Tuesday, 21 Apr 2026 | 06:29 PM

Trending :

EXCLUSIVE

एमपी टूरिज्म होटल में लकड़ी के चूल्हे जले:एलपीजी संकट के कारण भरहुत में पारंपरिक भाठा पर बन रहा भोजन

एमपी टूरिज्म होटल में लकड़ी के चूल्हे जले:एलपीजी संकट के कारण भरहुत में पारंपरिक भाठा पर बन रहा भोजन

सतना जिले में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी के कारण होटल कारोबार प्रभावित हो रहा है। आधुनिक रसोईघरों से लैस कई होटल अब पारंपरिक खाना पकाने के तरीकों पर लौटने को मजबूर हैं। गैस की अनियमित आपूर्ति के चलते कई होटल संचालक लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बना रहे हैं। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित होटल भरहुत भी इस संकट से जूझ रहा है। होटल में 11 मार्च से गैस की अनुपलब्धता के कारण लकड़ी के चूल्हे और भाठा में भोजन तैयार किया जा रहा है। यह स्थिति होटल के संचालन को सीधे तौर पर प्रभावित कर रही है। निजी होटल संचालक जहां एलपीजी की कुछ वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर रहे हैं या घरेलू सिलेंडरों का उपयोग कर रहे हैं, वहीं सरकारी नियंत्रण वाले होटल भरहुत को 11 मार्च से व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हुई है। इस कारण उन्हें पारंपरिक तरीके अपनाने पड़े हैं। गैस आधारित रसोई की तुलना में लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने में अधिक समय और श्रम लग रहा है। इससे ग्राहकों को समय पर सेवा प्रदान करना एक चुनौती बन गया है, जिससे होटल की कार्यप्रणाली पर सीधा असर पड़ रहा है। होटल भरहुत के असिस्टेंट मैनेजर सलिल सिंह ने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि बीते कई दिनों से रसोई में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लकड़ी के चूल्हे का उपयोग किया जा रहा है, जिससे कामकाज प्रभावित होने के साथ-साथ लागत और प्रबंधन संबंधी दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। होटल भरहुत में चूल्हे के अलावा विंध्य का पारंपरिक भाठा भी तैयार किया गया है, जिसमें अधिकांश भोजन पकाया जा रहा है।

मंदसौर में अंधविश्वास का जाल बिछाकर महिला से मंगलसूत्र लूटा:81 कदम चलो, बालाजी के दर्शन होंगे” कहकर झांसे में लिया, ढाई तोले का मंगलसूत्र ले गए

मंदसौर में अंधविश्वास का जाल बिछाकर महिला से मंगलसूत्र लूटा:81 कदम चलो, बालाजी के दर्शन होंगे” कहकर झांसे में लिया, ढाई तोले का मंगलसूत्र ले गए

मंदसौर शहर में अंधविश्वास के सहारे ठगी और लूट की चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। अफीम गोदाम रोड स्थित जनपद पंचायत के सामने बदमाशों ने 60 वर्षीय महिला को झांसे में लेकर उसका करीब ढाई तोले का मंगलसूत्र लूट लिया। आरोपी धार्मिक बातों और चमत्कार का लालच देकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता पद्मावती चौहान (60) पत्नी रसिख बिहारी चौहान शुक्रवार को अमलेश्वर महादेव मंदिर से पूजा कर लौट रही थीं। रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोककर डॉक्टर शीतल शर्मा का पता पूछा। “भाग्यशाली हैं आप” कहकर शुरू किया झांसा महिला द्वारा जानकारी नहीं देने पर आरोपी ने उनसे पानी मांगा। इसी दौरान दूसरे व्यक्ति ने कहा कि वह महिला के हाथों से ही पानी पीना चाहता है क्योंकि वह “भाग्यशाली” हैं। इसके बाद महिला को उनकी समस्याओं और “भाग्य रेखा” के नाम पर भ्रमित किया गया। आरोपियों ने महिला और अपने साथी से पेड़ों के पत्ते मंगवाए और बातचीत के दौरान महिला की पारिवारिक जानकारी जुटा ली। फिर सही जानकारी बताकर उसे चमत्कार का अहसास कराया और विश्वास में ले लिया। “81 कदम चलो, बालाजी के दर्शन होंगे” आरोपियों ने अपने साथी को 81 कदम चलवाकर “दर्शन होने” का नाटक किया। इसके बाद महिला से भी 81 कदम चलने और 11 बार “ओम” का जाप करने को कहा गया, जिससे उसका भरोसा और बढ़ गया। महिला को बताया गया कि उसकी समस्या गले में पहने मंगलसूत्र के कारण है। झांसे में आकर महिला ने मंगलसूत्र उतारकर पूजा के लोटे में डाल दिया। फिर उसे बिना पीछे देखे 81 कदम चलने को कहा गया। जैसे ही महिला आगे बढ़ी, दो मोटरसाइकिल पर सवार अन्य दो आरोपी पहुंचे और लोटा लेकर चारों मौके से फरार हो गए। वापस लौटने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि अजनबियों की बातों में आकर किसी भी प्रकार की वस्तु न सौंपें।

