लू चलने के दौरान न करें ये गलती, चपेट में आ सकते हैं आप, जानें लें बचने की आसान टिप्स

होमताजा खबरlifestyle लू चलने के दौरान न करें ये गलती, चपेट में आ सकते हैं आप, जानें बचने की टिप्स Last Updated:April 16, 2026, 15:44 IST Heat Stroke Care Tips: छतरपुर जिले में इस समय लू का कहर जारी है. बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं से जिले में लू बुखार के केस बढ़ रहे हैं. जिससे जिले के सभी अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है. अगर आपको भी यह लक्षण प्रतीत होते हैं तो आप लू की चपेट में आ गए हैं. लू से कैसे करना है बचाव? आइए जानते हैं एक्सपर्ट से Health Care Tips. छतरपुर जिले में इस समय तापमान बढ़ने से लू का कहर शुरू हो गया है. लोग इससे बचने के लिए तरह-तरह के उपाय भी करते हैं. हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक लू लगने पर कुछ ऐसे टिप्स अपना सकते हैं जिससे राहत पाई जा सकती है. साथ ही लू से बचाव के तरीके क्या हैं? आइए जानते हैं एक्सपर्ट से बीएमओ डॉ जितेंद्र वर्मा लोकल 18 से बातचीत में बताते हैं कि अप्रैल महीना शुरू है. जिले में तापमान बढ़ने के साथ गर्म हवाएं भी चल रही है. ऐसे में लू बुखार का खतरा ओर भी बढ़ जाता है. हर साल जिले में लू बुखार से लोगों की डेथ भी हो जाती है. हालांकि, लू से बचने के लिए कारगर उपाय भी हैं जिसे अपनाकर लू से बचा सकता है. हीट स्ट्रोक से ऐसे करें बचावडॉ बताते हैं कि सबसे पहले कोशिश करें कि आप धूप के डायरेक्ट संपर्क में न आएं. साथ ही शरीर में फुल कपड़े पहनें. आधे से 1 घंटे के अंतराल में 1 गिलास पानी पीते रहें. प्यास लगने पर इकट्ठा पानी नहीं पीना है. अगर बाहर हैं तो आधे से 1 घंटे में पानी पीते रहें. अगर शरीर में कमजोरी और बुखार समझ में आ रही है तो फिर अस्पताल ही आना चाहिए. डिहाइड्रेशन न होने देंडॉ बताते हैं कि लू से बचने का सबसे कारगर उपाय यही है कि शरीर को डिहाइड्रेट न होने दें. अगर आपकी यूरिन पीली उतर रही है तो डिहाइड्रेशन के लक्षण हैं. ऐसे में लू जल्दी पकड़ती है. लू लगने पर शरीर का तापमान बढ़ने से बुखार आता है. बदन दर्द करने लगता है. अगर यह लक्षण प्रतीत होते हैं तो आप लू की चपेट में आ गए हैं. शरीर का तापमान करें कमडॉ बताते हैं कि आपको लू बुखार है तो आप सबसे पहले शरीर के तापमान को कम करने की कोशिश करें. इसके लिए आप गीले कपड़े से शरीर को पोंछ सकते हैं. गीले कपड़े से शरीर को तापमान को कम कर सकते हैं. इसके अलावा आप आइस पैक का इस्तेमाल कर शरीर के तापमान को कम कर सकते हैं. कपड़े में आईस को लपेटकर पूरे शरीर की सिकाई कर सकते हैं. इस उपाय से शरीर के तापमान को कम किया जा सकता है. गंभीर स्थिति में अस्पताल एडमिटडॉ बताते हैं कि लू बुखार आने पर बुखार की दवा पैरासिटामोल ले सकते हैं. लेकिन जब इन उपायों से भी लू बुखार ठीक न हो तो फिर मरीज को अस्पताल ले आना चाहिए. क्योंकि मरीज अगर पानी भी नहीं पी पा रहा है तो ये उपाय शरीर को हाइड्रेट नहीं कर पाएंगे. About the Author Mohd Majid with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover…और पढ़ें News18 न्यूजलेटर अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में सबमिट करें Location : Chhatarpur,Chhatarpur,Madhya Pradesh First Published : April 16, 2026, 15:44 IST
सेलेब्स के बॉडीगार्ड्स की सालाना कमाई करोड़ों में नहीं होती:शाहरुख खान के पूर्व बॉडीगार्ड ने सोशल मीडिया पर सैलरी के दावों की सच्चाई बताई

