शहर में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लसूड़िया क्षेत्र में टेलीग्राम के जरिए होटल और प्रॉपर्टी को 5 स्टार रेटिंग देने के नाम पर एक युवक से लाखों रुपए की ठगी कर ली गई। मामला साइबर सेल तक पहुंच गया है और जांच जारी है। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक पिंक सिटी निवासी विनय कुमार को 23 नवंबर 2025 को बजाज फिनसर्व कंपनी के नाम से मैसेज मिला। इसमें रोजाना रेटिंग देने पर कमीशन देने का लालच दिया गया। शुरुआत में छोटे अमाउंट डलवाए गए और फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम जमा करवाई गई। इंसेंटिव का झांसा, बढ़ती गई रकम
आरोपियों ने पहले करीब 1.62 लाख रुपए खाते में डलवाए। इसके बाद इंसेंटिव का लालच देकर और पैसे मांगते रहे। प्रीति नाम की महिला ने 1 लाख रुपए और डालने पर पूरा पैसा इंसेंटिव के साथ लौटाने की बात कही। शक हुआ तो बैंक और साइबर सेल पहुंचा मामला
शक होने पर विनय ने एचडीएफसी बैंक में कॉल कर ट्रांजेक्शन रुकवाने की कोशिश की और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के मुताबिक वह अब तक करीब 3 लाख 12 हजार रुपए आरोपियों को दे चुका है। बाद में आरोपियों ने उसे व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर ब्लॉक कर दिया। युवती से 19 लाख की ठगी, जान-पहचान का फायदा उठाया एक अन्य मामले में युवती के साथ करीब 19 लाख रुपए की ठगी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक पारुल नाम की युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि शुभम गुप्ता नाम के व्यक्ति ने कई ट्रांजेक्शन के जरिए उसके खाते से करीब 18.81 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए। इस मामले में भी साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है और एफआईआर दर्ज कर ली गई है।












