अशोकनगर में पेट्रोल पंपों पर अफवाहों से भीड़ उमड़ी:एसोसिएशन ने नागरिकों से जरूरत के हिसाब से ही खरीदने की अपील की

अशोकनगर में पेट्रोल पंपों पर अफवाहों से भीड़ उमड़ी:एसोसिएशन ने नागरिकों से जरूरत के हिसाब से ही खरीदने की अपील की

अशोकनगर में शुक्रवार सुबह से पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। लोग अफवाहों के चलते वाहनों में ईंधन भरवाने के साथ-साथ बड़ी टंकियों और छोटे केन में पेट्रोल-डीजल स्टॉक करने के लिए भी पहुंच रहे हैं। जिले के कुछ पेट्रोल पंपों पर केवल पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर डीजल-पेट्रोल की बिक्री कमी बताकर फिल्हाल बंद कर दी गई है। कई जगह टोकन बांटकर क्रमबद्ध तरीके से ईंधन दिया जा रहा है, जिससे लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। यह स्थिति जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहें फैलने के बाद बनी है। सुबह से ही इस तरह की खबरें सामने आते ही लोग पेट्रोल पंपों पर उमड़ पड़े, जिससे लंबी कतारें लग गईं। अशोकनगर जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित कई पेट्रोल पंपों पर पिछले दो दिनों से अचानक भीड़ देखने को मिल रही है। किसान और आम नागरिक लंबी-लंबी लाइनों में खड़े होकर ईंधन भरवा रहे हैं। रात के समय भी कई स्थानों पर भीड़ रही। ‘जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं’ हालांकि, पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अरूण दुबे ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि कुछ अफवाहों के कारण लोग आवश्यकता से अधिक ईंधन का स्टॉक कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है। एसोसिएशन के अनुसार, अशोकनगर जिले में 200 से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हैं और सभी पर नियमित रूप से आपूर्ति जारी है। एसोसिएशन ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें, ताकि सभी को सुचारू रूप से सुविधा मिल सके।

तेज रफ्तार बाइक सवारों ने राह चलते युवक को पीटा:बीच-बचाव करने आईं पत्नी और अन्य महिलाओं से भी की मारपीट, VIDEO सामने आया

तेज रफ्तार बाइक सवारों ने राह चलते युवक को पीटा:बीच-बचाव करने आईं पत्नी और अन्य महिलाओं से भी की मारपीट, VIDEO सामने आया

मुरैना के जौरा कस्बे में गुरुवार शाम घर के बाहर टहल रहे एक युवक को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद हुए विवाद में आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर युवक की जमकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचीं युवक की पत्नी और घर की अन्य महिलाओं के साथ भी हमलावरों ने मारपीट की। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर जौरा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश और पहचान शुरू कर दी है। टहल रहे युवक को मारी टक्कर, विवाद बढ़ने पर बुलाए साथी जौरा कस्बे के निवासी आशीष सिंघल गुरुवार शाम अपने घर की गली में टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और विवाद इतना बढ़ गया कि उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद बाइक सवार युवकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया और सबने मिलकर आशीष की मारपीट कर दी। घंटी बजाकर घर वालों को बुलाया, महिलाओं को भी पीटा मारपीट के दौरान आशीष ने अपने घर की घंटी बजा दी। घंटी सुनकर जब उनकी पत्नी रेणु सिंघल घर से बाहर आईं और पति को बचाने का प्रयास किया, तो युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद घर की अन्य महिलाओं ने रेणु को बचाने की कोशिश की, तो हमलावर युवकों ने उन महिलाओं को भी पीटा। सड़क पर हुई इस पूरी मारपीट का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। एसडीओपी बोले- सीसीटीवी के आधार पर कर रहे पहचान जौरा एसडीओपी नितिन बघेल ने घटना के संबंध में बताया कि, बाइक के टकराने से हुआ विवाद और पति पत्नी की मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज की है आरोपियों की सीसीटीवी के आधार पर पहचान की जा रही है।

