प्रोडक्शन कंपनी त्रिमूर्ति फिल्म्स ने फिल्ममेकर आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस B62 स्टूडियोज के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन का केस दायर किया है। आरोप है कि फिल्म धुरंधर 2 में गाने रंग दे लाल (ओए ओए) का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, त्रिमूर्ति फिल्म्स का कहना है कि उनकी फिल्म त्रिदेव के गानों तिरछी टोपीवाले (ओए ओए) और हम प्यार करने वाले या उनके मिलते-जुलते वर्जन का उपयोग फिल्म धुरंधर 2 में बिना लाइसेंस या अनुमति के किया गया है। बता दें कि गाना तिरछी टोपीवाले को आनंद-मिलिंद ने कंपोज किया था। गाने को अमित कुमार और सपना मुखर्जी ने गाया था।
कोर्ट से गाने के इस्तेमाल पर रोक की मांग मामले को लेकर एक सूत्र ने बताया, त्रिमूर्ति फिल्म्स का कहना है कि इस गाने और उसके साउंड रिकॉर्डिंग के अधिकार उन्हीं के पास हैं या उनके कंट्रोल में हैं। दायर किए गए मुकदमे में मांग की गई है कि गाने के आगे इस्तेमाल पर रोक लगाई जाए, साथ ही हर्जाना और अन्य जरूरी राहत भी दी जाए। त्रिमूर्ति ने यह भी चिंता जताई है कि इस गाने का इस्तेमाल थिएटर रिलीज, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और प्रमोशनल मैटेरियल के जरिए कमाई के लिए किया जा सकता है। बता दें कि फिल्म धुरंधर 2 का गाना रंग दे लाल (ओए ओए) को जैस्मिन सैंडलस, अफसाना खान, अमित कुमार और रेबल ने अपनी आवाज दी है। इस नए वर्जन को मुख्य रूप से संगीतकार शाश्वत सचदेव ने तैयार किया है। जबकि गाने में प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी कल्याणजी-आनंदजी को क्रेडिट दिया गया है। गाने के वीडियो में फिल्म की मुख्य स्टारकास्ट नजर आती है, जिसमें रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी शामिल हैं।















































