खुम्बु आइसफॉल पर रुका एवरेस्ट पर्वतारोहियों का मिशन:गाइड्स को एयरलिफ्ट कराने की तैयारी; ‘एवरेस्ट की सेहत’ सुधारने में जुटे आइसफॉल डॉक्टर

समुद्र तल से 17 हजार फीट की ऊंचाई, एवरेस्ट की कठिन डगर और चारों तरफ पसरा मौत सा सन्नाटा… यहां हवा की एक सरसराहट भी दिल की धड़कनें बढ़ा देती है, क्योंकि एक जरा सी चूक सीधे गहरी खाई या बर्फ की कब्र में ले जा सकती है। इसी बर्फीले नर्क के बीच खड़ा है एक शख्स, जिसे दुनिया ‘आइसफॉल डॉक्टर’ कहती है। दावा जांगबू शेर्पा के लिए माउंट एवरेस्ट सिर्फ पहाड़ नहीं, बल्कि ‘मरीज’ है, जिसकी सांसों की नब्ज वह हर दिन टटोलता है। पर इस हफ्ते, खुम्बु आइसफॉल के उस दो मील के खतरनाक हिस्से ने दावा और उनकी 11 सदस्यीय विशिष्ट टीम को भी खौफ में डाल दिया है। भारी बर्फबारी के कारण बहुत बड़ी नीलीस-सफेद बर्फ की दीवार (सेराक) रास्ते में खड़ी हो गई है। यह दीवार इतनी विशाल है कि इसे पार करना बेहद खतरनाक है। फिलहाल ग्राउंड जीरो पर कोशिशों में जुटे जागंबू बताते हैं,‘रास्ते हर साल बंद होते हैं, पर मैंने अपनी जिंदगी में बर्फ का ऐसा पहाड़ रास्ते के बीच कभी नहीं देखा। हमने ड्रोन उड़ाकर देखा है, इसे पार करना अभी नामुमकिन है।’ यह मामूली रुकावट नहीं है, बल्कि एक ऐसी मौत की दीवार है जिसने सैकड़ों पर्वतारोहियों के सपनों को बेस कैंप में ही कैद कर दिया है।’ जांगबू कहते हैं ‘बेस कैंप अब एक तंबू के शहर में तब्दील हो चुका है, जहां 400 से ज्यादा पर्वतारोही टकटकी लगाए उस दीवार के पिघलने का इंतजार कर रहे हैं। चढ़ाई का समय तेजी से खत्म हो रहा है। नेपाल सरकार के लिए यह बड़ा राजस्व का मामला है, इसलिए विचार किया जा रहा है कि अगर एक-दो दिन में दीवार नहीं पिघली, तो गाइड्स को एयरलिफ्ट कर ऊपर पहुंचाया जाए। पहाड़ पर तीन बार फतह हासिल कर चुके दावा जांगबू जानते हैं कि रास्ता खुलने के बाद भी चुनौती कम नहीं होगी। सैकड़ों लोगों का एक साथ उस संकरे रास्ते से गुजरना एक नई मुसीबत को दावत देगा। जांगबू की नजरें अभी भी उस सफेद दीवार पर टिकी हैं- उन्हें इंतजार है कि कब उनका ‘मरीज’ उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता देगा। क्योंकि एवरेस्ट पर, आखिरी फैसला हमेशा पहाड़ का ही होता है। खतरा, इसी जगह पर 2014 में 16 गाइड्स की मौत हुई थी आइसफॉल डॉक्टर्स का काम दुनिया के सबसे खतरनाक पेशों में गिना जाता है। ये जांबाज उस वक्त पहाड़ पर चढ़ते हैं जब कोई और वहां जाने की सोच भी नहीं सकता। दरकते ग्लेशियरों के बीच रस्सियां बांधना और रसातल जैसी गहरी दरारों पर एल्युमीनियम की सीढ़ियां टिकाना बड़ी चुनौती रहती है। पर इस साल, खतरा पहले से कहीं ज्यादा है। अप्रैल 2014 की घटना इन शेरपाओं के जेहन में अब भी ताजा है, जब इसी जगह बर्फ की दीवार गिरने से 16 गाइड्स की मौत हो गई थी। वह एवरेस्ट के इतिहास का सबसे भीषण दिन था। स्थिति वैसी ही है और सुरक्षा से समझौता करना खुदकुशी के बराबर है।
पांच दिन में 41 से 45 डिग्री पहुंचा तापमान:श्योपुर में भीषण गर्मी से दोपहर में बाजार में सन्नाटा, मौसम विशेषज्ञ बोले- बढ़ सकता है टेम्प्रेचर