चलती पिकअप से धक्का देकर युवक की हत्या:उधारी के पैसे लेनदेन में विवाद, 3 आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

चलती पिकअप से धक्का देकर युवक की हत्या:उधारी के पैसे लेनदेन में विवाद, 3 आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

सिंगरौली जिले के जयंत क्षेत्र में युवक की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। उधारी के पैसों के विवाद में चलती पिकअप से धक्का देकर हत्या की गई थी। घटना 25 मार्च की है। पुलिस को एफआरव्ही 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सरसवाहलाल क्षेत्र में सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को पीसीसी सड़क के पास युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। एफएसएल और डॉग स्क्वाड से जांच शुरू मौके पर मौजूद लोगों ने मृतक की पहचान आशीष कुमार कुशवाहा (25), निवासी सरसवाहलाल जयंत के रूप में की। घटना की गंभीरता को देखते हुए विंध्यनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना द्विवेदी और जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार ने तत्काल एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाकर जांच शुरू कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैढ़न भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की कॉल डिटेल खंगाली और संबंधित लोगों से पूछताछ की। सामने आया कि घटना वाले दिन मृतक की स्कूटी से पेट्रोल की बोतल चोरी हो गई थी। इसी की तलाश में वह संदिग्धों के घर पहुंचा था, जहां उधारी के पैसों को लेकर नूर हसन उर्फ मनिया से उसका विवाद हो गया। चलती पिकअप से धक्का देने पर युवक की मौत विवाद बढ़ने पर आरोपी नूर हसन, एक बाल अपचारी और छोटू कुमार कोल ने मिलकर चलती पिकअप वाहन में आशीष के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे वाहन से धक्का दे दिया। गिरने के बाद युवक वाहन के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरे मामले के खुलासे में पुलिस टीम की सक्रियता और समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ये खबर भी पढ़े… युवक का घर के बाहर संदिग्ध हालत में मिला शव: हत्या की आशंका सिंगरौली जिले के जयंत इलाके में बुधवार सुबह आशीष कुशवाहा (25) का शव उसके घर के सामने संदिग्ध हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना जयंत क्षेत्र के सरसवाहलाल मोहल्ले से पुलिस को मिली। पढ़े पूरी खबर…

Chhindwara Bus Accident | Minister Visit, Doctors Arrive

Chhindwara Bus Accident | Minister Visit, Doctors Arrive

हादसे में एक घायल की हालत नाजुक है, जिसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में पिकअप वाहन से आमने-सामने की टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में दोनों गाड़ियों के ड्राइवर समेत 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। 30 से ज्यादा घायल हुए हैं। एक घायल की हालत नाजुक . एक्सीडेंट गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे सिमरिया के पास हुआ। MP28 P 0321 नंबर की बस में 47 लोग सवार थे। यह छिंदवाड़ा के पुलिस लाइन में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से लौट रही थी। हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। सीएम के निर्देश पर जिला प्रभारी मंत्री राकेश सिंह रात करीब 1 बजे छिंदवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। वहीं, जबलपुर से 8 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम भी रात में ही छिंदवाड़ा पहुंच गई थी, जो घायलों के इलाज में जुटी है। इनकी गई जान 1. भागवती (45) 2. दौलत (40) 3. शकुन यादव (45) 4. रामदास (40) 5. रमेश (35) 6. सिया बाई (40) 7. वंश (7) 8. बस ड्राइवर कमल (54) 9. पिकअप ड्राइवर रवि धारे (40) 10. एक अन्य देखिए, हादसे से जुड़ीं तस्वीरें… हादसे के बाद शव सड़क पर बिखरे देखे गए। घायल चीख-चिल्ला रहे थे। सबसे पहले स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने घायलों को उठाकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया। मामूली घायलों को स्कूल बस से इलाज के लिए लाया गया। अस्पताल में देर रात तक भीड़ लगी रही। इनमें पीड़ितों के परिजन शामिल थे। ये खबर भी पढ़ें… स्कॉर्पियो की टक्कर से परिवार के 5 लोगों की मौत ग्वालियर के परशुराम चौराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटोरिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। चार घायल हैं। हादसा शुक्रवार तड़के 3 बजे उस समय हुआ, जब ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…