एक्टर शाहरुख खान के पूर्व बॉडीगार्ड यासीन खान ने हाल ही में बताया कि सेलेब्स के बॉडीगार्ड्स की दो से ढाई करोड़ रुपए सालाना सैलरी के दावे गलत हैं। यासीन खान ने हिंदी रश को दिए इंटरव्यू में कहा कि सोशल मीडिया पर बॉडीगार्ड्स की कमाई को लेकर जो आंकड़े बताए जाते हैं, वे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी बड़े स्टार के साथ काम करने वाले बॉडीगार्ड की एक फिक्स सैलरी होती है। इसके अलावा फिल्मों या विज्ञापनों के दौरान अलग से कॉन्ट्रैक्ट के जरिए कुछ अतिरिक्त पैसा मिल सकता है, लेकिन यह रकम उतनी बड़ी नहीं होती जितनी अक्सर बताई जाती है। पहले बॉडीगार्ड्स को फिल्मों से पैसा नहीं मिलता था यासीन ने बताया कि पहले फिल्म इंडस्ट्री में बॉडीगार्ड्स को फिल्मों से अलग से कोई पैसा नहीं मिलता था। उस समय सिर्फ ड्राइवर, मेकअप आर्टिस्ट और पर्सनल असिस्टेंट को ही प्रोड्यूसर की तरफ से पेमेंट की जाती थी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने शाहरुख खान के साथ काम करना शुरू किया, तब उन्हें लगा कि फिल्म के दौरान बॉडीगार्ड भी काम करते हैं, इसलिए उन्हें भी पेमेंट मिलनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने प्रोड्यूसर्स से बात की और धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों और विज्ञापनों के लिए अलग से पैसे मिलने लगे। उनकी इस पहल के बाद इंडस्ट्री में एक नया ट्रेंड शुरू हुआ। दूसरे बॉडीगार्ड्स ने भी प्रोडक्शन हाउस से एक्स्ट्रा पेमेंट की मांग करनी शुरू कर दी और यह धीरे-धीरे प्रचलन में आ गया। एवरेज सैलरी करीब एक लाख महीने तक होती है हालांकि, यासीन ने साफ कहा कि सालाना दो से ढाई करोड़ रुपए कमाने जैसी बातें सही नहीं हैं। उनके अनुसार, इतनी ज्यादा सैलरी मिलना संभव नहीं है। अगर किसी बॉडीगार्ड को ज्यादा पैसा मिलता भी है, तो वह किसी खास व्यक्तिगत समझ या स्टार की तरफ से दी गई मदद हो सकती है, न कि रेगुलर सैलरी। यासीन के अनुसार, इस फील्ड में अनुभवी सिक्योरिटी स्टाफ को भी आमतौर पर करीब 1 लाख रुपए प्रति महीने तक की सैलरी मिलती है, जो इंटरनेट पर बताए जा रहे 10 लाख रुपए प्रति महीने के दावों से काफी कम है।
घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, विरोध पर स्तन काटा:आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष का भतीजा; 6 दिन बाद भी नहीं हुई FIR

खंडवा में एक युवक महिला के घर में जबरन घुस गया और उससे जबरन छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने चाकू से एक स्तन काट दिया। पसलियों में चाकू मार दिया। इतने में महिला का पति पहुंच गया, उसको देख आरोपी मौके से भाग गया। आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष का भतीजा बताया जा रहा है। मामला पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुरा का है। 6 दिन से महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर है, डॉक्टरों ने इंदौर रेफर करने की बात कही है। इलाज के लिए महिला का पति अब रिश्तेदारों से कर्ज लेने की जुगाड़ कर रहा है। इधर, घटना के बाद से अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। महिला के पति ने बताया कि, अस्पताल चौकी पुलिस और तहसीलदार ने भी बयान दर्ज किए हैं। अभी तक केस रजिस्टर्ड नहीं हुआ। मामले की शिकायत एसपी से भी की है। पति बोला- दुष्कर्म की कोशिश