श्योपुर-पाली हाईवे पर गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 24 वर्षीय युवक प्रदीप उर्फ गोलू जाटव की मौत हो गई। हादसा गुरुनावदा रोड स्थित ददूनी श्मशान घाट के पास हुआ। मृतक गुरुनावदा में अपने रिश्तेदार से मिलने के बाद वापस अपने गांव सोई कलां लौट रहा था, तभी रास्ते में तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट, घटनास्थल पर तोड़ा दम हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद प्रदीप के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद सोई कलां पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। परिवार का इकलौता सहारा था प्रदीप मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले प्रदीप की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उसके परिवार में डेढ़ साल का बेटा अरब और ढाई साल की बेटी हर्षिता है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस सोई कलां पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाकर मौत कारित करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए हाईवे पर लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की गिरफ्तारी की जा सके।












