इंदौर में साकेतधाम में होंगे प्रभू राम के दर्शन:पंचामृत से होगा अभिषेक, दोपहर 12 बजे होगी जन्मोत्सव आरती

इंदौर में साकेतधाम में होंगे प्रभू राम के दर्शन:पंचामृत से होगा अभिषेक, दोपहर 12 बजे होगी जन्मोत्सव आरती

प्राचीन रणजीत हनुमान मंदिर में रामनवमी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर पूरी तैयारी भी की जा चुकी है। रामनवमी पर मंदिर में साकेतधाम सजाया गया है। जहां प्रभू राम के दर्शन होंगे। गुरुवार से ही मंदिर में सजावट शुरू कर दी गई थी। भक्तों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि गर्मी में उन्हें परेशानी का सामना ना करना पड़े। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित दीपेश व्यास ने बताया कि रामनवमी के पर्व पर मंदिर में साकेतधाम सजाया गया है। ये अयोध्या का ही प्राचीन नाम है साकेत। रणजीत हनुमान मंदिर में साकेतधाम का स्वरूप दिया है। मंदिर में फूलों से सजावट भी की गई है। जिक-जैक पैटर्न में भक्त लाइन से भगवान के दर्शन कर सकेंगे। गर्मी को देखते हुए भक्तों को दिक्कत ना हो इसके लिए यहां 24 कूलर भी लगाए है। अखंड रामायण की होगी स्थापना, पंचामृत से होगा अभिषेक उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में रामनवमी पर सुबह 6 बजे सात दिवसीय अखंड रामायणजी की स्थापना की जाएगी। 3 अप्रैल को हनुमान जयंती के अगले दिन काकड़ आरती के बाद अखंड रामायणजी का समापन होगा। शुक्रवार सुबह 8 बजे रामजी का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद रामजी का शृंगार होगा। 12 बजे रामजी की जन्मोत्सव आरती होगी। भक्तों को प्रसाद वितरत किया जाएगा और शाम को भजन संध्या का आयोजन होगा। रणजीत लोक का चल रहा काम रणजीत हनुमान मंदिर में रणजीत लोक का काम भी चल रहा है। जिसके मंदिर का मुख्य गेट बंद है। बड़े पार्किंग से ही भक्तों की एंट्री हो रही है। रामनवमी पर भी यहीं से ही भक्तों की एंट्री होगी और यहीं से बाहर जा सकेंगे। इसके अलावा शहर के अन्य मंदिरों में भी रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। कई मंदिरों में सुंदर सजावट करने के साथ ही आकर्षक लाइटिंग भी की गई है। मंदिरों को फूलों से भी सजाया जा रहा है।

भोपाल में पराली जलाने पर रोक:एडीएम ने 3 महीने के लिए प्रतिबंध लगाया; उल्लंघन पर होगी FIR

भोपाल में पराली जलाने पर रोक:एडीएम ने 3 महीने के लिए प्रतिबंध लगाया; उल्लंघन पर होगी FIR

भोपाल में पराली जलाने पर रोक लगा दी गई है। गुरुवार देर रात एडीएम सुमित कुमार पांडेय ने आदेश जारी किया। इसके मुताबिक, अगले 3 महीने तक पराली यानी, नरवाई जलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उल्लंघन करने पर थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। NGT (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के आदेश का पालन करते हुए यह रोक लगाई गई है, जो पूरे भोपाल जिले में लागू रहेगी। एडीएम पांडेय ने सभी एसडीएम को पराली जलाने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। वर्तमान में कई किसान गेहूं की कटाई में लगे हैं। इस कारण खेतों में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। कई किसान फसल काटने के बाद खेतों में आग लगा देते हैं। इससे भूमि की उर्वरा शक्ति भी खत्म हो रही है। इसलिए एडीएम ने यह आदेश जारी किया है। आदेश में यह कलेक्टर के आदेश में यह… जून तक रहेगा आदेश एडीएम ने यह आदेश अगले 3 महीने यानी, जून तक लगाया है। तब भोपाल में मानसून एक्टिव हो जाता है। इससे पराली जलाने की घटनाएं नहीं होती है। एडीएम ने आदेश में लिखा कि यह एक पक्षीय पारित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा। इस आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. जीएल सोढ़ी बने रहेंगे सिविल सर्जन:इंदौर हाईकोर्ट का फैसला, अब 65 वर्ष की आयु में होंगे रिटायर