कर रहा था महिला के पति ने बताया कि, घटना 11 अप्रैल की रात 12 बजे की हैं। उस दिन वह ड्राइवरी के लिए टैक्सी लेकर बुरहानपुर गया था। रात के समय घर आया तो आकाश पटेल मेरी पत्नी से झगड़ा कर रहा था, उसके हाथ में चाकू था। मेरे आने तक वह पत्नी को चाकू से घायल कर चुका था। मैं आकाश को पकड़ने लगा इतने में वह भाग गया। पत्नी ने बताया कि स्तन में चाकू घोंप दिया। मैं उसे लेकर अस्पताल के लिए निकल पड़ा। रास्ते में पत्नी ने बताया कि, आकाश ने उसके साथ रेप करने की कोशिश की। वह पिछले एक हफ्ते से बार-बार घर की तरफ आता था और 5 अप्रैल को भी वह घर में घुस आया था। उस दिन वह शराब के नशे में था और पत्नी को धमकी देकर गया था कि तेरे साथ रेप करूंगा। 5 दिन बाद 11 अप्रैल को पत्नी घर में सो रही थी। इस दौरान वह घर के पीछे खेत तरफ से आया और खिड़की में लगी जाली तोड़ दी। खिड़की से घर में घुसा और पत्नी के साथ रेप का प्रयास किया। आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष का भतीजा पीड़िता के पति का कहना है कि, घटना के बाद हम लोग बोरगांव बुजुर्ग स्थित पुलिस चौकी गए थे। लेकिन वहां से कहा गया कि आप पहले अस्पताल जाइए, अस्पताल की पुलिस से हम रिपोर्ट मंगा लेंगे। आज 6 दिन हो गए हैं, अस्पताल वाले बयान लेकर चार दिन पहले ही डायरी बोरगांव चौकी पुलिस को दें चुके हैं। यहां तक कि खंडवा तहसीलदार ने खुद आकर बयान भी रिकॉर्ड कर लिए, लेकिन पुलिस ने इस गंभीर केस में भी एफआईआर नहीं की। आरोपी को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त हैं। क्योंकि उसका सगा काका जितेंद्र पटेल भाजपा बोरगांव मंडल का अध्यक्ष हैं। शायद इसीलिए पुलिस ने एफआईआर नहीं की। हमारे साथ बहुत अन्याय हुआ हैं। पुलिस और प्रशासन को हमारी मदद करना थी लेकिन हमें ही परेशान किया जा रहा है। आरोपी खुलेआम घूम रहा हैं। व्हाट्सएप स्टेट्स से पता लगा कि पति घर नहीं महिला के पति के अनुसार, आकाश पटेल पिकअप गाड़ी चलाता है। यानी वह भी मेरी तरह ड्राइवर हैं, इस कारण हम लोग एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। मैंने घटना वाले दिन व्हाट्सएप स्टेट्स डाला कि आज बुरहानपुर जा रहा हूं, कोई सवारी हो तो संपर्क करें। यह स्टेट्स आकाश ने भी सीन किया और उसे लग गया कि मेरी पत्नी घर पर अकेली हैं। वह घर पहुंचा और रेप का प्रयास कर चाकूबाजी की। इतनी देर में मैं खुद चले गया, क्योंकि आते वक्त मेरे पास सवारी नहीं थी, इस कारण मैं सीधे घर पहुंचा था। पुलिस बोली- कोई रिपोर्ट लिखाने नहीं आया इधर, मामले में एफआईआर ना लिखने को लेकर चौकी प्रभारी अविनाश भोपले का कहना है कि ऐसा कोई भी प्रकरण चौकी पर नहीं आया था। अस्पताल से मामले की सूचना जरूर मिली थी। लेकिन एमएलसी में बताया गया कि पति-पत्नी के बीच का आपसी विवाद है और इसी विवाद में महिला को चोट आई। फिलहाल चौकी पर कोई रिपोर्ट लिखाने नहीं पहुंचा।
धुरंधर-2 में एसपी असलम को मारने वाले हिरव की कहानी:बिना डायलॉग के हाव-भाव से दिल जीता; पाकिस्तान से आ रहे ड्राइविंग सिखाने के मैसेज

