सिंगरौली जिले के देवसर क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध रेत परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की है। शुक्रवार को खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मझौना इलाके में दबिश दी। इस दौरान दो अलग-अलग स्थानों से अवैध रूप से भंडारित 174 घनमीटर रेत जब्त की गई। यह रेत बिना किसी वैध अनुमति के जमा की गई थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने आराजी नंबर 551 और 555/658 की भूमि पर भंडारित रेत को जब्त किया। नियमानुसार आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जब्त रेत की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त रेत को संबंधित ठेकेदार को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया है। खनिज विभाग की टीम अब भूमि के वास्तविक स्वामी और रेत के भंडारणकर्ता की पहचान कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन को देवसर क्षेत्र के नदी-नालों से अवैध रूप से रेत निकालकर आसपास के इलाकों में भंडारण और फिर अन्य जिलों में भेजने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस अवैध गतिविधि से शासन को भारी राजस्व हानि हो रही थी। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल और सहायक खनिज अधिकारी अशोक मिश्रा के नेतृत्व में की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।















































