राजगढ़ के देवझिरी गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में साढ़े चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची खेलते-खेलते घर के अंदर बने पानी के टैंक में गिर गई, जिससे उसकी जान चली गई। मृतक बच्ची की पहचान माहीरा (4.5 वर्ष) के रूप में हुई, जो अपने मामा बद्रीलाल गुर्जर के घर रह रही थी। पुलिस के अनुसार, घटना के समय परिजन एक शादी समारोह में गए हुए थे और बच्ची घर में अकेली खेल रही थी। इसी दौरान वह अनजाने में टैंक में गिर गई। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत बच्ची को बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।














































