सीतलामाता बाजार हो या दवा बाजार, जेल रोड या एमजी रोड… हर जगह बेतरतीब खड़े वाहन और बाजारों में पैदल चलने तक की जगह नहीं। बावजूद पार्किंग के नाम पर प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त मुहिम दो साल बाद भी सिर्फ बैठकों तक ही सीमित रही। 40 लाख आबादी वाले शहर में 20 हजार से ज्यादा मल्टियां हैं, लेकिन अब तक सिर्फ 181 बिल्डिंगों की ही जांच या सर्वे हो सका है। 134 बहुमंजिला भवन सील किए गए हैं। 96 बिल्डिंग में ही बेसमेंट को पार्किंग में कन्वर्ट किया गया है। इनमें 87 में टू-व्हीलर तो 7 बिल्डिंगों में कार पार्किंग दोबारा शुरू हो सकी है। ये आंकड़े 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2026 तक के हैं। साल 2026 में जनवरी से अब तक 22 जोन में 67 बिल्डिंगों की जांच की गई है। इनमें से भी मात्र 27 में पार्किंग शुरू करवाई गई है। मुहिम अब तक बड़े बाजारों से दूर
जेल रोड, दवा बाजार, खजूरी बाजार, छावनी, गीता भवन, ढक्कनवाला कुआं, साउथ तुकोगंज, रेसकोर्स रोड, हाई कोर्ट से मालवा मिल, अन्नपूर्णा रोड, विजय नगर से सुखलिया, शहर के प्रमुख अस्पतालों में कहीं भी बेसमेंट पार्किंग पूरी तरह नहीं हो रही है। सपना-संगीता रोड पर टू-व्हीलर मार्केट, टॉवर चौराहा से खातीवाला टैंक, भोलाराम उस्ताद मार्ग, बड़ा गणपति से राजमोहल्ला, एरोड्रम रोड पर भी अंडर ग्राउंड पार्किंग का पूरी तरह उपयोग नहीं हो रहा है। अधिकांश क्षेत्रों में ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें बनी हैं। यही हाल नई बन रही कॉलोनियों की मल्टियों में भी है। एबी रोड पर विजय नगर से एलआईजी तक सर्विस रोड पर खड़े वाहन बताते हैं कि पार्किंग नॉर्म्स का पालन नहीं हो रहा। सड़क किनारे ट्रैफिक रुकता है
पिछले दिनों बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिए थे कि सड़क सुरक्षा के तहत प्रमुख रूप से पार्किंग स्पेस विकसित करने पर विशेष ध्यान देना होगा। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होता है। इसे ध्यान में रखते हुए अवैध पार्किंग पर चालानी कार्रवाई, वाहनों पर लॉक लगाने जैसी सख्त कार्रवाई जारी रहे। पार्किंग स्पेस बढ़ाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जाए। बेसमेंट पार्किंग वाले भवनों में पार्किंग का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जाए। अन्य उपयोग पाए जाने पर सीलिंग सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि ड्रोन से शहर में सड़क पर खड़े वाहनों को जब्त कर रहे या चालान बना रहे हैं।
















