भारतीय सिनेमा में 3,000 करोड़ रुपए की कमाई का रिकॉर्ड बनाने वाली फ्रेंचाइजी ‘धुरंधर’ में एक चेहरा इन दिनों खूब चर्चा में है। धुरंधर 2 में एसपी असलम चौधरी को मारने वाला यह किरदार हिरव मेहता ने निभाया है। फिल्म में बिना एक भी डायलॉग बोले हिरव ने अपनी ड्राइविंग और हाव-भाव से दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म में हिरव का कार से संजय दत्त (एसपी असलम चौधरी) को मारना कहानी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है। दिव्य भास्कर ने हिरव से खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए। मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से चमकी किस्मत हिरव बताते हैं कि उन्हें यह रोल एक कॉल के जरिए मिला। उन्होंने मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा के ऑफिस में अपना परिचय और प्रोफाइल दिया था। वहां से डेटा निकालकर उन्हें ऑनलाइन ऑडिशन और लुक टेस्ट के लिए बुलाया गया। हिरव ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त और अक्षय खन्ना जैसे बड़े सितारे हैं, तो वे दंग रह गए। उन्हें लगा कि यह उनके करियर का सबसे बड़ा मौका है। लेह से मुंबई तक हुई फिल्म की शूटिंग फिल्म की शूटिंग अगस्त 2025 में लेह-लद्दाख से शुरू हुई थी। हिरव ने बताया कि अक्षय खन्ना का वायरल वॉक वाला सीन लद्दाख में ही शूट हुआ था। उनके खुद के ड्राइविंग वाले सीन की शूटिंग चंडीगढ़ में हुई, जबकि चेहरे के क्लोज-अप शॉट्स आधे चंडीगढ़ और आधे मुंबई की गोरेगांव फिल्म सिटी में शूट किए गए। हिरव के मुताबिक, संजय दत्त जैसे दिग्गज को पर्दे पर मारने का सीन शूट करना डरावना और सुखद, दोनों तरह का अनुभव था। रणवीर सिंह का व्यवहार और ‘मास्टर क्लास’ शूटिंग के दौरान रणवीर सिंह के साथ अपने अनुभव को साझा करते हुए हिरव ने बताया कि रणवीर सबको बराबरी का सम्मान देते हैं। हिरव ने कहा, जब मेरा क्लोज-अप सीन था, तब रणवीर ने कैमरे के पीछे से चिल्लाकर मेरा उत्साह बढ़ाया और कहा चलो हिरव, करते हैं। एक सुपरस्टार को मेरा नाम याद था, यह मेरे लिए बड़ी बात थी।” उन्होंने बताया कि अक्षय खन्ना अपने काम में डूबे रहते हैं, वहीं संजय दत्त दिखने में गंभीर हैं लेकिन बात करने में बहुत विनम्र हैं। पाकिस्तान से आ रहे ‘ड्राइविंग स्कूल’ के मैसेज हिरव के ड्राइविंग सीन और एक्टिंग की तारीफ सीमा पार पाकिस्तान में भी हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ‘फेवरेट ड्राइवर’ बता रहे हैं। हिरव ने बताया कि उन्हें पाकिस्तान से कई मैसेज मिल रहे हैं, जिनमें लोग कह रहे हैं ‘हमें भी ड्राइविंग सिखा दो।’ हालांकि, फिल्म को लेकर उठ रहे प्रोपेगेंडा के सवालों पर हिरव का कहना है कि यह फिल्म किसी देश के खिलाफ नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ है और इसमें कुछ भी गलत नहीं दिखाया गया है। फाइनेंस प्रोफेशनल से ‘मसल मेहता’ तक का सफर हिरव का फिल्मी सफर काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने फाइनेंस में एमबीए किया है और शेयर बाजार में भी काम किया है। बाल कलाकार के रूप में बूस्टर के विज्ञापन से शुरुआत करने वाले हिरव ने फिटनेस की दुनिया में भी नाम कमाया है। वे ‘मसल मेहता’ नाम से इंस्टाग्राम पेज चलाते हैं, जहां वे लोगों को ऑनलाइन ट्रेनिंग देते हैं। फिल्म की सफलता के बाद 15 दिनों में उनके फॉलोअर्स 29 हजार से बढ़कर 1 लाख हो गए हैं। हिरव को अब कुछ और बड़ी फिल्मों के ऑफर भी मिल रहे हैं।
फिल्म एक दिन का ट्रेलर रिलीज:साई पल्लवी-जुनैद खान के बीच दिखी इमोशनल केमिस्ट्री, कहानी में जापान में आया ट्विस्ट