श्योपुर जिले में गर्मी का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिछले पांच दिनों से लगातार तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। अप्रैल के अंतिम हफ्ते में अधिकतम तापमान 41 डिग्री से बढ़कर 44.8 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री दर्ज किया गया। 26 अप्रैल को अधिकतम 44.2 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री रहा। इससे पहले 25 और 24 अप्रैल को भी तापमान 42 डिग्री से ऊपर बना रहा था, जबकि 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया था। दोपहर के समय शहर के बाजारों में सन्नाटा तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर के समय शहर के बाजारों में सन्नाटा छाया रहता है। लोग केवल आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जो लोग बाहर निकलते हैं, वे गर्मी से बचाव के लिए अपने चेहरे को कपड़े से ढंककर और सिर पर गमछा या टोपी लगाकर ही निकलते हैं। डॉक्टों ने इस भीषण गर्मी में सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनके अनुसार, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचना चाहिए। लू और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए अधिक से अधिक पानी पीना, हल्का भोजन करना और शरीर को हाइड्रेट रखना आवश्यक है। आगामी दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। इसे देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। प्रशासन ने भी आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें और गर्मी से बचाव के सभी उपायों का पालन करें। पिछले पांच दिनों को तापमान… 27- अप्रैल अधिकतम 44.8 न्यूनतम 27.4 26- अप्रैल अधिकतम 44.2 न्यूनतम 27.6 25 अप्रैल अधिकतम 42.2 न्यूनतम 26.6 24 अप्रैल अधिकतम 42.2 न्यूनतम 23.8 23 अप्रैल अधिकतम 41 न्यूनतम 23
एमजी रोड पर धंसी सड़क, फलों से भरा पिकअप फंसा:बड़वानी में घटिया सीवरेज कार्य से लगा जाम, रहवासी बोले-सही तरीके से नहीं हो रहा काम

बड़वानी जिला मुख्यालय के एमजी रोड पर मंगलवार सुबह एक फलों से भरा पिकअप वाहन सड़क में धंस गया। घटना के बाद कुछ समय तक रास्ते पर जाम की स्थिति बन गई और यातायात प्रभावित रहा। सीवरेज काम के बाद ठीक से नहीं बनी सड़क जानकारी के अनुसार, एमजी रोड पर सीवरेज लाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत ठीक से नहीं की गई थी। इसी कारण सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया और मंडी जा रहा पिकअप वाहन उसमें फंस गया। इस मार्ग पर पहले भी भारी वाहनों के फंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। रहवासियों ने जताई नाराजगी स्थानीय निवासी उदित ने बताया कि सीवरेज काम के बाद सड़क को सही तरीके से नहीं भरा जा रहा है। इसी वजह से आए दिन वाहन फंस रहे हैं और हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं, राजेश गुप्ता ने कहा कि इस घटना में बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि अगर वाहन पलट जाता तो नुकसान हो सकता था। ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग क्षेत्र के लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो आगे बड़ी घटना हो सकती है। नगर पालिका ने दिए जांच के निर्देश नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने बताया कि एमजी रोड के निर्माण को लेकर शिकायतें मिली हैं। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि लापरवाही पाए जाने पर भुगतान रोका जाएगा और नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीहोर-श्यामपुर मार्ग पर डामर पिघला:जिले में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा; अस्पतालों में बनी हीट स्ट्रोक यूनिट

