खंडवा. गर्मी का मौसम शुरू होते ही त्वचा से जुड़ी समस्याएं बढ़ने लगती हैं. तेज धूप, पसीना और गर्म हवाएं स्किन को नुकसान पहुंचाती हैं. इस वजह से कई लोगों को जलन, लालपन, टैनिंग और रूखापन जैसी समस्याएं होने लगती हैं. खंडवा निवासी डॉक्टर अनिल पटेल के मुताबिक, अगर रोजाना कुछ आसान स्किन केयर रूटीन अपनाए जाएं, तो गर्मियों में भी त्वचा को हेल्दी और ग्लोइंग रखा जा सकता है. गर्मी में सनस्क्रीन का इस्तेमाल सबसे जरूरी है. बाहर जाने से करीब 20 मिनट पहले SPF 30 या उससे ज्यादा वाली सनस्क्रीन लगाएं. यह त्वचा को हानिकारक UV किरणों से बचाती है और टैनिंग कम करती है.
उन्होंने कहा कि गर्मी में शरीर के साथ-साथ त्वचा को भी हाइड्रेशन की जरूरत होती है. दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए. इससे शरीर के टॉक्सिन बाहर निकलते हैं और स्किन फ्रेश और ग्लोइंग दिखती है.
दिन में दो बार चेहरे की सफाई जरूरी
पसीना और धूल-मिट्टी से चेहरे पर गंदगी जमा हो जाती है, इसलिए सुबह और रात को अच्छे फेसवॉश से चेहरा साफ करें. इससे पिंपल्स और स्किन इंफेक्शन का खतरा कम होता है.
हल्का मॉइश्चराइजर ही करें इस्तेमाल
गर्मी में भारी और ऑयली क्रीम से बचना चाहिए. इसके बजाय हल्का या जेल-बेस्ड मॉइश्चराइजर लगाएं. यह त्वचा को नमी देता है और इससे चिपचिपाहट भी नहीं होती.
घरेलू फेस पैक से दें ठंडक
स्किन को ठंडक देने के लिए घरेलू चीजों का इस्तेमाल करें. एलोवेरा जेल, खीरा, दही और गुलाब जल से बने फेस पैक काफी फायदेमंद होते हैं. ये त्वचा की जलन कम करते हैं और नैचुरल ग्लो बढ़ाते हैं.
धूप से बचाव भी है जरूरी
तेज धूप में निकलते समय छाता, टोपी या स्कार्फ का इस्तेमाल करें. इससे स्किन सीधे धूप के संपर्क में आने से बचती है. टैनिंग और सनबर्न की समस्या भी कम होती है.
हेल्दी डाइट से मिलेगा नेचुरल ग्लो
डॉक्टर के अनुसार, स्किन के लिए सही खानपान भी बहुत जरूरी है. गर्मी में तरबूज, खीरा, नारियल पानी और मौसमी फल ज्यादा खाएं. ये शरीर को ठंडक देते हैं और त्वचा को अंदर से हेल्दी बनाते हैं.
अगर आप गर्मियों में रोजाना ये आसान स्किन केयर टिप्स अपनाते हैं, तो त्वचा को धूप और गर्मी से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है. साथ ही आपकी स्किन लंबे समय तक हेल्दी, फ्रेश और नेचुरली ग्लोइंग बनी रहती है.












