आमिर खान प्रोडक्शन्स की फिल्म एक दिन का दूसरा ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हुआ। फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान लीड रोल में हैं। इस ट्रेलर में एक लव स्टोरी दिखाई गई है, जिसमें जुनैद एक शर्मीले युवक के किरदार में हैं, जो साई पल्लवी के किरदार से प्यार करते हैं। दोनों एक ही ऑफिस में काम करते हैं, लेकिन वह उनसे बात नहीं कर पाते। कहानी में मोड़ तब आता है जब दोनों ऑफिस ट्रिप के लिए जापान जाते हैं। वहां साई का एक्सीडेंट हो जाता है और उसे ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया (TGA) हो जाता है। इस स्थिति में उन्हें सिर्फ जुनैद याद रहते हैं, जिन्होंने उनकी जान बचाई थी। जापान में दोनों को साथ समय बिताने का मौका मिलता है। लड़का जानता है कि मीरा अगले दिन सब भूल जाएगी, फिर भी वह उस एक दिन को खास बना देता है। फिल्म ‘एक दिन’ के ट्रेलर में साई पल्लवी और जुनैद खान की केमिस्ट्री बेहद इमोशनल दिखाई गई है। दोनों की केमिस्ट्री की खास बात यह है कि इसमें अधूरापन और दर्द दोनों हैं। जुनैद का किरदार जानता है कि यह रिश्ता हर दिन नया शुरू होगा, फिर भी वह हर पल को पूरी शिद्दत से जीता है। यही इमोशनल डेप्थ कहानी को खास बना रही है। आमिर और मंसूर खान फिर साथ आए यह फिल्म 1 मई, 2026 को थिएटर में रिलीज होगी। ‘एक दिन’ को सुनील पांडे ने डायरेक्ट किया है और आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म में आमिर खान और मंसूर खान लंबे समय के बाद साथ आ रहे हैं। इससे पहले, वे ‘कयामत से कयामत तक’, ‘जो जीता वही सिकंदर’, ‘अकेले हम अकेले तुम’ और ‘जाने तू… या जाने ना’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल को आएंगी हिमाचल:शिमला, अटल टनल और पालमपुर का दौरा तय, 2 मई को वापस लौटेंगी दिल्ली, रिट्रीट में रुकेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से छह दिन के दौरे पर हिमाचल प्रदेश आ रही हैं। राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, वे शिमला, अटल टनल और पालमपुर यूनिवर्सिटी जाएंगी। राष्ट्रपति 27 अप्रैल को दिल्ली से चंडीगढ़ और वहां से सीधे शिमला के कल्याणी हेलिपेड आएंगी। वह दोपहर लगभग 12:15 बजे शिमला पहुंचेंगी और राष्ट्रपति निवास रिट्रीट (छराबड़ा) में ठहरेंगी। 29 अप्रैल को अटल टनल जाएंगी 28 अप्रैल की सुबह वे राष्ट्रपति निवास में आयोजित उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी। 29 अप्रैल को राष्ट्रपति शिमला से अटल टनल रोहतांग जाएंगी, जहां वे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद शाम को वे वापस छराबड़ा स्थित रिट्रीट लौटेंगी। 30 अप्रैल को पालमपुर यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल 30 अप्रैल को राष्ट्रपति पालमपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और उसी शाम शिमला वापस लौटेंगी। 1 मई को शिमला में “एट होम” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। 2 मई को राष्ट्रपति मुर्मू दिल्ली लौट जाएंगी। हर साल गर्मियों में शिमला आते रहे हैं राष्ट्रपति बता दें कि शिमला से लगभग 13 किलोमीटर दूर स्थित छराबड़ा में राष्ट्रपति निवास रिट्रीट है। परंपरागत रूप से राष्ट्रपति यहां ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान ठहरते हैं। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी दो बार शिमला का दौरा कर चुकी हैं। राष्ट्रपति के दौरे की पुष्टि होते ही प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
ग्वालियर हाईकोर्ट से बलात्कार पीड़िता को मिली राहत:10 हफ्ते के गर्भ को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में समाप्त करने का आदेश,आज जेएएच में होगी प्रक्रिया