सीहोर जिले में भीषण गर्मी और राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मंगलवार को तेज गर्मी के चलते सीहोर-श्यामपुर मार्ग पर सड़क का डामर पिघलना शुरू हो गया है। अप्रैल महीने में पिछले दो दिनों से पारा 44 डिग्री के पार बना हुआ है, जिसने गर्मी के कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। लू और हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए जिले के सभी अस्पतालों में ‘हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट’ और ओआरएस (ORS) कॉर्नर स्थापित कर दिए हैं। मई 2024 के बाद अप्रैल में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड जिले में इस साल अप्रैल माह में ही गर्मी ने पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इससे पहले 23 मई 2024 को सीहोर शहर का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन अप्रैल के महीने में ऐसी भीषण गर्मी पहले कभी रिकॉर्ड नहीं की गई। तेज धूप के कारण दोपहर के समय शहर की अधिकांश सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं। लोग केवल बहुत जरूरी काम होने पर ही खुद को कपड़े से ढककर घरों से बाहर निकल रहे हैं। CMHO ने दिए सतत निगरानी और उपचार के निर्देश बढ़ते तापमान के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने अलर्ट जारी किया है। उन्होंने जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारी अधिकारियों को सतत निगरानी और उपचार के निर्देश दिए हैं। मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके, इसके लिए अस्पतालों में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मियों का उन्मुखीकरण (Orientation) भी किया जा रहा है। अस्पतालों में ठंडे पानी, पंखे और ओआरएस कॉर्नर की व्यवस्था स्वास्थ्य संस्थाओं को आने वाले मरीजों में लू के लक्षणों की तुरंत जांच करने और उचित प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं। वार्डों में मरीजों के लिए ठंडे पेयजल और पंखों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तेज धूप में ज्यादा देर तक रहना लू लगने का प्रमुख कारण है, जिससे शरीर में पानी की कमी और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन हो सकता है। गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचाव के लिए सभी संस्थाओं में पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं और ओआरएस (ORS) कॉर्नर स्थापित किए गए हैं।
बड़वानी में वॉटर एटीएम बंद, रात में नहीं मिलता पानी:मरीज-छात्र परेशान, कहा-अधिकतर नहीं मिलता है पानी; नपा पर लापरवाही का आरोप

बड़वानी में गर्मी के साथ पेयजल संकट गहराता जा रहा है। शहर के कई इलाकों में लगे वॉटर एटीएम में पानी की सप्लाई ठीक से नहीं हो रही है। खासकर रात के समय ये एटीएम बंद रहते हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ मरीज और छात्र भी परेशान हैं। रात में पानी के लिए भटक रहे लोग स्थानीय निवासी मनोहर शर्मा ने बताया कि वे रोज रात में कोर्ट चौराहे से गुजरते हैं, जहां लोगों को पानी के लिए भटकते देखा जा सकता है। यहां लगा वॉटर एटीएम अधिकतर बंद ही रहता है। दिन में कुछ समय पानी मिलता है, लेकिन शाम के बाद हालात खराब हो जाते हैं। अस्पताल क्षेत्र में सबसे ज्यादा दिक्कत, छात्र भी परेशान सबसे गंभीर स्थिति अस्पताल के आसपास है। यहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। पानी नहीं मिलने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बाहर