.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर भाजपा के अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने की रही। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी चुनाव मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने अकाली दल से गठबंधन की अटकलों पर विराम लगा दिया है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पंजाब चुनाव में BJP किसी से गठजोड़ नहीं करेगी
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में शिरोमणि अकाली दल (SAD) व भारतीय जनता पार्टी (BJP) में गठबंधन की अटकलों पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विराम लगा दिया। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि पंजाब में भाजपा अकेले चुनाव लड़ेगी।
नितिन नबीन ने साफ कहा कि भाजपा पंजाब में इस चुनाव में नए स्वरूप में दिखेगी। संगठन चुनाव को ध्यान में रखकर ही काम कर रहा है। पार्टी चुनाव मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इसमें किसी का सहयोग नहीं होगा।
उन्होंने कहा- पंजाब का मिजाज हमेशा भाजपा के साथ रहा है और भाजपा पंजाब के मिजाज को समझती है। हमने कभी भी पंजाब के मूल्यों के साथ समझौता नहीं किया। हमें पंजाब में सीटें कम मिलीं, इसके बावजूद पंजाब से भाजपा का जुड़ाव हमेशा बना रहा। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) अपने कृत्यों के कारण हारने वाली है। इसमें कोई दो राय नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. सांसद अमृतपाल सिंह 2 दिन के पुलिस रिमांड पर

पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अजनाला अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। यह जानकारी अमृतपाल सिंह के केस की कानूनी पैरवी कर रहे एडवोकेट करमवीर सिंह ने दी।
बता दें कि पंजाब पुलिस की एक विशेष टीम 21 अप्रैल को असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल पहुंची थी, जहां अमृतपाल सिंह राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी एनएसए के तहत बंद थे। हालांकि उनकी एनएसए के तहत नजरबंदी कल 22 अप्रैल को समाप्त हो चुकी है, जिसके बाद अब पुलिस इस पुराने मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर रही है।
अमृतपाल सिंह के वकील एडवोकेट ऋतुराज सिंह ने बताया कि NSA समाप्त हो चुका है, लेकिन FIR नंबर 39 के तहत कानूनी कार्रवाई जारी है। इस मामले में धारा 307 समेत कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। इस केस में शामिल अन्य सहयोगियों की पहले ही अदालत में पेशी हो चुकी है। अमृतपाल को अप्रैल 2023 में मोगा के रोड़े गांव से गिरफ्तार किया गया था। फरवरी 2023 में अमृतपाल अपने साथी को छुड़ाने के लिए समर्थकों के साथ बैरिकेड तोड़कर अजनाला थाने में घुस गए थे। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प भी हुई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
3. स्कूलों-रेलवे ट्रैक को उड़ाने की धमकी, स्टूडेंट्स घर भेजे

लुधियाना में गुरुवार को 3 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इन स्कूलों में स्प्रिंग डेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल शेरपुर, डीएवी स्कूल बीआरएस नगर और मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल शामिल है। पार्षद ने बताया कि स्कूलों के साथ रेलवे ट्रैक को भी उड़ाने की धमकी मिली है।
धमकी मिलने के बाद तीनों स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। पेरेंट्स बच्चों को लेने स्कूलों में पहुंचे। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस और बम स्क्वायड की टीमों ने सर्च शुरू की। स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल अनिल शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे स्कूल को एक ईमेल के जरिए धमकी मिली। ईमेल में स्कूल को बम से उड़ाने की बात कही गई थी।
धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने बिना देरी किए सभी स्टूडेंट्स के अभिभावकों को सूचित किया। प्रिंसिपल अनिल शर्मा ने बताया कि स्कूल में इस तरह की धमकी पहली बार मिली है, जिससे स्टाफ और अभिभावकों में डर का माहौल है। स्कूल प्रबंधन ने धमकी भरे ईमेल की आईडी पुलिस को सौंप दी है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. एक घंटे स्टैच्यू बन बैठा रहा युवक, हाथ में बीड़ी, पी नहीं पाया