डॉ. जीएल सोढ़ी बने रहेंगे सिविल सर्जन:इंदौर हाईकोर्ट का फैसला, अब 65 वर्ष की आयु में होंगे रिटायर

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में सामने आए प्रशासनिक विवाद के बीच हाईकोर्ट ने सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. जी.एल. सोढ़ी के पक्ष में निर्णय दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद वे अपने पद पर बने रहेंगे और अब 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त होंगे। गौरतलब है कि विभाग द्वारा डॉ. सोढ़ी को 20 वर्ष की अनिवार्य क्लीनिकल सेवा पूर्ण न करने और 62 वर्ष की आयु पूरी होने के आधार पर शासकीय सेवा से पृथक करने के निर्देश जारी किए गए थे। वरिष्ठ संयुक्त संचालक डॉ. राजू नादरिया द्वारा यह आदेश जारी कर क्षेत्रीय संचालक, इंदौर को अमल के लिए भेजा गया था। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार डॉ. सोढ़ी की कुल क्लीनिकल सेवा लगभग 17 वर्ष 10 माह पाई गई, जबकि सिविल सर्जन पद के लिए 20 वर्ष की अनिवार्यता बताई गई थी। साथ ही उनकी जन्मतिथि 29 जून 1961 के अनुसार वे 30 जून 2023 को 62 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके थे। इसके बावजूद वे पद पर कार्यरत रहे। बाद में 18 मार्च 2026 को आदेश जारी कर उन्हें उसी तिथि से सेवानिवृत्त माना गया। प्रक्रिया पर उठे सवाल नियुक्ति और पदस्थापना के दौरान सेवा रिकॉर्ड का सत्यापन अनिवार्य होता है। इसके बावजूद सेवा अवधि की कमी और सेवानिवृत्ति आयु को लेकर समय पर कार्रवाई न होना इसे लेकर विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे। हाईकोर्ट के ताजा निर्णय के बाद डॉ. जी.एल. सोढ़ी को राहत मिली है और अब वे 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक अपने पद पर बने रहेंगे।

मध्यप्रदेश-CM के कार्यक्रम से लौट रही बस पलटी, 10 मौतें:छिंदवाड़ा में 30 से ज्यादा घायल; महिला और बच्चे का हाथ कटकर अलग

मध्यप्रदेश-CM के कार्यक्रम से लौट रही बस पलटी, 10 मौतें:छिंदवाड़ा में 30 से ज्यादा घायल; महिला और बच्चे का हाथ कटकर अलग

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में पिकअप वाहन से आमने-सामने की टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में दोनों गाड़ियों के ड्राइवर समेत 10 लोगों की मौत हो गई। 30 से ज्यादा घायल हुए हैं। एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर अलग हो गया। कुछ यात्रियों के सिर फूटे हैं। एक्सीडेंट गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे सिमरिया के पास हुआ। MP28 P 0321 नंबर की इस बस में 47 लोग सवार थे। यह छिंदवाड़ा के पुलिस लाइन में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से लौट रही थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे। उन्होंने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए जबकि गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। हादसे में 6 पुरुष, 3 महिला और एक बच्चे की मौत छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के डीन अभय सिन्हा ने कहा- मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। एक घायल की हालत नाजुक है, जिसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उसके सिर पर गंभीर चोट है। खून के थक्के जम गए हैं। बाकी घायलों को यहीं रखा गया है। इनकी गई जान 1. भागवती (45) 2. दौलत (40) 3. शकुन यादव (45) 4. रामदास (40) 5. रमेश (35) 6. सिया बाई (40) 7. वंश (7) 8. बस ड्राइवर कमल (54) 9. पिकअप ड्राइवर रवि धारे (40) 10. एक अन्य ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल घायलों को 6 एम्बुलेंसों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके लिए पुलिस ने हादसे की जगह से अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया। कुछ घायलों को एक स्कूल बस से हॉस्पिटल लाया गया। देखिए, तस्वीरें… हादसे के मिनट टु मिनट अपडेट्स के लिए नीचे दिए लाइव ब्लॉग से जरूर गुजर जाइए…