स्पोर्ट्स डेस्क1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज खेला जाएगा। मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा।
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहली बार वनडे सीरीज खेली जाएगी। इससे पहले दोनों टीमें वर्ल्ड कप और एशिया कप में आमने-सामने हुई थीं।
विराट कोहली और हार्दिक पंड्या चोट के कारण बाहर हो गए हैं। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। ऐसे में प्रिंस यादव और गुरनूर बरार में से एक को डेब्यू कैप मिल सकती है।
धर्मशाला में मौसम मैच पर असर डाल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बारिश की संभावना 55% है।
भारत-अफगानिस्तान में 4 वनडे, इंडिया ने 3 जीते
भारत और अफगानिस्तान के बीच 4 वनडे मैच खेले गए हैं। भारत ने तीन मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है।
अफगानिस्तान अभी तक भारत के खिलाफ वनडे में जीत दर्ज नहीं कर सका है। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2023 वनडे वर्ल्ड कप में दिल्ली में हुई थी, जहां भारत ने 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की थी।

भारत की नजर शुभमन-रोहित पर
- विराट कोहली की गैरमौजूदगी में भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल पर होगी। एक जनवरी 2025 के बाद वनडे क्रिकेट में शुभमन गिल ने 625 रन बनाए हैं। वहीं रोहित शर्मा ने 17 मैचों में 711 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।
- टीम मैनेजमेंट नंबर-3 पर ईशान किशन, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल जैसे विकल्पों को भी आजमा सकता है।
- गेंदबाजी में कुलदीप यादव भारत को लीड करेंगे। उन्होंने 2025 के बाद 22 विकेट लिए हैं। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह पर नई गेंद से अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी।

अफगानिस्तान की ताकत जादरान-राशिद
- अफगानिस्तान की बल्लेबाजी इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमत शाह और अजमतुल्लाह उमरजई पर टिकी होगी। जादरान ने 2025 के बाद सिर्फ 6 वनडे में 429 रन बनाए हैं और उनका औसत 71.50 रहा है।
- अजमतुल्लाह उमरजई हाल के समय में अफगानिस्तान के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर बनकर उभरे हैं। उन्होंने पिछले 10 वनडे मैचों में 24 विकेट लिए हैं और बल्ले से भी लगातार योगदान दिया है। 2023 वर्ल्ड कप में भारत की पिचों पर उनका प्रदर्शन शानदार रहा था।
- अफगानिस्तान को सबसे बड़ी मजबूती स्टार लेग स्पिनर राशिद खान की वापसी से मिली है। राशिद भारत के खिलाफ 3 वनडे में 5 विकेट ले चुके हैं और IPL 2026 में भी शानदार फॉर्म में थे।

HPCA में बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों दोनों को मदद
धर्मशाला का HPCA स्टेडियम समुद्र तल से काफी ऊंचाई पर स्थित है। यहां गेंद तेजी से बल्ले पर आती है और आउटफील्ड भी तेज रहती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और अतिरिक्त उछाल मिलती है, जबकि बाद में बल्लेबाज खुलकर रन बना सकते हैं।
इस मैदान पर अब तक 9 वनडे खेले गए हैं, जिनमें 5 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर करीब 253 रन है। 2023 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 388 रन बनाकर यहां का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था।
श्रेयस 3 हजार वनडे रन से 23 रन दूर
- भारत ने अपने पिछले पांच वनडे मैचों में दो जीते हैं, जबकि तीन हारे हैं। इसमें हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ होम सीरीज की हार भी शामिल है। अफगानिस्तान लगातार चार वनडे जीतकर आया है।
- श्रेयस अय्यर 3000 वनडे रन पूरे करने से 23 रन दूर हैं। वहीं कप्तान शुभमन गिल को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 47 रन की जरूरत है।
पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव/गुरनूर बरार।
अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी/इकराम अलिखिल , राशिद खान, मोहम्मद सलीम, अल्लाह गजनफर, जिया-उर-रहमान।
——————————————-
क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
6 प्लेयर्स जो भारत को वर्ल्ड चैंपियन बना सकती हैं; हरमन, दीप्ति और शेफाली जैसे नाम

विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का पहला मैच कल पाकिस्तान से होगा। पिछले ही साल वनडे वर्ल्डकप जीत चुकी हरमनप्रीत की ये टीम टी-20 वर्ल्डकप की भी सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही है। पढ़ें पूरी खबर














