चंडीगढ़ में युवक एक घंटे तक रोड के किनारे एक ही तरह से बैठा रहा। युवक का सिर झुका हुआ था और शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उसके हाथ में बीड़ी थी लेकिन वह उसे पी नहीं पा रहा था। लोगों ने उससे बात करने की भी कोशिश की लेकिन वह हिल तक नहीं पाया। इसे जॉम्बी ड्रग के असर से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस बारे में चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान कर एड्रेस निकलवाया जा रहा है। उसके बाद उससे पूछताछ करेंगे कि उसने ऐसा कौन सा नशा किया था। चंडीगढ़ में यह पहला मामला नहीं है बल्कि इससे पहले ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय और एक अन्य युवक की वीडियो भी सामने आ चुकी हैं, जिनमें वह एक घंटे तक बिना हिले-डुले खड़े रहे। इससे पहले लुधियाना और जालंधर में भी ऐसे 3 मामले सामने आ चुके हैं।
बता दें कि जॉम्बी ड्रग में शामिल जाइलेजीन इंसान के दिमाग और नसों में मौजूद अल्फा-2 नाम के रिसेप्टर को एक्टिव कर देता है। ये रिसेप्टर हमारे शरीर के सेंट्रल नर्वस सिस्टम पर काम करके नॉरपिनेफ्रीन नाम के एक न्यूरोट्रांसमिटर का रिलीज होना कम कर देता है। नॉरपिनेफ्रीन का काम हमें जागरूक, सचेत या चौकस रखना होता है। जब जाइलेजीन की वजह से अल्फा-2 रिसेप्टर एक्टिव होता है, तो नॉरपिनेफ्रीन इनएक्टिव हो जाता है। (पढ़ें पूरी खबर)
5, गर्मी में ही बिजली मेंटेनेंस क्यों, अफसर बोले- लोग पैनिक हो रहे

पावरकॉम (PSPCL) ने अचानक पंजाब के लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, पटियाला, मोहाली और बठिंडा जिलों में बिजली कट लगाने का शेड्यूल जारी कर दिया। वह भी 3 घंटे से लेकर 10 घंटे तक के लंबे कट। 26 अप्रैल तक लोगों को यह स्थिति झेलनी होगी। इस बारे में पंजाब की AAP सरकार के बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने भी सोशल मीडिया (X) पर कह दिया कि लोगों को हो रही असुविधा के लिए हमें खेद है।
एक तरफ मौसम विभाग का हीटवेव अलर्ट, दूसरी तरफ बिजली के घंटों लंबे कट, लोग इन्हें बर्दाश्त नहीं कर पा रहे। यही वजह है कि अमृतसर में तो लोग आधी रात को फीडर में घुस गए। गेट तोड़ा और मुलाजिमों से धक्कामुक्की कर खुद ही बिजली सप्लाई चालू कर दी।
इस पूरे मामले में लोगों के मन में एक ही सवाल है कि पावरकॉम को आखिर गर्मी में ही क्यों याद आया कि मेंटेनेंस भी करनी है? यह काम पहले क्यों नहीं किया गया। इसे लेकर जब पावरकॉम के अफसरों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि लोगों में बेवजह पैनिक है। यह तो हर साल होता है। यह बिजली कट नहीं, बल्कि शटडाउन है। असल में गर्मी ज्यादा हो गई तो बस ये AC चलाने की छटपटाहट है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. 3 साल की बच्ची आग में झुलसी, 6 घंटे तड़पती रही

लुधियाना में 3 साल की एक बच्ची ने घर में माचिस से खेलते वक्त खुद को ही आग लगा ली। बच्ची ने नायलॉन की फ्रॉक पहनी हुई थी, जिसने चंद सेकेंड में ही आग पकड़ ली। फ्रॉक उसकी बॉडी पर चिपक गई थी। इसके बाद वह आग में झुलती और तड़पती रही।
मासूम को बचाने उसके पिता पहुंचे, जिनके हाथ भी बुरी तरह झुलस गए। इसके बाद बच्ची को एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने फर्स्ट एड देकर बच्ची को अस्पताल ले जाने की सलाह दी। घटना के करीब 6 घंटे बाद बच्ची को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्ची करीब 60% तक झुलस चुकी है।
यह हादसा लुधियाना के चंदन नगर स्थित भाटिया डेयरी के पास घर में हुआ। पिता सतपाल ने बताया कि वह काम से घर पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, सामने उनकी मासूम बेटी आग की लपटों में घिरी हुई तड़प रही थी। सतपाल ने बिना अपनी जान की परवाह किए नंगे हाथों से ही आग बुझाने की कोशिश की। सतपाल ने कहा- अगर मैं दो मिनट की भी देरी कर देता, तो बच्ची की जान चली जाती। (पढ़ें पूरी खबर)
7. NRI पंजाबी देश लौटते ही बनवा सकेंगे OCI कार्ड