ग्वालियर हाईकोर्ट की एकल पीठ ने दुष्कर्म पीड़िता के पक्ष में महत्वपूर्ण निर्णय सुनाते हुए उसके गर्भपात (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) की अनुमति दे दी है। कोर्ट के आदेश के अनुसार शुक्रवार (17 अप्रैल को) सुबह 10 बजे जीआर मेडिकल कॉलेज में यह प्रक्रिया कराई जाएगी। पीड़िता की ओर से दायर याचिका में बताया गया कि 11 जनवरी को आरोपियों द्वारा उसे घर से ले जाकर दुष्कर्म किया गया, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई। वर्तमान में युवती की उम्र 18 वर्ष 5 माह बताई गई है। परिवार ने अदालत को जानकारी दी कि वे आर्थिक रूप से बच्चे का पालन-पोषण करने में सक्षम नहीं हैं। साथ ही गर्भ के कारण युवती को लगातार शारीरिक पीड़ा, मानसिक आघात और सामाजिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। कोर्ट ने मेडिकल बोर्ड से मांगी थी रिपोर्ट मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने कमलाराजा अस्पताल एवं जीआर मेडिकल कॉलेज के मेडिकल बोर्ड से रिपोर्ट मांगी थी। मेडिकल जांच के बाद बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पीड़िता का गर्भ 10 सप्ताह 3 दिन का है और सभी आवश्यक मेडिकल पैरामीटर सामान्य हैं। सुरक्षित गर्भपात का भरोसा दिलाया मेडिकल बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि विशेषज्ञों की निगरानी और आवश्यक सुविधाओं के साथ गर्भपात सुरक्षित रूप से किया जा सकता है। इसी आधार पर कोर्ट ने पीड़िता को राहत देते हुए गर्भपात की अनुमति दी, जिससे उसे शारीरिक और मानसिक कष्ट से राहत मिल सके।
रतलाम में पटवारी 20 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप:जमीन सीमांकन के लिए मांगे थे 30 हजार; तहसील ऑफिस में लोकायुक्त ने पकड़ा

रतलाम जिले के सैलाना में गुरुवार दोपहर उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने पटवारी कैलाश वरख्या को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटवारी ने किसान से 5 हेक्टेयर कृषि भूमि के सीमांकन (नपती) के एवज में यह राशि मांगी थी। वर्तमान में लोकायुक्त की टीम सैलाना तहसील कार्यालय के नायब नाजिर कक्ष में आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है। लोकायुक्त निरीक्षक राजेंद्र वर्मा के अनुसार, ग्राम अडवानिया (तहसील सैलाना) निवासी जितेंद्र पाटीदार ने 10 अप्रैल को उज्जैन कार्यालय में एसपी आनन्द कुमार यादव को लिखित आवेदन दिया था। जितेंद्र ने शिकायत में बताया था कि उसके पिता ईश्वर लाल पाटीदार के नाम पर सैलाना और बागरियों की खेड़ी में करीब 5 हेक्टेयर कृषि भूमि है। इस भूमि की वास्तविक स्थिति और सीमा जानने के लिए 22 जनवरी 2026 को लोकसेवा केंद्र के माध्यम से सीमांकन के लिए आवेदन किया गया था। घर आकर मांगे 30 हजार, 10 अप्रैल को लिए थे 3 हजार रुपए आवेदन के काफी दिन बाद भी सीमांकन नहीं होने पर जितेंद्र 9 मार्च 2026 को तहसील कार्यालय गया। वहां हल्का पटवारी कैलाश वरख्या से पूछताछ की, तो उसने कहा कि फीस जमा करा दोगे तो नपती हो जाएगी। इसके बाद 9 अप्रैल को पटवारी शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और सीमांकन के लिए 30 हजार रुपए की मांग की। शिकायतकर्ता के निवेदन पर 10 अप्रैल को पटवारी ने 7 हजार रुपए कम कर दिए और उसी दिन 3 हजार रुपए नकद ले लिए। तहसील कार्यालय के नाजिर कक्ष में रंगे हाथों पकड़ाया उज्जैन लोकायुक्त एसपी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जो सही पाई गई। इसके बाद गुरुवार 16 अप्रैल को लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। दोपहर में जैसे ही जितेंद्र ने सैलाना तहसील कार्यालय के नायब नाजिर कक्ष में पटवारी कैलाश को रिश्वत के शेष 20 हजार रुपए दिए, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
