स्पोर्ट्स डेस्क1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
IPL 2026 के फाइनल की दोनों टीमें तय हो चुकी हैं। 31 जून को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खिताबी मुकाबला होगा। दोनों टीमों को दूसरे टाइटल का इंतजार है।
बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने बेंगलुरु को लगतार दूसरी बार फाइनल में पहुंचाया। उन्होंने क्वालिफायर-1 में गुजरात के खिलाफ नाबाद 93 रन की पारी खेलकर बेंगलुरु को जीत दिलाई। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल 2025 के प्लेऑफ में हार गए थे। लेकिन इस बार उन्होंने राजस्थान के खिलाफ शतक लगाया और अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
फाइनल में पहुंचने वाले दोनों टीमों के कप्तानों की स्ट्रैटजी और एनालिसिस को 3 फैक्टर्स में समझिए…
i. कब कप्तान बने, कप्तानी में क्या रिकॉर्ड रहा? ii. क्या स्ट्रैटजी अपनाई, पर्सनल परफॉर्मेंस कैसा रहा? iii. एक्सपर्ट्स की राय और ओवरऑल रिकॉर्ड क्या रहा?
1. रजत पाटीदार (RCB)
i. दो सीजन में कप्तानी की और दोनों बार फाइनल में
बेंगलुरु ओवरऑल पांचवीं बार फाइनल में पहुंची। टीम ने इस सीजन से पहले 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल खेला था। रजत पाटीदार दूसरे सीजन में टीम की कमान संभाल रहे हैं और दोनों बार टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। लीग स्टेज में बेंगलुरु 10 टीमों में पहले स्थान पर रही।
कप्तान पाटीदार ने इस सीजन में 5 फिफ्टी लगाई। टीम ने उनकी कप्तानी में गुजरात, दिल्ली और मुंबई को 2-2 बार हराया। वहीं क्वालिफायर-1 में प्लेऑफ का सबसे बड़ा स्कोर 254/5 भी बनाया।
रजत पाटीदार के IPL फैक्ट्स
- 2021 से शुरुआत: पाटीदार को RCB ने IPL 2021 से पहले साइन किया था। हालांकि, उस सीजन उन्होंने केवल 4 मैच खेले और मात्र 71 रन बनाए, फिर उन्हें रिलीज कर दिया गया।
- 2022 में वापसी: 2022 में पाटीदार को लवनीत सिसोदिया के रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया। इस सीजन वे टीम के तीसरे टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने एलिमिनेटर में लखनऊ के खिलाफ 54 गेंद पर नाबाद 112 रन बनाकर टीम को जीत भी दिलाई।

रजत पाटीदार इस सीजन 41 सिक्स लगा चुके हैं।
- 2023 में चोट के कारण बाहर: पाटीदार IPL 2023 में नहीं खेल पाए, क्योंकि उन्हें एड़ी में चोट थी।
- 2024 में स्पिनर्स के खिलाफ अटैकिंग बैटिंग: पाटीदार ने 2024 में स्पिनर्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। 2024 में उन्होंने 13 पारियों में 395 रन बनाए, जिनमें 5 अर्धशतक शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 177.13 का रहा।
- 2025 में चैंपियन बनाया: 18वें सीजन में पाटीदार को RCB का कप्तान बनाया गया। उन्हें टीम ने 11 करोड़ में रिटेन किया था। इस सीजन बतौर कप्तान पाटीदार ने 12 में से 9 मैचों में टीम को जीत दिलाई और बेंगलुरु को पहली बार IPL ट्रॉफी दिला दी।

ii. अपनी परफॉर्मेंस से टीम को लीड किया
रजत पाटीदार इस सीजन 14 मैचों में 486 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 196.76 का रहा है। टूर्नामेंट में रजत पाटीदार की स्ट्रैटजी…
- अटैकिंग फील्ड सेटअप: रजत पाटीदार ने अटैकिंग और बैलेंस्ड कप्तानी की। उन्होंने पावरप्ले में कई बार अटैकिंग फील्डिंग सेटअप रखा। विकेट गिर जाने पर एक एक्स्ट्रा फील्डर सर्कल के अंदर रखा, ताकि दबाव बढ़े।
- स्मार्ट टीम सिलेक्शन, इम्पैक्ट प्लेयर का सही इस्तेमाल: पाटीदार ने टीम, पिच और मैच सिचुएशन देखकर टीम सिलेक्ट की और इम्पैक्ट प्लेयर का सही इस्तेमाल किया। खास बात यह भी रही कि टीम ने प्लेइंग-11 में ज्यादा बदलाव नहीं किए, ताकि खिलाड़ियों को अपना रोल साफ-साफ पता रहे।
- बॉलर्स का टैक्टिकल इस्तेमाल: बेंगलुरु के इस बार फाइनल में पहुंचने में सबसे बड़ा योगदान बॉलर्स का रहा। पाटीदार ने भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी और रसिख डार जैसे बॉलर्स का सही इस्तेमाल किया। भुवनेश्वर इस सीजन के टॉप विकेट टेकर हैं।
- टीम स्पिरिट: टीम के सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली के साथ मिलकर कप्तान पाटीदार ने खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की आजादी दी। जिससे ड्रेसिंग रूम का माहौल पॉजिटिव रहा।

iii. रजत दबाव में भी शांत रहते हैं
रजत ने पहली ही बार में बेंगलुरु को IPL चैंपियन बना दिया था। उन्होंने भारत के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्यप्रदेश की कप्तानी की और 2024-25 के सीजन में टीम को फाइनल में पहुंचाया था। रजत ने IPL में 27 मैचों में कप्तानी की, 19 में टीम को जीत दिलाई। यानी 70% सक्सेस रेट रहा।
रजत के बारे में पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ कहते हैं-
रजत मैच की परिस्थितियों को बेहतरीन तरीके से समझते हैं। घरेलू क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों को भरोसा करना चाहिए, रजत इसका बेहतरीन उदाहरण हैं।

