सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरमारी गांव से निकली बाणसागर परियोजना की पुरवा नहर में रविवार दोपहर डूबे दो नाबालिग बच्चों में से एक का शव लगभग 45 घंटे बाद मंगलवार सुबह बरामद कर लिया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने यह शव रामपुर बाघेलान के नेमुआ गांव के पास नहर में तलाशी अभियान के दौरान पाया, जो घटना स्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर है। जानकारी के अनुसार, चोरमारी गांव निवासी दो नाबालिग बच्चे रविवार को पुरवा नहर में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। एक बच्चे का शव मिला दूसरे की तलाश जारी
इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। लगातार करीब दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार को एक बच्चे का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 13 वर्षीय आयुष विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दूसरे बच्चे 15 वर्षीय आर्यन मिश्रा की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम नहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन ने आसपास के ग्रामीणों से भी अपील की है कि यदि नहर में किसी प्रकार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। इस मामले से जुड़ी यह खबर पढ़ें… सतना की पुरवा नहर में दो नाबालिग डूबे सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम चोरमारी स्थित पुरवा नहर में रविवार दोपहर करीब 2 बजे नहाते समय दो नाबालिग डूब गए। 15 वर्षीय आर्यन और 13 वर्षीय आयुष क्रिकेट खेलने के बाद नहाने उतरे थे और गहरे पानी में चले गए। पूरी खबर पढ़ें…













