गाजियाबाद में 200 झोपड़ियों में भीषण आग, सिलेंडर फट रहे:10 किमी दूर से दिख रहा धुआं, 8 गाड़ियां बुझाने में लगीं

गाजियाबाद में गुरुवार दोपहर 12 बजे करीब 200 झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। सिलेंडरों में लगातार ब्लास्ट हो रहे हैं। धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा है। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। लोग अपने घरों का सामान और गैस सिलेंडर लेकर भागते नजर आए। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने नोएडा से भी दमकल की गाड़ियां मंगाई हैं। आसपास के घरों को खाली कराया जा रहा है। आग इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में लगी है। घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- जहां आग लगी, वहां कम से कम 500 झुग्गी-झोपड़ियां थीं। इस वक्त सिर्फ आग और धुआं ही नजर आ रहा है। हालांकि, डीएम रविन्द्र कुमार ने बताया- 150 से ज्यादा झुग्गियों में आग लगी है। यहां पर कबाड़ का काम होता था। काम करने वाले ही यहां झुग्गियां बनाकर रहते थे। अगर किसी से लापता होने की खबर आती है, तो सर्वे भी कराया जाएगा। आग की 4 तस्वीरें… गाजियाबाद में आग की घटना से जुड़े पल-पल की अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
बड़वानी में बजरंग दल ने 13 गोवंश को मुक्त कराया:तीन लोडिंग वाहनों से हो रही थी तस्करी, जुलवानिया थाने में केस दर्ज

बड़वानी जिले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 13 गोवंश को मुक्त कराया। गुरुवार को यह कार्रवाई तीन लोडिंग वाहनों को रोककर की गई। सभी वाहनों को जुलवानिया पुलिस थाने में खड़ा कराया गया है, जहां पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। बजरंग दल के जिला संयोजक शुभम ठाकुर ने बताया कि गुरुवार दोपहर वे खलघाट से सेंधवा की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने तीन पिकअप वाहनों में गोवंश को भरा हुआ देखा। कार्यकर्ताओं ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेजी से गाड़ी भगाने लगे। शुभम ठाकुर के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने पीछा कर तीनों वाहनों को जुलवानिया के पास रोका। जांच के दौरान वाहनों में 13 गोवंश पाए गए। इस दौरान चार आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि एक वाहन चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों और वाहनों को जुलवानिया थाने लाया गया। बड़वानी जिले के एबी रोड पर गोवंश का अवैध परिवहन लगातार जारी है। मध्य प्रदेश शासन के कड़े निर्देशों के बावजूद तस्कर सक्रिय हैं। इस मुद्दे को लेकर सामाजिक संगठनों द्वारा कई बार ज्ञापन और चेतावनी भी दी जा चुकी है, लेकिन गोवंश की तस्करी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जुलवानिया पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा सौंपे गए गोवंश और वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।







