अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में युवतियों और महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। इस बार महिला दिवस (8 मार्च)के उपलक्ष्य में खासतौर पर शहर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अंतर्गत आने वाले प्रमुख ऐतिहासिक विरासत और संग्रहालय नि:शुल्क रहेंगे। यहां खासतौर पर महिलाओं के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ग्वालियर में एएसआई के अधीन किले पर तेली का मंदिर, मानसिंह पैलेस, सहस्त्रबाहु मंदिर आदि आते हैं। इस संबंध में एएसआई ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की संख्या को बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, विश्व धरोहर दिवस, अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, विश्व धरोहर सप्ताह समारोह और दिव्यांग व्यक्तियों के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर यह छूट लागू होगी।
बाल भवन में फ्री कैंप आधार कार्ड जरूरी
नगर निगम ग्वालियर की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बालिकाओं के लिए नि:शुल्क ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की पहल भी की गई है। यह शिविर बाल भवन में 9 मार्च को सुबह 11 बजे से लगाया जाएगा। इस कैंप में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग की बालिकाओं और महिलाओं के ड्राइविंग लाइसेंस बनेंगे। इसके लिए आधारकार्ड, समग्र आईडी इत्यादि दस्तावेज जरूरी होंगे।













































