डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘स्पिरिट’ का नया पोस्टर सोशल मीडिया पर रविवार शेयर किया। इसमें प्रभास काले कपड़ों, टोपी और चश्मे में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में उनका लुक काफी गंभीर दिख रहा है। इसके साथ फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आई है। ‘स्पिरिट’ 29 अक्टूबर 2027 को दिवाली के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, प्रणय रेड्डी वांगा और प्रभाकर रेड्डी वांगा फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। ‘स्पिरिट’ में प्रभास पुलिस अफसर के रोल में मेकर्स ने इससे पहले फिल्म से 2026 के न्यू ईयर के दिन प्रभास का फिल्म से पहला लुक जारी किया था। पोस्टर में वह घायल पीठ के साथ गंभीर अंदाज में नजर आए थे। पोस्टर में फीमेल लीड तृप्ति डिमरी प्रभास के किरदार को सिगरेट जलाते हुए दिखी थीं। फिल्म में विवेक ओबेरॉय भी हैं। ऐश्वर्या देसाई इस फिल्म से डेब्यू कर रही हैं। दीपिका पादुकोण के ‘स्पिरिट’ से बाहर होने पर विवाद हुआ स्पिरिट से दीपिका पादुकोण के बाहर होने को लेकर फिल्म चर्चा में आ गई थी। वहीं, संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय रेड्डी वांगा ने फिल्म ‘स्पिरिट’ से दीपिका पादुकोण के बाहर होने को लेकर बड़ा दावा किया था। NTV को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि दीपिका ने फिल्म के लिए भारी फीस के साथ 10% प्रॉफिट शेयर मांगा था। मेकर्स उनकी मांग से सहमत नहीं हुए थे। इसके बाद उन्होंने दूसरे कलाकारों पर विचार शुरू किया था। प्रणय के मुताबिक, इसी दौरान फिल्म की कहानी और किरदार से जुड़ी जानकारी लीक हो गई थी। उन्होंने कहा था कि इससे निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा नाराज हुए थे। प्रणय ने बिना नाम लिए दीपिका पर सवाल भी उठाए थे। उन्होंने पूछा था कि मेकर्स की मेहनत वाली कहानी लीक करना कौन सा फेमिनिज्म है। दीपिका के फिल्म से बाहर होने के बाद प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी को कास्ट किया गया था।















































