Last Updated:
भारतीय रसोई में पाया जाने वाला साधारण-सा दिखने वाला अजवाइन केवल खाने का स्वाद बढ़ाने का ही काम नहीं करता, बल्कि असल में यह हमारे स्वास्थ्य के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. अगर इसे सही तरीके से अपने रोज़ाना के आहार में शामिल किया जाए, तो यह पेट से जुड़ी कई तरह की समस्याओं को दूर करने में मदद कर सकता है.
Ajwain : अजवाइन भारतीय रसोई का एक ज़रूरी हिस्सा है. चाहे पराठा हो या पूरी, अजवाइन लगभग हर व्यंजन में उसका स्वाद बढ़ाने के लिए डाली जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह मसाला सिर्फ़ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि आपकी सेहत के लिए भी बेहद फ़ायदेमंद है? इसके अंदर मौजूद औषधीय गुण पेट दर्द, गैस, सर्दी, खांसी और कब्ज़ जैसी बीमारियों को दूर करने में बहुत असरदार होते हैं. तो आइए, अजवाइन के इन जादुई फ़ायदों के बारे में जानते हैं.

अजवाइन में थाइमोल नाम का तत्व होता है, जो पेट में गैस्ट्रिक जूस बनाने में मदद करता है. इससे पेट दर्द, गैस, अपच और क्रैम्प जैसी समस्याओं से राहत मिलती है. यह पाचन तंत्र को शांत करता है और पेट की मांसपेशियों को आराम देता है.

अजवाइन का सेवन ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में मदद कर सकता है. इसमें मौजूद थाइमोल जैसे तत्व ब्लड वेसल्स को रिलैक्स करते हैं, इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और दिल की सेहत भी अच्छी रहती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अजवाइन शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) और ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर कम करने में मदद करता है, साथ ही अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) को भी बढ़ाता है. इससे रक्त वाहिकाओं में रुकावट का खतरा कम होता है और दिल की सेहत बेहतर होती है.

अजवाइन खांसी और जुकाम में बहुत फायदेमंद है. यह बलगम निकालने में मदद करती है. अजवाइन की चाय पीने से गले में दर्द, खांसी और बंद नाक में आराम मिलता है.

अजवाइन में ऐसे तत्व होते हैं जो सूजन कम करने में मदद करते हैं, जिससे जोड़ों के दर्द और गठिया जैसी समस्याओं में आराम मिलता है. यह शरीर की मूवमेंट को भी बेहतर बनाता है.

आप अजवाइन को कई तरीकों से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं. आप बीजों को रातभर भिगो सकते हैं और सुबह उसका पानी पी सकते हैं. आप अजवाइन पाउडर को गुनगुने पानी या शहद के साथ मिलाकर ले सकते हैं. इसके अलावा, आप बीजों को 5 मिनट तक उबालकर चाय बना सकते हैं, या इसे पूरी या पराठे में डालकर रोज के खाने में शामिल कर सकते हैं. अजवाइन का ज्यादा सेवन नुकसानदायक हो सकता है. इससे एसिडिटी, हार्टबर्न और अल्सर जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. बहुत ज्यादा खाने से चक्कर या उल्टी जैसा भी महसूस हो सकता है. प्रेग्नेंट महिलाओं को इसे सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए. अगर आपको कोई हेल्थ प्रॉब्लम है, तो अजवाइन को डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें.

(नोट: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं पर आधारित है. News18 इसकी पुष्टि नहीं करता. कोई भी कदम उठाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)
















































