विजयवाड़ा1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवेसी ने हैदराबाद में मस्जिद-ए-चौक पर एक सभा को संबोधित किया।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन(AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पीएम मोदी का इजराइल के लिए प्यार उनकी विचारधारा से जुड़ा है।
हैदराबाद में शुक्रवार को एक कार्यक्रम में ओवैसी ने कहा कि मोदी को अपने भाषण में इजराइली आतंकवाद के बारे में भी बोलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि AIMIM ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ हमेशा बोला है।
दरअसल, मोदी 25 फरवरी को अपने 2 दिन के दौर पर इजराइल पहुंचे थे। पीएम मोदी ने इजराइली संसद नेसेट को भी संबोधित किया। उन्हें संसद का सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ दिया गया। मोदी नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। ओवैसी की ये टिप्पणी इसी दौरे को लेकर आई।

ओवैसी ने और क्या कहा…
- गाजा में 73,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में 36,000 छोटे बच्चे और करीब 15,000 महिलाएं थीं। क्या गाजा में मारे गए सभी लोग हमास के सदस्य थे?
- हजारों इमारतें गिरा दी गईं और इतना मलबा है कि उसे साफ करने में 10 साल लग सकते हैं। गाजा में जो हो रहा है, क्या उसे आतंकवाद नहीं कहा जाना चाहिए?
- शेख हसीना को वापस भेजने से बांग्लादेश के साथ मुद्दे सुलझाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी का इजरायल के प्रति झुकाव विचारधारा से जुड़ा है।
- 1975 में मुंबई में इजरायली कॉन्सुलेट जनसंघ नेताओं से मिला था। नाथूराम गोडसे के भाई गोपाल गोडसे ने 1973 में इजरायली कॉन्सुलेट से मुलाकात कर मुसलमानों के खिलाफ सामग्री प्रकाशित करने के लिए समर्थन मांगा था।
- ग्लोबल साउथ के देश मोदी के इजरायल के साथ रिश्तों को लेकर चिंतित हैं। अगर मोदी युद्ध का विरोध करते हैं, तो उन्हें अमेरिका द्वारा ईरान पर संभावित हमले की अटकलों के खिलाफ भी बोलना चाहिए था।
- जायोनिज्म और RSS की विचारधारा एक जैसी है और दोनों नफरत पर आधारित हैं। 1962 के चीन-भारत युद्ध के दौरान देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने इजरायल से हथियार लिए थे।
हिमंता बिस्व सरमा पर कहा- सरमा बिजली के फायदे के लिए देश को कमजोर करेंगे
असम के चीफ मिनिस्टर हिमंता बिस्व सरमा पर मुस्लिम ऑटो ड्राइवरों के लिए कम किराए का सुझाव देने वाली टिप्पणी पर भी ओवेसी ने निशाना साधा। ओवैसी ने पूछा कि क्या सरमा बिजली के फायदे के लिए देश को कमजोर करेंगे।
उन्होंने कहा कि देश को कमजोर करने के लिए पाकिस्तान, चीन को आने की जरूरत नहीं है। आप सोशल ताने-बाने को तोड़ रहे हैं।
AIMIM प्रेसिडेंट ने तेलंगाना के वेमुलावाड़ा में एक दरगाह को गिराए जाने, उत्तराखंड के रुद्रपुर और UP के मेरठ में कथित हेट क्राइम, मध्य प्रदेश के जबलपुर में कुछ घरों पर हमलों की खबरों और गुजरात में शादी के लिए माता-पिता की सहमति जरूरी करने वाले एक प्रस्तावित कानून की भी निंदा की।
ओवैसी के पिछले 3 बड़े बयान…
15 फरवरी: वंदे मातरम वफादारी का टेस्ट ना बने, RSS-बीजेपी भारत को धार्मिक देश बनाना चाहते हैं
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वंदे मातरम गाना और इसको सम्मान देना देश से वफादारी का टेस्ट ना माना जाए। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) भारत को एक धार्मिक देश बनाना चाहते हैं।
न्यूज एजेंसी ANI को 15 फरवरी को दिए इंटरव्यू में ओवैसी ने कहा कि संविधान ‘हम लोग’ से शुरू होता है, ‘भारत माता की जय’ जैसे नारों से नहीं। उन्होंने कहा कि आर्टिकल 25 धर्म की आजादी के बुनियादी अधिकार की गारंटी देता है। पूरी खबर पढ़ें…

7 फरवरी: हिमंता तुम 2 रुपए के भिखारी, कहो तो अकाउंट में ट्रांसफर कर दूं

AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने असम CM हिमंता बिस्वा सरमा के मियां मुस्लिम वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- मुझे पता है कि तुम 2 रुपए के भिखारी हो। क्या मैं ये पैसे तुम्हारे अकाउंट में ट्रांसफर कर दूं।
दरअसल कुछ दिन पहले हिमंता ने मियां मुस्लिम पर एक बयान दिया था कि अगर वो (मियां मुस्लिम) रिक्शा के लिए 5 रुपए मांगे, तो 4 रुपए ही दो। इस तरह के छोटे-छोटे काम से परेशानी होने पर ही वो राज्य छोड़ेंगे।
निजामाबाद रैली में AIMIM चीफ ने कहा कि संविधान सबको बराबर का हक देता है। पीएम हो या सीएम, किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। लेकिन हिमंता कहते हैं कि मियां मुस्लिमों के साथ ऐसा करेंगे। वोट देने बांग्लादेश चले जाएं। आप क्या करना चाहते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
10 जनवरी: भारत में हिजाब पहनने वाली बेटी प्रधानमंत्री बनेगी
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि एक दिन हिजाब पहनने वाली बेटी भारत की प्रधानमंत्री बनेगी। जो पार्टियां आज देश में मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने का काम कर रही हैं, उनकी दुकान अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली।
ओवैसी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के सोलापुर में आयोजित जनसभा में ये बयान दिया। AIMIM प्रमुख ने कहा पाकिस्तान के संविधान में लिखा है कि सिर्फ एक ही धर्म का व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है, लेकिन बाबा साहब का संविधान कहता है कि कोई भी भारतीय नागरिक प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मेयर बन सकता है। पूरी खबर पढ़ें…
—————–
ये खबर भी पढ़ें…
इजराइल में भारतीय UPI चलेगा, मोदी-नेतन्याहू की बैठक में समझौता:मोदी बोले- जल्द फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करेंगे, इजराइल आना मेरे लिए गर्व की बात

प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल दौरे के आखिरी दिन यरूशलम के होलोकॉस्ट मेमोरियल ‘याद वाशेम’ पहुंचे। यहां उन्होंने हिटलर के नाजी शासन में मारे गए 60 लाख यहूदियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद इजराइली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात की। इस दौरान इसाक ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है, जो पूरी दुनिया का ध्यान खींच रही है। फिर पीएम मोदी और इजराइली पीएम नेतन्याहू ने द्विपक्षीय मीटिंग के बाद जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बताया गया है कि इजराइल में भी अब भारत का UPI पेमेंट सिस्टम चलेगा। PM मोदी ने कहा कि भारत जल्द इजराइल के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) करेगा। पूरी खबर पढ़ें…














