सरकार ने ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड के नियमों में बदलाव किया है, जिसका फायदा लाखों NRI को मिलेगा। NRI को OCI कार्ड बनाने के लिए अब भारत में 6 महीने स्टे करने की जररूत नहीं है। नए नियमों के मुताबिक, NRI जैसे ही इंडिया में पहुंचेगा, वह OCI कार्ड के लिए अप्लाई कर सकता है।
इसके अलावा भारत सरकार ने विदेशी मूल के पति या पत्नी के OCI कार्ड बनाने के नियमों को सख्त कर दिया है। विदेशी मूल के पति या पत्नी को पासपोर्ट रिन्यू करवाते वक्त बताना होगा कि भारत में अपने पति या पत्नी के साथ मिलकर रह रहे हैं। अगर दोनों का तलाक हो जाता है तो विदेशी मूल के पति या पत्नी का OCI कार्ड रद्द माना जाएगा और उसे फिर वीजा की अवधि तक ही भारत में रहने का हक होगा।
उधर, विदेश में पैदा हुए भारतीय मूल के बच्चों का OCI कार्ड बनाने के लिए अब नियमों में बदलाव किया गया है। अब भारतीय मूल के पेरेंट्स को बच्चे का OCI कार्ड बनाते समय उसका बर्थ सर्टिफिकेट संबंधित देश की सरकार से अटेस्टेड होना जरूरी है। पहले सिर्फ बर्थ सर्टिफिकेट की कॉपी लगाई जाती थी। इंडिया आने वाले NRI को अब हवाई जहाज से उतरने से पहले फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। NRI को भारत सरकार के सुस्वागतम ऐप पर ऑनलाइन जानकारी भरनी होगी। (पढ़ें पूरी खबर)
8. सास ने बहू का नाम लेकर सुसाइड किया, नहर में कूदी

अबोहर में नहर में कूदकर महिला ने आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक ऑडियो रिकॉर्ड कर अपनी बड़ी बहू को भेजा, जिसमें उसने कहा कि मेरी मौत की जिम्मेदार तू है, जिस तरह मैं अपनी औलाद के लिए तड़प रही हूं, उसी तरह तू भी तड़पेगी। यह ऑडियो करीब 15 मिनट बाद बहू ने अपने पति (महिला के बड़े बेटे) को भेजा दिया। हालांकि जब तक बेटे को पता चलता, उससे पहले ही मां की मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान सुमन निवासी सुंदर नगरी गली नंबर-6 के रूप में हुई। वह हनुमानगढ़ रोड पर स्थित बालाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्होंने पास की नहर के किनारे अपनी स्कूटी खड़ी की, फिर नहर में छलांग लगा दी।
छोटे बेटे के आने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। महिला के दो बेटे हैं, छोटा बेटा कनाड़ा में रहता है, जबकि वह बड़े बेटे के साथ रहती थी। दो बड़ी बेटियां है, जिनकी शादी हो चुकी, पति की 16 साल पहले मौत हो चुकी। बेटे ने बताया कि जब भी उसकी बहनें अपने मायके में मां से मिलने आती थीं, तो भी उसकी पत्नी घर में क्लेश करती थी। उसने इस बारे में अपने ससुराल वालों को भी बताया था। (पढ़ें पूरी खबर)
9. VIDEO वायरल होने पर चंडीगढ़ में जज सस्पेंड

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ में तैनात एक जज का वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उन्हें हरियाणा के रोहतक ट्रांसफर कर दिया गया है। चीफ जस्टिस की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
हालांकि, जज ने खुद को ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए थे। जज ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कुछ समय पहले उनका मोबाइल खो गया था और किसी ने मॉर्फ्ड वीडियो डाला है। जज ने बताया था कि 18 फरवरी को उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आई। इसके बाद वॉट्सएप पर मैसेज भेजे गए, जिनमें उनकी मार्फ्ड और आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाई गईं।
फिर दूसरे नंबर से कॉल कर 1.5 करोड़ रुपए की मांग की गई और पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई और अब छवि खराब की जा रही है। उनकी शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने केस भी दर्ज कर रोहतक के वकील को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने सुनवाई के बाद कहा कि अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि कोई रकम वसूली गई थी, इसलिए एक्सटॉर्शन (रंगदारी) का पूरा मामला नहीं बनता। इसी आधार पर वकील को जमानत दी गई। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके….
10. दामाद ने ससुर का घर फूंका, कीमती सामान जला

लुधियाना में दामाद ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ससुर के घर में डीजल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में कीमती सामान जलकर खाक हो गया है। राज कुमार शुक्ला ने बताया कि उनकी बेटी आरती की शादी आशीष तिवारी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही आशीष का आरती और उनके के साथ झगड़ा चल रहा था।
राजकुमार ने बताया कि 22 अप्रैल को वह अपने काम पर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी संगीता ने फोन कर बताया कि दामाद आशीष हाथ में डीजल से भरी प्लास्टिक की केनी लेकर घर में घुस आया। उसने घर के सामान पर डीजल छिड़का और आग लगा दी।
आग लगाने के बाद आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं और मौके से फरार हो गया। शोर मचने पर आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक घर का काफी सामान जल चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी आशीष तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक की केनी भी बरामद कर ली है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)











































