नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी की पहचान राजा उर्फ बिहारी के रूप में हुई है, जो वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया का रहने वाला है. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के साथ ही वाहन चोरी के कुल 6 मामलों को सुलझाने का दावा किया है.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को एएटीएस टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि एक कुख्यात ऑटो-लिफ्टर चोरी की स्कूटी के साथ इलाके में आने वाला है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर जितेंद्र तिवारी और एसीपी रणजीत ढाका के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई रवि सैनी और कई अन्य हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल शामिल थे.
शातिर ऑटो लिफ्टर की कहानी
टीम ने अशोक विहार स्थित प्रेम बाड़ी फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की. कुछ ही समय बाद एक संदिग्ध स्कूटी सवार को आते देखा गया. पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया. जांच करने पर पता चला कि वह जो होंडा एविएटर स्कूटी चला रहा था, वह मॉडल टाउन थाने से चोरी की गई थी.
दिल्ली पुलिस की पुछताछ में हुए चौंकाने वाले खुलासे
26 वर्षीय राजा उर्फ बिहारी से जब कड़ी पूछताछ की गई, तो उसने चौंकाने वाले खुलासे किए. उसने बताया कि वह ड्रग्स और शराब का बुरी तरह आदी है. अपनी इन महंगी आदतों और नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए उसके पास पैसों की कमी रहती थी, जिसकी भरपाई के लिए उसने जुर्म का रास्ता चुना. वह अक्सर भीड़भाड़ वाले इलाकों या रिहायशी कॉलोनियों में खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था. वह इन वाहनों को न केवल बेचने के लिए चुराता था, बल्कि चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल स्नैचिंग जैसे अन्य अपराधों को अंजाम देने के लिए भी करता था.
ब्रांडेड शराब पीने का शौकीन
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि राजा उर्फ बिहारी कोई मामूली चोर नहीं है. वह दिल्ली के अशोक विहार थाने का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ है. उसके खिलाफ पहले से ही हत्या, स्नैचिंग और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के 14 मामले दर्ज हैं. वह बार-बार जेल जाने के बावजूद बाहर आकर फिर से वारदातों में शामिल हो जाता था. पुलिस उसे एक ‘हैबिचुअल ऑफेंडर’ मानती है, जो समाज के लिए खतरा बना हुआ था.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 6 चोरी के वाहन बरामद किए हैं. इनमें अलग-अलग थानों से चोरी की गई गाड़ियां शामिल हैं. मॉडल टाउन थाने में दर्ज दो होंडा एक्टिवा और एक होंडा एविएटर स्कूटी बरामद हुआ है. आदर्श नगर थाने में एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा की बरामदगी हुई है. इसके साथ ही सुभाष प्लेस और समयपुर बादली थाने में दर्ज एक-एक एक्टिवा स्कूटी की बरामदगी हुई है.













































