इंदौर में NEET (UG) 2026 परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
.
बैठक में बताया गया कि 3 मई को होने वाली परीक्षा के लिए जिले में 57 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23,160 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील परीक्षा है, इसलिए सुरक्षा, गोपनीयता और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और सभी केंद्रों पर बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं और सुविधाएं पुख्ता करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। गोपनीय सामग्री को बैंक लॉकर से केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए विशेष पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था होगी। परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग NTA के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। इसके अलावा, केंद्रों पर चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस, पेयजल, शौचालय, बिजली, परिवहन और दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर निगम द्वारा साफ-सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न हो और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए। सभी अधिकारियों को अपने दायित्व गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
पिछले साल बिजली गुल होने से कई छात्रों के रिजल्ट हुए थे प्रभावित
गौरतलब है कि पिछले वर्ष आंधी-बारिश के कारण कई केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिससे परीक्षार्थियों के पेपर प्रभावित हुए थे और मामला हाई कोर्ट तक पहुंचा था। इसी को देखते हुए इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, ताकि परीक्षा बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक आयोजित हो सके और विद्यार्थियों को सुरक्षित व सकारात्मक माहौल मिल सके।














































