पन्ना में युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव:पिता ने चार लोगों पर चाकू गोदकर हत्या का आरोप लगाया

अमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बम्होरी में 30 वर्षीय युवक अनिल दहायत का शव ककरन तलैया के पास संदिग्ध अवस्था में मिला। बुधवार, 29 अप्रैल को मिले इस शव पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। मृतक अनिल दहायत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके निधन से उसकी दो बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। मृतक के पिता बैजू दहायत ने गांव के चार व्यक्तियों पर अनिल की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि अनिल मंगलवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह गांव वालों ने उन्हें तलैया के पास शव मिलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा। एसडीओपी राजीव सिंह भदौरिया ने बताया कि अमानगंज थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव में अनिल दहायत नामक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। उसका शव गांव के बाहर तालाब के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। एसडीओपी के अनुसार, युवक के शरीर पर धारदार हथियारों के कई निशान हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था और घटना के समय उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति के होने के सबूत मिले हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और गहन जांच जारी है। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया।
सिंगरौली के सुदागांव में मिला युवक का शव:खेत में संदिग्ध हालत में मिला; चेहरे-सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

सिंगरौली जिले के सुदा गांव में शुक्रवार को 35 वर्षीय भुवनेश्वर कोल का शव मिला। युवक का शव उसके घर के समीप बस्ती से कुछ दूरी पर एक खेत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही चितरंगी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य मामले की गंभीरता को देखते हुए बैढ़न जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। चेहरे और सिर पर आई गंभीर चोट प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के चेहरे और सिर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। इन निशानों को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जता रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा चितरंगी थाना प्रभारी सुदेश तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों और समय का सटीक पता शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं पर तफ्तीश तेज कर दी है। घटना के संबंध में आसपास के ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की स्थिति में संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके।
उज्जैन में युवक की संदिग्ध मौत,परिजनों ने किया चक्काजाम:हत्या का आरोप लगाया, मां बोली-फोन कर कहा था बचा लो; पुलिस कर रही जांच

उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक राजनाथ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को उसकी बॉडी बुधवार रात करीब 12 बजे पंतिपले रोड पर एक पत्थर के ढेर के पास पड़ी मिली थी। युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने इस दिशा में जांच की मांग काे लेकर गुरुवार दोपहर नानाखेड़ा थाने के सामने चक्काजाम कर दिया। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए। पुलिस को सड़क किनारे युवक की बाॅडी पड़ी होने की सूचना रात करीब 12:30 बजे ली थी। एफआरवी ने बॉडी और जिला अस्पताल पहुंचाई, जहां आज पोस्टमार्टम किया गया। मृतक की पहचान राजनाथ उर्फ राजाराम पिता दिलीप नाथ निवासी कोलूखेड़ी के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर मामला एक्सीडेंट का प्रतीत हो रहा था, लेकिन परिजनों द्वारा हत्या के आरोप लगाए जाने के बाद जांच का रुख बदल गया है। पुलिस अब एक्सीडेंट और हत्या को ध्यान में रखकर बारीकी से जांच कर रही है। परिवार ने लगाया हत्या का आरोप परिजनों ने राजनाथ की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि राजनाथ मुंडन के एक कार्यक्रम में शामिल होने अपनी ससुराल लक्ष्मणखेड़ी (इंदौर रोड) गया था। वहां उसे पीटा और हत्या कर दी गई। राजनाथ की मां सांगा बाई ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे उनके फोन पर बेटे का कॉल आया था। उसने मुझे बचा लो कहा था। इसके कुछ ही समय बाद उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली। राजनाथ के परिवार में उसकी 8 माह की गर्भवती पत्नी और 2 साल का एक बेटा है। विरोध प्रदर्शन किया गुस्साए परिजन, क्षेत्रीय पार्षद और समाज के लोग नानाखेड़ा थाने के बाहर इकट्ठा हो गए और चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जब पुलिस ने भरोसा दिलाया कि हत्या के एंगल पर भी जांच की जाएगी, तब लोग सड़क से हटे और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। पुलिस का कहना है नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि शुरुआती सूचना एक्सीडेंट की मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल भेजा गया और पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने अब हत्या की आशंका जताई है, जिसके चलते एक्सीडेंट और हत्या दोनों एंगल से मामले की गहनता से जांच कर रही है।
भोपाल में बिजनेसमैन की संदिग्ध हालात में मौत:पूल में नहाते समय साइलेंट अटैक का अंदेशा, स्विमिंग करते हुए बेसुध हो गए

भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र स्थित तरुण पुष्कर में बुधवार शाम एक कारोबारी की स्वीमिंग पूल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। स्वीमिंग पूल में महज चार फिट पानी होने के कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्हें साइलेंट अटैक आया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शार्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण सामने आ सकेंगे। रोज स्विमिंग के लिए जाते थे पुलिस के मुताबिक अमतलाश कॉलोनी शाहपुरा निवासी 63 साल के संजय त्यागी बिजनेसमैन थे और रोज शाम को तरुण पुष्कर स्वीमिंग के लिए जाते थे। बुधवार शाम भी वह स्वीमिंग के लिए तरुण पुष्कर गए थे। शाम करीब छह बजे वह स्वीमिंग करने के दौरान वह बेसुध हो गए। सीपीआर दिया, लेकिन सांसे नहीं लौटी उन्हें स्वीमिंग पुल से बाहर निकालकर ट्रेनर ने सीपीआर दी लेकिन उनकी सांसे नहीं लौटी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, वहां डॉक्टर ने चेक करने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इंदौर में मजदूर की संदिग्ध मौत, घर में मिला शव:लावारिस पड़ा था शव, चूहों ने आंखें कुतरी; गेंद लेने बच्चे पहुंचे तक पता चला

इंदौर के चंदन नगर इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह शराब पीने का आदी था और पेशे से मजदूरी करता था। उसकी आंखें और शव को चूहे कुतर रहे थे। बच्चे खेलने के दौरान गेंद लेने उसके घर पहुंचे, तब घटना की जानकारी लगी। चंदन नगर पुलिस के मुताबिक घटना नंदन नगर की है। यहां छगन नाम के मजदूर का शव उसके घर में लावारिस हालत में मिला। भांजे गज्जू ने बताया कि बुधवार शाम गली में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। तभी गेंद छगन के घर में चली गई। जब वे अंदर गए तो छगन का शव पड़ा मिला और आसपास चूहे थे। इसके बाद छगन के परिवार के लोगों को सूचना दी गई, लेकिन वे नहीं पहुंचे। बाद में भांजा मौके पर पहुंचा और शव को जिला अस्पताल भिजवाया। परिवार के लोगों ने बताया कि छगन के तीन बेटे हैं, लेकिन तीनों उन्हें छोड़कर अलग रहते हैं। उन्हें भी सूचना दी गई थी, लेकिन मौके पर कोई नहीं आया। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। छगन की आंखें चूहों ने कुतर दी थीं, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
खेत पर पानी देने गए मजदूर की संदिग्ध मौत:हरदा में 1 घंटे बाद गेट पर मिला शव; बेटे को हत्या का शक, पुलिस कर रही एक्सीडेंट की जांच

हरदा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रन्हाईकला में बीती मंगलवार रात खेत पर पानी देने गए एक मजदूर विश्राम गठिया का शव 1 घंटे बाद संदिग्ध परिस्थितियों में खेत के गेट पर मिला है। मृतक के सिर और मुंह पर चोट के निशान मिले हैं, जिसे लेकर उसके बेटे ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने एक्सीडेंट की सूचना पर मर्ग कायम कर बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है। रात 10 बजे खेत पर गया था मजदूर, सिर और मुंह से बह रहा था खून ग्राम रन्हाईकला निवासी मजदूर विश्राम गठिया मंगलवार रात करीब 10 बजे किसान मुकेश दोगने के खेत पर पानी देने गया था। लगभग एक घंटे बाद, रात करीब 11 बजे उसका शव किसान के खेत के गेट के पास पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतक के बड़े बेटे कन्हैया को दी। मौके पर पहुंचने पर कन्हैया ने देखा कि उसके पिता के सिर और मुंह पर चोट के निशान थे और खून बह रहा था। इसके बाद उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिवार में हैं दिव्यांग पत्नी और 2 बेटे सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। मृतक के बेटे ने अपने पिता की हत्या की आशंका जताई है। बताया गया है कि मृतक विश्राम घर में अकेला कमाने वाला था। उसकी पत्नी दिव्यांग है और उसके दो बेटे (जिनकी उम्र 18 और 14 साल है) तथा एक बूढ़ी मां हैं। SI बोले- एक्सीडेंट की सूचना मिली थी, CCTV से जुटा रहे साक्ष्य जांच अधिकारी एसआई सोहनसिंह राजपूत ने बताया कि, “ग्राम रन्हाईकला में एक व्यक्ति की एक्सीडेंट से मौत होने की सूचना मिली थी।” पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है।
उमरिया के चंदिया में महिला की संदिग्ध मौत:जहर खाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत, परिवार में तीन छोटे बच्चे

उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में रविवार रात एक 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत होने की आशंका जताई है। रात में बिगड़ी तबीयत ग्राम बांसा निवासी सीताबाई ने रविवार रात अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद चंदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने बताया कि सीताबाई के तीन छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने सोमवार को शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। कारणों की तलाश में जुटी पुलिस एसडीओपी पीएल परस्ते ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आत्महत्या या अन्य कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
दतिया के पंडोखर धाम में संदिग्ध मौत:परिसर में मिला 33 वर्षीय महिला का शव; 8 महीने से रह रही थी, पुलिस कर रही पूछताछ

दतिया जिले के पंडोखर धाम परिसर में रविवार शाम 33 वर्षीय एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। मृतका की शिनाख्त छतरपुर निवासी जनका अहिरवार के रूप में हुई है, जो पिछले 7-8 महीनों से धाम में रह रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पंडोखर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और भांडेर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस धाम में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। देर शाम हुई छतरपुर निवासी के रूप में शिनाख्त शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन देर शाम उसकी शिनाख्त जनका (33) पत्नी मनीराम अहिरवार (निवासी छतरपुर) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि महिला पिछले 7-8 महीनों से पंडोखर धाम में रह रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। रविवार शाम को धाम में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। भांडेर अस्पताल में हुआ PM, रिपोर्ट का इंतजार सूचना मिलते ही पंडोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भांडेर अस्पताल भेजा, जहां पीएम कराया गया है। फिलहाल महिला की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं और पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। हर एंगल से जांच कर रही पुलिस पंडोखर थाना पुलिस के मुताबिक, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। धाम परिसर में रहने वाले लोगों और आसपास के व्यक्तियों से पुलिस द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई है।
पन्ना- पालधरा गांव में 9वीं के छात्र की संदिग्ध मौत:माता-पिता के साथ महुआ बीनने गया था, उसी पेड़ पर लटकी मिली लाश

पन्ना जिले के पालधरा गांव में एक 15 वर्षीय छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान दीपेश आदिवासी (पिता किशोर सिंह) के रूप में हुई है, जो पन्ना के सर्वोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं का छात्र था। जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल को सुबह दीपेश अपने माता-पिता के साथ महुआ बीनने गया था। वहां से लौटने के बाद वह बकरियां चराने निकल गया। परिजनों ने बताया कि दोपहर में उन्होंने दीपेश को खाना खाने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद करीब 1 बजे वह दोबारा खेत की ओर चला गया। जब शाम तक दीपेश घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान, मृतक के चाचा लील सिंह खेत की तरफ लकड़ी लेने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दीपेश का शव महुआ के ही एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ था। ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बृजपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
GST अधिकारी से विवाद के बाद ट्रांसपोर्टर की मौत:आगरा में सड़क पर मिला शव; कॉन्फ्रेंस कर लगाया था वसूली का आरोप