वहीं RCB के मेंटर दिनेश कार्तिक ने कहा-
रजत ने कप्तानी के दबाव को बहुत अच्छी तरह से संभाला है। एक कप्तान के रूप में उनकी विनम्रता और खेल के प्रति समझ बेहद प्रभावशाली है।

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा-
नॉकआउट और प्लेऑफ मुकाबलों में रजत का प्रदर्शन शानदार रहा है। उनकी कप्तानी और लगातार अच्छे बल्लेबाजी प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय चयनकर्ताओं को उन पर विचार करना चाहिए।


2. शुभमन गिल (GT)
i. गिल की कप्तानी में पहला फाइनल खेलेगी गुजरात टीम
शुभमन गिल ने बतौर कप्तान पहली बार गुजरात को IPL फाइनल में पहुंचाया है। उनसे पहले टीम दो बार हार्दिक पंड्या की कप्तानी में 2022 और 2023 के फाइनल में पहुंची थी। टीम 5 साल के भीतर अपना तीसरा फाइनल खेलेगी।
गिल की कप्तानी में गुजरात ने लीग स्टेज में 14 में से 9 मुकाबले जीते और पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में जगह बनाई। क्वालिफायर-1 में RCB से हार के बाद टीम ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
शुभमन गिल के IPL फैक्ट्स
- 2018 में कोलकाता से शुरुआत: गिल ने IPL करियर की शुरुआत 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ की। वे 2018 से 2021 तक टीम का हिस्सा रहे। 2020 में वे 440 रन बनाकर कोलकाता के टॉप स्कोरर रहे, जबकि 2021 में 478 रन बनाकर टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, 2021 सीजन के बाद KKR ने उन्हें रिटेन नहीं किया।
- 2022 में गुजरात के साथ चैंपियन बने: मेगा ऑक्शन के बाद गिल गुजरात टाइटंस (GT) से जुड़े। अपने पहले ही सीजन में उन्होंने 483 रन बनाए और टीम को डेब्यू सीजन में खिताब जिताने में योगदान दिया।

शुभमन गिल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शतक लगा दिया।
- 2023 में ऑरेंज कैप जीती: गिल का बेस्ट IPL सीजन 2023 रहा। उन्होंने 17 मैचों में 890 रन बनाए। 157.80 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की।
- 2024 में पहली बार कप्तान बने: हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस जाने के बाद गुजरात ने गिल को कप्तानी सौंपी। यह उनके IPL करियर की पहली कप्तानी थी। हालांकि, टीम इस सीजन पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर रही।
- 2025 में GT को प्लेऑफ में पहुंचाया: गिल ने 2025 में 650 रन बनाए। उनकी कप्तानी में गुजरात चौथे स्थान पर रही और प्लेऑफ तक पहुंची।
- 2026 में टीम को फाइनल तक पहुंचाया: गिल ने 2026 में 15 मैचों में 722 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 6 अर्धशतक शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 163.71 रहा। कप्तान के रूप में गुजरात को 15 में से 10 मैच जिताए और 66.67% विनिंग रेट के साथ फाइनल में जगह बनाई।

ii. कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में मिसाल
गिल ने इस सीजन कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वालिफयर-2 में शतक लगाया और टीम को फाइनल में पंहुचा दिया।
टूर्नामेंट में शुभमन गिल की स्ट्रैटजी…
- साई सुदर्शन के साथ कामयाब ओपनिंग जोड़ी बनाई: गुजरात की सफलता की बड़ी वजह उसकी मजबूत ओपनिंग जोड़ी रही। गिल और साई सुदर्शन ने मिलकर 1432 रन जोड़े।
- टीम को रिबिल्ड किया: 2024 में निराशाजनक सीजन के बाद गिल ने टीम को दोबारा जोड़ा। गुजरात ने लगातार दूसरे साल प्लेऑफ में जगह बनाई और इस बार फाइनल तक पहुंची।
- बड़े मैचों में हार के बाद वापसी कराई: क्वालिफायर-1 में बेंगलुरु से 92 रन की बड़ी हार के बाद टीम दबाव में थी, लेकिन गिल ने खिलाड़ियों का मनोबल बनाए रखा।
- हालात के मुताबिक फैसले: पूरे सीजन में गिल ने गेंदबाजी बदलाव और फील्ड सेटिंग में परिपक्वता दिखाई। गिल ने बॉलर्स में कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान का सही तरीके से प्रयोग किया।

iii. गिल बेहतरीन लीडर हैं
गिल ने IPL में अब तक 42 मैचों में कप्तानी की है। इनमें 24 मुकाबलों में टीम को जीत मिली है। कप्तान के रूप में उनका विनिंग प्रतिशत 57.14 रहा है। 2026 में GT ने उनकी कप्तानी में 66.67% मैच जीते।
उनकी कप्तानी पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कहा-
शुभमन गिल बेहद शांत कप्तान हैं। वे दबाव में घबराते नहीं और मैच को अच्छी तरह पढ़ते हैं। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

पूर्व भारतीय विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने कहा-
गिल ने बहुत कम समय में कप्तानी की जिम्मेदारी को शानदार तरीके से निभाया है। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों का पूरा भरोसा जीता है।

वहीं पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने कहा-
शुभमन की नेतृत्व क्षमता लगातार बेहतर हो रही है। बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों में उन्होंने खुद को साबित किया है














