से पढ़ने आए छात्र भी पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। वे वॉटर एटीएम पर बोतल भरने पहुंचते हैं, लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ता है। पैसे देने के बाद भी नहीं मिला पानी मनोहर शर्मा ने बताया कि उन्होंने वॉटर एटीएम में पैसे भी डाले, लेकिन पानी नहीं मिला और बाद में पैसे वापस आ गए। उन्होंने इसे नगर पालिका की लापरवाही बताया है। शहर के मुख्य चौक और पुराने थाने क्षेत्र में भी वॉटर एटीएम बंद पड़े हैं। लोगों का कहना है कि यह समस्या रोज की बन गई है। तेज गर्मी में पानी की कमी से जीवन मुश्किल हो गया है। लोगों में बढ़ रहा गुस्सा महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं। नगर पालिका की सीएमओ सोनाली शर्मा ने कहा कि उन्हें इस समस्या की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि वॉटर एटीएम में नियमित पानी देने की व्यवस्था है, लेकिन अगर कहीं दिक्कत है तो उसे ठीक कराया जाएगा।
गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के लिये रोज की डाइट में जरूर करें इन चीजों को शामिल, जानिये

गर्मी का मौसम आते ही शरीर में थकान, चिड़चिड़ापन, पसीना, डिहाइड्रेशन और लू जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में सिर्फ ठंडा पानी पीना ही काफी नहीं होता, बल्कि सही ठंडी तासीर वाले और पानी से भरपूर फूड्स को डाइट में शामिल करना भी जरूरी होता है. ये फूड्स शरीर का तापमान संतुलित रखते हैं और एनर्जी भी बनाए रखते हैं.आइए जानते हैं गर्मी में शरीर को अंदर से ठंडा रखने वाले परफेक्ट फूड्स के बारे में. 1. खीराखीरा लगभग 95% पानी से बना होता है. यह शरीर को हाइड्रेट रखता है और पेट को ठंडक देता है. रोज सलाद या रायते के रूप में खीरा खाने से गर्मी से राहत मिलती है. 2. तरबूजतरबूज गर्मी का सबसे बेहतरीन फल माना जाता है. इसमें पानी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर होते हैं. यह शरीर को ठंडा रखने के साथ‑साथ डिहाइड्रेशन से बचाता है. 3. दही और छाछदही और इससे बनी छाछ पाचन को दुरुस्त रखती है और शरीर की गर्मी कम करती है. दोपहर के भोजन के साथ छाछ पीना लू से बचाव में मददगार होता है. 4. नारियल पानीनारियल पानी को नैचुरल एनर्जी ड्रिंक कहा जाता है. यह इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है और शरीर को तुरंत ठंडक देता है. रोज 1 गिलास नारियल पानी गर्मी में बहुत फायदेमंद है. 5. पुदीनापुदीने की तासीर ठंडी होती है. पुदीने की चटनी, जलजीरा या पुदीना पानी पीने से शरीर में ठंडक और ताजगी बनी रहती है. 6. सत्तूसत्तू को गर्मी का सुपरफूड कहा जाता है. सत्तू का शरबत पेट को ठंडा रखता है, शरीर को एनर्जी देता है और देर तक भूख नहीं लगने देता. 7. ककड़ी और लौकीककड़ी और लौकी दोनों ही पानी से भरपूर और हल्की सब्जियां हैं. ये पचाने में आसान होती हैं और शरीर का तापमान संतुलित रखती हैं. 8. आम पन्नाकच्चे आम से बना आम पन्ना लू से बचाने में बेहद असरदार होता है. यह शरीर में नमक और पानी का संतुलन बनाए रखता है. किन चीजों से बचेंगर्मी में बहुत ज्यादा तला‑भुना, मसालेदार, कैफीन और शराब से दूरी बनाना बेहतर रहता है, क्योंकि ये शरीर की गर्मी बढ़ाते हैं. अगर आप गर्मी में खुद को स्वस्थ, एक्टिव और ठंडा रखना चाहते हैं, तो इन फूड्स को रोजमर्रा की डाइट में जरूर शामिल करें. सही खान‑पान से गर्मी का असर काफी हद तक कम किया जा सकता है.
