Last Updated:
अगर आपके आसपास आवारा कुत्ते घूमते हैं या जहां आपका बच्चा खेलता है वहां कुत्तों के झुंड दिखाई देते हैं तो आपको इन कुत्तों की हरकतों को समझना बहुत जरूरी है. कहीं ऐसा न हो कि उनमें कोई रेबीज वाला कुत्ता हो जो आपके बच्चे या आपको नुकसान पहुंचा दे. आइए यहां जानते हैं रेबीज वाले कुत्तों की 5 हरकतें, जिन्हें देखते ही वहां से दूरी बना लें..
कौन से कुत्ते होते हैं रेबीज वाले डॉग, कैसे पहचानें, ये हैं लक्षण.
Rabies Dogs Symptoms: शहर चाहे कोई भी हो कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा. सड़कों से लेकर मोहल्लों और यहां तक कि गेटेड सोसायटीज के अंदर भी आवारा कुत्ते घूमते दिखाई देते हैं और जब तब बच्चों से लेकर बड़ों पर हमला बोल देते हैं. हालांकि सामान्य कुत्तों के काटने का खतरा इतना ज्यादा नहीं रहता जितना कि रेबीज वाले कुत्ते का खतरा होता है, लेकिन ऐसे कुत्तों की पहचान कठिन होती है यही वजह है कि बचाव के लिए प्रत्येक डॉग बाइट के बाद भारत में रेबीज की वैक्सीन दी जाती है.
हालांकि ऐसा नहीं है कि रेबीज के कुत्तों को पहचाना नहीं जा सकता, एक्सपर्ट्स की मानें तो रेबीज से ग्रस्त कुत्ते कुछ ऐसी हरकतें करते हैं, जिनसे वे तुरंत पहचान में आ जाते हैं. आज हम आपको डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, नई दिल्ली में कम्यूनिटी मेडिसिन के डॉक्टर सागर बोरकर की ओर से रेबीज वाले कुत्तों की 5 सबसे सटीक हरकतें बताने जा रहे हैं. जिनके दिखते ही उन कुत्तों से तुरंत दूरी बना लें क्योंकि ऐसे कुत्तों का काटना ही नहीं चाटना भी खतरनाक होता है.
ये हैं रेबीज वाले कुत्तों के 5 लक्षण
- . अगर कुत्ता लगातार अपने सिर को ऊपर नीचे कर रहा हो तो यह न्यूरोलॉजिकल डैमेज का संकेत है और यह रेबीज का मजबूत लक्षण है. ऐसे कुत्तों के पास न खुद जाएं और न बच्चों को जाने दें.
- . बहुत पतला और कमजोर कुत्ता हो बार-बार गोल-गोल घूम रहा हो तो उसके पास बिल्कुल न जाएं, इस तरह का व्यवहार रेबीज का तगड़ा संकेत होता है. लोगों को लगता है कि ऐसा करके डॉग खेल रहा है और एक्साइटमेंट में आकर बच्चे उसे छू लेते हैं लेकिन ऐसा कुत्ता तत्काल हमला कर सकता है और काट सकता है.
- . अगर किसी कुत्ते के मुंह से लार टपक रही है या झाग गिर रहे हैं और उसका मुंह काफी देर तक खुला ही हुआ है तो यह रेबीज वाले कुत्ते का लक्षण हो सकता है.
- . अगर कोई कुत्ता ठीक से चल नहीं पा रहा है, बहुत सुस्त है या मुंह से नॉर्मल भोंकने के बजाय अजीब-अजीब आवाजें निकाल रहा है या कहीं-कहीं मुंह मार रहा है जैसे वह कुछ काटना या खाना चाहता है तो उसे रेबीज हो सकता है.
- . अगर रोशनी या आवाज के प्रति कुत्ता सेंसिटिव हो रहा है और असामान्य रिएक्ट कर रहा है, या गुस्सा हो रहा है तो यह भी रेबीज का लक्षण हो सकता है.
ऐसे कुत्तों को देखकर क्या करें?
हजारों डॉग बाइट के केसेज को हैंडल कर चुके डॉ. बोरकर कहते हैं कि ऐसे कुत्तों की पहचान करने के बाद उनसे दूरी बनाना सबसे बेहतर है. पेरेंट्स न तो खुद ऐसे कुत्तों के पास जाएं और न ही उनके आसपास से बच्चों को गुजरने या उन्हें छूने दें, क्योंकि अगर जरा सी भी लापरवाही हुई तो रेबीज से ग्रस्त डॉग अचानक हमला कर सकता है.
चूंकि रेबीज होने के बाद इसका कोई इलाज नहीं है और सिर्फ बचाव ही इसका इलाज है, ऐसे में अगर कुत्ते ने जरा सी खरोंच भी लगाई है तो तुरंत डॉक्टर के पास पहुंचकर रेबीज का वैक्सीन लगवाएं और जरूरी एहतियात बरतें.
कुत्ता काट ले तो क्या करें?
डॉग चाहे काटे या पंजा मारे, लगातार 15 मिनट तक बिना रुके साबुन और पानी से हाथ या प्रभावित जगह को धोते रहें और उसके बाद सीधे डॉक्टर के पास जाएं. रेबीज की वैक्सीन लगवाएं और बिना एक दिन भी देरी किए बताए गए शेड्यूल के अनुसार रेबीज वैक्सीन का पूरा कोर्स करें. अगर एक भी खुराक छोड़ दी और रेबीज फैल गया तो फिर मरीज की जान ही जाती है.
About the Author

Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें













































