्ती किया गया था, जिन्हें अब ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। साथ ही, गर्मी और मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं, ताकि छात्रों के स्वास्थ्य पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।