स्कूल में महापौर का स्वच्छता सरप्राइज टेस्ट:मेयर ने छात्रों से पूछा- इंदौर स्वच्छता ब्रांड कैसे बना? बताया जनभागीदारी का फॉर्मूला

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मंगलवार को चोइथराम स्कूल में स्टूडेंट के साथ स्वच्छता संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ‘सरप्राइज टेस्ट’ लेकर छात्रों की स्वच्छता संबंधी समझ परखी और शहर के लगातार स्वच्छता में नंबर-1 रहने के कारणों पर चर्चा की। ‘अ फॉरवर्ड स्टेप विद मेयर’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस संवाद में महापौर ने क्लास 9वीं से 12वीं तक के छात्रों से बातचीत की। उन्होंने पूछा कि इंदौर लगातार स्वच्छता में अव्वल क्यों है। इस पर छात्रों ने जवाब दिया कि जनभागीदारी और व्यवहार परिवर्तन इसकी सबसे बड़ी वजह है। महापौर ने भी इस बात पर जोर देते हुए कहा कि इंदौर अब एक स्वच्छता ब्रांड बन चुका है, जिसमें सबसे बड़ी भूमिका आम नागरिकों और खासतौर पर युवाओं की है। उन्होंने सेग्रीगेशन (कचरा अलग-अलग करने) के महत्व को समझाया और छात्रों से शहर के बारे में उनकी जानकारी भी परखी। सीवरेज पर बड़ा खुलासा, स्टूडेंट्स ने पूछे सवाल महापौर ने बताया कि शहर में रोजाना करीब 900 एमएलडी सीवरेज निकलता है, जबकि इसे ट्रीट करने की क्षमता सिर्फ 500 एमएलडी है। बाकी सीवरेज शहर की दो प्रमुख नदियों में चला जाता है, जिससे प्रदूषण बढ़ता है। उन्होंने कहा कि ट्रीटमेंट क्षमता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद के दौरान छात्रों ने सोलर एनर्जी, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, ट्रैफिक और फुटपाथ पर अवैध पार्किंग जैसे मुद्दों पर सवाल किए। साथ ही उन्होंने महापौर से यह भी पूछा कि वे नेगेटिविटी और क्रिटिसिज्म को कैसे हैंडल करते हैं। मेयर की अपील महापौर ने छात्रों से अपील की कि वे स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनें और शहर को साफ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने स्कूल मैनेजमेंट को भी सुझाव दिया कि ऐसे विषयों पर नियमित चर्चा कराई जाए।
पन्ना में दीवार गिरी, एक महिला की मौत:बारिश से बचने रुकी थी, 3 लोग घायल

पन्ना जिले के शाहनगर क्षेत्र के कचौरी गांव में सोमवार और मंगलवार (27 अप्रैल) की दरमियानी रात एक दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तेज आंधी-तूफान के कारण हुआ। प्रत्यक्षदर्शी निर्भय सिंह ने बताया कि अचानक मौसम बदलने से तेज आंधी और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान माया सिंह (40), जो पास की एक पेपर कार्टन फैक्ट्री से काम कर घर लौट रही थीं, बारिश से बचने के लिए निर्भय सिंह के घर के पास रुकीं। उनके साथ एक शादी समारोह से लौट रहे कुछ अन्य ग्रामीण भी बारिश से बचने के लिए वहीं खड़े थे, तभी हवा के तेज झोंके से पक्की ईंटों की दीवार ढह गई। मलबे में दबने से घायल हुई माया सिंह (40 वर्ष, पति प्रेम सिंह, निवासी कचौरी) की कटनी में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में निर्भय सिंह (42 वर्ष, पिता शंकर सिंह, निवासी कचौरी), रवि शंकर सिंह (35 वर्ष, पिता रोहाणी सिंह, निवासी खमतरा) और परसोत्तम सिंह (35 वर्ष, पिता ईश्वर दीन सिंह, निवासी चोपरा) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। दीवार गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर शाहनगर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन द्वारा नियमानुसार सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस प्राकृतिक आपदा ने पूरे कचौरी गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर शादी की खुशियां थीं, तो दूसरी ओर इस हादसे ने मातम पसार दिया। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