आगरा में एक ट्रांसपोर्टर की लाश शनिवार सुबह 5 बजे सड़क पर मिली। सिर पर चोट के निशान थे। ट्रांसपोर्टर अजहर का कुछ महीनों से GST अधिकारी से विवाद चल रहा था। उन्होंने जीएसटी अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। अजहर के बेटे सजमल ने बताया- पिता ने गुरुवार को जीएसटी अधिकारी के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसके बाद अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे कॉल आ रहे थे। उनपर दबाव बनाया जा रहा था कि शिकायत वापस ले लो, नहीं तो तुमको मार दिया जाएगा। पिता शुक्रवार की रात जयपुर जूता ट्रांसपोर्ट करने के लिए निकले थे। इस दौरान उनकी हत्या की गई है। रात में फोन करके बताया था कि GST अधिकारी ने गाड़ी पकड़ ली है, इसके बाद से उनका पता नहीं चला। बॉडी को देख सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। लाश भोगीपुरा के प्रकाश नगर में मिली थी। अब पढ़िए पूरा मामला… 55 साल के अजहर अली मेवाती गली में अपनी पत्नी और बेटा सजमल के साथ रहते थे। अजहर अली ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। उनका जिला जीएसटी अधिकारी से विवाद चल रहा था। उनका कहना था कि जीएसटी अधिकारी आए दिन घुसखोरी करते हैं, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। इसको लेकर उन्होंने 2 अप्रैल को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। भतीजे अरशद ने बताया- चाचा अजहर अली हर बार की तरह शुक्रवार की रात जयपुर के लिए जूता ट्रांसपोर्ट करने के लिए निकले थे। उनका रात 2 बजे फोन आया था। बताया कि GST अधिकारी ने गाड़ी को पकड़ लिया है, वे अब GST ऑफिस जा रहे हैं। इसके बाद कोई फोन नहीं आया, गाड़ी छूट गई या नहीं। ये भी नहीं पता चला। कुछ देर बाद हमने फोन किया तो बंद जा रहा था। अरशद ने बताया- जहां हमारी ट्रांसपोर्ट कंपनी है, वहां से तीन घंटे बाद करीब 5 बजे फोन आया कि चाचा का शव पड़ा है। इसके बाद हम सभी लोग पहुंच गए। मौके पर जब पहुंचे तो देखा की चाचा के सिर में चोट के निशान हैं। उनकी मौत हो चुकी है। पुलिस के पास एक वीडियो है, उसमें लग रहा कि चाचा को एक कार फेंक कर गई है और किसी ने उनकी हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र के CCTV देखे जा रहे हैं, जिससे पता चल सके कि कार से एक्सीडेंट हुआ है, या फिर कार में से अजहर को फेंका गया है। कॉन्फ्रेंस के 24 घंटे बाद ही लाश मिली गुरुवार को अजहर ने जीएसटी अधिकारी के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। जिसमें पीड़ित रवि मोहन और अजहर अली ने पूरी जानकारी दी थी। दोनों पीड़ितों ने दावा किया था कि जिन जीएसटी अधिकारियों के खिलाफ उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है, वे अब शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के 24 घंटे बाद ही दोनों पीड़ितों में से एक अजहर अली की लाश आज सड़क किनारे मिली। बेटे ने कहा- जीएसटी अधिकारी के साथ गए थे पिता अजहर के बेटे सजमल ने कहा- उनका परिवार ट्रांसपोर्ट का काम करता है। उनके पिता अजहर अली जीएसटी अधिकारी रेशु त्रिपाठी द्वारा अपनी गाड़ी रोके जाने पर पेपर चेक कराने गए थे, लेकिन अधिकारी गाड़ी लेकर चली गईं। अजहर अली भी उनके साथ गए। आज सुबह करीब 5 बजे उन्हें पिता की लाश मिलने की सूचना मिली। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया- सीसीटीवी में एक कार ट्रांसपोर्टर को टक्कर मारते दिख रही है। परिजन के कहने पर वीडियोग्राफी के साथ चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। कार और चालक का पता लगाया जा रहा है। परिजन जो तहरीर देंगे, उसके आधार पर भी जांच की जाएगी। ———————- आपके विधायक को टिकट मिलना चाहिए या नहीं, सर्वे में हिस्सा लेकर बताएं यूपी में विधायकों के 4 साल पूरे हो चुके हैं। क्या आपके मौजूदा विधायक को 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट मिलना चाहिए? भास्कर सर्वे में हिस्सा लेकर बताइए… ये खबर भी पढ़ें… काशी में योगी ने फिल्म धुरंधर की तारीफ की; कहा- अब फिल्मों में ‘डकैत’ दिखाए जा रहे, MP के सीएम ने गिफ्ट की वैदिक घड़ी सीएम योगी ने रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की तारीफ की। मौका था, काशी में शुक्रवार को चल रहे विक्रमोत्सव 2026 के महानाट्य मंचन का। योगी ने कहा- आज की फिल्मों में ‘डकैतों’ को दिखाया जा रहा है। आज की फिल्में बदली हैं। पहले तो सही को गलत और गलत को सही दिखाया जा रहा था। अब सही को सही दिखाया जा रहा है। पढ़िए पूरी खबर