सिंगरौली में तीन सूने घरों में चोरी:ताले तोड़कर घुसे चोरों ने लाखों का सामान चुराया; एक स्कूटी भी लेकर फरार

सिंगरौली जिले के विंध्यनगर थाना अंतर्गत जयंत चौकी क्षेत्र में स्थित एनसीएल जयंत परियोजना की CWS कॉलोनी में चोरी की वारदात हुई है। जिले की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली इस कॉलोनी में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने तीन बंद पड़े आवासों को निशाना बनाया। चोरों ने घरों के ताले तोड़कर अंदर जमकर उत्पात मचाया। जिन घरों में चोरी हुई, उनके परिवार बच्चे की छुट्टियों और शादी-विवाह के कारण अपने पैतृक गांव गए हुए थे। सूने मकानों का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। तीनों घरों के लॉकर तोड़ दिए गए और सामान बिखरा मिला, जिससे यह स्पष्ट होता है कि चोरों ने काफी समय लेकर घरों की तलाशी ली। कॉलोनी से एक स्कूटी भी ले गए चोर चोर कॉलोनी से एक स्कूटी भी चोरी कर ले गए, लेकिन किसी भी गेट पर उसकी एंट्री दर्ज नहीं हुई। इस घटना ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जाता है कि कॉलोनी में करीब 15 सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, जिनकी भूमिका पर अब सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब इतनी सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनी में ऐसी वारदात हो सकती है, तो अन्य इलाकों की सुरक्षा का क्या होगा। मामले में थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और घर खाली छोड़ते समय पड़ोसियों व सुरक्षा कर्मियों को सूचित करने की सलाह दी है।
मस्जिद में महिलाओं के प्रवेश को लेकर SC में सुनवाई:मुस्लिम बोर्ड ने कहा था- वे घर पर ही इबादत करें, महिलाओं के खतना पर भी होगी बहस

केरलम के सबरीमाला मंदिर सहित धार्मिक स्थलों में महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव से जुड़ी याचिकाओं पर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। सबरीमाला पर बहस 22 अप्रैल को खत्म हो चुकी है। अब मुस्लिम धर्म में महिलाओं से जुड़े रीति-रिवाजों पर बहस जारी है। 23 अप्रैल को पिछली सुनवाई में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने कोर्ट से कहा था कि इस्लाम महिलाओं को नमाज के लिए मस्जिद आने से नहीं रोकता है, लेकिन यह बेहतर है कि वे घर पर ही इबादत करें। उधर मुस्लिम महिलाओं में एफजीएम (फीमेल जेनिटल म्यूटिलेशन) यानि खतना से जुड़ी प्रथा पर भी बहस होगी। 7 सवाल, जिनपर सुप्रीम कोर्ट में बहस हो रही सबरीमाला मामले पर 7 अप्रैल से 22 अप्रैल तक सुनवाई हुई सबरीमाला मंदिर मामले पर 7 अप्रैल से सुनवाई शुरू हुई थी। इस दौरान केंद्र सरकार ने महिलाओं की एंट्री के विरोध में दलीलें रखीं। सरकार ने कहा था कि देश के कई देवी मंदिरों में पुरुषों की एंट्री भी बैन है, इसलिए धार्मिक परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए। पिछले 7 दिन की सुनवाई में क्या हुआ, पढ़िए… 7 अप्रैल : केंद्र की दलील- मंदिर में महिलाओं की एंट्री का फैसला गलत 8 अप्रैल- जो भक्त नहीं, वो धार्मिक परंपरा को चुनौती कैसे दे रहा 9 अप्रैल- सुप्रीम कोर्ट बोला- मंदिरों में एंट्री रोकने से समाज बंटेगा 15 अप्रैल- सबरीमाला मैनेजमेंट बोला- अयप्पा मंदिर रेस्टोरेंट नहीं, यहां ब्रह्मचारी देवता 17 अप्रैल- SC बोला- संविधान सबसे ऊपर, निजी धार्मिक मान्यताओं से उठकर फैसला जरूरी 21 अप्रैल- सुप्रीम कोर्ट ने पूछा-छूने से देवता अपवित्र कैसे होते हैं 22 अप्रैल- सुप्रीम कोर्ट बोला- हिंदू एकजुट रहें, संप्रदायों में बंटे नहीं









